शनिवार, 22 अगस्त 2020

खेदुआ नदी में अचानक आयी बाढ़ एक महिला और एक युवती बही, दोनों की हुई मौत

खेदुआ नदी में अचानक आयी बाढ़ एक महिला और एक युवती बही, दोनों की हुई मौत
काफी मशक्कत के बाद महिला का शव बरामद हुआ लेकिन युवती की लाश अब तक नही मिल पाया है। ग्रामीण जुटे हैं युवती की लाश ढूंढने में।

गिरिडीह : जिले के सरिया थाना क्षेत्र के अच्छूयाटांड़ सर्वोदय आश्रम के समीप खेदुवा नदी में बकरी चरा रही एक महिला और एक युवती अचानक तेज बहाव के साथ नदी में में बाढ़ आ गयी। घटना में 38 वर्षीया बुधनी देवी और 15 वर्षीया ननकी कुमारी पानी के तेज प्रवाह में बह गयी। जिससे दोनों की मौत हो गई।

जानकारी मिलते ही नदी किनारे खेतों में काम कर रहे ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे। इसी दौरान कुछ तैराकों ने नदी में छलांग लगा कर बुधनी देवी के शव को काफी मशक्कत के बाद पानी के भीतर से खोजा निकाला। लेकिन ननकी कुमारी का शव अभी तक नही मिल पाया है।

 घटना की सूचना मिलते ही बगोदर विधायक विनोद कुमार सिंह नदी किनारे स्थित घटना स्थल पर पहुँचे और घटना की जानकारी ली। बाद में गाँव जाकर परिजनों से मिलकर शोक-संवेदना व्यक्त किया।  विधायक ने परिजनों को हरसम्भव मदद का भरोसा दिया। उन्होंने आपदा राहत कोष से मृतका के परिजन को 4 लाख रुपये दिलवाने की बातें भी कहा

मौके पर सरिया के बीडीओ पुष्कर मुंडा, सरिया के थाना प्रभारी चन्द्र मण्डल, भाकपा माले नेता भोला मण्डल, कुश कु० कुशवाहा, अमन पांडेय समेत दर्जनों लोग मौजूद थे।
  

बकाये मानदेय भगतान की मांग को लेकर 27 अगस्त को एक दिवसीय धरना देंगी जलसहिया

बकाये मानदेय भगतान की मांग को लेकर 27 अगस्त को एक दिवसीय धरना देंगी जलसहिया
जमुआ/ गिरीडीह : बकाया मानदेय, शौचालय का प्रोत्साहन राशि, चापाकल का सर्वे,पेयजल एवं स्वच्छता से संबंधित किये सभी कार्य के भगतान कि मांग को लेकर जलसहिया आगामी  27 अगस्त को जिला पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता के समक्ष मास्क पहनकर एकदिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे। उक्त निर्णय शनिवार को जमुआ पंचायत सचिवालय में जलसहिया संघ पाण्डेयडीह संकुल की बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड जलसहिया संघ के अध्यक्ष सह जिला सचेतक विक्रम कुमार गुप्ता ने की। 

बैठक को संबोधित करते हुए श्री गुप्ता ने कहा कि अपना अधिकार पाने के लिए सभी जल सहिया को एकजुट होना होगा। वंही प्रखंड जल सहिया संघ की कोषाध्यक्ष सह जिला संयुक्त मंत्री गुड़िया देवी ने 27 अगस्त को आहत एक दिवसीय धरना प्रदर्शन को सफल बनाने में सभी जलसहिया को तन मन से सहयोग करने की बाते कही।  

 मौके पर उपस्थित जल सहिया संघ पाण्डेयडीह संकुल के अध्यक्ष सलेहा प्रवीण, सचिव सुनीता देवी, कोषाध्यक्ष इंदिरा देवी, गुड़िया वर्मा, अस्मिन खातून, रासमणि कुमारी, बबिता देवी, प्रेमा देवी, ज़ोहरा प्रवीण,ममता देवी, कुसुम देवी इत्यादि मौजूद थे।

गांडेय के पूर्व विधायक जयप्रकाश वर्मा अपने पैतृक गांव भंडारों में गणेश पूजा में हुए शामिल

