रविवार, 14 सितंबर 2025

तुरी समाज की बैठक में संगठन मजबूती एवं प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के मद्दे नजर हुई चर्चा

गिरिडीह (Giridih)। तुरी समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को स्थानीय अंबेडकर भवन में गोविंद तुरी की अध्यक्षता एवं तुलसी तुरी के संचालन में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव, समाज की एकजुटता और संगठन की मजबूती पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक के दौरान झारखंड के विभिन्न जिलों से पधारे समाज के गणमान्य लोगों ने समाज को जागरूक करने, संगठनात्मक ढाँचे को मजबूत करने एवं प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि जब तक समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद लोग जागरूक नहीं होंगे तब तक समाज का सर्वांगीण विकास सम्भव नही है। वक्ताओं ने समाज को एकजुट करने और शिक्षा के प्रति सजग रहने पर जोर दिया।



बैठक में कृष्ण तुरी, कमलेश राम, उमेश तुरी, सागर मिर्धा, राजेंद्र मिर्धा, भानू उदय तुरी, शंकर तुरी, धनेश्वर तुरी, पुनीत तुरी, संजय तुरी, राजकुमार दयाल, सूर्यदेव तुरी, शिबू तुरी, हीरामणि तुरी, रोहित तुरी, आज़ाद तुरी, तारकेश्वर तुरी, मोहन तुरी, दिनेश तुरी, अजय तुरी, पवन तुरी, मंटू तुरी, देवन्ती भारती समेत काफी लोग मौजूद थे।



अल्हाज डाॅक्टर इम्तियाज अहमद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का मंत्री सुदिव्य सोनू ने किया उद्घाटन

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह की उपनगरी पचम्बा के तेलोडीह स्थित गांधी मैदान में अल्हाज डाॅक्टर इम्तियाज अहमद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट का उद्घाटन रविवार को सूबे के नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने किया।


टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच तेलोडीह फुटबॉल क्लब बनाम कमलजोर फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। जिसमें तेलोडीह फुटबॉल क्लब ने 3-0 से बाजी मारा।



आयोजकों के अनुसार टुर्नामेन्ट का यह 25 वां वर्ष है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी टूर्नामेंट का काफी जोरदार तरीके से आयोजन किया गया है। आज चौदह सितंबर से शुरू हुआ टूर्नामेंट आगामी चौदह दिनों तक जारी रहेगा। जिसमें कुल सोलह टीमें भाग ले रही है। इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले फुटबॉल टीम को नगद पुरस्कार की घोषणा की गई है।


टूर्नामेंट के उद्घाटन के अवसर पर अमरुद्दीन अहमद, डॉक्टर रियाज अहमद, सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, डीएसपी कौशर अली, साइबर डीएसपी आबीद खान, प्रखंड विकास पदाधिकारी गणेश रजक, अंचलाधिकारी जितेन्द्र प्रसाद, पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार, जेएमएम युवा मोर्चा सचिव फरदीन इम्तियाज अहमद, तेलोडीह मुखिया सबीर आलम, करहरबारी मुखिया प्रतिनिधि मुमताज अंसारी, मुखिया संघ के जिलाध्यक्ष सह अलगुंदा पंचायत के मुखिया भगीरथ मंडल समेत कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य लोगों के अलावे काफी संख्या फुटबॉल प्रेमी दर्शक मौजूद थे।


अभाविप की बैठक में आरएसएस के स्वर्णिम 100 वर्षीय यात्रा पर चर्चा

पंच-परिवर्तन के लक्ष्यों के साथ आरएसएस समाज को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध : मुकेश रंजन


गिरिडीह (Giridih)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गिरिडीह नगर इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को संघ कार्यालय बरगंडा में सम्पन्न हुआ। बैठक में मुख्य रूप से संघ के झारखंड सेवा प्रमुख मुकेश रंजन सिंह उपस्थित थे।


