बुधवार, 25 जून 2025

फॉरवर्ड ब्लॉक ने किया खावा नदी पर बन रहे पुल के घटिया निर्माण का विरोध, किया जांच कर कार्रवाई की मांग

गिरिडीह (Giridih)। सदर प्रखंड के जगमनरायडीह और खावा गांवों के बीच खावा नदी पर बन रहे पुल के घटिया और धीमी गति से निर्माण का ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने विरोध किया है। पार्टी नेता मनोज यादव की अगुवाई में आज स्थानीय लोगों ने पुल निर्माण का जायजा लेने के लिए वहां का दौरा किया और प्रशासन से इसकी जांच और कार्रवाई की मांग की है।


पूर्व जिप सदस्य सह फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा पुल के घटिया और धीमा निर्माण करने की जानकारी उन्हें दी गयी, जिसके बाद पार्टी की टीम ने पुल निर्माण का जायजा लिया जिसमें लोगों के सभी आरोप सही पाये गये हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से इसकी जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। ताकि विकास के नाम पर सरकारी पैसे की लूट के बजाय पुल का निर्माण कार्य सही तरीके से हो।


श्री यादव ने बताया कि, नवंबर 2024 में ही इस पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया था। निर्माण की गुणवत्ता तो खैर अलग चीज है, लेकिन धीमी गति से निर्माण के कारण 7 माह बीतने पर भी अपेक्षित काम  लोगों को दिख नहीं रहा है। 



कहा कि, यह पुल खावा पंचायत के लिए बड़ा महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुल नहीं रहने से बारिश के मौसम में स्थानीय पंचायतवासी दो भागों में बंट जाते हैं। कई गांवों के लोगों को पंचायत मुख्यालय या अन्य गांवों में जाने में परेशानी होती है। इसलिए पुल का निर्माण ठीक से होना जरूरी है। 




मौके पर पंकज वर्मा, शंकर रजक, प्रमोद यादव, नीतीश यादव, अभीजीत मिश्रा, सबा अंसारी आदि मौजूद थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें