बुधवार, 25 जून 2025

त्रिभुवन राय हत्याकांड का पुलिस ने किया 24 घण्टे के भीतर खुलासा, हत्यारा सगा भाई भिखारी राय गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के तिसरी प्रखंड अंतर्गत लोकाय थाना क्षेत्र के चरकी गांव में मंगलवार 23 जून को हुए वृद्ध त्रिभुवन राय की हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही सुलझा लिया है। मृतक त्रिभुवन राय की हत्या उसके ही सगे बड़े भाई भिखारी राय ने जमीन विवाद में टांगी से वार कर की थी। पुलिस ने आरोपी भिखारी राय को गिरफ्तार कर लिया है। उक्त जानकारी खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर दी।


एसडीपीओ ने बताया कि 23 जून को चरकी गांव स्थित तालाब किनारे सड़क पर त्रिभुवन राय का खून से लथपथ शव मिला था। मृतक के पुत्र गोवर्धन राय द्वारा थानासिंहडीह ओपी में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच के क्रम में मृतक के बड़े भाई भिखारी राय को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की।

                   फाइल फोटो

पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि पिछले तीन वर्षों से उसका अपने भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना के दिन जब त्रिभुवन राय ने विवादित जमीन की जुताई कर दी, तो भिखारी राय आगबबूला हो गया। शराब पीने के बाद वह तालाब के पास बैठ गया और जैसे ही उसका भाई वहां पहुंचा, सुनसान पाकर टांगी से उसके सिर और कई बार गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। स्वीकारोक्ति बयान में उसने स्वीकारा की हत्या के बाद उसने टांगी तालाब में फेंक दी और जंगल के रास्ते घर चला गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से खून से सना हुआ शर्ट भी बरामद कर लिया है।

                    फाइल फोटो


इस हत्याकांड के सफल उद्भेदन में गठित विशेष छापामारी दल में गावां अंचल तिसरी से पुलिस निरीक्षक पास्कल टोप्पो, लोकायनयनपुर थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी, थानासिंहडीह ओपी प्रभारी नीरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अरुणकान्त पांडेय एवं पुलिस अवर निरीक्षक सतीश कुमार शामिल थे।



फॉरवर्ड ब्लॉक ने किया खावा नदी पर बन रहे पुल के घटिया निर्माण का विरोध, किया जांच कर कार्रवाई की मांग

गिरिडीह (Giridih)। सदर प्रखंड के जगमनरायडीह और खावा गांवों के बीच खावा नदी पर बन रहे पुल के घटिया और धीमी गति से निर्माण का ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने विरोध किया है। पार्टी नेता मनोज यादव की अगुवाई में आज स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण का जायजा लेने के लिए वहां का दौरा किया और प्रशासन से इसकी जांच और कार्रवाई की मांग की है।


पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा पुल के घटिया और धीमा निर्माण करने की जानकारी उन्हें दी गयी, जिसके बाद पार्टी की टीम ने पुल निर्माण का जायजा लिया जिसमें लोगों के सभी आरोप सही पाये गये हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इसकी जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। ताकि विकास के नाम पर सरकारी पैसे की लूट के बजाय पुल का निर्माण कार्य सही तरीके से हो।


श्री यादव ने बताया कि, नवंबर 2024 में ही इस पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था। निर्माण की गुणवत्ता तो खैर अलग चीज है, लेकिन धीमी गति से निर्माण के कारण 7 माह बीतने पर भी अपेक्षित काम  लोगों को दिख नहीं रहा है। 



कहा कि, यह पुल खावा पंचायत के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुल नहीं रहने से बारिश के मौसम में स्थानीय पंचायतवासी दो भागों में बंट जाते हैं। कई गांवों के लोगों को पंचायत मुख्यालय या अन्य गांवों में जाने में परेशानी होती है। इसलिए पुल का निर्माण ठीक से होना जरूरी है। 




मौके पर पंकज वर्मा, शंकर रजक, प्रमोद यादव, नीतीश यादव, अभीजीत मिश्रा, सबा अंसारी आदि मौजूद थे।


आपातकाल भारत के लोकतंत्र पर काला धब्बा : बाबुलाल

गिरिडीह (Giridih)। सूबे के प्रथम मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 25 जून 1975 में लगाए गए आपातकाल भारत के लोकतंत्र पर काला धब्बा है। श्री मरांडी बुधवार को गिरिडीह के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित विचार गोष्ठी को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए उक्त बातें कही।