बैठक को सम्बोधित करते हुए सेवा प्रमुख ने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गौरवमयी शताब्दी यात्रा में ‘पंच-परिवर्तन के लक्ष्यों के साथ समाज को नई दिशा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सामाजिक समरसता के तहत समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सौहार्द और प्रेम बढ़ाने एवं परिवार को राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने, स्वदेशी अपनाने और लोगों को आत्मनिर्भरता के साथ राष्ट्रहित में योगदान देने हेतु प्रेरित करने की दिशा में अग्रसर है।


मौके पर अभाविप जिला संयोजक मंटू मुर्मू ने कहा कि संघ ने नागरिकों में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को जगाते हुए समाज में वैमनस्य को खत्म करने की दिशा में प्रयासरत रहते हुए अपनी अनवरत यात्रा में 100 वर्षों का मील का पत्थर पार कर एक नई ऊंचाई पर पहुंचा है। कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की यात्रा तमाम चुनौतियों और झंझावातों से भरी रही है, लेकिन संघ ने हमेशा अपने मूल्यों और लक्ष्यों को कायम रखा और समाज को एकजुट करने और राष्ट्र के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करता रहा है। नगर अध्यक्ष ज्योति चौधरी ने कहा की ‘पंच-परिवर्तन’ के लक्ष्यों के साथ संघ का यह प्रयास निश्चित रूप से भारतीय समाज की दिशा और दशा को नया मोड़ देने वाला साबित होगा।


बैठक में नगर उपाध्यक्ष राजेश पांडेय, संघ के जिला सह संपर्क प्रमुख शिव गौरव पांडेय, अभाविप नगर सह मंत्री अनीश राय, अभिजीत सिन्हा, कॉलेज उपाध्यक्ष गुलशन यादव, बिट्टू मोदी, मुन्ना पंडित, दीपक वर्मा, विकास वर्मा, सुमित कुमार, आदित्य कुमार, अमित कुमार मंडल आदि मौजूद थे।


अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण त्योहार मनाने का निर्णय

गिरिडीह (Giridih)। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर रविवार को परिषदन भवन में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सौहार्दपूर्ण माहौल में शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने का निर्णय लिया गया।



बैठक के दौरान जहां मुख्य रूप से आगामी दुर्गा पूजा पर चर्चा की गई। वहीं स्थानीय स्तर पर होने वाले अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों पर भी विचार विमर्श किया गया। सभी पर्व त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर चर्चा की गई।



बैठक को सम्बोधित करते हुए सदर विधायक सह सूबे के मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि गिरिडीह हमेशा से भाईचारे और मिलजुलकर त्यौहार मनाने के लिए जाना जाता है। आने वाले समय में भी यह परंपरा कायम रहनी चाहिए। मंत्री ने कहा कि त्योहार केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं होते, बल्कि सामाजिक एकता को मजबूत बनाने का अवसर भी होते हैं। उन्होंने जनता से अपील किया कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें।



मौके पर उपस्थित शांति समिति के सदस्यों व पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र में होने वाले पर्व-त्योहारों की तैयारियों और संभावित चुनौतियों पर प्रशासन को अवगत कराया। कई समितियों ने जुलूस के रूट, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की।



बैठक के दौरान एसडीएम एवं एसडीपीओ ने पूजा आयोजनों के दौरान पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे लगाने, नियमित गश्ती और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी करने की बात कही। साथ ही, नगर निगम से उचित लाइटिंग और साफ-सफाई के लिए समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।


बैठक में राज्यसभा सांसद डॉक्टर सरफराज अहमद, सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव, गुड्डू यादव, एसडीपीओ जीत वाहन उरांव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते, डीएसपी नीरज सिंह, उपनगर आयुक्त प्रशांत कुमार लायक, नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार, पंचबा थाना प्रभारी राजीव कुमार, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो और बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार सिंह के अलावे गिरिडीह अनुमण्डल क्षेत्र के विभिन्न पूजा समितियों के अध्यक्ष, सदस्य और शांति समिति के गणमान्य लोग शामिल थे। 





आज 14 सितम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 14: 09 :: 2025, रविवार

