शनिवार, 14 दिसंबर 2024

राष्ट्रीय लोक अदालत में हुआ 63,389 मामलों का निष्पादन

गिरिडीह। व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अभी तक प्री लिटिगेशन  एवं लंबित मामले सहित कुल 63,389 मामलों का निष्पादन किया जा चुका था। जिसमें 20 करोड़ 40 लाख  74 हजार 719 रुपए की राशि संबंधित पक्षकारों को तथा राजस्व के रूप में विभिन्न विभागों को प्राप्त हुआ है।

विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा आयोजित इस राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, एसपी डॉक्टर विमल कुमार, बार एसोशिएशन के अध्यक्ष प्रकाश सहाय समेत अन्य न्यायिक दंडाधिकारियों ने अपने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया इस राष्ट्रीय लोक अदालत में जिले के विभिन्न प्रखंडों से सैकड़ो की संख्या में लोगों ने भाग लिया और अपने लंबित मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन करवाया। 
 

उद्घाटन के दौरान अपने सम्बोधन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी आज के दिन पूरे देश में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। इस राष्ट्रीय लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाली छोटी-छोटी समस्याओं के बाद होने वाले विवाद को यहां पर आसानी से सुलह कराना एवं विभिन्न लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा कर लोगों को राहत दिलाना है।

उन्होंने बताया कि इस बार भी राष्ट्रीय लोक अदालत में की संख्या में लोगों ने अपने समस्याओं का समाधान करवाया है।  गिरिडीह के डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी डॉक्टर विमल कुमार ने भी कहा की राष्ट्रीय लोक अदालत से काफी संख्या में लोग अपनी समस्याओं का समाधान करवा पा रहे है। कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन भी समय पर अपने स्तर से इसे लेकर जागरूकता अभियान चलाते रहती है। 

वहीं जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष  प्रकाश सहाय ने इस राष्ट्रीय लोक अदालत के विशेषता एवं महत्ता पर प्रकाश डाला और पक्षकारों से  इसमें बढ़-चढ़कर अपने मामलों का निष्पादन कराने की अपील किया। कार्यक्रम का संचालन प्राधिकार की सचिव सोनम बिश्नोई ने की।

मास्टर सोबरन मांझी जिला पुस्तकालय में बीडीओ ने किया विद्यार्थियों संग काउंसलिंग

गिरिडीह। मास्टर सोबरन मांझी जिला पुस्तकालय में गिरिडीह सदर ब्लाक के बीडीओ गणेश रजक द्वारा छात्राओं को एग्जाम के समय किन-किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है और आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कैसे करें इस विषय पर काउंसलिंग किया।  इस काउंसलिंग कार्यक्रम में लगभग डेढ़ सौ छात्र- छात्राओं ने हिस्सा लिया।  


इस मौके पर बीडीओ श्री रजक ने छात्रों को हर हफ्ते शनिवार पुस्तकालय में क्विज़ तथा ग्रुप डिस्कशन करने का कहा। मौके पर बीडीओ ने छात्र-छात्राओं के बीच अपने छात्र जीवन की एग्जाम की तैयारी  कैसे किया और उन्हें कौन कौन सी दिक्कतो का सामना करना पड़ा इस विषय मे विस्तार से चर्चा किया। 

 

उन्होंने विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों के सम्बंध में बातचीत किया। कार्यक्रम में पुस्तकालय कर्मी अजय कुमार, नितिन गोविंद अग्रवाल, अरुण शर्मा के अलावे  सैकड़ो की संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित थे।

सूबे के मंत्री हफीजुल हसन व सुदिव्य कुमार ने डॉ खुर्शीद के निधन पर जताया दुःख

झामुमो युवा नेता फरदीन के आवास पहुंच शोक संतप्त परिवार को दिया सांत्वना


गिरिडीह। जेएमएम युवा मोर्चा उपाध्यक्ष बैरिस्टर फरदीन इम्तियाज अहमद के बड़े अब्बू डॉ खुर्शीद अहमद का  बुधवार को इंतकाल हो गया था। उनके निधन की खबर सुन शुक्रवार की शाम राज्य के मंत्री हफीजुल हसन अंसारी एवं शनिवार सुबह नगर विकास एवं आव्स मंत्री सुदिव्य कुमार युवा नेता के बिसनपुर स्थित आवास पहुँचे। दोनो मंत्रियो ने डॉ खुर्शीद अहमद के देहांत पर दुःख जताया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दिया।