गांडेय के पूर्व विधायक जयप्रकाश वर्मा अपने पैतृक गांव भंडारों में गणेश पूजा में हुए शामिल
जमुआ/गिरीडीह :  गांडेय के पूर्व विधायक जय प्रकाश वर्मा शनिवार को अपने पैतृक गांव भंडारों जाकर गणेश पूजनोत्सव में शामिल हुए। मौके पर उन्होंने लोगों को गणेश पूजा की बधाई व शुभकामनाएं भी दी।

इसके पूर्व डॉ जय प्रकाश वर्मा भगवान के गणेश की विधिवत पूजा अर्चना किया।  बाद में उन्होंने लोगों को पूजा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से लॉक डाउन के नियमो का अनुपालन करने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की अपील किया।

 उन्होंने मन्दिर में ज्यादा भीड़ भाड़ न लगाने का आग्रह करते हुये  एक एक कर पूजा अर्चना करने की हिदायत दी ताकि कोरोना संक्रमण से बचा जा सके।उन्होंने कहा कि भगवान गणेश सभी देवता में प्रथम पूज्य देव हैं।उनकी आराधना से सुख और शांति मिलती है साथ ही सभी प्रकार की मनोकामनाएं भी सिद्ध होती है। 
गणेश पूजनोत्सव उनके साथ उनके अनुज प्रो विवेकानंद समेत परिवार के कई सदस्य के अलावे भाजपा के रूपलाल रविदास सहित कई अन्य लोग शामिल थे।

जलजमाव के कारण टूट रहे हैं सड़क,हो रही है राहगिरों को आवागमन में परेशानी

जलजमाव के कारण  टूट रहे हैं सड़क,हो रही है राहगिरों को आवागमन में परेशानी
जमुआ/ गिरीडीह :  जमुआ पचम्बा भाया चितरडीह मुख्य सड़क में जमुआ बाजार में सड़क पर जल जमाव के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। 

जल जमाव के कारण सड़क टूट रहा है। सड़क पर असंख्य गड्ढे हो गए हैं। इस ओर पीडब्ल्यूडी के कनीय एवं सहायक अभियंता का कोई ध्यान नहीं है। यह स्थल जमुआ पचम्बा वाया चितरडीह रोड में जमुआ बाजार  पर स्थित है।

 विदित हो कि पूर्व में सड़क के किनारे जल निकासी के लिए नाला का निर्माण एक ओर किया गया है,जबकि दोनों ओर नाली का निर्माण किया जाना चाहिए था। इन दिनों बरसात में जमुआ पचम्बा भाया चितरडीह रोड की हालत जर्जर है, जिससे  लोग भी परेशान हैं। रोड पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और उसमें जल जमाव की स्थिति से छोटे-बड़े वाहनों को रोजाना आवागमन  में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 जमुआ बाजार स्थित रोड के बीच में बड़े-बड़े गड्ढे और जल जमाव से अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने सरकार से मांग किया है कि जनहित में शीघ्र रोड मरम्मत कराना चाहिए ताकि लोगों की आवागमन  सुगम और सरल हो सके ।

शुक्रवार, 21 अगस्त 2020

झामुमो कार्यकर्ताओ ने किया धनबाद सांसद पीएन सिंह का पुतला दहन

झामुमो कार्यकर्ताओ ने किया धनबाद सांसद पीएन सिंह का पुतला दहन

गांवां/गिरिडीह : शुक्रवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा गांवां प्रखंड कमिटी के कार्यकर्ताओं ने धनबाद सांसद पीएन सिंह का विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।

 कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए गांवां प्रखंड अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि झारखंड सरकार के द्वारा झारखंड में अवस्थित मेडिकल कॉलेजो का नामकरण विविन्न आन्दोलनकारियों एवं शहीदों के नाम पर किया गया है। इसी कड़ी में जिसमे PMCH धनबाद का नाम बदल कर झारखण्ड आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो के नाम पर रखा है। जिसका विरोध धनबाद सांसद पी० ए० सिंह के द्वारा किया गया।

