शुक्रवार, 6 जनवरी 2023

लंगटा बाबा समाधि पर्व पर खरगडीहा में उमड़ा जनसैलाब, लाखो लोगो ने की चादरपोशी


गिरिडीह : पौष पूर्णिमा लंगटा बाबा समाधि पर्व के अवसर पर जिले के खरगडीहा स्थित लंगटा बाबा के समाधि पर शुक्रवार को भक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह चार बजे से ही समाधि स्थल पर चादर चढ़ाने का सिलसिला शुरू हुआ, वह देर रात तक जारी रहा। 
भीड़ इतनी थी कि चादरपोशी के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गयी। घंटों कतार में खड़े रहकर लोगों ने लंगेश्वरी बाबा के समक्ष शीश झुकाया और मन्नतें मांगीं। सुबह आठ बजे के बाद बाबा के भक्तों की संख्या इतनी बढ़ गयी कि करीब दो किमी तक लंबी कतार लग गयी। जिस कारण जमुआ-देवघर मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।

वहीं मंदिर परिसर एवं मेले में पहुंची भारी भीड़ पर नियंत्रण करने हेतु प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। थाना प्रभारी पप्पू कुमार के नेतृत्व में पुलिस के जवान विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। 

पॉकेटमारों की रही चांदी : पौष पूर्णिमा के अवसर पर लंगटा बाबा के समाधि पर्व पर उनके समाधि स्थल पर पूजा-अर्चना को पहुंचे कई भक्तों की जेबें कटी वहीं दर्जनाधिक लोगों के पर्स उड़ा लिए गये। दर्जनभर मोबाइल भी भीड़ के कारण गुम हो गया। हालांकि प्रशासनिक महकमा द्वारा मेले की निगरानी हेतु मेला स्थल के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगा रखे थे। बावजूद इसके पॉकेटमारों ने हाथ साफ कर लिया। 

मजहबी आस्था का केंद्र खरगडीहा : मजहबी आस्था का केन्द्र है खरगडीहा। पौष पूर्णिमा के मौके पर विख्यात लंगटा बाबा के यहां स्थित समाधि स्थल पर चादरपोशी करने के लिए उमड़े हजारों हिन्दू-मुस्लिम धर्मावलंबियों के हुजूम से यह बात स्वत: सिद्ध होती है। झारखंड के विभिन्न जिलों के अलावा अलग-अलग प्रदेशों से भी बाबा के भक्तों ने हाजिरी देते हुए समाधि पर चादरपोशी की और मन्नतें मांगीं। यहाँ पधारे हरेक भक्तों द्वारा बाबा की महत्ता का गुणगान करते सुना गया। दया की प्रतिभूर्ति थे लंगटा बाबा। यही वजह है कि बाबा के अनन्य भक्त मिर्जागंज निवासी मोहन साव के सौजन्य से यहां के मेले में अलग-अलग जगहों पर टी-स्टाल की व्यवस्था की गयी।
 

जलीय सूर्यमंदिर में उमड़ी भीड़ : पौष पूर्णिमा के मौके पर शुक्रवार को मिर्जागंज स्थित जलीय सूर्य मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ सुबह से शाम तक लगी रही। भक्तों ने बारी-बारी से मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर से निरोग होने की मन्नतें मांगीं। खरगडीहा स्थित लंगटा बाबा की समाधि पर चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं ने यहां आकर भगवान भास्कर के समक्ष भी माथा टेका। यहां भी दिनभर मेले जैसा माहौल रहा। समाधि स्थल और मंदिर में दर्जनों की संख्या में पधारे साधु, संत एवं साधकों से धार्मिक आस्था का माहौल जीवंत हो उठा।

लंगटा बाबा के समाधि पर परम्परानुसार जमुआ थाना के थानेदार की पहली चादरपोशी


गिरिडीह: जमुआ के खरगडीहा में लंगेश्वरी बाबा (लंगटा बाबा) समाधि स्थल पर माथा टेकने और चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। शुक्रवार की अहले सुबह परम्परानुसार लंगटा बाबा के समाधि पर पहली चादरपोशी जमुआ थाना प्रभारी पप्पू कुमार ने की। इसके बाद चादरपोशी करने वाले भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया।
बाबा के समाधि स्थल पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने माथा टेका और मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा का पुख्ता व्यवस्था की गई थी। खोरीमहुआ एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह और एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो की देखरेख में पदाधिकारियों और पुलिस बलों की तैनाती की गई। 