मौके पर मंत्री द्वय ने कहा की डॉ खुर्शीद अहमद एक बेहतर डॉक्टर के साथ एक बड़े समाजसेवी भी थे। समाज मे उनकी अलग पहचान थी। इस दौरान दिवंगत डॉ स्व खुर्शीद अहमद ने भाई डॉ रियाज अहमद, अमीरुद्दीन अहमद, स्व खुर्शीद अहमद के पुत्र शाहबाज अहमद समेत परिवार के सदस्य मौजूद थे।

काली बाड़ी मन्दिर के 50 वर्ष पूरे होने पर मनाया जा रहा चार दिवसीय स्वर्ण जयंती समारोह

गिरिडीह। शहर की हृदयस्थली कालीबाड़ी चौक में स्थित प्रसिद्ध कालीबाड़ी मंदिर की 50वीं वर्षगांठ शक्ति संघ द्वारा पूरे धूमधाम से मनाया जा रहा है।  शुक्रवार की संध्या आरती के साथ चार दिनों तक चलने वाले स्वर्ण जयंती समारोह कार्यक्रम की शुरुआत की गई। 


गौरतलब है कि 50 वर्ष पूर्व मंदिर में कार्यरत पुरोहित घटक दा तथा शहर के तमाम गणमान्य भक्त जनों के सहयोग से इस कालीबाड़ी मंदिर का निर्माण करवाया गया था। समय के साथ यह काली मंदिर पूरे गिरिडीह वासियों के लिए बड़ी आस्था का केंद्र बन गया है। कोई भी पर्व त्यौहार के साथ खास कर दीपावली पर्व के दिन होने वाली काली पूजा में यहां पर बड़े पैमाने  पर पूजा की जाती है। जिससे बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त जन पहुंचकर माथा टेकते हैं और पूजा अर्चना कर अपनी मुरादे पूरे करते हैं। 


इस कालीबाड़ी मन्दिर के स्थापना के 50 वर्ष अर्थात स्वर्ण जयंती वर्ष पूरे होने पर शक्ति संघ गिरिडीह द्वारा आम श्रद्धालुओं के सहयोग से इसे काफी हर्षोल्लास पूर्वक मनाया जा रहा है। इसे लेकर मकतपुर चौक से लेकर कालीबाड़ी चौक तक जेपी चौक से लेकर कालीबाड़ी चौक तक आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही मंदिर का भी बाहर और भीतर से काफी आकर्षक ढंग से सजावट की गई है। 


काली बड़ी मन्दिर के बर्तमान पुजारी रंजीत जी ने बताया कि यह स्वर्ण जयंती समारोह चार दिन चलेगा जिसकी शुरुआत हो गई है। हर दिन भव्य पूजा अर्चना, आरती के साथ विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित होंगे। जबकि सोमवार को भव्य भंडारे के साथ इस स्वर्ण जयंती समारोह का समापन किया जाएगा।

युवा उत्सव में 11 पुरस्कार जीत स्कॉलर बीएड कॉलेज ने लहराया परचम,कॉलेज परिवार में खुशी का माहौल

गिरिडीह। जिला स्तरीय युवा उत्सव 2024 में स्कॉलर बीएड कॉलेज के प्रशिक्षुओं ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया। इस जिला स्तरीय युवा उत्सव में  आयोजित सभी 11 प्रतियोगिताओं में स्कॉलर बीएड के प्रशिशुओं ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा के दम पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में अब्बल रहे। महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं की इस जीत से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रतिभागियों ने इस जीत पर गीत गाकर एवं नृत्य कर एक दूसरे को बधाईयाँ दीं।


बता दें इस जिला स्तरीय युवा उत्सव प्रतियोगिता के लोकनृत्य (सामुहिक) में काजल कुमारी के नेतृत्व में उषा, प्रया सिन्हा, उमा कुमारी मुर्मू, शीतला हेम्ब्रोम, अरुण कुमार टुडू, अजय मरांडी, मुन्ना सोरेन ने प्रथम स्थान प्राप्त की। वहीं लोकगीत (सामुहिक) में मनीता मुर्मू के नेतृत्व में शिल्पा, मनीषा कुमारी, सोनम कुमारी एवं विशाल भारती ने प्रथम स्थान तथा मुन्ना किस्कू के नेतृत्व में मीना बेसरा, पाल्टन बास्की, सोल्जर मरांडी, ऋचा मिश्रा, मुस्कान कुमारी द्वितीय स्थान प्राप्त की। जबकि एकल लोकनृत्य प्रतियोगिता में सुनंदिनी कुमारी प्रथम, निकिता कुमारी द्वितीय एवं आसमा परवीन तृतीय स्थान प्राप्त कर कॉलेज को गौरवांवित किया। इस प्रतियोगिता के तीनों ही पुरस्कार पर कॉलेज के प्रतिभागियों ने कब्जा जमाया।

