गुरुवार, 28 मार्च 2019

चेकिंग के दौरान रांची में 30 व गिरिडीह में 15 लाख नगद बरामद

वाहन चेकिंग के दौरान रांची में 30 व गिरिडीह में 15 लाख बरामद



  लोकसभा चुनाव के मद्दे नजर सूबे में चल रही वाहन चेकिंग के दौरान गुरुवार को जंहा रांची के पिठोरिया थाना क्षेत्र से पुलिस ने एक वाहन से 30 लाख नगदी बरामद किया है। वंही गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फिटकोरिया मोड़ के समीप पुलिस ने एक एक्सक्यूवी वाहन से 15 लाख बरामद किया है।

राजधानी राँची के पिठौरिया थाना चेक पोस्ट पर थाना प्रभारी बिनोद राम, कांके बीडीओ ज्ञानशंकर जायसवाल एवं कांके के सीओ की मौजूदगी में चलाये गए वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वाहन से 30 लाख नगद बरामद किया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।


वंही गिरिडीह में सदर एसडीओ राजेश प्रजापति और  एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में चलाये गये वाहन जांच अभियान के दौरान बेंगाबाद पुलिस ने थाना क्षेत्र के फिटकोरिया मोड़ के समीप 15 लाख से भरे बैग के साथ एक एक्सयूीवी वाहन को जब्त किया है।  बेंगाबाद पुलिस इस मामले में वाहन मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि उक्त एक्सक्यूवी वाहन बोकारो से देवघर जा रहा था। 

(गिरिडीह में जब्त वाहन से सम्बंधित विस्तृत जानकारी)

तेजप्रताप ने दिया इस्तीफा, बनाएंगे खुद की अलग पार्टी

बिहार राजद में मचा भूचाल, दिया तेज प्रताप यादव ने इस्तीफा

पटना : अपनी ही पार्टी से नाराज चल रहे हैं लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस्तीफा दे दिया है. गुरुवार को तेज प्रताप ने छात्र राष्ट्रीय जनता दल के संरक्षक के पद से इस्तीफा दिया. ट्विटर पर इसका ऐलान करते हुए तेज प्रताप ने लिखा, 'नादान हैं वो लोग जो मुझे नादान समझते हैं,  कौन कितना पानी में है सबकी है खबर मुझे.'

इससे पहले तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी के ऊपर दबाव बनाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाले थे. दरअसल, तेजप्रताप शिवहर और जहानाबाद सीट से अपने समर्थक अंगेश कुमार और चंद्र प्रकाश को टिकट दिलवाना चाहते हैं और इसी को लेकर उन्होंने पार्टी के ऊपर दबाव बनाने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया था.
जानकारी के मुताबिक, तेज प्रताप यादव प्रेस कॉन्फ्रेंस में अंगेश सिंह और चंद्र प्रकाश की शिवहर और जहानाबाद से उम्मीदवारी की घोषणा करने वाले थे. मगर पर लालू के हस्तक्षेप के बाद तेज प्रताप के तेवर नरम पड़ गए और उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कैंसिल कर दी.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ आरजेडी शिवहर से रामा सिंह और जहानाबाद से सुरेंद्र यादव को खड़ा करना चाहती है. इससे तेज प्रताप नाराज हैं. बीते दिनों उन्होंने कहा था कि पार्टी में युवाओं को मौका मिलना चाहिए. अब तेज प्रताप यादव के इस्तीफे के बाद सियासी गलियारे में चर्चा है कि वह अपनी नई पार्टी बना सकते हैं.

गौरतलब है कि बिहार यूपीए महागठबंधन में राजद को 20 सीट, कांग्रेस को 9 सीट, रालोसपा-5 सीट और जीतन राम मांझी की हम पार्टी तीन सीट, मुकेश साहनी की पार्टी वीआईपी को भी तीन सीटें दी गई हैं.