उन्होंने कहा कि आपातकाल के समय देश में संविधान, न्याय और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंटा गया था, जिससे देश गंभीर संकट में चला गया था। उन्होंने कांग्रेस की कड़ी शब्दों में आलोचना करते हुए दावा किया कि भाजपा ने जिस तरह उस वक्त आपातकाल के संकट से देश को उबारा था। ठीक उसी तरह से वर्तमान में भी कांग्रेस से देश को बचाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सजग और सक्रिय रहने की अपील की।



कार्यक्रम के दौरान आपातकाल के दौरान जेल गए लोकतंत्र के सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। लोकतंत्र के वैसे सेनानियों और शहीदों के परिजन जो किसी कारणवश कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके उन्हें उनके घर जाकर सम्मानित करने की घोषणा की गई।



कार्यक्रम में जमुआ विधायक मंजु कुमारी, जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, पूर्व मंत्री चन्द्रमोहन प्रसाद, पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, पूर्व विधायक प्रो० जय प्रकाश वर्मा, पूर्व विधायक सुकर रविदास, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चुन्नूकांत, दिनेश यादव, दिलीप वर्मा, प्रकाश सेठ, नुनूलाल मरांडी महादेव दुबे, विनय शर्मा, विनय सिंह आदि उपस्थित थे।


जिले में संचालित CSR, DMFT केे कार्यों की उपायुक्त ने किया समीक्षा, अधिकारियों को दिया कई निर्देश

गिरिडीह (Giridih)। समाहरणालय सभाकक्ष में बुधवार को उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में डीएमएफटी सीएसआर व अनटाइड फंड से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी द्वारा क्रियान्वित योजनाओं के कार्याे के अद्यतन स्थिति की जानकारी ली एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई निर्देश दिए।


उपायुक्त ने गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय में सभी कार्यों को पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माणाधीन कार्यों को अविलंब पूर्ण कराने का निर्देश दिया, ताकि सारे कार्याे का जिला स्तर से निरीक्षण किया जा सके। उन्होंने कहा कि सीएसआर मद का इस्तेमाल स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य क्षेत्रों में प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। जिससे सीएसआर मद का अच्छे से उपयोग किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए विकास योजनाओं के कार्यों पारदर्शिता लाने तथा गुणवत्ता पूर्ण कार्य करने का निर्देश दिया। 


कहा कि जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के तहत प्रभावित क्षेत्रों के बेहतर विकास हेतु जितने भी योजनाओं का चयन किया जाता है सभी का चयन पारदर्शी तरीके से किया जाय, ताकि खनिज प्रभावित उन क्षेत्रों में वहा के परिवेश के अनुसार योजनाओं का चयन किया जाय एवम सही विकास हो सके। प्राथमिकता वाले क्षेत्रों यथा- पेजलापूर्ति, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट, महिला शिक्षा आदि पर खर्च किया जाय। साथ ही योजनाओं का चयन पारदर्शी तरीके से ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से किया जाय।


बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, विभिन्न कंपनी के प्रतिनिधि के अलावा संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता, डीएमएफटी के सभी अधिकारी उपस्थित थे।


राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण सेल द्वारा चलाया गया जांच अभियान, कारोबारियों को लगाया अर्थदण्ड

गिरिडीह (Giridih)। झारखंड सरकार के द्वारा मादक पदार्थ से मुक्ति/नशामुक्ति को लेकर 10 जून से 26 जून तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बुधवार को राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम सेल गिरिडीह द्वारा जांच अभियान चलाया गया।


इस दौरान सार्वजनिक स्थल जैसे विद्यालय के 100 मीटर के दायरे में तम्बाकू समेत अन्य मादक उत्पादों को बेचने वाले कारोंबारियों के विरुद्ध COTPA -2003 के तहत अर्थदंड लगाया गया।


जॉच अभियान के दौरान टीम ने गिरिडीह H.E. HIGH SCHOOL के पास दो कारोंबारियों पर एवं सर जे.सी. बोस बालिका विद्यालय के समीप तथा मकतपुर स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के पास एक- एक कारोबारी के विरुद्ध एक हजार रुपए (1000/-) का चलान काटा गया। 


अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी गिरिडीह, पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय -2 मोहम्मद कौशर अली एवं तम्बाकू कंट्रोल सेल के कर्मी शामिल थे।



अभिभावक शिक्षक बैठक में शामिल हुए थाना प्रभारी, किया अभिभावकों से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील

गिरिडीह (Giridih)।  पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय पचंबा में प्रथम अभिभावक शिक्षक बैठक का आयोजन सोनी देवी की अध्यक्षता में हुई।  कार्यक्रम का उद्घाटन पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्र, अध्यक्ष संयोजिका एवं विद्यालय के शिक्षिका स्वीटी कुमारी, तनु प्रिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।


मौके पर थाना प्रभारी अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए उन्हें अपनर बच्चों को नियमित विधालय भेजने की अपील की। कहा कि विद्यालय आने से आपके बच्चों का भविष्य सुनहरा होगा। वहीं उन्होंने अभिभावकों से विधालय के शिक्षकों को भी सहयोग करने की बातें कही।

वहीं प्रधानाध्यापक सह सचिव अशोक कुमार मिश्र ने बैठक के बाबत जानकारी देते हुए अभिभावकों से सुझाव और सहयोग की अपील की। मौके पर उन्होंने सरकार एवं विभाग द्वारा बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। जिसमे निःशुल्क पाठ्य पुस्तक, अभ्यास पुस्तिका, स्कूल बैग, पोशाक की राशि, आधार सिडिंग अपार आईडी, छात्र-छात्राओं की अनुपस्थिति परीक्षा परिणाम की जानकारी शामिल थी।




मौके पर उन्होंने अपार आईडी के संबंध में उपस्थित अभिभावकों को विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई। वहीं सभी सभी वर्ग शिक्षक भी अपने-अपने वर्ग के छात्र-छात्राओं के मूल्यांकन एवं पठन-पाठन के संबंध में अभिभावकों को जानकारी दी।


कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्रा,  शिक्षिका तनु प्रिया, स्वीटी कुमारी, पूनम कुमारी, माया मरियम हांसदा, सारिका देवी, सुशीला देवी, काजल देवी, सोनी देवी, नगीना देवी, आशा देवी, रेणु देवी, कविता देवी, गीता देवी, राखी कुमारी, मीना देवी, सीमा देवी, हिना परवीन, सलमा खातून, सुमन देवी सहित सैकड़ो छात्र-छात्राओं के माता-पिता अभिभावक उपस्थित थे कार्यक्रम का संचालन तनु प्रिया एवं स्वीटी कुमारी ने एवं धन्यवाद ज्ञापन संयोजिका सारिका देवी ने की। 



आज 25 जून ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 25: 06 :: 2025, बुधवार

25 जून 2025 : आज आषाढ़ कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि और बुधवार दिन है। अमावस्या तिथि आज शाम 4 बजकर 2 मिनट तक रहेगी। आज स्नान-दान व श्राद्ध आदि की अमावस्या है। आज का दिन धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत पावन मानी जाती है। आषाढ़ अमावस्या के दिन विशेष रूप से पवित्र नदियों में स्नान कर तर्पण करने से पितृ प्रसन्न होते हैं। आषाढ़ अमावस्या पर पितृ तृप्ति हेतु किया गया श्राद्ध एवं दान पुण्य फलदायक माना जाता है। यह दिन आत्मशुद्धि और पूर्वजों को स्मरण करने का अवसर भी है। मान्यता है कि इससे पितरों की आत्मा को तृप्ति मिलती है। आज देर रात 2 बजकर 39 मिनट तक वृद्धि योग रहेगा। साथ ही सुबह 10 बजकर 41 मिनट तक मृगाशिरा नक्षत्र रहेगा, उसके बाद आर्द्रा नक्षत्र लग जायेगा।            अभी गुरु अस्त हैं ऐसे में विवाह, व्यापार की शुरुआत, सोना-चांदी, वाहन की खरीदी, नए काम का आरंभ आदि करना शुभ नहीं माना जाता है। आज बुधवार है जो बुद्धि और व्यापार के कारक ग्रह बुध से शुरू होता है. जीवन में सकारात्मकता लाने और बुद्धि का वरदान पाने के लिए इस दिन के स्वामी गणेश जी की पूजा आराधना की जाती है। गणशजी की पूजा करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं।

आषाढ़ अमावस्या का विशेष महत्व : आषाढ़ अमावस्या को हलहारिणी अमावस्या भी कहते हैं इस दिन पितरों की पूजा के अलावा कृषि से जुड़े उपकरणों की पूजा की जाती है, कहते हैं इससे आने फसल अच्छी होती है।                                                           क्या करें: आषाढ़ अमावस्या पर पितृ देव की कृपा पाने के लिए एक दीपक सरसों के तेल का मुख्य द्वार पर लगाना चाहिए। आषाढ़ अमावस्या पर मंदिर में पीपल और घर के पास नीम का पेड़ लगाएं इससे सुख-शांति स्थापित होती है।                                               क्या न करें: किसी पेड़ को न काटें. ब्रह्मचर्य का पालन करें। इस दिन मानसिक तौर पर परेशान लोग अकेले सुनसान जगह पर न जाएं, नकारात्मक शक्तियां हावी हो सकती है।




आज का पंचांग: 25 जून 2025, दिन : बुधवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  कृष्ण पक्ष         सूर्योदय : 05: 25 AM, सूर्यास्त : 07: 23 PM    तिथि : अमावस्या 04:02 PM तक उपरांत प्रतिपदा  नक्षत्र : म्रृगशीर्षा 10:40 AM तक उपरांत आद्रा राहुकाल : 12:24 PM से 02:09 PM तक      चन्द्रमा :  मिथुन राशि पर संचार करेगा                    व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत, भगवान गणेश पुजन दिवस, स्नान-दान व श्राद्ध की अमावस्या



आज :: 25 :: 06 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज का दिन आपके लिए बेकार के बाद-विवाद से दूर रहने का रहेगा। सामाजिक मामलों में आप काफी सक्रिय रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपको अपनी योग्यता के अनुसार काम मिलेगा जो आपकी खुशी का कारण बनेगा। आज आप मेहनत करने से पीछे नहीं हटेंगे, लेकिन इस बात को लेकर आपकी माता आपसे बाराज हो सकती हैं। आपकी लापरवाही आपके लिए परेशानी का सबब बन सकती है। कुछ नया काम करने की इच्छा जागृत हो सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज का दिन आपके लिए मान-सम्मान में वृद्धि लेकर आने वाला है। अगर किसी प्रॉपर्टी से जुड़ा कोई मामला आपके लिए परेशानी का सबब बना हुआ था तो वह भी दूर हो जाएगा। आप अपने घर के नवीनीकरण के बारे में भी सोच सकते हैं। परिवार में कोई नया मेहमान आ सकता है और आप अपनी वाणी से सभी का दिल जीतने में सफल रहेंगे। दूर रहने वाले किसी रिश्तेदार से मिलने का मौका मिलेगा। आज आपके घर में किसी शुभ कार्यक्रम की तैयारी हो सकती है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : भाग्य के लिहाज से आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आपको अपने काम का बजट बनाकर चलना चाहिए। आपकी सहनशीलता बढ़ेगी जिससे आप खुश रहेंगे। पारिवारिक माहौल में आपकी काफी रुचि रहेगी। किसी काम के लिए आपको थोड़ा धैर्य रखना होगा। किसी पुराने मित्र से लंबे समय बाद मिलकर आप काफी खुश होंगे। अगर कोई मित्र आपको काम के संबंध में सलाह देता है तो आपको उस पर अमल करना चाहिए। आप कोई नया वाहन खरीद सकते हैं।


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)).: आज आपका दिन सामान्य रहने वाला है। पारिवारिक रिश्तों में एकता बनी रहेगी। आप कुछ नया करने की सोचेंगे जिसमें आपको अपने परिवार के सदस्यों का पूरा सहयोग मिलेगा। राजनीति में आपको थोड़ा सोच-समझकर ही कदम उठाने चाहिए। वाहन खराब होने से आपका धन खर्च बढ़ सकता है। प्रेम जीवन जी रहे लोगों के रिश्तों में कुछ दूरियां बढ़ेंगी, इसलिए आपको तालमेल बनाकर चलवा होगा। जल्दबाजी में कोई काम न करें और अपने जरूरी कामों को आगे बढ़ाते रहें।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा और आपके कौशल में निखार आएगा। आपकी आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। आपकी कलात्मक क्षमता में वृद्धि होगी। मित्रों का पूरा सहयोग मिलेगा। आपका कोई सहकर्मी आपके काम को टालने की कोशिश कर सकता है। आप अपने काम को पूरी बारीकी से करेंगे। यदि परिवार में लंबे समय से कोई विवाद चल रहा है तो वह भी सुलझ जाएगा। किसी बात को लेकर आपको अपने पिता से सलाह लेनी पड़ सकती है। ससुराल पक्ष से कोई आपसे मिलने आ सकता है।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज का दिन आपके लिए करियर में अच्छी सफलता लेकर आएगा। लोगों के साथ आपका सामंजस्य बढ़ेगा और आप छोटे-मोटे मुनाफे की योजनाओं पर भी पूरा ध्यान देंगे। आपके प्रभाव और यश में वृद्धि होगी। आप सभी के प्रति समर्पित नजर आएंगे। आप अपने जीवनसाथी को कहीं घुमाने ले जा सकते हैं। लंबे समय के बाद किसी पुराने मित्र से मुलाकात होगी। लेन-देन से जुड़े मामलों में लापरवाही न करें, जो लोग सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं उन्हें अपनी मेहनत तेज कर देनी चाहिए।