एकल लोकगीत में प्रतीक कुमार मंडल ने प्रथम एवं काजल कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्र की। वहीं कविता लेखन में शुभम कुमार वर्मा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि मोबाइल फोटोग्राफी में शिवसागर कुमार दास एवं विज्ञान मेला एकल में राधा कुमानी ने तृतीय स्थान प्राप्त की। 

कॉलेज की प्राचार्या डॉ शालिनी खोवाला ने सभी को विजेता प्रतिभागियों को बधाई दे उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के सहायक व्याख्यातागण एवं कालेज कर्मियों ने सभी विजेता प्रतिभागियों मिठाई खिला उनका स्वागत व अभिनंदन किया। वहीं इस सफलता पर महाविद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को बधाई व शुभ‌कामनाएँ दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जतायी।

गिरिडीह की सड़कों का हाल- बेहाल, सरकार, प्रशासन और जनप्रतिनिधि को है किसी बड़ी घटना का इंतजार

[राजेश कुमार]
गिरिडीह। सरकार, जिला प्रशासन व स्थानीय जनप्रतिनिधि भले ही बड़े बड़े डींगें हांक ले, लेकिन धरातल पर स्थिति आज भी ढाक के तीन पात वाली ही बनी हुई है। जर्जर सड़कें तो मानो गिरिडीह की सुमार में शामिल है। जिस कारण आये दिन दुर्घटनाएं भी घटित होती रहती है। लेकिन उन सड़कों की सुध लेने वाला कोई भी नहीं है। 

न केवल गिरिडीह की गली कूचे की सड़कें जर्जर है, बल्कि मुख्य मार्ग जो राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ती है उसकी भी दशा काफी दयनीय है। 

गिरिडीह से देवघर जानेवाली मुख्य मार्ग का हाल इन दिनों काफी खास्ता हाल है। सर्वाधिक बदतर स्थिति बरगंडा स्थित नया पुल के पास की है। जहां सड़कों पर बड़े बड़े गड्ढे हैं। जिनमे हल्की फुल्की बारिश में ही जल जमाव हो जाता है। जल जमाव के कारण सड़क का पता नहीं चल पाता है, जिस कारण वाहन चालकों का संतुलन बिगड़ जाता है और हादसा घटित होता है। छोटी छोटी वाहन तो उन गड्ढों में फंस कर पलट ही जाती है। जिससे वाहन पर सवार सवारी चोटिल ही जाते हैं।


ताजा मामला भी उसी बरगंडा नया पुल वाली सड़क की है। जहां एक टोटो उन्हीं गड्ढों में जमा पानी मे पलट गया। वाहन में कुछ सवारी भी सवार थे। हालांकि टोटो के पलटने से कोई बड़ा हादसा घटित नहीं हुआ, लेकिन वाहन में सवार सवारी चोटिल जरूर हुए। पीड़ित टोटो चालक ने बताया कि रोड खराब होने के वे उसने अपना नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया।

कमोवेश यही स्थिति गिरिडीह से बरगंडा पावर हाउस स्थित पुराना पुल से होकर देवघर जाने वाली सड़क की भी है। इस सड़क पर पूर्व में बना पुल टूट गया था। लंबे इंतजार के बाद अर्थात लगभग पांच वर्षों बाद उस टूटे पुल के स्थान पर एक नया पुल बना दिया गया है। आनन फानन में उस पुल का उद्घाटन भी कर दिया गया, लेकिन उसे जोड़ने वाली दोनों ओर की सड़कों को दुरुस्त नहीं किया गया है। उस पुल के दोनों ओर से जोड़ने वालीं सड़कों का हाल बेहाल है। यधपि इसी मार्ग में गिरिडीह सदर प्रखण्ड व अंचल कार्यालय है। डीएवी स्कूल संचालित है। गिरिडीह से देवघर और जामताड़ा जाने का भी यह प्रमुख मार्ग है। लेकिन सड़क का हाल बेहाल रहने से यूं तो सभी वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ती है लेकिन,खास कर दुपहिया वाहन चालकों को इस मार्ग से होकर गुजरने में काफी फजीहत उठानी पड़ती है।

