शुक्रवार, 7 फ़रवरी 2025

दोस्त की मौत की खबर सुन दोस्त ने भी त्याग दिया प्राण,दोनों का एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

गांव में मिशाल बनी रही दो दोस्तों की दोस्ती

देवघर (Deoghar)।
दोस्ती का रिश्ता हर रिश्तों से भी बढ़कर होता है। जिसने इसका सही मायने समझ लिया वह इस  रिश्ते की कद्र करने में कोई चूक नहीं रहने देता। सुख दुःख हर पल एक दोस्त दूसरे दोस्त की पीठ पर खड़ा रहता है। दोस्त की तकलीफ को वह अपनी तकलीफ समझता है और दोस्त की हर समस्या का समाधान करने हेतु ढाल बन कर खड़ा रहता है। इसी प्रकार की एक दोस्ती की मिशाल देवघर के सारठ में देखने को मिली।


सारठ थाना क्षेत्र के मोदीबांध गांव निवासी केदार झा  और नीलकंठ झा उर्फ लीलू झा की दोस्ती आठ दशक से गांव में अनोखी मिसाल थी। दोनों दोस्तों ने एक साथ हाईस्कूल की पढ़ाई की। हर रोज शाम को सारठ चौक पर साथ-साथ अखबार पढ़ते थे। हर सुख-दुःख में एक दूसरे के साथ अनवरत जुड़े रहे और नियति देखिये एक के निधन की खबर सुन तीन घंटे के बाद दूसरे दोस्त ने भी दम तोड़ दिया और सारठ अजय नदी घाट पर दोनों का आमने-सामने अंतिम संस्कार भी हुआ। पुरे क्षेत्र में दोनों के अटूट दोस्ती की चर्चा हो रही है।


दो दोस्तों की एक साथ मौत होने से सारठ थाना क्षेत्र के मोदीबांध गांव में मातम पसर गया। एक दोस्त केदार झा (82 वर्ष) की राँची में इलाज के दौरान मौत की खबर जैसे ही परिजनों ने नीलकंठ झा उर्फ लीलू झा (80 वर्ष) को दी, वे एक पल के लिए सोचने की मुद्रा में दिखे और बेहोश होकर गिर पड़े, आनन-फानन में परिजन उन्हें सारठ सीएचसी ले गये, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उधर, केदार झा की अर्थी उठाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान उनके दोस्त नीलकंठ झा के निधन की खबर आते ही सभी अचंभित हो गये। दूसरी ही पल दूसरे अर्थी की तैयारी की गयी और ग्रामीणों ने दोनों के अर्थी को कंधा देकर अजय नदी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

मलेरिया कर्मी अशोक सिन्हा ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। नगर थाना क्षेत्र के भंडारीडीह स्थित मवेशी अस्पताल के पीछे स्थित शांति नगर में रहने वाले अशोक सिन्हा ने अपने घर के किचन में फंदे से लटकर अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतक स्वास्थ्य विभाग के मलेरिया डिपार्टमेंट में डुमरी प्रखंड के नागाबाद पंचायत के भंडारों पीएससी में कार्यरत था।


घटना के बाबत मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को वह अपनी पत्नी के साथ खाना खाकर सोया था। सुबह लगभग 4.30 बजे जब उसकी पत्नी की नींद खुली तो उसने पति को बेड पर नहीं देखी। कमरे से बाहर निकली तो उन्होंने देखा कि उसका पति किचन में फंदे से झूल रहा था, और उसकी मौत हो चुकी थी। पति को फंदे से झूलता देख उन्होंने शोर मचायी। शोर सुन आसपास के लोग उसके घर पहुंचे और अशोक सिन्हा के फंदे से झूलता देख सभी अचंभित हो गये। बाद में लोगों ने घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस सदल बल मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को फंदे से निकाल उसे कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज पोस्टमार्टम करा शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। अशोक सिन्हा ने आत्महत्या क्यों की, इसके कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। पत्नी ने भी इस विषय मे अनभिज्ञता जाहिर की है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।


बता दें कि अशोक सिन्हा मवेशी अस्पताल के पीछे स्थित शांति नगर में अपने पूरे परिवार के साथ रहते थे। परिवार में उनकी माँ,पत्नी, एक बच्चा, एक बहन, एक भाई- भाभी, भाई के बच्चे शामिल है। अशोक सिन्हा द्वारा उठाये गये इस कदम से सभी हतप्रभ हैं। सबों का रो रो कर बुरा हाल है। 