खरगडीहा स्थित थाना में बाबा ने बनाया था आशियाना : 
बताया जाता है अंग्रेजी हुकूमत के समय साधु-संतों के साथ देवघर जा रहे लंगेश्वरी बाबा खरगडीहा स्थित उस वक्त के थाना परिसर में रुके थे। इसी थाना परिसर को उन्होंने अपना आशियाना बनाया था। तत्कालीन थानेदार वहाबुद्दीन ने लंगेश्वरी
बाबा को थाना छोड़कर जाने को कहा था, जिसपर बाबा ने यह कहा था कि तू ही चला जायेगा। कहा जाता है कि इस कथन के बाद खरगडीहा से उठकर थाना जमुआ आ गया। इसी थाना परिसर में पौष पूर्णिमा के दिन साल 1910 को बाबा ब्रह्मलीन हो गए थे और यहां बाबा की समाधि बनाई गई थी।

बाबा में थे चमत्कारी गुण:
बताया जाता है कि बाबा के अंदर चमत्कारी गुण थे। मनुष्य के अलावा पशुओं और पक्षियों से उन्हें काफी प्रेम था। उनके पास आनेवाले लोग दुखों से मुक्त हो जाते थे। रोगों को भी हरने की शक्ति उनके अंदर थी। यही वजह है कि यहां पर प्रतिदिन हिन्दू मुस्लिम, सिख, ईसाई भी पहुंचते हैं और माथा टेकते हैं। 
देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचते है भक्त : 
पौष पूर्णिमा के दिन यहां पर भक्तों का जन सैलाब उमड़ पड़ता है। देश के विभिन्न राज्यों से भक्त यहां पहुंचते हैं। इस बार भी काफी भीड़ उमड़ी है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी मुस्तैद हैं। पौष पूर्णिमा के अवसर पर हर साल की तरह इस साल भी लंगटा बाबा समाधिस्थल पर चादरपोशी करने वाले श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

चादरपोशी कर अमन चैन की मांगी मन्नतें :
शुक्रवार को रांची के डीआईजी दीपक कुमार सिन्हा, खोरीमहुआ एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह,एसडीपीओ मुकेश महतो, जमुआ थाना प्रभारी पप्पू कुमार, सीओ द्वारिका बैठा, प्रमुख मिष्ठु देवी सहित दर्जनों जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी सहित कई वीआईपी खरगडीहा पहुँच कर चादरपोशी कर अमन चैन की मन्नतें मांगें। 
निरन्तर भक्तों की ओर से चादर चढ़ाने का सिलसिला जारी रहा। लोग कतारबद्ध होकर पूजा अर्चना करते देखे गये।जानकारी के मुताबिक कोरोना के चलते पिछले कई वर्षों से मेले में भीड़ नही लगने दिया जाता था, लेकिन इस बार बड़ी संख्या में सर्द्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा,भीड़ को नियंत्रण करने में स्थानीय पदाधिकारियों को काफी मशक्कत करना पड़ा।
मेले में मुश्तेद दिखे पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारी :
खोरीमहुआ एसडीओ धीरेन्द्र कुमार सिंह एवं एसडीपीओ मुकेश कुमार महतो ने कहा कि पूरे मेले परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतज़ाम किया गया है। श्रद्धालुओं को चादर पोशी में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो इसके लिए काफी संख्या में महीला और पुरुष पुलिस बल को लगाया गया है । खोरीमहुआ एसडीएम धीरेन्द्र कुमार सिंह  ने कहा कि मेला परिसर सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में है।वहीँ मेला परिसर में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ से मेला परिसर पर प्रशासन का पोनी नज़र है। मेले में पॉकेटमारों एवं मनचलों पर पुलिस की कड़ी नजर थी।

माता शाकम्भरी के नौंवा वार्षिक महोत्सव पर श्रद्धालुओं ने किया पूजा अर्चना


गिरिडीह :  शाक भवानी माता शाकम्भरी का नौंवा वार्षिक महोत्सव शुक्रवार को स्थानीय श्याम मंदिर परिसर में धूमधाम से मनाया गया। शाकम्भरी सेवा समिति द्वारा आयोजित इस वार्षिक महोत्सव में माता शाकम्भरी का भव्य दरबार सजाया गया और मंगलपाठ का आयोजन किया गया। जिसमें सुहाग का लाल जोड़ा धारण कर 251 महिलाएं में शामिल हुई। 