बाबजूद इसके जिला प्रशासन, सरकार और जनप्रतिनिधि इन दोनों सड़कों की कोई सुध नहीं ले रहे। सड़कों की स्थिति पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी कोई बड़ा हादसा घटित होने की संभावना प्रबल है।

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल - 14 :: 12 :: 2024, शनिवार 

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज के दिन आप में परोपकार की भावना अधिक रहेगी। अपने कार्यो को छोड़ दूसरों के कार्य करने के कारण परेशानी होगी परन्तु मानसिक संतोष भी रहेगा। धार्मिक कार्यों म़े रूचि बढेगी व परिश्रम वाले कार्यों को करने में शारीरिक रूप से सक्षम रहेंगे। अर्थ एवं परिवारिक कारणों से मन साफ रहेगा। लोग आपकी मदद करने की कोशिश करेंगे। आपकी बातों को ध्यान से ग्रहण कर लेंगे। आराम करें , स्वास्थ्य सुधार होगा।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज के दिन कार्यो में निरंतर मिल रही सफलता के कारण सकारात्मक विचार मन को प्रसन्न करेंगे। शारीरिक रूप से भी ऊर्जावान रहेंगे। व्यवसाय सम्बंधित आयोजन धीमा रहने से कार्य क्षेत्र पर आपकी मेहनत हो सकती है । व्यवहारिकता की कमी के कारण लाभदायक सम्बन्ध खराब न होने दें। नौकरी पेशा जातक काम में मन लगाएंगे। संध्या के समय किसी स्त्री के सहयोग से धन लाभ की सम्भवना है। परिजनों से सम्बन्ध ठीक रहेंगे।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज का दिन आपके लिए शुभ रहेगा। आज कार्यो को काफी सोच विचारने के बाद ही करेंगे। कार्य क्षेत्र पर निर्णय लेने में थोड़ी परेशानी भी रह सकती है फिर भी सोची गयी योजनाएं अवश्य फलीभूत होंगी। धन लाभ थोड़े इन्तजार के बाद होगा। शारीरिक स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। घर में पूजा पाठ का आयोजन करवा सकते है। नए कार्यो की शुरुआत फिलहाल टालें। सुख के साधनों में वृद्धि होगी। विरोधी परास्त होंगे। परिवार में शांति रहेगी।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज दिन का पूर्वार्द्ध पहले की भांति शांति से व्यतीत करेंगे परन्तु इसके बाद का समय धार्मिक रहने वाला है । सभी महत्त्वपूर्ण कार्य आलस्य छोड़ जल्दी निपटाने का प्रयास करें। इस अवधि में धन लाभ भी होगा। मध्यान के बाद स्थिति बदलने से आकस्मिक खर्च बढ़ेंगे संकलित पूँजी खर्च हो सकती है। व्यापार में निवेश एवं धन की उधारी के व्यवहार सोच समझ कर ही करें। परिवार में किसी महिला के रूठने पर खुशामद करनी पड़ सकती है। 

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज के दिन आप स्वार्थ सिद्धि के कारण आपसी मनमुटाव भुलाकर नए सिरे से कार्य करेंगे। अधिकारियो से कार्य निकालना आसान  रहेगा। कार्य क्षेत्र अथवा घर पर किसी अन्य व्यक्ति के कारण मन खिन्न हो सकता है फिर भी पारिवारिक सदस्यों के एकजुट होने से समस्या का समाधान निकाल लेंगे। आर्थिक दृष्टिकोण से दिन परिश्रम वाला रहेगा परिश्रम के बाद ही निर्वाह योग्य आय बना पाएंगे। जीवनसाथी का भरपूर सहयोग मिलेगा। विरोधी चाह कर भी आपका बुरा नहीं कर पाएंगे। लंबी दूरी की यात्रा की योजना बन सकती है। भविष्य की योजनाओं पर खर्च होगा।

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज के दिन की शुरुआत में धर्म में रुचि रहेगी । कार्य व्यवसाय में भी दिन श्रेष्ठ रहेगा । परिश्रम का उचित फल ही मिलेगा। हाथ आये अनुबंध भी सफल हो सकते है। नौकरी पेशा जातक अधिक कार्य भार के कारण थकान अनुभव करेंगे। परिवार में किसी के स्वास्थ्य खराब होने अथवा महत्त्वपूर्ण कार्य निकलने से दिनचर्या में परिवर्तन करना पड़ेगा। आकस्मिक खर्च भी परेशान करेंगे।
 
तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज के दिन धन लाभ के अवसर मिलेंगे। कार्यो में गति आने एवं घर एवं कार्य क्षेत्र पर अव्यवस्था में सुधार होगा। भविष्य के प्रति निश्चिन्त रहेंगे। पारिवारिक सदस्य आपको पूरा सहयोग करेंगे। बीच-बीच में किसी पुराने विवाद के कारण अशांति बनेगी फिर भी स्थिति नियंत्रण में रहेगी। व्यवसाय में समय से पहले महत्त्वपूर्ण कार्य पूर्ण होने से धन की आमद सुनिश्चित होगी। बड़े बुजुर्ग आपकी प्रगति से प्रसन्न रहेंगे। आज अतिआत्मविश्वास की भावना भी रहेगी जिससे सम्मान हानि भी हो सकती है।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज आप आस-पास बन रहे वातावरण से क्षुब्ध होकर एकांतवास करना पसंद करेंगे। परन्तु सांसारिक मोह अधिक रहने के कारण ज्यादा समय एक निर्णय पर नहीं टिक पाएंगे। समाज एवं परिवार में एक समय अपने आप को अलग थलग पाएंगे। क्रोध भी अधिक रहेगा फिर भी थोड़ा संयम विवेक रहने से किसी को परेशान नहीं करेंगे। संतान आपकी भावनाओं की कद्र करेगी परन्तु अहम् के कारण किसी का सहयोग नहीं लेंगे।
आर्थिक कारणों से महत्त्वपूर्ण यात्रा अथवा अन्य व्यवहार प्रभावित रहेंगे। 

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज के दिन आप तन मन से एकदम चुस्त रहेंगे। मानसिक प्रसन्नता रहने से कार्यो को बेहतर ढंग से कर पाएंगे अपने आस-पास का वातावरण विनोदी स्वभाव से हास्यमय बनाएंगे लेकिन ध्यान रहे आपकी हास्य भरी बातें किसी के दिल को चुभ भी सकती है। कार्य क्षेत्र से आशा के अनुसार लाभ नही होने पर भी परेशांन नहीं होंगे। अधिकारी वर्ग आज आपको कोई महत्त्वपूर्ण कार्य सौप सकते है जिसपर आप खरे उतरेंगे। परिवार में भी आप सक्रीय रहेंगे परिजनों की।परेशानियों को गंभीर लेकर तुरंत समाधान करेंगे।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
आज के दिन सभी कार्यो में आशा के विपरीत फल रहेगा। विशेष कर धन सम्बंधित कार्य अनुभवी व्यक्ति की सलाह के बाद ही करें। कार्य क्षेत्र पर गलत निर्णय लेने से धन के साथ मान हानि भी हो सकती है। पारिवारिक वातावरण भी कुछ ऐसा ही रहेगा। कार्य क्षेत्र की खींज घर में निकालने से वातावरण अशान्त बनेगा। पत्नी अथवा संतान से तकरार हो सकती है। बड़े बुजुर्ग अथवा अधिकारी भी आपसे नाराज रहेंगे। अनैतिक साधनों से धन कमाने की योजना में लाभ हो होगा 

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
आज आपका ध्यान कार्य क्षेत्र पर कम ही रहेगा फलस्वरूप लाभ की आशा भी छोड़नी पड़ेगी। परन्तु फिर भी आज आकस्मिक रूप से धन की आमद होने से आप स्वयं भी आश्चर्य चकित रह जाएगे। भोग विलास की प्रवृति में अधिक समय देंगे। सामाजिक कार्यो की अनदेखी करने से व्यवहारों में कमी आएगी। गृहस्थ सुख उत्तम बना रहेगा। रिश्तेदारी में उपहारों का आदान प्रदान होगा। अविवाहित अथवा बेरोजगारों के लिए परिस्थिति सहायक बनेगी। 

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
आज का दिन आप आनंद से बितायेंगे। किसी मनोकामना अथवा बनाई योजना में सफलता मिलने की ख़ुशी दिन भर रहेगी। सेहत थोड़ी असामान्य रह सकती है स्वसन क्रिया सम्बंधित परेशानी बनेगी। कार्य क्षेत्र से आशा से अधिक लाभ कमा सकेंगे। यात्रा पर जाने का विचार होगा जिसमे थकान भी रहेगी परन्तु उत्साह के आगे अनुभव नहीं होगी। आस पड़ोसियों से ईर्ष्या युक्त सम्बन्ध रहेंगे। आप किसी से भी मदद लेने में सफल रहेंगे परन्तु किसी की मदद करने में आनाकानी कर सकते है। परिजन आपकी बात मानेंगे।


कृपया ध्यान दें👉
      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

       🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