पति ने घर से निकाला तो महिला प्रेमी के घर के बाहर बैठी है धरने पर

एक बच्चे की माँ से प्रेम विवाह रचा प्रेमी हुआ फरार, प्रेमी संग रहने की जिद्द पर अड़ी है प्रेमिका

गायघाटा (West Bengal)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना में एक महिला अपने पति के ड्राइवर के साथ रहने के लिए उसके घर के बाहर धरने पर बैठ गई है. इस महिला का दावा है कि पति का ड्राइवर उसका प्रेमी है. दो महीने पहले ही दोनों ने गुपचुप तरीके से शादी की है. इसकी जानकारी तीन दिन पहले ही महिला के पति को हुई तो उसने महिला को घर से निकाल दिया है. मामला गायघाटा में स्वरुपनगर थाना क्षेत्र के बेथरी गांव का है. इस घटना की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप की स्थिति है.


मिली जानकारी के अनुसार बेथरी गांव निवासी पूजा शील की शादी 6 साल पहले गायघाटा थाना क्षेत्र के पंचपोटा इलाके में रहने वाले युवक से हुई थी. इस शादी के बाद उसे एक बेटी भी हुई. इसी बीच करीब दो साल पहले पूजा अपने पति के ड्राइवर त्रिदीप के संपर्क में आई और दोनों में संबंध स्थापित हो गए. शुरू में दोनों छिप छिपकर मिलते रहे, लेकिन बाद में दोनों ने चुपचाप शादी कर ली. पूजा का दावा है कि त्रिदीप ने उसकी मांग भरी है.

पति ने महिला को घर से निकला

उसने बताया कि चूंकि दोनों ने छिपकर शादी की है, इसलिए इसका कोई प्रमाण या गवाह उसके पास नहीं है. उसने बताया कि दो तीन दिन पहले ही उसके पति को उसकी शादी की जानकारी हुई तो उन्होंने उसे घर से बाहर कर दिया है. इसके बाद से ही वह अपने प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठी है. सूचना मिलने पर पहुंची गायघाटा थाने की पुलिस ने बताया कि त्रिदीप खुद अपने घर से फरार है. 


मां ने किया बेटे को बेदखल

वहीं उसकी मां ने बताया कि उन्हें भी दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी कुछ दिन पहले मिली थी. बताया कि हमने पहले ही साफ कर दिया था कि इस युवती से शादी करने पर उसे बेदखल कर दिया जाएगा. त्रिदीप की मां के मुताबिक अब यदि त्रिदीप ने शादी कर ही लिया है तो उससे उनका कोई संबंध नहीं है. कहा कि अब वह अपने बेटे से संबंध तोड़ चुकी हैं. वहीं पूजा ने बताया कि अब वह त्रिदीप के ही साथ रहेगी. चूंकि त्रिदीप उसे अपनाने के बजाय घर छोड़कर फरार हो गया है, इसलिए उसके आने तक वह यहीं बैठी रहेगी. इस घटना से इलाके में हंगामा मच गया है.

सूर्य और मंगल की युति से बनेगा षडाष्टक योग, तीन राशियों को मिलेंगे मनचाहे परिणाम

[विशेष ज्योतिषीय आलेख ज्योतिष शास्त्री के मताअनुसार]


ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को नवग्रहों में राजा कहा गया है। साथ ही इसे आत्मा का कारक माना जाता है। कुंडली में सूर्य की स्थिति मजबूत होने पर जातक को हर क्षेत्र में सफलता मिलने के साथ मान-सम्मान की प्राप्ति होती हैं। साथ ही करियर में भी बेहतर परिणाम मिलते हैं। ज्योतिष के अनुसार जब भी सूर्य अपने स्थान में परिवर्तन या किसी ग्रह के साथ युति निर्माण करते हैं, तो इसका प्रभाव सभी राशियों पर पड़ता है।

आज बनेगा षडाष्टक योग 

ज्योतिष विशेषज्ञों की मानें तो 7 फरवरी 2025  अर्थात आज सूर्य व मंगल की युति से षडाष्टक योग का निर्माण होगा। आज मंगल और सूर्य एक दूसरे से आठवें और छठे स्थान पर स्थित होंगे।


