गुरुवार, 9 जनवरी 2025

55वां दिव्यांग कैम्प का आयोजन आगामी 11फरवरी को गिरिडीह में

गिरिडीह (Giridih)। अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद द्वारा निःशुल्क 55वां दिव्यांग कैम्प का आयोजन  आगामी 11 फरवरी को गिरिडीह के बड़ा चौक स्थित जैन धर्मशाला में आयोजित होगा। यह जानकारी परिषद के महासचिव अशोक जैन ने दी।


उन्होंने बताया कि सुमत प्रसाद बिमला देवी जैन की स्मृति मे कौशल, राकेश, मुकेश व राजेश जैन परिवार  दिल्ली के सहयोग से आयोजित 11 फरवरी के कैम्प में दिव्यांगों को कृत्रिम अंग (हाथ व पैर), पोलियोग्रस्त बच्चों को कैलिपर्स, ऑर्थोशूज (जूते) एवं श्रवणहीन बुजुर्गों को श्रवणयंत्र प्रदान करने हेतु उनका नाप लिया जायेगा एवं आगामी 2 मार्च को उनके नाप के अनुसार सामग्री उन्हें प्रदान की जायेगी। इसके लिये जैन धर्मशाला में आवेदन देकर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।


हृदयविदारक : गिरिडीह के देवरी में 5 वर्षीय मासूम की निर्मम हत्या

गिरिडीह (Giridih)। एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की हत्या कर दी गयी है। हत्या का आरोप मृतक बच्चे के चचरे दादा- दादी पर लग रहा है। वहीं आरोपी गांव से फरार बताया जा रहा। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने मृतक बच्चे का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

क्या है मामला :

गिरिडीह जिले के देवरी थाना क्षेत्र के चोलीडीह गांव स्थित बुढ़वा आहार के समीप गुरुवार को एक पांच वर्षीय बच्चे का शव मिला है। मृतक बच्चा गांव के बिक्की यादव और कंचन देवी का पुत्र सुदीप कुमार यादव था। मृतक सुदीप की मां, कंचन देवी ने बताया कि बुधवार को उसका उसके चाचा ससुर परशुराम यादव और चाची सास सावित्री देवी के साथ विवाद हुआ था। उस विवाद के बाद शाम  लगभग 6: 39 बजे से उनका पुत्र सुदीप घर से गायब हो गया था। उसने अपने पुत्र की काफी खोजबीन की लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। वहीं गुरुवार सुबह उसका शव तालाब के पास मिला। सुदीप का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। 


आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद देवरी थाना प्रभारी सोनू कुमार साहू और एएसआई बुद्धदेव उरांव सदलबल गांव पहुंचे और सारी बातों से अवगत हुए। इस दौरान मृतक मासूम बच्चे की मां कंचन देवी ने पुलिस के समक्ष अपने चचेरे ससुर परशुराम यादव और चाची सास सावित्री देवी पर पुत्र सुदीप की हत्या कर शव तालाब के पास फेंक देने का आरोप लगाई है। बाद में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है। इस बीच खबर है कि आरोपी दम्पत्ति गांव से फरार है।  इधर इस वीभत्स घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया है।

शादी की साल गिरह पर पार्टी मना दम्पत्ति ने की आत्महत्या, स्तब्ध हैं लोग

नागपुर (Nagpur)।  नागपुर के जरीपटका इलाके में एक दम्पत्ति ने अपनी शादी के 26वीं सालगिरह के दिन आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से इलाके के लोग काफी स्तब्ध  है। जानकारी के अनुसार दम्पत्ति ने पहले अपनी शादी का जोड़ा पहना फिर दोनों ने फांसी लगा अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतकों मे जेरिल डासमोन ऑस्कर मॉनक्रीफ 57 वर्ष और उनकी पत्नी एनी जेरील मॉनक्रीफ 53 वर्ष शामिल हैं।

आर्थिक तंगी और निःसंतान होने का था गम 

बताया गया कि दम्पत्ति बीते कई वर्षों से आर्थिक तंगी और निःसंतान होने के कारण तनाव में थे। जेरिल एक समय बड़े होटलों में शेफ के रूप में काम कर चुके थे, लेकिन कोरोना काल में नौकरी छोड़कर नागपुर लौट आए। इसके बाद उन्होंने ब्याज पर पैसे उधार देने का कारोबार शुरू किया, लेकिन इसमें भी उन्हें सफलता नहीं मिली। एनी गृहिणी थीं और पति के साथ मिलकर इस स्थिति का सामना कर रही थीं।


शादी की 26वीं सालगिरह पर दिया पार्टी, फिर उठाया खौफनाक कदम

दम्पत्ति ने अपनी शादी की 26वीं सालगिरह पर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जश्न मनाया। पार्टी खत्म होने के बाद उन्होंने एक वीडियो बनाया और व्हॉट्सएप स्टेटस पर अपलोड किया। वीडियो में एनी ने रिश्तेदारों से अपील की कि वे उनके जाने के बाद होने वाली किसी भी शादी को स्थगित न करें और अपने बच्चों का ध्यान रखें। उसके बाद दम्पत्ति ने आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।

ऐनी ने पहले दी जान, पति ने शव को सजाया

पुलिस के अनुसार, पहले एनी ने ड्राइंग रूम में फांसी लगाई। जेरिल ने उनकी लाश को सफेद कपड़े में लपेटा और फूलों से सजाया। इसके बाद उन्होंने किचन में जाकर नायलॉन की रस्सी से खुद फांसी लगा ली।


एक ही ताबूत में किया गया अंतिम संस्कार

दंपति की अंतिम इच्छा के अनुसार, उन्हें शादी के कपड़ों में एक ही ताबूत में दफनाया गया। पादरी विजय एलिक माइकल ने बताया कि यह उनके जीवन का पहला अवसर था, जब उन्होंने किसी जोड़े को एक ताबूत में दफनाने की तैयारी की। रिश्तेदारों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें एक साथ विदाई दी। इस घटना से पूरे इलाक में गहरा सदमा व्याप्त है।

दहेज की बलि चढ़ा दी गयी एक विवाहिता, सास ननद व पति गिरफ्तार

दहेज में नहीं मिला स्विफ्ट डिजायर कार तो ससुराल वालों ने उतारा मौत के घाट

धनबाद (Dhanbad)।
धनबाद जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के सिनीडीह स्थित राजगंज कतरी पुल के समीप पुलिस ने एक 38 वर्षीया महिला का शव बरामद किया है। शव की पहचान अपराजिता कुमारी के रूप में हुई। वह बीते 25 दिनों से लापता थी। 

हत्या कर शव छिपाने का आरोप

बिहार के बेगूसराय जिले के शोखारा उच्च टोला निवासी गिरीश देवी की इकलौती पुत्री थी अपराजिता कुमारी। अपराजिता की मां गिरीश देवी ने अपनी इकलौती पुत्री अपराजिता कुमारी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाते हुए उसके ससुराल वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। 

स्विफ्ट डिजायर कार के लिये करते थे प्रताड़ित

मृतका की मां गिरीश देवी ने थाने में दिए आवेदन में बताया था कि उन्होंने अपनी इकलौती पुत्री की शादी 13 मई 2022 को नीरज झा के साथ की थी। अपराजिता को एक डेढ़ साल का बच्चा है। लेकिन शादी के बाद से ही ससुरालवाले स्विफ्ट डिजायर कार की मांग को लेकर हमेशा उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। गिरीश देवी ने अपनी इकलौटी बेटी को उसके ससुरालवालों ने दहेज के खातिर मार डालने और शव को कहीं छिपा देने का आरोप लगाया है।

       मृतका का फाइल फोटो

पति ने दर्ज कराया गुमशुदगी का सनहा

वहीं दूसरी ओर मृतका के पति नीरज झा ने भी अपराजिता के बीते 15 दिसंबर से घर से लापता होने का थाने में एक सनहा दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने महिला की खोजबीन शुरू कर दी। लेकिन पुलिस ने शक के बिनाह पर अपराजिता के पति नीरज कुमार झा, सास शोभा देवी, ननद बिनीता देवी और संगीता देवी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।