कहा कि सांसद के विरोध से साफ जाहिर होता है कि वह झारखण्ड के आंदोलनकारियों और शहीदों के विरोधी है। इससे झमुमो के कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है। आक्रोश दिखाते हुए कार्यकर्ताओ ने सांसद का पुतला जलाया और विरोध प्रदर्शन किया। 

कार्यक्रम सोशल डिस्टेंसिग का पालन करते हुए किया गया  जिसमें कैलाश सिंह, सोनू कुमार, जीशान खान, विनोद रविदास, विनय सिन्हा, इजराइल अंसारी समेत कई कार्यकर्ता सामिल हुए।

22 अगस्त से 5 सितंबर तक RTPCR ऐप के माध्यम से जिले में होगा कोविड-19 का जांच


22 अगस्त से 5 सितंबर तक RTPCR ऐप के माध्यम से जिले में होगा कोविड-19 का जांच

     चलाया जाएगा सघन कोविड जांच अभियान


गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने गिरिडीह के सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिन्हा को पत्र प्रेषित कर यह निर्देशित है कि दिनांक 22.08.20 से दिनांक 05.09.20 के मध्य जिले में कोविड-19 का सघन जांच अभियान चलाया जाय।

उपायुक्त इस हेतु प्रतिदिन जांच करने हेतु लक्ष्य का निर्धारण भी किया है। जिसके तहत टीपीएम:- 9737, प्रतिदिन RTPCR संग्रहण:- 629, प्रतिदिन एंटीजन टेस्ट का लक्ष्य:- 400 एवं TrueNAT सैंपल का लक्ष्य:- 120 निर्धारित किया गया है।

सिविल सर्जन को प्रेषित पत्र में उपायुक्त श्री सिन्हा ने कोविड-19 जांच हेतु कई आवश्यक  निर्देश भी दिया है।
उन्होंने कहा है कि जांच हेतु स्थलों का चयन किया जाय। स्थल के चयन में कंटेंटमेंट जोन एवं संक्रमण वाले स्थलों के चयन को प्राथमिकता दिया जाए।
जांच दल का गठन करते हुए इसमें आवश्यकतानुसार MPW, CHOs, ANM की प्रतिनियुक्ति की जाय।

उपायुक्त ने यह भी कहा है कि वैसे व्यक्ति जिनमें कोरोना के लक्षण पाए जाते हैं या वे किसी संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आए हैं, और उनका कोरोना जांच रिपोर्ट रैपिट एंटीजन टेस्ट (RAT) में नेगेटिव पाया जाता है तो ऐसे व्यक्तियों का पुनः कोरोना जांच RT-PCR/ True NAT के माध्यम से कराया जाय।  यदि RAT (रैपिट एंटीजन टेस्ट) में रिपोर्ट पॉजिटिव पाया जाता है तो वैसे व्यक्तियों को पॉजिटिव ही समझा जाय।

डीसी ने कहा है कि सैंपल का संग्रहण कार्य सिर्फ RT-CPR ऐप के माध्यम से ही लिया जाय एवं सैंपल संग्रहण के दिन ही राज्य एवं ICMR पोर्टल को प्रतिवेदित/अपडेट किया जाय।


कहा कि अभियान के दौरान वृहत पैमाने  पर कोविड-19 का जांच किया जाएगा। इस कारण से पॉजिटिव व्यक्तियों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। अतः इस हेतु पर्याप्त संख्या में मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने हेतु बेड आदि की व्यवस्था कर लिया जाय। और, जिले में उपलब्ध TrueNAT मशीन की क्षमता के अनुसार अधिक से अधिक सैंपल का संग्रहण किया जाय। ताकि मशीन का शत-प्रतिशत सदुपयोग हो।


डीसी ने इसके लिये एक कार्य योजना तैयार करने और सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी व प्रतिनियुक्त दल के सदस्यों को उपलब्ध कराने को कहा है ताकि चयनित क्षेत्रों में सभी व्यक्तियों का जांच कर लिया जाय। डीसी ने जांच की तिथि और स्थल आदि का व्यापक प्रचार प्रसार करने का भी निर्देश सिविल सर्जन को दिया है।

