पति पत्नी में हुआ विवाद तो महिला ने दो बेटियों संग कुंए में कूद दे दी जान
गिरिडीह : पति पत्नी में हुआ विवाद तो महिला ने अपनी दो बेटियों संग कुंए में छलांग लगा दी। घटना में महिला की मौत हो गयी जबकि दोनों बच्चियों को स्थानीय लोगों ने कुएं से सही सलामत बाहर निकालने में सफल रहे। घटना पचम्बा थाना क्षेत्र के रानीखावा पंचायत स्थित रानीडीह गांव की है।
घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना प्रभारी शर्मानंद सिंह सदलबल मौके पर पहुंचे और वस्तु स्थित से अवगत हुये। पुलिस ने घटना की सूचना से मृतका 20 वर्षीय पिंकी देवी के मायके वालों को अवगत करा दिया और शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक धनबाद निवासी मृतका पिंकी देवी की शादी वर्ष 2015 में विश्वजीत विश्कर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद पिंकी ने दो बेटियों को जन्म दिया है। फिलवक्त भी वह गर्भवती थी। मृतका के सास के अनुसार उनका पुत्र विश्वजीत किसी से भी बात करता था उसकी पत्नी को नागवार लगता था। गुरुवार की दोपहर में भी उन दोनों के बीच इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर उनकी बहू पिंकी अपनी दोनों बच्चियों को लेकर कुएं में कूद गई।
बहरहाल पचम्बा पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम उपरांत उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।