पुलिस ने की कड़ाई तो सुलझ गया गुत्थी

पूछताछ के दौरान पुलिस ने थोड़ी कड़ाई की तो सभी टूट गये और अपराजिता के लापता होने की गुत्थी सुलझा गयी। पुलिस के समक्ष पति नीरज झा ने कबूल किया कि उसकी हत्या कर उसने शव को झोले में रखकर उसे कतरी पुल के पास फेंक दिया था। उसने कबूला की उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए अपराजिता के लापता होने की सनहा दर्ज कराया था। पूछताछ के बाद पति के निशानदेही पर पुलिस ने बुधवार को सिनीडीह स्थित राजगंज कतरी पुल के समीप से अपराजिता का शव झोले में बन्द बरामद किया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु धनबाद भेज दिया। वहीं पुलिस ने मृतका के डेढ़ साल के बच्चे को उसकी नानी के हवाले कर दिया है। 


पति, सास, ननद गिरफ्तार, ससुर की तलाश 

वहीं इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति नीरज कुमार झा, सास शोभा देवी, ननद बिनीता देवी और संगीता देवी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि ससुर काशीनाथ झा और भगिनी सृष्टि कुमारी की तलाश की जा रही है। इधर, अपराजिता का शव मिलने के बाद उसकी मां समेत मायके के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है।

कायस्थ युवा मंच ने किया शहर के विभिन्न इलाकों में कम्बल वितरण

गिरिडीह (Giridih)। कायस्थ युवा मंच द्वारा भीषण ठंड को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में कंबल वितरण किया गया। मंच के सदस्यों ने बुधवार को कड़ाके की पड़ रही ठंड के दौरान सर्द भरी रात में चैताडीह स्थित मातृ शिशु अस्पताल, गिरिडीह सदर अस्पताल, बड़ा चौक, रेलवे स्टेशन, रोटरी आई  हॉस्पिटल के अलावे भंडारीडीह एवं अलकापुरी आदि स्थानों पर सड़क किनारे रात गुजार रहे जरूरत मंद लोगों के बीच कंबल वितरण किया। वहीं मंच के सदस्यों ने टाऊन थाना की PCR टीम को भी जरूरत मंद लोगों के बीच कंबल वितरण हेतु कुछ कंबल प्रदान किये।



इस कम्बल वितरण कार्यक्रम में कायस्थ युवा मंच के रोहित राज, सुमित सिन्हा, नीरज कुमार सिन्हा, आकाश (मोंटी), प्रसिद्ध राज, सौरव सिन्हा, ऋतिक राज, अमित सिन्हा, राहुल राज, धीरज सिन्हा, मनीष सिन्हा, आशीष सिन्हा, शिवम् नारायण, आनंद एवं श्रेयांश सौरव ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।


कायस्थ युवा मंच के सदस्यों ने इस नेक कार्य को सफलता पूर्वक सम्पन्न कराने में अपना आर्थिक एवं शारीरिक सहयोग देने वाले चित्रांश युवाओं के प्रति आभार प्रकट किया है।

तिरुपति मंदिर में भगदड़, छह श्रद्धालुओं की मौत

वैकुंठ द्वार दर्शन के टोकन लेने उमड़ी थी भीड़, मची भगदड़



तिरुपति (Tirupati)। आंध्र प्रदेश के तिरुपति स्थित प्रसिद्ध तिरुमाला वेंकटेश्वर मंदिर में वैकुंठ द्वार दर्शन के टोकन जारी करने के दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। वहीं मुख्यमंत्री ने दुःख व्यक्त किया है और घायलों की बेहतर इलाज का आदेश दिया है।

घटना उस समय हुई जब तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने वैकुंठ एकादशी 2025 के लिए ऑनलाइन बुकिंग और टिकट जारी करना शुरू किया। दर्शन के लिए बड़ी संख्या में भक्त टोकन काउंटरों पर उमड़ पड़े, जिससे अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई और भगदड़ मच गई।


मृतकों में तमिलनाडु के सेलम के एक श्रद्धालु सहित कुल छह लोग शामिल हैं। इसके अलावा, कई श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें तिरुपति के रुइया राजकीय सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रशासन ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए भीड़ प्रबंधन के उपायों को सख्त किया जाएगा। स्थानीय पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए हैं और श्रद्धालुओं से संयम बनाए रखने की अपील की है।