झारखण्ड: उहापोह में है यूपीए तो पेशोपेश में है भाजपा

लोकसभा चुनाव : उहापोह में है यूपीए तो पेशोपेश में है भाजपा

- हॉट सीट बना है रांची, कोडरमा और चतरा


          [राजेश कुमार]
झारखंड की तीन सीटों को लेकर अब तक सस्पेंस बरकरार है। भाजपा अब तक कोडरमा, चतरा और रांची सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं कर सकी है। वंही यूपीए गठबंधन के कांग्रेस और झामुमो ने भी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। 

कांग्रेस की नजर भाजपा द्वारा प्रत्याशियों के चयन पर टिकी हुई है।  समझा जाता है कि कोडरमा, चतरा और रांची में भाजपा द्वारा प्रत्याशी घोषित किये जाने की बाद ही कांग्रेस अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर सकती है।

 हालांकि यूपीए गठबंधन में शामिल झाविमो ने कोडरमा से जंहा पार्टी सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी को उम्मीदवार बनाया है। वंही गोड्डा  से प्रदीप यादव को प्रत्याशी बनाया दिया है। जबकि राजद ने एकतरफा फैसला लेते हुए पलामू से घूरन राम और चतरा से सुभाष यादव को प्रत्याशी बनाया है।

दूसरी ओर कांग्रेस द्वारा रांची, हजारीबाग, चतरा, पलामू, धनबाद, लोहरदगा, खूंटी, प सिंहभूम में अब तक प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की गयी है। जिससे न केवल पार्टी कार्यकर्ताओं में बल्कि आम जनता में भी कौन होगा परताशी इसे लेकर लोगों की उत्सुकता बढ़ती जा रही है।

बगावत का हो रहा झंडा बुलन्द

इस बीच ज्यों ज्यों मतदान की तिथि नजदीक आ रही है भाजपा की परेशानी भी बढ़ती जा रही है। रांची सीट पर भाजपा के निवर्तमान सांसद रामटहल चौधरी ने टिकट कटने की सूचना पर बगावती तेवर अपनाते हुए निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुके हैं।

 गिरिडीह सीट एनडीए के सहयोगी दल आजसू को चला गया है। और आजसू ने गिरिडीह से चन्द्रप्रकाश चौधरी को अपना उम्मीदवार बनाया है। हालांकि इस फैसले से गिरिडीह के निवर्तमान सांसद रवींद्र पांडेय खासे नाखुश हैं और वह भी बागी तेवर अपना चुके हैं। हालांकि अब तक उन्होंने अपना पत्ता नहीं खोला है।

उधर, कोडरमा के निवर्तमान सांसद रवींद्र राय खुल कर कुछ नहीं कह रहे हैं पर उनके समर्थक लगातार आलाकमान के फैसले का विरोध कर रहे हैं। चतरा के निवर्तमान सांसद सुनील सिंह अभी भी टिकट की आस में दिल्ली दरबार की दौड़ लगा रहे हैं।

हालांकि राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा आम है कि हाल के दिनों में लालटेन छोड़ कमल थाम चुकी अन्नपूर्णा देवी को कोडरमा अथवा चतरा से टिकट मिलना तय है। इस चर्चा से उनके समर्थकों में काफी उत्साह कायम है।

कांग्रेस की है पैनी नजर

 दूसरी ओर कांग्रेस की पैनी नजर चतरा सीट पर बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार भाजपा यदि चतरा से  अन्नपूर्णा देवी को टिकट देती है, तो कांग्रेस किसी गैर यादव प्रत्याशी को टिकट दे सकती है।

रांची सीट पर तो माना जा रहा है कि सुबोधकांत सहाय को ही टिकट मिलेगा। कांग्रेस की ओर से रामटहल चौधरी से भी समर्थन की मांग की गयी है।
पलामू को लेकर भी कांग्रेस में मंथन चल रहा है।  लोहरदगा सीट के ज्यादा दावेदार होने की वजह से कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा नहीं कर रही है। जबकि खूंटी को लेकर भी कांग्रेस की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है.

