मंगलवार, 10 दिसंबर 2024

गिरिडीह कॉलेज के विद्यार्थी मोहम्मद बिट्टू का जोनल शूटिंग प्रतियोगिता के लिये हुआ चयन

गिरिडीह। गिरिडीह महाविद्यालय में अध्ययन के साथ-साथ विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में बाजी मार रहे कॉलेज के विद्यार्थी मोहम्मद बिट्टू का चयन जोनल पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता के लिये हुआ है। 


बता दें कि इंटर कॉलेज वार्षिक प्रतियोगिता 2024 हजारीबाग में संपन्न हुआ। उस प्रतियोगिता में गिरिडीह कॉलेज के विद्यार्थी मोहम्मद बिट्टू ने काफी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। जिस कारण उनका चयन जोनल पिस्टल राइफल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। यह जोनल प्रतियोगिता आगामी 8 से 18 जनवरी 2025 के बीच पंजाब विश्वविद्यालय में संपन्न होगा।


गिरिडीह कॉलेज के विद्यार्थी मोहम्मद बिट्टू का चयन जोनल पिस्टल शूटिंग प्रतियोगिता के लिये होने पर कॉलेज के प्राचार्य डॉक्टर अनुज कुमार के अलावे  प्रोफेसर आशा कुमारी, प्रोफेसर विनीता कुमारी, प्रोफेसर अरुणिमा सिंह, प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार आदि ने उन्हें बधाई देते हुए जोनल प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। 


लिंग आधारित हिंसा के खिलाफ हुआ एक दिवसीय कार्यशाला

गिरिडीह। डीआरडीए सभागार में मंगलवार को लिंग आधारित हिंसा के विरूद्ध जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप की अध्यक्षता में राष्ट्रीय अभियान के तहत एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। 


कार्यशाला में बालिकाओं के लिए अधिक अवसरों का समर्थन करने, शिक्षा, कानूनी अधिकार
चिकित्सा, देखभाल, महिलाओं के प्रति हिंसा और बाल विवाह, गुड टच-बैड टच, जेंडर समानता, यौन उत्पीडन एवं बालक-बालिकाओं से संबंधित अन्य कानून तथा साइबर सुरक्षा आदि विषयों पर प्रकाश डाला गया।

 मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप ने लिंग आधारित हिंसा से मुक्ति हेतु सखी वन स्टॉप सेंटर गिरिडीह द्वारा प्रदान की जाने वाली विभिन्न सुविधाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सखी वन स्टॉप सेंटर में महिलाओं से संबंधित घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल हिंसा, यौन शोषण, आदि विभिन्न समस्याओं से पीड़ित महिलाओं को एक ही छत के अंदर सभी तरह की सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।
 

कार्यशाला में विपिन यादव, पैनल लॉयर, श्यामा प्रसाद, केंद्रीय प्रशासक सखी वन स्टॉप सेंटर, बाल संरक्षण पदाधिकारी, जीतू कुमार, डीसीपीयू काउंसलर, नीलम कुमारी, सभी PLA, सभी PLV समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

मानव सेवा परिवार का ओपीडी सेवा का शुभारम्भ झगरी में बुधवार 11 दिसम्बर से

गिरिडीह। समाज सेवी संस्था मानव सेवा परिवार द्वारा श्री नारायण सेवा भवन झगरी में 11 दिसम्बर से ओपीडी सेवा चालू किया जा रहा है। यह जानकारी मानव सेवा परिवार के संरक्षक अशोक कुमार केडिया ने दी। 


श्री केडिया ने बताया कि जरुरत मंद लोग बेहद कम खर्च में यहां हर दिन इलाज करवा सकते हैं।
जिसमें सोमवार से लेकर शनिवार तक डॉक्टर विश्वास द्वारा इलाज किया जाएगा। वहीं रविवार को डॉक्टर मिलन चटर्जी द्वारा एवं सोमवार को डॉक्टर बीके झा द्वारा भी जरूरत मंद लोगों का इलाज किया जाएगा। 


बता दें कि मानव सेवा परिवार हमेशा से जरूरतमंदों के लिए विभिन्न प्रकार के सामाजिक कार्य करता आया है। इसी कड़ी में यह समाजोपयोगी ओपीडी सेवा शुरू किया जा रहा है। जिसका प्रचार प्रसार काफी युद्ध स्तर पर शहर के विभिन्न मुहल्लों, हर गली कूचे,में किया जा रहा है। ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस ओपीडी सेवा का लाभ मिल सके।

विधान से समाधान विषयक विधिक जागरूकता शिविर का हुआ आयोजन

महिलाओं को दी गयी कई महत्वपूर्ण जानकारी
गिरिडीह। विधान से समाधान महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को पीरटांड़ प्रखंड कार्यालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता मीरा कुमारी ने भारतीय संविधान के अंतर्गत महिलाओं के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन, कारखाना अधिनियम 1948 पर विस्तार पूर्वक चर्चा की। 


वहीं उन्होंने भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत महिलाओं के विरुद्ध तेजाबी हमला, बलात्कार, अपहरण की घटनाएं एवं सरकार द्वारा मुआवजा,  वेश्यावृत्ति, भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत दहेज के लिए प्रताड़ना, प्रासंगिक सरकारी योजनाओं के संबंध में नालसा तथा राष्ट्रीय महिला आयोग की भूमिका के सम्बंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। 


 सहायक एलए डीसीएस जिला विधिक सेवा प्राधिकार रविकांत शर्मा ने इस दौरान उपस्थित लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग, पेय जल विभाग एवं जेएसएलपीएस की 20-20 महिलाओं भाग लिया। महिलाओं के हक व अधिकार तथा दायित्वों से जुड़े कई अन्य जानकारी प्रदान की गई। बताया कि घरेलू हिंसा या मुसीबत व अन्य समस्याओ से पीड़ित है उनके रहने का कोई साधन नहीं है, कोई भी महिला किसी परेशानी में हो, वह 15100 पर कॉल कर सकती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में मोहन राम, मुकेश कुमार, बिनोद कुमार, बीरबल किस्कू, संगीता कुमारी की भूमिका महत्वपूर्ण रही।

अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस पर केंद्रीय कारा एवं गिरिडीह उच्च विद्यालय में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

गिरिडीह। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार अरविंद कुमार पांडेय एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार  सोनम बिश्नोई के नेतृत्व में गिरिडीह केंद्रीय कारा एवं गिरिडीह उच्च विद्यालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस का आयोजन किया गया। 




गिरिडीह केंद्रीय कारा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला एवं सत्र न्यायाधीश चतुर्थ हरि ओम एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सप्तम प्रीति कुमारी ने मानवाधिकार से सम्बंधित जानकार से उपस्थित बंदियों को अवगत कराया। वहीं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव सोनम बिश्नोई ने कहा कि मानवाधिकार सभी मनुष्यों के निहित अधिकार हैं,चाहे उनकी जाती, लिंग, राष्ट्रीयता, जातीयता, भाषा, धर्म या कोई अन्य स्थिति कुछ भी हो। कहा कि मानवाधिकारों में जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार, गुलामी और यातना से मुक्ति, राय और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, काम और शिक्षा का अधिकार आदि शामिल है। 

मौके पर लीगल डिफेंस काउंसिल के सदस्य  मोहम्मद फैयाज ने भी अपने विचार व्यक्त किये। वहीं गिरिडीह उच्च विद्यालय में कार्यक्रम का संचालन का फ्रंट कार्यालय के पीएलवी दिलीप कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पीएलबी सुनील कुमार की भूमिका सराहनीय रही।