चिकसोरिया भूमिहार ब्राह्मणों ने मनाया रक्षाबन्धन का त्यौहार

चिकसोरिया भूमिहार ब्राह्मणों ने मनाया रक्षाबन्धन का त्यौहार

जमुआ/गिरिडीह :  जिले के चिक्सोरिया भूमिहार ब्राह्मणों ने आज रक्षाबंधन का पवित्र पर्व भी मनाया । जिले के चतरो, गम्हारडिह सहित अन्य स्थानों पर निवास करने वाले शांडिल्य गोत्र भूमिहारों ने आज के दिन धूमधाम से रक्षाबंधन का पर्व मनाया । 

त्योहार के मौके पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर रेशम की डोर से बनी रखी बांध कर सुरक्षा का वचन लिया।वंही भाइयों ने सुरक्षा और सम्मान का वचन देते हुए कहा कि नारी सम्मान ,राष्ट्र सुरक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने का इतिहास रहा है।

 सावन पूर्णिमा के बजाय पौराणिक कथा के अनुसार आज ही के दिन राजा बलि को माता लक्ष्मी ने राखी बांधी थी। इस त्यौहार के मौके ब्रह्मणों को भोजन करवाया गया और बहनों एवं ब्राह्मणों के द्वारा राखी बांधी गई।

 बताया जाता है कि यह परंपरा चिकसोरिया भूमिहार सदियों से मनाते आ रहे हैं। इस पावन मौके पर सुहागिन महिलाओं द्वारा भक्ति पूर्वक हरतालिका तीज का व्रत भी मनाया गया।

जन कल्याण संगठन अध्यक्ष रूपेश सिंह, उपाध्यक्ष मुरारी प्रसाद सिंह ने तीज व रक्षा बंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के दिन एक तरफ जंहा बहनों के द्वारा रक्षाबंधन का त्यौहार मनाया कर भाइयों की कुशलता की कामना करती हैं वंही दूसरी ओर सुहासगि महिलाएं पुरूषों के दीर्घायु की कामना  करती हैं। कहा कि पुरुष भी इनका सम्मान और सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दिखाये तभी घर परिवार में शांति, सुख, समृद्धि, सद्भाव का वास होगा।

माले कार्यकर्ता ने केस के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगायी एसपी से गुहार, दिया आवेदन

माले कार्यकर्ता ने केस के अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगायी एसपी से गुहार, दिया आवेदन
कहा, एसीबी द्वारा बेंगाबाद के एएसआई की गिरफ्तारी के कारण उनके मामले की सुनवाई नहीं कर रहा थाना

गिरिडीह : भाकपा माले कार्यकर्ता रूपकिशोर मेहता ने आज गिरिडीह के एसपी अमित रेनु से मिलकर अपने ऊपर हुये जानलेवा हमले के नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग किया है।

एसपी को दिए आवेदन में मेहता ने बताया कि बीते 29 मई को गांव की एक गैरजरुआ जमीन का कुछ लोगों द्वारा जबरन अतिक्रमण किया जा रहा था। जिसका उन्होंने  विरोध किया था। उनके द्वारा विरोध किये जाने के कारण उनके ऊपर अतिक्रमण कारियों द्वारा जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गये थे। उनकी एक दांत भी टूट गई तथा नाक पर भी गंभीर चोट लगी थी।  5 दिनों तक वह सदर अस्पताल गिरिडीह में भर्ती रहे। इस घटना के बावत उन्होंने बेंगाबाद थाना में एक प्राथमिकी कराया है। जिसका कांड संख्या 106/20 (दिनांक 01/06/2020) है।

उन्होंने एसपी को बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बजाय उस केस के अनुसंधानकर्ता बेंगाबाद थाना के एएसआई शत्रुघ्न प्रसाद सिंह केस को 'ट्रू' करने के नाम पर उन्हें रिश्वत के लिए  प्रताड़ित करने लगे, जिसकी शिकायत उन्होंने 'एसीबी'  धनबाद को किया। जिस पर एसीबी धनबाद ने उक्त एएसआई  शत्रुघ्न प्रसाद सिंह को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तारी कर लिया।