तीन राशियों को मिलेंगे मनचाहे परिणाम

षडाष्टक योग के बनने से तीन राशियों को नौकरी, व्यापार और शिक्षा क्षेत्र में मनचाहे परिणाम मिलने की संभावना है।


आइए जानते हैं वे कौन है वो भाग्यशाली राशियां 


मेष राशि 
ज्योतिष गणना के अनुसार षडाष्टक योग मेष वालों के लिए शानदार रहने के साथ लाभदायक रहने वाला है। आत्मविश्वास बढ़ेगा। कोर्ट के मामलों में राहत मिल सकती है। मित्रों से आपका संबंध मजबूत बना रहेगा। रोजगार की तलाश कर रहे लोगों को नई नौकरी की प्राप्ति हो सकती है। ग्रहों के शुभ प्रभाव से आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर होगी। निवेश के लिए समय शुभ माना जा रहा है। लव लाइफ शानदार रहने की संभावना है।


सिंह राशि 
सिंह राशि के लिए षडाष्टक योग के प्रभाव से कारोबार की स्थितियां आपके पक्ष में रहेंगी। धन लाभ के शुभ संकेत मिलेंगे और बाधाएं दूर होंगी। पुश्तैनी संपत्ति से संबंधित बड़ा लाभ मिल सकता है। सिंगल लोगों के लिए यह समय खास होने की संभावना है। आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। इस दौरान स्वास्थ्य में भी सुधार होगा। मित्रों की मदद से सभी जरूरी काम पूरे हो जाएंगे। विवाह में यदि कोई समस्या आ रही थी, तो वह भी दूर होगी। घऱ-परिवार में खुशियां रहेंगी।


धनु राशि 
षडाष्टक योग का शुभ प्रभाव जातक के लिए शानदार रहेगा। सफलता प्राप्त होने की संभावना है। वैवाहिक जीवन में की समस्याएं समाप्त होती हुई दिखेंगी। शासकीय कामकाज से लाभ मिलने की संभावना है। नौकरी की तालाश कर रहे लोगों को बेहतरीन अवसरों की प्राप्ति होगी। इस समय योजनाएं भी सफल हो सकती है।सेहत में सुधार होगा। किसी काम को पूरा करने के लिए दोस्तों की सहायता आपको मिलेगी। धार्मिक यात्रा के योग भी बन रहे हैं।


आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::07 :: 02 :: 2025 शुक्रवार



07 फरवरी 2025 : आज परम पवित्र माघ माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि एवं शुक्रवार दिन है। वैभव लक्ष्मी जी के निमित्त पावन व्रत है। श्री भगवान विष्णु जी की उपासना करें। तिल, उड़द व गुड़ का दान करें। आज का व्रत विष्णु जी व लक्ष्मी जी को समर्पित बहुत ही पुण्यदायी होता है। कनकधारा स्तोत्र का पाठ करें।दशमी तिथि आज रात 9 बजकर 26 मिनट तक रहेगी। आज शाम 4 बजकर 17 मिनट तक इन्द्र योग रहेगा। इन्द्र योग के दौरान राज्य पक्ष के कार्यों में अथवा सरकारी कामों में सफलता जरूर मिलती है। साथ ही आज शाम 6 बजकर 40 मिनट तक रोहिणी नक्षत्र रहेगा। धार्मिक पुस्तकों व चावल का दान करें। माता गंगा की उपासना करें। श्री सूक्त के पाठ से सभी मनोरथ पूर्ण होते हैं। भगवान कृष्ण जी के नाम का मानसिक जप करें। आज गंगा या किसी पवित्र नदी में स्नान व दान पुण्य करें। सप्त अन्न का दान बहुत ही पुण्यदायी होता है, इससे कष्ट समाप्त व धन आगमन तथा शुभता का आगमन होता है, पुण्य की प्राप्ति होती है। इस समय नित्य गंगा स्नान करने से मनोवांछित फल मिलते हैं तथा सभी पाप नष्ट होते हैं व आपका आध्यात्मिक मार्ग प्रशस्त होता है। नदी के तट पर ही पार्थिव का शिवलिंग बनाकर रूद्राभिषेक करें। मधु, तिल, बेल पत्र व गंगा जल शिवलिंग को अर्पित करें।आध्यात्मिक सतसंग का आनन्द लें। आज सायंकाल हवन करें।