14 सितम्बर 2025 : आज आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि और रविवार दिन है। अष्टमी तिथि आज दिन रात पार कर 15 सितम्बर के अहले सुबह 03:06 बजे तक रहेगी, उसके बाद नवमीं तिथि का आरंभ हो जाएगा। आज रविवार दिन है। इस दिन सूर्य देव सिंह राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा 08:03 PM तक वृषभ राशि में रहेंगे। इसके बाद मिथुन राशि में गोचर करेंगे। आज रविवार के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:52 AM से 12:41 PM तक रहेगा। इस दिन राहुकाल 04:55 PM से 06:27 PM तक रहेगा। आज पितृ पक्ष का अष्टमी श्राद्ध किया जाएगा। जीवित्पुत्रिका व्रत, मासिक कृष्ण जन्माष्टमी और आज कालाष्टमी का भी पर्व मनाया जाएगा। आज कालाष्टमी के दिन सिद्धि योग का संयोग कार्यों में सफलता दिला सकता है। पूजा-पाठ, नए उपक्रम, खरीदारी, और निवेश के लिए आज का दिन उत्तम माना गया है। साथ ही वार के हिसाब से आप रविवार का व्रत रख सकते हैं, जो सूर्य देव को समर्पित होता है।


जीवित्पुत्रिका व्रत - जीवित्पुत्रिका व्रत माताओं द्वारा अपनी संतान की सुरक्षा और स्वास्थ्य के लिए किया जाने वाला एक महत्वपूर्ण उपवास है, जिसमें वे पूरे दिन और रात निर्जला उपवास रखती हैं। यह व्रत आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को किया जाता है और मुख्य रूप से बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है। नेपाल में इसे जितिया उपवास के रूप में जाना जाता है, जहां भी माताएं अपनी संतान की सलामती और खुशहाली के लिए इस व्रत को पूरी श्रद्धा से करती हैं।

कालाष्टमी - कालाष्टमी भगवान कालभैरव को समर्पित है और हर महीने कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। कालभैरव जयंती मार्गशीर्ष या कार्तिक महीने में पड़ती है, जब भगवान शिव भैरव रूप में प्रकट हुए थे। इस दिन व्रत और पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-शांति मिलती है।भक्त इस दिन व्रत रखते हैं, उपवास करते हैं और रात्रि में भैरव पूजन करते हैं। यह दिन नकारात्मक शक्तियों को दूर करने के लिए विशेष रूप से फलदायी होता है। आज का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से काफी शुभ माना जा रहा है। कालाष्टमी, सिद्धि योग, और सौम्य नक्षत्र का संयोग इस दिन को और भी खास बनाता है। यदि आप आज कोई नया कार्य शुरू करना चाहते हैं। जैसे संपत्ति की खरीदारी, वाहन खरीद, व्यापार में विस्तार या किसी शुभ आयोजन की योजना तो यह दिन आपके लिए उत्तम हो सकता है।

मासिक कृष्ण जन्माष्टमी - मासिक कृष्ण जन्माष्टमी हर महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है। इस दिन भगवान कृष्ण की पूजा और आराधना की जाती है, जो अपने भक्तों को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करते हैं। मासिक कृष्ण जन्माष्टमी पर भगवान कृष्ण के बाल रूप की पूजा की जाती है और उनके जन्म की खुशी में व्रत, पूजा और कीर्तन किए जाते हैं। इस दिन भगवान कृष्ण की कृपा प्राप्त करने के लिए विशेष अनुष्ठान और दान-पुण्य भी किए जाते हैं।




आज पितृ पक्ष का अष्टमी श्राद्ध किया जाएगा

अष्टमी श्राद्ध - अष्टमी श्राद्ध उन मृतक सदस्यों के लिए किया जाता है जिनकी मृत्यु अष्टमी तिथि पर हुई हो। शुक्ल पक्ष या कृष्ण पक्ष दोनों की अष्टमी तिथि पर श्राद्ध किया जा सकता है। पितृ पक्ष में पार्वण श्राद्ध के लिए कुतुप और रौहिण मुहूर्त शुभ माने जाते हैं। श्राद्ध के अनुष्ठान अपराह्न काल तक पूरे कर लेने चाहिए और अंत में तर्पण किया जाता है, जिससे पितरों को शांति और तृप्ति मिलती है। श्राद्ध तिथि पर सूर्योदय से दिन के 12 बजकर 24 मिनट तक श्राद्ध करना चाहिए। इसके लिए घर की सफाई करें, गंगाजल और गौमूत्र छिड़कें। साथ ही दक्षिण दिशा में मुंह रखकर तर्पण करें। घर के आंगन में रंगोली बनाएं, महिलाएं शुद्ध होकर पितरों के लिए भोजन बनाएं और श्रेष्ठ ब्राह्मण को निमंत्रित कर भोजन कराएं। पितरों के निमित्त अग्नि में गाय के दूध से बनी खीर अर्पण करें और पंचबलि निकालें। ब्राह्मण को भोजन कराने के बाद दक्षिणा और सामग्री दान करें, जिसमें गौ, भूमि, तिल, स्वर्ण आदि शामिल हैं। श्राद्ध में सफेद फूलों का उपयोग करें। दूध, गंगाजल, शहद, सफेद कपड़े, अभिजित मुहूर्त और तिल का विशेष महत्व है।

पितृ पक्ष की तिथियां :

रविवार 14 सितम्बर- अष्टमी श्राद्ध

सोमवार 15 सितम्बर- नवमी श्राद्ध

मंगलवार 16 सितम्बर- दशमी श्राद्ध

बुधवार 17 सितम्बर- एकादशी श्राद्ध

गुरुवार 18 सितम्बर- द्वादशी श्राद्ध

शुक्रवार 19 सितम्बर- त्रयोदशी श्राद्ध, मघा श्राद्ध

शनिवार 20 सितम्बर- चतुर्दशी श्राद्ध

रविवार 21 सितम्बर- सर्व पितृ अमावस्या श्राद्ध



आज का पंचांग:14 सितम्बर2025, दिन: शनिवार   युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082            शक संवत : 1947      ऋतु :  वर्षा                          मास        :  अश्विन     पक्ष  :  कृष्ण पक्ष                    सूर्योदय : 06: 05 AM, सूर्यास्त :06:27 PM            तिथि : अष्टमी 03:06 AM तक उपरांत नवमी            नक्षत्र : रोहिणी 08:41 AM तक उपरांत म्रृगशीर्षा        राहुकाल :04 :55 PM से 06: 27 PM तक              चन्द्रमा : वृषभ राशि पर 08:03 PM तक उपरांत मिथुन राशि पर संचार करेगा                                     व्रत/त्यौहार : रविवार व्रत, जीवित्पुत्रिका (जितिया) व्रत, कालाष्टमी, श्रीमहालक्ष्मी व्रत समाप्त, मासिक कृष्ण जन्माष्टमी, रोहिणी व्रत, अष्टमी श्राद्ध