प्रशासनिक तैयारियों पर उठ रहे सवाल

वैकुंठ एकादशी के अवसर पर तिरुपति मंदिर में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। इस वर्ष की घटना ने प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों ने सुझाव दिया है कि भीड़ प्रबंधन की बेहतर व्यवस्था के लिए आधुनिक तकनीकों और पर्याप्त संसाधनों का उपयोग किया जाना चाहिए। घटना ने लाखों श्रद्धालुओं और प्रशासन को गहरे सदमे में डाल दिया है। इसने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए बेहतर प्रबंधन और सुरक्षा उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया है।

एंबुलेंस ने मारा टक्कर, दो महिला श्रद्धालु की मौत

इस बीच, एक अन्य हादसे में एक एंबुलेंस ने तिरुपति मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी, जिससे दो महिलाओं की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे संयम बनाए रखें और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घायल श्रद्धालुओं के इलाज और मृतकों के परिवारों को सहायता प्रदान की जाएगी।



मूंगा रत्न पहनने के 15 चमत्कारी फायदे

मूंगा रत्न पहनने के 15 चमत्कारी फायदे
  
[विशेष ज्योतिषीय आलेख ज्योतिष शास्त्री के मातानुसार]
मूंगा रत्न स्वयं किसी चमत्कार से कम नहीं है, यह एक जैविक रत्न है, जो विभिन्न जीवो के द्वारा समुद्र के गर्भ में इसका निर्माण होता है, यह देखने में रक्त के समान लाल रंग का होता है तथा इसमें प्राकृतिक रूप से विद्यमान अनेक प्रकार की सफेद रेखाएं मौजूद होती है, जो इसे और अधिक अद्भुत बनाती हैं, मूंगा रत्न पूरी दुनिया में सबसे उत्तम गुणवत्ता वाला इटली का माना जाता है इसीलिए इटालियन मूंगा रत्न लोगों में काफी लोकप्रिय है, इसके विशिष्ट गुणों के वजह से इसके लाभ भी बहुत अधिक प्राप्त होते हैं।

मूंगा रत्न मंगल ग्रह से संबंधित एक रत्न होता है तथा विविध प्रकार की चीजें जैसे- प्रशासनिक विभाग, सेना, पुलिस , मकान या निर्माण, हथियार आदि का नेतृत्व मंगल ग्रह के द्वारा किया जाता है, मंगल ग्रह अग्नि तत्व को निरूपित करता है, इसी वजह से हमारे अंदर ऊर्जा का कारक मंगल ग्रह को माना जाता है। 

नौ ग्रहों में मंगल ग्रह को सेनापति की उपाधि से अलंकृत किया जाता है, सेनापति जिसके बिना अनुमति के कोई भी किसी राज्य में प्रवेश नहीं कर सकता है सूर्य नौ ग्रहों के राजा है और मंगल सेनापति इसलिए राजा सूर्य तथा सेनापति मंगल की युक्ति जातक को हमेशा अद्भुत लाभ प्रदान करते हैैैै।


मूंगा रत्न को धारण करने से किसी भी जातक के जीवन में निम्नलिखित चमत्कार हो सकते हैं -

◆ मूंगा रत्न मंगल ग्रह को निरूपित करता है इसकी वजह से जिस भी जातक के द्वारा इस रत्न को धारण किया जाता है, उसके जीवन में आलस्य जैसी समस्या को यह रत्न दूर कर उसे ऊर्जावान बनाता है एवं उसे अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान बनाता है।

मूंगा रत्न का उपयोग छोटे बच्चों के सुरक्षा घेरा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए किया जाता है, छोटे बच्चे को मूंगा रत्न को सोना चांदी या तांबा में जड़वा कर पहनाया जाता है, जिससे उस पर ऊपरी शक्तियां हावी नहीं होती है या ऊपरी शक्तियां बच्चे के आभामंडल को दूषित नहीं कर पाती हैं, बच्चे के ऊपर टोना टोटका जादू नजर दोष आदि चीजें विफल हो जाती हैं, यह रत्न ऐसी चीजों का दुष्प्रभाव पूरी तरह नष्ट करने की क्षमता रखता है।

◆ मूंगा रत्न धारण करने से जातक दृढ़ निश्चय दृढ़ संकल्पित व्यक्तित्व वाला व्यक्ति बनता है, जिससे उसके लक्ष्य को बाधित करने वाले कितने भी विघ्न या बाधा क्यों नहीं आते, फिर भी जातक का दृढ़ संकल्प एवं दृढ़ निश्चय स्वभाव को बदलने में सक्षम नहीं हो पाते हैं तथा जातक परिस्थितियों से जूझते हुए अपने स्वर्णिम लक्ष्य को प्राप्त करने की संभावना को बहुत अधिक बढ़ा देता है।

बहुत से ऐसे लोग होते हैं जिनमें आलस्य जैसी चीज उनका जीवन पूरा बर्बाद कर देती है, आलस्य होने की वजह से उनमें व्याप्त अविश्वसनीय गुण भी बेकार हो जाता है क्योंकि सही समय पर अपने गुणों का उपयोग करने की जगह जातक आलस्य प्रवृत्ति होने की वजह से अपने कार्यों को पूरी तरह से टालता रहता है, जिसके दुष्प्रभाव के कारण वह जिस भी क्षेत्र से संबंधित होता है उसमें उसे हानि ही होती है, उसके कार्य का दिनोंदिन क्षरण होता चला जाता है, ऐसे में यह रत्न ऐसे लोगों के लिए किसी चमत्कार या किसी वरदान से कम नहीं है क्योंकि यह उनकी संरचना को सुधारने में बहुत मदद करता है तथा आलस्य जैसी बीमारी को दूर करने में बहुत कारगर होता है एवं जातक का पूरा ध्यान उसके कार्यों की ओर केंद्रित करता है जिससे जातक अपने अविश्वसनीय कौशलों का उपयोग अपने कार्यों को पूर्ण करने में लगाता है।

◆ रक्त से संबंधित विकार हो या मिर्गी जैसी बीमारी हो या पीलिया जैसे रोग इन सभी रोगों में यह रत्न चमत्कारिक रूप से अपना असर दिखाता है तथा जातक को अप्रतिम रूप से स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है।

मूंगा रत्न हमारे आत्मविश्वास को बढ़ाता है, इसके साथ-साथ हमारे मन में व्याप्त किसी भी प्रकार का भय को यह पूरी तरह से नष्ट कर देता है, यह हमारे अंदर के नकारात्मकता को दूर करता है, जिससे हमारे अंदर सकारात्मक ऊर्जा का संचरण होने लगता है एवं हम अपने कार्यों का निर्वहन बहुत ही अच्छे तरीके से कर पाते हैं।

◆ मूंगा रत्न को धारण करने से जातक के अंदर अद्भुत नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जिससे जीवन में आने वाली विभिन्न प्रकार की विषम परिस्थितियों में भी जातक अचल रहता है, उसका निडर व्यक्तित्व का गुण विषम परिस्थितियों पर भी विजय प्राप्त करने की प्रेरणा देते हैं।

इस रत्न के चमत्कार के कारण किसी ऐसी महिला जो गर्भ धारण करना चाहती है एवं चाहती है कि उसके गर्भ का पात ना हो तो ऐसी परिस्थिति में उसे गर्भ के शुरुआती कुछ महीनों  में यह रत्न अवश्य धारण करना चाहिए। यह रत्न उसके गर्व की सुरक्षा करने में बहुत कारगर सिद्ध होता है। हमारे पूर्वजों के द्वारा मूगा रन का उपयोग विभिन्न प्रकार के विषधर के विष को कम करने के लिए उपयोग में लाया जाता था। जब कभी किसी को कोई विषधर काट लेता तो ऐसी परिस्थिति में इस रत्न को उक्त जगह पर रगड़ने से विष का प्रभाव बहुत हद तक कम हो जाता था, आज भी यह पद्धति से सुदूर इलाकों में उपयोग में लाया जाता है किंतु विस्तृत ज्ञान के अभाव में यह पद्धति लोगों में अधिक प्रचलित नहीं है।


प्रशासनिक विभाग में ऊंचे पद पर प्रतिष्ठित होने के लिए मंगल ग्रह का बहुत मजबूत होना आवश्यक होता है यह रत्न मंगल ग्रह के अनुकूल प्रभाव की और अधिक मजबूत एवं प्रभावशाली बनाता है इसलिए

प्रशासनिक विभाग के लोगों के द्वारा मूंगा रत्न धारण किए जाने पर उन्हें अप्रतिम लाभ प्रास होता है।

मंगल यह की भौतिक ऊर्जा को प्रास करने के लिए भी इस रत्न का उपयोग लोगों के द्वारा किया जाता है।

मंगल ग्रह के द्वारा विभित्र प्रकार के ग्रहों के साथ मिलकर बनाए गए अन्य अशुभ योग में भी मूंगा रत्न बहुत कारगर सिद्ध होता है, जैसे- मांगलिक योग में भी इस रत्न का बहुत अधिक गहरा प्रभाव पड़ता है, वैवाहिक जीवन में स्थिरता लाने के लिए भी यह रत्न धारण किया जाता है दांपत्य जीवन खुशियों से भरा रहे इसलिए भी यह रत्न धारण किया जाता है, इस रत्न के प्रभाव से किसी भी जातक के दांपत्य जीवन के विभिन्न कष्ट दूर होते हैं एवं सुख समृद्धि कावारा उनके घर में आसीन होता है।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::09 :: 01 :: 2025, गुरुवार


आज का पंचांग: 09 जनवरी 2025, गुरुवार, 
विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, पौष मास, शुक्ल पक्ष,  शिशिर ऋतु, तिथि दशमी 12: 22PM तक उपरांत एकादशी, नक्षत्र भरनी 03:07 PM तक उपरांत कृतिका, सूर्योदय 07:18 AM प्रातः सूर्यास्त 05:36 PM सायं, राहुकाल : 01:45 PM से 03:02 PM तक चन्द्रमा मेष राशि पर संचार करेगा।



आज :: 09:: 01 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। व्यापार में आपकी कुछ योजनाएं रुक सकती हैं, जिससे आपकी टेंशन बढ़ेगी। कार्यक्षेत्र में आप खुद को साबित करने की कोशिश करेंगे, जिससे काम में गड़बड़ हो सकती है। जल्दबाजी में कोई भी फैसला लेने से आपको बचना होगा। परिवार के कुछ मामलों को लेकर आप अपनी मां से सलाह ले सकते हैं। छात्रों के लिए उच्च शिक्षा का मार्ग साफ होगा।



वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन परेशानियों भरा रहने वाला है। आपको आज किसी की सुनी-सुनाई बातों पर भरोसा करने से बचना होगा। राजनीति में काम करने वाले लोगों को किसी बड़े नेता से मिलने का मौका मिलेगा। आपकी कोई गलती घरवालों के सामने आ सकती है, जिसके बाद आपको अपने पिता से डांट खानी पड़ सकती है। घर में सुख-सुविधा की चीजें खरीदने पर आप अच्छा खासा पैसा खर्च करेंगे।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन लंबे समय से रुके हुए काम पूरे करने वाला रहेगा। अगर आप यात्रा पर जाते हैं, तो अपने कीमती सामान की सुरक्षा जरूर करें। मन में प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहेगी। आप किसी की मदद के लिए आगे आएंगे। काम को लेकर आपको अपने भाई-बहनों से कुछ सलाह लेनी पड़ सकती है। बच्चे आपसे कुछ मांग सकते हैं।



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन कानूनी मामलों में अच्छा रहने वाला है। अगर आपको पेट से जुड़ी कोई समस्या चल रही थी तो वह भी काफी हद तक दूर हो जाएगी। व्यापार में आपको अच्छा लाभ मिलेगा। सुनी-सुनाई बातों पर विश्वास न करें। धन से जुड़े कामों में किसी अजनबी पर भरोसा न करें। व्यापार में भी अपनी योजनाओं से अच्छा लाभ न मिलने के कारण आप थोड़े तनाव में रहेंगे।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन मिला-जुला रहने वाला है। रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रहे लोगों को कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। अगर काम को लेकर कोई समस्या थी तो वह भी दूर हो जाएगी। कार्यक्षेत्र में किसी बात को लेकर बॉस से बहस होने की संभावना है। किसी पैतृक संपत्ति की प्राप्ति से आप प्रसन्न रहेंगे। परिवार में किसी शुभ कार्य की तैयारी हो सकती है।




कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन सावधानी बरतने वाला रहेगा। आपको अपने काम में थोड़ी सावधानी बरतने की जरूरत है। अगर आप कोई नया वाहन खरीदना चाहते हैं तो आपके लिए अच्छा रहेगा, लेकिन कोई भी काम भाग्य पर न छोड़ें, अन्यथा उसे पूरा करने में आपको दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। आपकी तरक्की के रास्ते में आ रही रुकावटें दूर होंगी। आप अपने जीवनसाथी के लिए कोई व्यवसाय शुरू कर सकते हैं।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज का दिन तुला राशि वालों के लिए आर्थिक दृष्टिकोण से अच्छा रहने वाला है। नौकरीपेशा लोगों के काम की सराहना होगी। प्रेम जीवन बिता रहे लोग अपने पार्टनर के साथ लॉन्ग ड्राइव पर जाने का प्लान बना सकते हैं, जिससे दोनों को एक-दूसरे को बेहतर तरीके से जानने का मौका मिलेगा। व्यापार में छोटे-मोटे मुनाफे की योजनाओं को हाथ से न जाने दें। विद्यार्थी अपनी परीक्षा की तैयारी में व्यस्त रहेंगे।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज का दिन वृश्चिक राशि वालों के लिए व्यापार के लिहाज से अच्छा रहने वाला है। आपके पिता का स्वास्थ्य भी पहले से बेहतर रहेगा। किसी की कही हुई बात आपको बुरी लगेगी, लेकिन फिर भी आप उनसे कुछ नहीं कहेंगे। आप अपने काम के सिलसिले में लंबी दूरी की यात्रा पर भी जा सकते हैं, जो आपके लिए फायदेमंद रहेगी। आपके घर पर किसी मेहमान के आने से परिवार के सभी सदस्य व्यस्त रहेंगे।



धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों को जल्दबाजी और भावुकता में कोई भी फैसला लेने से बचना होगा। अगर आपने किसी से कोई वादा किया है तो उसे आप आसानी से पूरा कर पाएंगे। अगर आपकी कोई पसंदीदा चीज खो गई थी तो उसके भी मिलने की पूरी संभावना है। व्यापार में किसी के साथ साझेदारी करने से पहले आपको अच्छी तरह जांच पड़ताल करनी होगी। संतान को कोई पुरस्कार मिलने से आप खुश होंगे।



मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों के लिए आज का दिन अन्य दिनों की अपेक्षा बेहतर रहने वाला है। कानूनी मामलों में दिन अच्छा रहेगा। अगर आपका कोई केस कानून में चल रहा था तो उसमें आपको जीत मिलेगी और फैसला आपके पक्ष में आ सकता है। अगर आप किसी लड़ाई झगड़े से दूर रहेंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आपका जीवनसाथी आपके काम में आपका पूरा साथ देगा जिससे दोनों की बॉन्डिंग भी अच्छी रहेगी।



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन मध्यम फलदायी रहने वाला है। यदि आपके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव चल रहा था, तो वह भी काफी हद तक दूर हो जाएगा। यदि आप किसी प्रॉपर्टी से जुड़ी डील को लेकर काफी समय से परेशान थे, तो वह भी फाइनल हो सकती है, जिससे आप खुश होंगे और आपके परिवार में कुछ झगड़े बढ़ेंगे, जिन्हें आप घर पर रहकर ही सुलझा लेंगे तो बेहतर होगा। विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा के मार्ग प्रशस्त होंगे।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन संभलकर रहने वाला है। आपको अपने बच्चों की संगति पर विशेष ध्यान देना होगा और आपको अपने परिवार से बात करते समय अपनी वाणी पर भी नियंत्रण रखना चाहिए, क्योंकि आप किसी से कुछ ऐसा कह सकते हैं, जो उन्हें बुरा लग सकता है। राजनीति में आपको सोच-समझकर कदम उठाना चाहिए, क्योंकि आपके विरोधी सतर्क रहेंगे। आप अपनी माता को ननिहाल पक्ष के लोगों से मिलवाने ले जा सकते हैं।

 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