आज का पंचांग: 07 फरवरी 2025, शुक्रवार, 
विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, मास : माघ, पक्ष : शुक्ल पक्ष, तिथि : दशमी तिथि 09:26 PM तक उपरांत एकादशी, ऋतु : शिशिर, नक्षत्र : रोहिणी 06:40 PM तक उपरांत म्रृगशीर्षा,  सूर्योदय : 07:07 AM प्रातः सूर्यास्त : 06: 14 PM सायं, राहुकाल : 11:17 AM से 12:40 PM तक, चन्द्रमा : वृषभ राशि पर 06:21 AM तक उपरांत मिथुन राशि पर संचार करेगा। 
व्रत-त्यौहार : गुप्त नवरात्रि का दसवां दिन, रोहिणी व्रत



आज :: 07:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
मेष राशि वालों की निर्णय लेने की क्षमता बेहतर रहेगी। नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है। अगर आप किसी यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे हैं तो बाहन न मांगकर खुद चलाएं। धार्मिक कार्यों में आपकी काफी आस्था रहेगी। आपको अपने महत्वपूर्ण कामों को कल पर टालने से बचना होगा। पारिवारिक समस्याएं फिर से उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे आपकी टेंशन बढेगी। भाग्यशाली अंकः 8, भाग्यशाली रंगः हरा


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
वृष राशि वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है। आपकी कार्य क्षमता बेहतर रहेगी। अगर किसी जरूरतमंद की मदद करने का मौका मिले तो जरूर करें। प्रेम जीवन जी रहे लोगों को अपने पार्टनर के साथ तालमेल बनाए रखने की जरूरत है, क्योंकि किसी बाहरी व्यक्ति के आने से रिश्ते में परेशानियां बढ़ेंगी। आपको कोई नई प्रॉपर्टी मिल सकती है। नौकरी में प्रमोशन के चलते आपको एक जगह से दूसरी जगह जाना पड़ सकता है।
भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः लाल


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
मिथुन राशि वालों के लिए दिन चुनौतियों से भरा रहने वाला है। लोगों को अपने काम पर पूरा ध्यान देना होगा। आपको अपने काम को लेकर किसी सहकर्मी की मदद लेनी पड़ सकती है। आपको अपने खान-पान पर पूरा ध्यान देना होगा। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो जाएगा। आपको किसी कानूनी मामले में लापरवाही नहीं बरतनी है। भाग्यशाली अंक: 9,भाग्यशाली रंगः हरा


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
करियर के लिहाज से कर्क राशि वालों के लिए दिन अच्छा रहने वाला है। आपको अपनी आर्थिक स्थिति पर पूरा ध्यान देना होगा। परिवार में किसी सदस्य के साथ आपका तालमेल अच्छा रहेगा। आप किसी मांगलिक उत्सव में शामिल हो सकते हैं। आपको अपने खान-पान पर पूरा ध्यान देना होगा। आपको वाहनों का प्रयोग सावधानी से करना होगा। आपकी आय के स्रोत बढ़ेंगे। अगर आपको अपने व्यवसाय को लेकर कोई विचार आता है तो आपको तुरंत उसे आगे बढ़ाना चाहिए। भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः केसरिया


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन बजट बनाकर काम करने का रहेगा। अगर आपको किसी तरह की चोट लगी है तो आपको उस पर पूरा ध्यान देना चाहिए, नहीं तो यह आगे चलकर आपके लिए परेशानी का सबब बन सकती है। प्रेम जीवन जी रहे लोगों को अपने साथी पर कड़ी नजर रखनी होगी। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। सेहत में उतार-चढ़ाव के कारण आप चिंतित रहेंगे। भाग्यशाली अंक: 8, भाग्यशाली रंगः पीला 