झामुमो कर रहा है मंथन   
               
 हालांकि आधिकारिक रूप से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भी प्रत्याशी की घोषणा नहीं की है।  यूपीए गठबंधन के तहत झामुमो के हिस्से में चार सीटें आयी है। पार्टी की ओर से दुमका से शिबू सोरेन और राजमहल से विजय हांसदा की उम्मीदवारी तय मानी जा रही हैं। लेकिन, गिरिडीह और जमशेदपुर को लेकर अभी भी सस्पेंस बना हुअा है। झामुमो लगातार मंथन कर रहा है कि इन दोनों सीटों पर किन्हें प्रत्याशी बनाया जाये।

अवैध शराब कारोबारी के घर पुलिस और उत्पाद विभाग का छापा

अवैध शराब कारोबारी लाठी यादव के घर पुलिस और उत्पाद विभाग का छापा, प्रतिबंधित शराब बरामद

गिरिडीह : उत्पाद विभाग व जमुआ पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर जमुआ के पेटहंडी गांव निवासी लाठी यादव के घर पर छापेमारी कर अवैध शराब के 60 पेटी जब्त करने में सफलता प्राप्त की है। हालांकि इस क्रम में लाठी यादव फरार होने में सफल रहा। शराब का बरामद स्टॉक असली है या डुप्लीकेट, इसका पता लगाया जा रहा है। वैसे शराब के इस अवैध कारोबार में लाठी यादव के पार्टनर के रूप में भीम साव के नाम की भी चर्चा जोरों पर है। उत्पाद विभाग भीम साव के बारे में जानकारी हासिल करने में जुटी हुई है।
प्रतिबंधित शराब किंगफिशर गोल्ड फ्रेश की पेटी बरामद

उत्पाद अधीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में पेटहंडी निवासी लाठी यादव के घर पर छापेमारी के दौरान डीएसपी टू संतोष मिश्रा के साथ जमुआ थाना प्रभारी व उत्पाद विभाग के त्रिपुरारी कुमार,समेत पुलिस जवान शामिल थे। छापेमारी की कार्रवाई करीब दो घंटे तक चली। छापेमारी टीम को लाठी यादव के घर से बड़े पैमाने पर रॉयल स्टैग, इंपिरियल ब्ल्यू के साथ झारखंड में प्रतिबंधित और अरुणाचल प्रर्देश में ब्रिकी होने वाली शराब किंगफिशर गोल्ड फ्रेश की पेटी बरामद हुई। लाठी यादव के घर से बरामद अवैध शराब के स्टॉक की कीमत बाजार मूल्य के अनुसार करीब 5 लाख बताया जा रहा है। वैसे उत्पाद विभाग जब्त स्टॉक का आकलन करने में जुटा हुआ है।
 स्टॉक में नकली शराब होने की संभावना

जानकारी के अनुसार बरामद शराब के स्टॉक में कुछ नकली शराब के होने की बात सामने आ रही है। इधर छापेमारी के दौरान लाठी यादव घर से फरार होने में सफल रहा। लाठी यादव पर पहले से ही अवैध शराब के कारोबार का केस दर्ज है। उत्पाद विभाग अब लाठी यादव को दबोचने में जुट गई है।

 गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

उत्पाद अधीक्षक अवधेश सिंह की मानें तो उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि लाठी यादव के घर पर करीब 60 पेटी अवैध शराब का स्टॉक रखा हुआ है। जिसे चुनाव को लेकर झारखंड-बिहार के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जाना है। लाठी यादव अपने शराब कारोबार के पार्टनर भीम साव के साथ सारे स्टॉक को खपाने की तैयारी में है। इसी सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग और जमुआ पुलिस ने संयुक्त रूपप से छापेमारी कर लाठी यादव के घर से शराब के सारे स्टॉक को जब्त कर लिया।