माले कार्यकर्ता रूप किशोर मेहता ने आरोप लगाया है कि एएसआई की गिरफ्तारी के कारण अब बेंगाबाद थाना में उनके मामले की कोई सुनवाई नहीं हो रही है और अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बजाय उसे फिर से मारपीट की धमकी दी जा रही है। पीड़ित रूपकिशोर मेहता ने एसपी से अभियुक्तों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए  न्याय करने की गुहार लगाया है।

वंही भाकपा माले नेता राजेश कुमार यादव ने जिला पुलिस प्रशासन से पीड़ित के आवेदन पर उचित कार्रवाई करने और बेंगाबाद थाना की कार्यशैली का भी संज्ञान लेने की मांग की है।

जमुआ चौक पर झामुमो ने फूंका धनबाद के सांसद पी एन सिंह का फुतला

जमुआ चौक पर झामुमो ने फूंका धनबाद के सांसद पी एन सिंह का फुतला
जमुआ/ गिरीडीह : धनबाद के पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज (पीएमसीएच) का नामकरण शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज किये जाने का विरोध करने वाले धनबाद के सांसद पी एन सिंह का आज जमुआ चौक पर पुतला दहन फूंका गया। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा की जमुआ प्रखण्ड इकाई द्वारा आयोजित यह पुतला दहन कार्यक्रम प्रखंड झामुमो अध्यक्ष राजकुमार राय की अध्यक्षता में तथा प्रखंड सचिव रंजीत कुमार के संचालन में सम्पन्न हुआ।

 मौके पर आयोजित सभा को सम्बोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष राजकुमार राय ने कहा कि भाजपा के सांसद और विधायक बौखला गये है।  हेमंत सरकार के विकास की नीति के विरुद्ध अनाप शनाप बयानबाजी करना उनकी बौखलाहट और दिमागी संतुलन खोने का परिचायक है। 

वंही प्रखंड सचिव रंजीत कुमार ने कहा कि पाटलिपुत्र मेडिकल कॉलेज धनबाद का नामकरण शहीद निर्मल महतो के नाम पर किये जाने का विरोध बिहारी मानसिकता वाले धनबाद के सांसद पी एन सिंह द्वारा किया जाना घोर निंदनीय कृत्य है। सांसद के इस कृत्य से झामुमो आक्रोशित है। यह झारखण्ड के एक शहीद का अपमान है जिसे झामुमो और झारखण्डी जनता कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी। 

इस पुतला दहन कार्यक्रम में  काफी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे। जिनमें अशोक कुमार वर्मा, दिनेश मंडल,अकरम खान,राजेन्द्र राम, रविन्द्र सिंह, लट्टू पाण्डेय, मो ज़ाहिद ,फौदार सिंह, रामदेव वर्मा, सुरेश राय, जगन्नाथ यादव, जयप्रकाश राय, मो मोजफ़र, पिंटू कुमार, जितेंद्र कुमार, अनिल तुरी, उमेश पासवान, दिनेश कुमार, दामोदर यादव, लियाक़त अंसारी, सिकंदर साव, भुनेश्वर यादव आदि शामिल थे।

जमुआ पुलिस ने किया 17 पेटी नकली शराब जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

जमुआ पुलिस ने किया 17 पेटी नकली शराब जब्त, चार तस्कर गिरफ्तार

 जमुआ/गिरिडीह :  जमुआ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर  जमुआ-द्वारपहरी मुख्य मार्ग पर नावाडीह के समीप से 17 पेटी नकली शराब बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है साथ ही दो वाहन भी जब्त किया है।

थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि बीते रात  उन्हें एक पीले रंग की ऑटो से नकली शराब की तस्करी कर बिहार ले जाने की सूचना मिली। सूचना के आलोक में एक छापामारी दल का गठन कर वाहन जांच चलाया। नावाडीह के पास पीले रंग की ऑटो संख्या बीआर02जीबी-6046 को रोका गया। वाहन में विशेष रूप से बनाये गए डाला बॉक्स के अंदर 393 बोतल नकली विदेशी शराब बरामद हुई। 

उन्होंने बताया कि इस दौरान शराब की तस्करी में शामिल ऑटो चालक बिहार के गया जिलान्तर्गत मोहनपुर निवासी साजिद अंसारी और हजारीबाग के चौपारण निवासी शुभम कुमार को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार लोगों ने बताया कि वह बिरनी के भरकट्टा के  जंगल से शराब लेकर बिहार के नवादा जा रहे थे। एक अन्य मारुति अल्टो से दो लोग आगे पीछे करके पुलिस की रेकी करते हैं। रेकी करने वाले लोगों की हरी झंडी मिलने के बाद ही ये लोग आगे बढ़ते हैं। बाद में पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान रेकी करने वाले मारुति आल्टो बीआर02एयू-8396 को भी जब्त कर लिया। 

पुलिस ने इस वाहन में बिहार के गया जिला के मोहनपुर निवासी सत्यम कुमार और चौपारण के बीरू कुमार को भी हिरासत में लिया है। पुलिसिया पुछताछ में उन दोनों ने भी नकली शराब की तस्करी में अपनी संलिप्तता स्वीकार किया है।

  छापामारी दल में थाना प्रभारी संतोष कुमार, एसआई अभिषेक रंजन, मनीष कुमार गुप्ता, हवलदार गुलाब सरवर खां, महेश पासवान, देवालय साव, सुभाष कर्मकार, राहुल कुमार तिवारी और संतोष सिंह शामिल थे।

नगर थाना पुलिस के नाक के नीचे से हुई 10 लाख के जेवरात व नगदी की चोरी

नगर थाना पुलिस के नाक के नीचे से हुई 10 लाख के जेवरात व नगदी की चोरी
     चोरों ने सेंधमारी कर दिया घटना को अंजाम

गिरिडीह :  नगर थाना क्षेत्र के व्हीट्टी बाजार के एक घर में सेंधमारी कर चोरों ने 10 लाख के जेवरात समेत नगद की चोरी कर ली। घटना स्थल नगर थाना से महज ढाई सौ मीटर दूरी पर अवस्थित है। भुक्तभोगी परिवार द्वारा घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दिया है।

बताया जाता है कि गृहस्वामी इस्माईल और उनकी पत्नी लॉकडाउन के पहले से हैदराबाद में हैं। व्हीट्टी बाजार स्थित इस्माइल के घर पर उनके दो पुत्र सरफराज और अरमान थे।  गुरुवार की रात सरफराज के छोटे भाई अरमान अपने मामा जुबैर घर के साथ एक ही कमरे में सोए हुए थे। बावजूद इसके दो अलग-अलग कमरों की अलमारी और बक्से से चोरों ने साढ़े नौ लाख के जेवर और 50 हजार नगदी की चोरी कर फरार होने में कामयाब रहे।

सरफराज अहमद ने बताया कि चोर सेंधमारी कर घर मे दाखिल हुये और उसके भाई और मामा पर स्प्रे छिड़क कर पहले बेहोश किया उसके बाद ही घटना को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि जिस बक्से से जेवरातों की चोरी हुई, वह घर से कुछ दूर स्थित खेत से बरामद हुआ है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

उपायुक्त ने किया वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और फूल भेंट

उपायुक्त ने किया वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों को शॉल और फूल भेंट 
गिरिडीह : 21 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के मौके पर उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा गिरिडीह के वृद्धा आश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से रूबरू हुए और उन्हें शॉल एवं फूल देकर सम्मानित किया।  

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठ जनों के सेवा में जिला प्रशासन कृत संकल्पित है। उपायुक्त ने कोविड-19 के मद्देनजर सुरक्षा के दृष्टिकोण से वृद्धा आश्रम में उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों के बीच मास्क एवं सैनिटाइजर का भी वितरण किया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन का संचालन किया जा रहा है। 

इस योजना का लाभ उन सभी ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के वरिष्ठ जनों को दिया जा रहा है। जिनकी उम्र 60 साल से अधिक हो। उपायुक्त ने कहा कि 21 अगस्त के दिन प्रतिवर्ष अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के रूप में मनाया जाता है। जिसका उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों की परिस्थितियों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करना एवं उनकी सहायता करना है। इस दिवस के द्वारा समाज के प्रति वरिष्ठ नागरिकों के योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया जाता है। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, एडीएफ व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।