बुधवार, 7 मई 2025

गांडेय थाना क्षेत्र में हुए डकैती कांड का पुलिस ने किया उद्भेदन, 7 अपराधी गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के गांडेय थाना क्षेत्र के ग्राम भलुआ में बीते एक मई की रात मुन्ना मंडल एवं उमेश मंडल के घर हुई डकैती कांड का पुलिस ने उदभेदन कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उक्त जानकारी गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ विमल कुमार ने बुधवार की शाम प्रेस वार्ता कर दी।



पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों  में राजु मंडल उर्फ हरिनन्दन मंडल (24 वर्ष), ग्राम कारीकादो, थाना सरैयाहाट, जिला दुमका,
गोपाल यादव (27 वर्ष), ग्राम डुमरिया, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा, मोतिउल रहमान (23 वर्ष), ग्राम भोगतिया लोहारी, थाना गांडेय, जिला गिरिडीह, माजीद अंसारी (27 वर्ष), ग्राम दिघारी, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा, आसिफ अंसारी (24 वर्ष), ग्राम पोखरिया, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा, नाजिर अंसारी (46 वर्ष), ग्राम बदरचुआ, थाना नारायणपुर, जिला जामताड़ा और सलाउद्दीन अंसारी (24 वर्ष), ग्राम सूब्यूडीह, थाना कर्माटांड, जिला जामताड़ा शामिल हैं। जिनके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, तीन जिन्दा गोली, छह मोबाइल फोन, एक बिना नंबर की अपाची मोटरसाइकिल (नारायणपुर थाना क्षेत्र से चोरी) और लूटी गई नकदी ₹2,900 रुपए बरामद किए हैं।  



उन्होंने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर जीतवाहन उराँव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण एवं मानवीय आसूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न स्थानों पर छापामारी कर 07 अभियुक्तों को चोरी की योजना बनाते समय गिरफ्तार किया गया।



एसपी ने बताया कि पूछताछ के क्रम में अभियुक्तों ने 01.05.2026 को घटित डकैती कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उक्त गिरफ्तारी के आधार पर गांडेय थाना कांड संख्या-31/2025, दिनांक 07.05.2025, धारा 317(2)/3(5) BNS 2023 एवं 25(1-b)/26/35 Arms Act के तहत नया मामला दर्ज किया गया है।