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन संघर्षों से भरा रहने वाला है। अपनी मेहनत पर भरोसा रखकर काम करें। आपको नई नौकरी का ऑफर मिल सकता है, लेकिन पुरानी नौकरी पर ही टिके रहेंगे तो आपके लिए बेहतर रहेगा। आपकी जरूरतें पूरी होने से मन प्रसन्न रहेगा। संतान की संगति पर आपको विशेष ध्यान देना होगा। आप अपने व्यापार में कुछ नए उपकरण शामिल करेंगे। भाग्यशाली अंक:1, भाग्यशाली रंगः नीला



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
तुला राशि वालों के लिए आज का दिन सामान्य रहने वाला है। अपनी वाणी और व्यवहार में कोई बदलाव न करें। आपके आस-पास का माहौल खुशनुमा रहेगा। आपको अचानक किसी यात्रा पर जाना पड़ सकता है। अगर आपका कोई काम काफी समय से रुका हुआ था तो वह भी पूरा हो सकता है। घर में किसी मेहमान के आने से माहौल खुशनुमा रहेगा। आपको कोई भी महत्वपूर्ण जानकारी किसी से शेयर करने से बचना होगा। भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः सफेद


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
वृश्चिक राशि वालों को अपने महत्वपूर्ण कामों पर पूरा ध्यान देना होगा। नौकरी में आपके बॉस आपको कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकते हैं। आपके कुछ नए प्रयास रंग लाएंगे। परिवार के किसी सदस्य के विवाह में आ रही समस्या को लेकर आप चिंतित रहेंगे। संतान के स्वास्थ्य पर आपको पूरा ध्यान देना होगा। किसी नए काम में आपकी रुचि बढ़ सकती है। घूमते-फिरते आपको कोई महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। भाग्यशाली अंकः 2, भाग्यशाली रंगः गुलाबी
 


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
धनु राशि वालों को अपने काम में लापरवाही करने से बचना होगा, अन्यथा आपके काम में देरी हो सकती है। पैसों से जुड़ा कोई भी काम जल्दबाजी में न करें। आपको पारिवारिक समस्याओं को समझना होगा और फिर उनका समाधान करना होगा। आप अपने घर में साफ-सफाई और रख-रखाव पर पूरा ध्यान देंगे। आप कुछ नई चीजें खरीद सकते हैं। शेयर बाजार में निवेश करने वाले लोगों को थोड़ा सावधान रहना चाहिए। मौसम का आपके स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। भाग्यशाली अंक: 6,भाग्यशाली रंगः आसमानी


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
मकर राशि वालों को कुछ नए संपर्कों से लाभ होगा। आपको राजनीति में थोड़ा सोच-समझकर कदम रखना होगा। आपका कोई सहकर्मी आपका काम बिगाड़ने की कोशिश करेगा। आपका कोई पुराना दोस्त लंबे समय के बाद आपसे मिलने आ सकता है। अगर आप कोई प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे थे, तो आपकी इच्छा भी पूरी होगी। परिवार में किसी पूजा-पाठ के आयोजन के कारण सभी सदस्य व्यस्त रहेंगे। भाग्यशाली अंकः 5, भाग्यशाली रंगः सुनहरा



कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
कुंभ राशि वालों के कुछ नए प्रयास आज बेहतर रहेंगे। कानूनी मामले में आपको अधिक भागदौड़ करनी पड़ेगी। अपने व्यापार में सरकारी टेंडर मिलने से आप काफी प्रसन्न रहेंगे। दूर रहने वाले किसी रिश्तेदार की याद आ सकती है। आप अपने जीवन साथी को कहीं घुमाने ले जा सकते हैं। आप किसी के साथ धन संबंधी डील फाइनल करेंगे, जो आपके लिए अच्छा रहेगा। भाग्यशाली अंक: 5, भाग्यशाली रंगः नीला


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
मीन राशि वालों को अपने महत्वपूर्ण कार्यों पर थोड़ा ध्यान देना होगा। कार्यक्षेत्र में आपको किसी और को कुछ भी नहीं बताना है। विद्यार्थी अगर किसी प्रतियोगिता की तैयारी कर रहे हैं, तो उसमें उन्हें अच्छी सफलता मिलेगी। आप अपने माता-पिता की सेवा के लिए भी कुछ समय निकालेंगे। अगर आप पर कोई कर्ज था, तो उसे चुकाने के लिए आप लोन आदि ले सकते हैं। अगर ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से संबंधों में कड़वाहट थी, तो वह भी दूर हो जाएगी।भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः भुरा


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