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज का दिन आपके लिए व्यापार में कोई.बड़ी उपलब्धि लेकर आने वाला है। आपको अपना आत्मविश्वास मजबूत करने की जरूरत है। आपकी व्यापारिक योजनाएं फलीभूत होंगी। आप जिस भी काम में हाथ डालेंगे, उसमें आपको सफलता जरूर मिलेगी। अगर आप कहीं बाहर जाते हैं, तो किसी से बेवजह की बहस में न पड़ें। अपनी किसी पुरानी गलती के लिए आपको अपने बॉस से डांट खानी पड़ सकती है। कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी किसी से शेयर न करें।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) :आज का दिन आपके लिए मान-सम्मान में वृद्धि लेकर आने वाला है। आपको अपने जरूरी कामों पर पूरा ध्यान देना होगा। आपसी सहयोग की भावना आपके मन में रहेगी। काम में उसकी नीति और नियमों का उल्लंघन न करें। सामाजिक कार्यक्रमों में भी आप बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। ईश्वर की भक्ति में आपकी काफी रुचि रहेगी। अगर आपने किसी से कोई कर्ज लिया था, तो उसे भी चुकाने की कोशिश करेंगे, लेकिन आपको अपनी वाणी पर थोड़ा नियंत्रण स्खना चाहिए।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : आज का दिन आपके लिए महत्वपूर्ण रहने वाला है। साझेदारी में कोई काम करना आपके लिए अच्छा रहेगा। आप जमीन, वाहन आदि खरीद सकते हैं। आपकी प्रतिष्ठा और सम्मान में वृद्धि होगी। साझेदारी में कोई काम करना आपके लिए अच्छा रहेगा। आपकी नेतृत्य क्षमता में वृद्धि होगी। आपके पिता आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। आपको अपने भाई-बहनों के साथ तालमेल बनाए रखना चाहिए। अगर संपत्ति को लेकर कोई विवाद चल रहा है तो उसमें चुप रहना ही आपके लिए बेहतर रहेगा।


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) : आज का दिन आपके लिए मेहनत और अच्छे काम करने का दिन रहेगा। अपने मन में अहंकार बिल्कुल न लाएं और अपने काम को टालने की कोशिश न करें। आपको अपना आलस्य त्यागने की जरूरत है। दान-पुण्य के कामों में भी आपकी काफी रुचि रहेगी। आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर रहेगी। आपको अपने स्वास्थ्य पर पूरा ध्यान देना होगा। आपकी लापरवाही के कारण आपकी परेशानियां बढ़ सकती हैं। छात्रों को किसी के बहकावे में आकर अपने विषय बदलने से बचना होगा।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) :आज का दिन आपके लिए अपने महत्वपूर्ण कामों पर पूरा ध्यान देने का दिन रहेगा। आपको अपने खर्चों पर भी थोड़ा ध्यान देना चाहिए। आपको अपने समय का सदुपयोग करने की जरूरत है। आपके मन में प्रतिस्पर्धा की भावना बनी रहेगी। रचनात्मक कामों में आपकी काफी रुचि रहेगी। आपको बड़ों की बातों पर पूरा ध्यान देना होगा। आप अपनी संतान की कोई मांग पूरी कर सकते हैं। अगर आपको किसी बात को लेकर संदेह है तो उस काम को बिल्कुल भी आगे न बढ़ाएं।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। कामकाज में भी आपको अच्छी सफलता मिलेगी। आपको अपनी दिनचर्या को बेहतर बनाए रखने की कोशिश करनी होगी। घरेलू मामलों को मिल बैठकर सुलझाने की कोशिश करें और गुस्से में कोई फैसला न लें। आपकी दीर्घकालिक योजनाओं को गति मिलेगी। राजनीति में काम करने वाले लोगों को कोई पुरस्कार मिल सकता है। आप किसी धार्मिक आयोजन में हिस्सा ले सकते हैं। आपको अपने जीवनसाथी का भरपूर सहयोग और साथ मिलेगा।


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