आज :: 14 :: 09 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज आपको सितारों का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। आज संतान से जुड़ा कोई भी फैसला लेते समय अपने माता-पिता से सलाह-मशविरा करके ही फैसला लें। आज का राशिफल आपके प्रेम जीवन को लेकर आशावाद, ऊर्जा और उत्साह से भरपूर है। वैवाहिक जीवन में आपको प्यार भरा समय मिलेगा। आज आपका शुभ अंक 5 है। भौतिक सुख-सुविधाओं में वृद्धि होने की संभावना है। अब आपको ज़मीन या वाहन खरीदने की योजना बनाने में तेज़ी दिखानी होगी। किसी प्रभावशाली व्यक्ति के साथ व्यापार में कोई बहुत बड़ा सौदा होने की संभावना है। आज आपको अपनी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना होगा, अन्यथा आपकी नई योजनाएँ अधूरी रह सकती हैं।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। आप हर तरह के मामलों में शांत मन से सोचेंगे। किसी ऐसे व्यक्ति पर गुस्सा न करें जो आपकी मदद करना चाहता हो। अविवाहित लोगों का विवाह पक्का हो सकता है। पति-पत्नी के साथ संबंध बेहतरीन रहेंगे। प्रेम जीवन में आप अपना दिन अच्छा बिताएँगे और उनसे खूब बातें करेंगे। आज आपका शुभ अंक 2 है। पारिवारिक संपत्ति मिलने से आपको लाभ होगा। व्यवसायियों के लिए आज का दिन बहुत अच्छा रहने की उम्मीद है। काम से जुड़े अवसरों और प्रगति से आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आप अपनी कमाई से आत्मसंतुष्ट महसूस करेंगे। आपको नकारात्मक विचारों से दूरी बनाए रखनी चाहिए। अपने साथी को विश्वास दिलाएँ कि आप सचमुच उनके लिए मौजूद हैं, आप कुछ भी कर सकते हैं। पुरानी दोस्ती प्रेम संबंधों में बदल सकती है। गायत्री मंत्र का जाप करें। आज आपका शुभ अंक 7 है। पैसों के मामले में आज का दिन मिला-जुला रहेगा। आपको लॉटरी और सट्टेबाज़ी से दूर रहना होगा। आप अपने व्यवसाय को बढ़ाने के लिए कोई नया काम शुरू कर सकते हैं। पब्लिक डीलिंग से जुड़े कामों पर ज़्यादा से ज़्यादा ध्यान दें। नौकरीपेशा लोगों को रचनात्मक होने की ज़रूरत है। रोज़गार की दिशा में काम कर रहे लोगों को आज कोई अच्छी खबर मिल सकती है।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज आपके आस-पास का माहौल खुशनुमा और अनुकूल रहेगा। आपको खुद तय करना होगा कि कौन से काम आपको असली खुशी देते हैं। प्रेम जीवन में भावनाएँ प्रबल रहेंगी। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहेगा। आज धन से जुड़े जो भी काम करें, योजनाबद्ध तरीके से करें। कुछ लोग राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं। अगर आप अपना खुद का व्यवसाय करते हैं, तो आपको मार्केटिंग पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत है। दफ़्तर में काम पर पूरा ध्यान केंद्रित करना आपके लिए मुश्किल हो सकता है।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। जो भी आपकी मदद करना चाहे, उससे नाराज़ न हों। आज कुछ समय सिर्फ़ अपने जीवनसाथी के लिए निकालें। प्रेम जीवन में, आप अपना दिन अच्छा बिताएँगे और उनसे खूब बातें करेंगे। आज आपका शुभ अंक 8 है। आज आर्थिक रूप से कुछ उतार-चढ़ाव रहेंगे। प्रॉपर्टी के मामले में विकल्प चुनना आपके लिए एक सुरक्षित कदम साबित होगा। बीमा और पॉलिसी से जुड़े व्यवसाय में लाभ की स्थिति रहेगी। सिविल सेवा में कार्यरत लोगों को उच्च अधिकारियों के साथ तालमेल बनाए रखना चाहिए। अपने ज़रूरी कामों में ढिलाई बरतने से बचें।



कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): खुद को किसी नए बदलाव के लिए तैयार रखें। आपको अपने बच्चों के व्यवहार पर कड़ी नज़र रखनी होगी। कोई बहुत ही मज़ेदार व्यक्ति आज आपकी रुचि जगाने वाला है। दाम्पत्य जीवन खुशियों से भरा रहेगा। आज आपका शुभ अंक 1 है। आज पैसों से जुड़े मामलों में विशेष सावधानी बरतने की ज़रूरत है। आपात स्थिति के लिए कुछ पैसे बचाने की कोशिश करें। खुदरा व्यापारी अपने व्यापार का विस्तार करने में सफल रहेंगे। फील्ड वर्क करने वालों को विशेष रूप से सतर्क रहना होगा। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लोगों को कोई अच्छी खबर सुनने को मिल सकती है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिए उन्नति का दिन रहेगा। कोई दूर का रिश्तेदार आपसे संपर्क कर सकता है और मदद मांग सकता है। अपने बच्चों की संगति पर ध्यान दें। आप अपने जीवनसाथी के साथ दोबारा हनीमून पर जाने की योजना बना सकते हैं। अविवाहित लोगों को अपने जीवनसाथी से मिले-जुले संदेश मिलेंगे। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज आप धन संबंधी मामलों पर अधिक चिंतन-मनन कर सकते हैं। व्यावसायिक दृष्टि से आप जिस काम पर मेहनत कर रहे थे, उसकी सफलता के लिए समय अनुकूल है। ऑफिस के काम में अपना ध्यान कमज़ोर न होने दें। जो लोग विदेशी कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन करना चाहते हैं, उनके लिए दिन शुभ है।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। अपने स्वार्थ के लिए किसी बच्चे को दूसरे के खिलाफ भड़काने से बचें। आपकी सलाह किसी ज़रूरतमंद के लिए कारगर साबित होगी। आप अपने जीवनसाथी के साथ धार्मिक कार्यों में ध्यान केंद्रित करेंगे। प्रेम जीवन में आपके लिए कोई बहुत ही सनसनीखेज खबर आ सकती है। आज आपका शुभ अंक 8 है। आपको कुछ ऐसा धन प्राप्त होने वाला है जिसकी आपको उम्मीद नहीं थी। आप भविष्य को ध्यान में रखते हुए निवेश की योजनाएँ भी बना सकते हैं। महत्वपूर्ण व्यावसायिक मामलों में समझदारी से काम लें। कमीशन संबंधी कार्यों में सावधानी बरतें। नौकरी में उच्च अधिकारियों का सहयोग मिलेगा।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज का दिन आपकी उम्मीदों पर खरा उतरेगा। आप अपनी राय और बातों से ज़्यादातर लोगों को प्रभावित कर सकते हैं। आज आप अपने पार्टनर के प्रति ज़्यादा दयालु होना चाहेंगे। उनके साथ एक रोमांटिक शाम का आयोजन करें। अविवाहित लोगों के जीवन में प्रेम की गंगा बह सकती है। आज आपका शुभ रंग नारंगी है। आज आपका शुभ अंक 10 है। आज आप धन लाभ को लेकर व्यस्त और गंभीर रहेंगे। व्यावसायिक गतिविधियाँ सुचारू रूप से चलती रहेंगी। शोध कार्यों से जुड़े लोगों को अच्छा मुनाफ़ा मिलने की संभावना है। ऑफिस में अपने कागज़ात और फ़ाइलें व्यवस्थित रखें, लापरवाही के कारण आप कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ खो सकते हैं।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज आपका ऊर्जा स्तर अच्छा रहेगा। आपको अपने पिता की कोई बात बुरी लग सकती है। वर्तमान परिस्थितियों में आपको अच्छे नेतृत्व और सटीक कदमों की ज़रूरत है। आपका रोमांटिक अंदाज़ आपके वैवाहिक जीवन को प्यार से भर देगा। तुला राशि वालों का ध्यान अविवाहित लोगों पर जाएगा। आज आपका शुभ अंक 6 है। आज का दिन आपकी आर्थिक स्थिति के लिहाज से अच्छा रहने की संभावना है। अनाज और तिलहन व्यापारियों के लिए समय व्यस्तता भरा रहेगा। खेल से जुड़े लोग किसी नई गतिविधि में भाग लेंगे। सरकारी सेवारत लोगों को कोई महत्वपूर्ण कार्यभार मिल सकता है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायी रहेगा। माता-पिता के आशीर्वाद से आपका कोई रुका हुआ काम पूरा हो सकता है। आपका जीवनसाथी आपको एक आदर्श जीवनसाथी के रूप में आगे बढ़ने में मदद करेगा। अगर आप किसी से प्रेम करते हैं, तो आज आप काफी रोमांटिक नजर आएंगे। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज आपको आर्थिक लाभ के साथ-साथ मान-सम्मान भी मिल सकता है। कामकाज से जुड़े प्रयासों में वृद्धि के कारण बड़ा लाभ होगा। आप व्यवसाय के लिए कुछ योजनाएँ बनाएंगे। आधिकारिक कार्यों के लिए दिन सामान्य रहने वाला है।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन आपके लिए आनंदमय रहेगा। घर में जल्द ही कोई शुभ कार्य होने की भी संभावना है। संतान पक्ष से अच्छे परिणाम मिलने की संभावना है। मनचाहे व्यक्ति के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा। मीन राशि के जातक आज प्रेम जीवन के मामले में बेहतर स्थिति में हैं। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज अपने क्रेडिट और डेबिट कार्ड संभाल कर रखें। अटका हुआ पैसा वापस मिलने की संभावना है। स्टील और धातु का व्यापार करने वालों को आज अच्छा मुनाफ़ा होगा।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷



दुग्ध कृषक उत्पादक सहकारी समिति के बोर्ड सदस्य व सीईओ का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

गिरिडीह (Giridih)। नाबार्ड एवं जागो फाउंडेशन के तत्वावधान में घांघरीकुरा दुग्ध कृषक उत्पादक सहकारी समिति लिमिटेड के बोर्ड सदस्य एवं CEO का तीन दिवसीय प्रशिक्षण गिरिडीह के एक होटल में शनिवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ LDM अमित कुमार चौधरी एवं नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक (DDM) आशुतोष प्रकाश एवं जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।


इस अवसर पर DDM आशुतोष प्रकाश ने FPO की महत्ता और डेयरी व्यवसाय की संभावनाओं पर विस्तृत जानकारी दी। कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य FPO से जुड़े सदस्यों को सरकारी एवं गैर-सरकारी विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से अवगत कराना तथा विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करना आवश्यक है। ताकि अधिक से अधिक कृषकों को लाभ पहुंचाया जा सके और तिसरी प्रखंड में व्यापक व्यवसाय की स्थापना की जा सके।


जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ ने कहा कि यह समिति सहकारिता अधिनियम के तहत निबंधित है और पिछले तीन महीनों से तिसरी प्रखंड में सक्रिय रूप से कार्यरत है। समिति का व्यवसाय सुचारू रूप से चले तथा विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हो सके, इसी उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।



जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने आश्वासन दिया कि यदि समिति विधिसम्मत कार्य करेगी तो जिला कृषि विभाग द्वारा निरंतर सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति को खाद-बीज विक्रय से संबंधित लाइसेंस दिया जाएगा तथा किसानों को सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क बीज भी समिति के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही कृषि विभाग के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में समिति के सदस्यों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।



वहीं LDM अमित कुमार चौधरी ने बैंकों के माध्यम से सहकारिता समितियों को मिलने वाले लाभ और व्यवसाय विस्तार की संभावनाओं पर जानकारी दी। सहकारिता विभाग के BCO कमल प्रसाद सिंह ने समिति की सदस्यता, आर्थिक सशक्तिकरण, दस्तावेजीकरण, विभागीय समन्वय और समुदाय के हित में कार्य करने के व्यावहारिक पहलुओं को विस्तार से बताया।


इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र की प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सुनीता, जिला मत्स्य पदाधिकारी मो. मुजाहिद अंसारी, कृषि के विभाग आत्मा से प्रोजेक्ट डायरेक्टर राकेश कुमार सिंह, जिला CSC मैनेजर रूपेश कुमार, देहात कंपनी से उज्वल कुमार, होंडा कंपनी से नीरज मिश्रा, बेयर क्रॉप कंपनी से उपेंद्र कुमार तथा एयरटेल पेमेंट बैंक से राजीव रंजन ने FPO सशक्तिकरण हेतु विभागीय योजनाओं एवं सहयोग पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में विकास जॉनी, प्रमोद कुमार, कांग्रेस कुमार, कविता देवी, पूजा देवी, सुकुरमनी हेमब्रम और मुनि मुर्मू का विशेष योगदान रहा।