पौराणिक कथाओं के अनुसार मां दुर्गे के नौ अवतारों में से एक माता शाकम्भरी ने समस्त मानव जाति को अकाल से बचाई थी। इनके वार्षिक महोत्सव के अवसर पर माता चुनड़ी उत्सव के साथ मेंहदी उत्सव का भी आयोजन किया गया। जिसमें श्रद्धालु सपरिवार सम्मिलित होकर माता शाकम्भरी से सुख-समृद्धि  का आशाीर्वाद मांगा। 
 वार्षिक महोत्सव में गायक कलाकार आकाश परिचय की गायक मंडली द्वारा कई भजन पेश किये गए। जिसपर श्रद्धालु भक्तजन झूमते नजर आएं। 
 इस वार्षिक आयोजन को सफल बनाने में अमित छापरिया, विनोद खंडेलवाल, सुधीर गोयल, दीपक चिरानिया, आरती छापरिया, सोनी गोयल, पूनम चिरानियां आदि की भूमिका सराहनीय रही।

7 जनवरी से न्यायिक कार्यों से खुद को दूर रखेंगे गिरिडीह के अधिवक्ता


गिरिडीह : कोर्ट फीस बढ़ोतरी वापस लेने, अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर राज्य भर के अधिकताओं के साथ गिरिडीह जिले के भी अधिवक्ता गण 7 जनवरी से न्यायिक सम्बंधित कार्य से खुद को दूर रखेंगे।

मीडिया से बात करते हुए जिला अधिवक्ता संघ के महासचिव चुन्नू कांत ने कहा कि सरकार ने राज्य में अप्रत्याशित रूप से कोर्ट फीस में वृद्धि कर दी है, यह एक तरह से गरीब और कमजोर पक्ष कारों पर अतिरिक्त बोझ है। ऐसे में गरीब लोग न्याय नहीं पा सकेंगे। इसीलिए राज्य विधिक परिषद के फैसले के विरोध में जिले के अधिवक्ताओं ने अपने आप को न्याय कार्य से अलग रखेंगे।

        अधिवक्ता चंदन कुमार सिन्हा

वहीं जिलाधिवक्ता संघ के पदाधिकारी अधिवक्ता चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि अधिवक्ताओं के स्ट्राइक को देखते हुए सूबे के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने 7 जनवरी को प्रदेश के सभी 24 जिलों के अधिवक्ता संघ के पदाधिकारियों और एडवोकेट जनरल के साथ एक बैठक रखा है। जिसमे अधिवक्ताओं के सभी मांगों से सम्बंधित मुद्दों पर चर्चा होगी।

भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में एनएसयूआई द्वारा चलाया गया हस्ताक्षर अभियान


गिरिडीह : भारत जोड़ो यात्रा के समर्थन में एनएसयूआई द्वारा शुक्रवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। 

वहीं इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकारी जिलाध्यक्ष अभय कुमार और छात्र नेता ऋषभ कुमार के नेतृत्व में आदर्श कॉलेज के छात्रों के साथ बैठक कर यात्रा के विषय में जानकारी दी गई। 
बैठक में कॉलेज के छात्र छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। जिसमे मंटू, रोशन, सागर, अभिषेक, आशीष, रोहित, छोटन, अमर, आलोक आदि छात्र उपस्थित थे।

कड़कड़ाती ठंड में रोटरी ग्रेटर ने 100 जरूरतमंदों को बांटे कंबल


गिरिडीह : रोटरी क्लब ऑफ़ गिरिडीह ग्रेटर द्वारा शुक्रवार को दिघरिया खुर्द और बघरा गाँव में लगभग 100 जरूरतमंदों के बीच कम्बल का वितरण किया गया। वहीं कंबल पाकर सभी असहाय, गरीब और जरूरतमंद लोग काफी खुश दिखे।

रोटरी ग्रेटर के युवा अध्यक्ष विकाश सिन्हा ने बताया की हर वर्ष के भांति इस वर्ष भी जरुरतमँदो के बीच 500 कंबल वितरण का लक्ष्य रखा गया है जो 14 जनवरी तक चलता रहेगा। इस अवसर पर रोटरी ग्रेटर के सचिव ब्रह्मदेव प्रसाद, अध्यक्ष इलेक्ट दीपक सोंथालिया समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे।