शनिवार, 21 दिसंबर 2024

स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ चोरों ने उड़ाये 5 लाख, छानबीन करने में जुटी पुलिस

रामगढ़ (RAMGARH)। झारखण्ड के रामगढ़ में चोरों ने एक बार फिर एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। चोरों ने रामगढ़ कॉलेज जैसे भीड़ भाड़ वाले इलाके में जेजे टेंट के मालिक अजय कुमार महतो के स्कॉर्पियो का शीशा तोड़कर 5 लाख रुपए उड़ा लिए हैं।

चोरों ने गाड़ी का शीशा तोड़ा और रूपयों से भरा बैग लेकर रफू चक्कर हो गए। इधर, गाड़ी का शीशा टूटने की आवाज सुन लोगों ने शोर मचाया। शोर सुन जब अजय कुमार वहां पहुंचे तो अपना सिर पीट लिए। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गयी है। रामगढ़ पुलिस ने भुक्तभोगी के बयान पर इस मामले में एक कांड संख्या 197/24 अंकित कर छापेमारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।


क्या है मामला

रामगढ़ थाना क्षेत्र के गोसा निवासी जेजे टेंट के मालिक अजय कुमार महतो पिता जीतन महतो ने डीएस कॉम्प्लेक्स में स्थित एक्सिस बैंक से 5 लाख रुपए निकले थे। फिर वे स्टाफ सचिन कुमार के साथ स्कॉर्पियो संख्या जेएच 24 ई 7771 से नईसराय एप्पल शोरूम पहुंचे। यहां उन्होंने मोबाइल खरीदा। बाद में रामगढ़ कॉलेज गेट के पास रोड किनारे लगाकर जी मार्ट के अंदर चले गए। थोड़ी देर बाद हल्ला होने पर बाहर निकले तो देखा कि गाड़ी का शीशा टूटा हुआ है और रुपए गायब हैं।


चोरी की घटनाओं में वृद्धि से लोग परेशान

रामगढ़ जिले में चोरी की घटनाओं में इनदिनों लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। एक के बाद एक चोरी, छिनतई की घटनाओं से शहर वासी परेशान है। लेकिन पुलिस के हाथ चोरों तक नही पहुंच पा रहे। जिससे चोरों का मनोबल बढ़ते जा रहा है। नतीजतन चोर अब दिनदहाड़े एक के बाद एक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। चोरी की इस घटना का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को पुलिस ने पूछताछ के लिए भी हिरासत में लिया है।

गंगा नदी में डूबी फायर ब्रिगेड की गाड़ी, चालक लापता, खोज में जुटी गोताखोरों की टीम

साहिबगंज (SAHEBGANJ) झारखंड के साहिबगंज जिले में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हुआ।  फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी गंगा में समा गयी। हादसे के बाद चालक लापता बताया जा रहा है। यह घटना राजमहल अनुमंडल के राधा नगर में सुबह 7:45 बजे के आसपाल हुई। 

राजमहल अनुमंडल के राधानगर क्षेत्र में सुबह करीब 7:45 बजे फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी गंगा नदी में उस वक्त डूब गई। जब दमकल वाहन में पानी की कमी हो गई थी, जिसके चलते गाड़ी को गंगा नदी के किनारे पानी भरने के लिए लाई गई थी। पानी भरने के दौरान वाहन को बैक करते समय मिट्टी धंस गई और गाड़ी गंगा में समा गई। हादसे के वक्त चालक अरुण कुमार गाड़ी के अंदर ही थे और बाहर निकलने में असमर्थ रहे।


हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।   गोताखोर लापता चालक की तलाश की जुटी है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। इस घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं और चालक के परिवार में चिंता का माहौल है।

वहीं घटना की जनकारी मिलने के बाद राजमहल एसडीओ कपिल कुमार, एसडीपीओ विमलेश त्रिपाठी, सीओ यूसुफ शेख और अग्निशमन पदाधिकारी मनोज कुमार शुक्ला मौके पर पहुंचे।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं और घटनास्थल पर सुरक्षा के इंतजाम बढ़ा दिए गए हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि मिट्टी धंसने की वजह से यह हादसा हुआ। राहत कार्य जारी है।

सर्द रात में प्रेम की आग बुझा रहे प्रेमी युगल को ग्रामीणों ने पकड़ा, करा दी शादी

जमुई (JAMUI,BIHAR)। इन दिनों ठंड अपने परवान पर है। कनकनी भरी शीतलहर चल रही। इस हाड़ कंपा देने वाली सर्द रात में प्रेमी युगल एक दूसरे से मिलने पहुंचे थे और प्रेमालाप में डूबे थे। जिसकी भनक गांव के कुछ ग्रामीणों को लग गई। अचानक ग्रामीण उस प्रेमी युगल के प्रेमालाप के बीच आ धमके। जिन्हें देख दोनों प्रेमी युगल न केवल सहम गए बल्कि पूरी तरह से डर गए।

            प्रतीकात्मक तस्वीर

ग्रामीणों ने दोनों प्रेमी युगल को पकड़ लिया और दोनों को अपने साथ गांव ले आये। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रेमी और प्रेमिका के परिजनों को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दोनों के परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों परिवार की मौजूदगी में उस प्रेमीयुगल की शादी करा दी गई।

कहां का है मामला

मामला जमुई जिले के सदर थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार जिले के सदर थाना क्षेत्र के लखनपुर निवासी उदय मंडल की पुत्री शिवानी कुमारी और खैरा प्रखंड के प्रधानचक निवासी कन्हैया मंडल के पुत्र उमाशंकर के बीच पिछले ढाई साल से प्रेम संबंध था।  



प्रेमिका से मिलने उसके गांव आया था प्रेमी

जानकारी के अनुसार प्रेमी उमाशंकर अपनी प्रेमिका शिवानी कुमारी से मिलने सर्द रात में लखनपुर गांव गया था। दोनों चोरी-छिपे मिल रहे थे। एक दूसरे के प्यार में खोए हुए थे। तभी ग्रामीणों को इसकी भनक लग गई और वे वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया और गांव लाकर पहले दोनों के परिजनों को वहां बुलवाया फिर स्थानीय मंदिर में उनकी शादी करा दी।

प्रेमी प्रेमिका दोनों हैं बालिग

बताया जा रहा है कि प्रेमी उमाशंकर और प्रेमिका शिवानी कुमारी दोनों बालिग हैं। वहीं प्रेमी ने कहा कि लखनपुर के आसपास के गांव में मेरी रिश्तेदारी है और मैं अक्सर आता-जाता रहता था। इसी बीच मेरी मुलाकात शिवानी कुमारी से हुई और दोनों में प्यार हो गया। उसने बताया कि शिवानी ने मुझे मिलने के लिए बुलाया था और इसी दौरान ग्रामीणों ने मुझे पकड़ लिया।

देवास में आगजनी, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत, मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चें शामिल

देवास (MADHYA PRADESH)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में शुक्रवार देर रात एक मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत गई। मृतकों में पति-पत्नी और दो बच्चें शामिल हैं। घटना देवास शहर के नयापुरा क्षेत्र की है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


घटना के सम्बंध में बताया गया कि जिस मकान में आग लगी। उसके नीचे के फ्लोर पर डेयरी चलती थी, जिसमें आग लगी और धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया। कुछ ही देर में आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई।


 वहीं मकान के दूसरी मंजिल पर रहने वाले पति-पत्नी और दो बच्चों की हुई इस हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान दिनेश, उनकी पत्नी गायत्री, बेटी इशिका और बेटे चिराग के रूप में हुई है। दिनेश पेशे से कारपेंटर थे और घर के ग्राउंड फ्लोर पर डेयरी भी चलाते थे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

शनि के मार्गी होने से इन राशियों की, सितारे की तरह चमकेगी किस्मत, बनेंगे धन लाभ के योग

[विशेष ज्योतिषीय आलेख ज्योतिष शास्त्री के अनुसार ]
ज्योतिष शास्त्र में शनि को न्याय और कर्म का देवता माना जाता है। शनि देव व्यक्ति को उसके कर्मों के हिसाब से फल देते हैं। शनि देव बुरे कर्मों का नकारात्मक फल और अच्छे कर्मों का सकारात्मक फल देते हैं। वहीं शनि की वक्री या मार्गी होने का भी सभी राशियों पर इसका प्रभाव देखने को मिलता है। बता दें कि शनि की वक्री स्थिति तब होती है, जब शनि किसी राशि पर प्रवेश करके उल्टी चाल चलते हैं और मार्गी होने पर शनि अपनी चाल सीधी कर देते हैं। शनि के व्रकी होने से चुनौतियों और परेशानियों का सामना करना पड़ता है, तो वहीं शनि के मार्गी होने से जीवन में स्थिरता और प्रगति के नए अवसर मिलते हैं। 

बीते 15 नवंबर 2024 से शनि कुंभ राशि में प्रवेश कर चुके हैं और वक्री से मार्गी हो चुके हैं। शनि के मार्गी होने का असर सभी राशियों पर देखने को मिलेगा। जहां कुछ राशियों पर इसका सकारात्मक असर दिखेगा तो वहीं कुछ राशियों पर नकारात्मक असर हो सकता है। 


शनि के मार्गी होने का प्रभाव सभी राशियों पर कैसा रहेगा और यह समय आपके लिए क्या नए अवसर ला रहा है। आइए जानें


मेष राशि पर प्रभाव
बता दें कि 15 नवंबर 2024 के बाद से शनि के मार्गी होने का शुभ प्रभाव मेष राशि के जातकों को देखने को मिलेगा। मेष राषि में शनि एकादश भाव में है। इसलिए इस दौरान आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी हो सकती है। धन लाभ के लिए योग बन रहा है और कोई नया व्यापार शुरू कर रहे हैं, तो उसमें मुनाफा मिल सकता है। वहीं परिवार और रिश्तेदारों का पूरा लाभ मिलेगा।



वृषभ राशि पर प्रभाव
वृषभ राशि के लिए शनि दशम भाव में हैं। शनि के मार्गी होने से कार्यों में सफलता मिलने के योग हैं और नई नौकरी तलाश कर रहे लोगों के लिए यह समय अनुकूल है। नौकरी में प्रमोशन के योग बन रहे हैं और आपको अटका हुआ धन वापस मिल सकता है। इस दौरान आप कोई नया काम शुरूकर सकते हैं और इसमे सफलता के योग भी बनेंगे।



मिथुन राशि पर प्रभाव
मिथुन राशि के जातकों के लिए शनि का मार्गी होना पॉजिटव प्रभाव लेकर आया है। इस राशि के जातकों के सितारे बुलंद होने वाले हैं। अचानक से धन लाभ के अवसर मिलेंगे और भविष्य के लिये लेने वाले निर्णय सोच-समझकर लें। इससे काम में सफलता मिलेगी।



कर्क राशि पर प्रभाव
कर्क राशि के जातकों के लिए भी शनि का मार्गी होना शुभ नहीं होगा। आपके बनते काम बिगड़ सकते हैं और संघर्षों का सामना करना पड़ सकता है। इस दौरान कोई बड़ा नुकसान हो सकता है। अगर आप कुछ काम शुरू करने जा रहे हैं, तो बड़ों की सलाह जरूर लें। वहीं वैवाहिक जीवन में भी संघर्ष हो सकता है।



सिंह राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी प्रभाव सिंह राशि के जातकों के लिए नकारात्मक साबित हो सकता है। नया व्यापार करने की सोच रहे हैं, तो थोड़ा सचेत रहें। क्योंकि इससे आपको लाभ नहीं मिलेगा। सेहत के प्रति सचेत रहें और करियर में भी नकारात्मक प्रभाव देखने को मिल सकता है।



कन्या राशि पर प्रभाव
बता दें कि 15 नवंबर 2024 के बाद से शनि की मार्गी होने की वजह से कन्या राशि के लिए समय अनुकूल रहेगा। नौकरी में लाभ मिलने के साथ अगर आप व्यापार शुरू करने जा रहे हैं, तो लाभ हो सकता है। वहीं अगर आप पहले से किसी व्यापार में हैं तो आपको मुनाफा हो सकता है।



तुला राशि पर प्रभाव
तुला राशि के जातकों को शनि के मार्गी होने से अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना होगा। इन जातकों को पेट संबंधी समस्या का सामना करना पड़ सकता है। वहीं करियर के मामले में समय अनुकूल है और रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य को अच्छा बनाए रखने के लिए अपने खान-पान पर विशेष ध्यान दें।



वृश्चिक राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी होना वृश्चिक राशि के लिए सकारात्मक संकेत दे रहा है। इन राशि के जातकों को करियर में अच्छे फल मिलेंगे और दूसरी ओर स्थान परिवर्तन के योग भी बन रहे हैं। इन जातकों की आय में वृद्धि हो सकती है और रुका हुआ धन वापस मिलने का चांस हैं। अगर इन राशि के जातक नई नौकरी ढूंढ रहे हैं, तो इसमें भी सफलता मिल सकती है।



धनु राशि पर प्रभाव
शनि के मार्गी होने से धनु राशि के लिए समय अनुकूल होने वाला है। धनु राशि के जातकों को करियर में लाभ मिल सकता है और आपका स्वास्थ्य भी अच्छा बना रहेगा। अगर आप किसी बीमारी से लंबे समय से परेशान हैं, तो आपको राहत मिल सकती है। इस दौरान धन लाभ के योग भी बन रहे हैं।



मकर राशि पर प्रभाव
मकर राशि के जातकों के लिए शनि का मार्गी होना अच्छे संकेत नहीं दे रही है। इस दौरान इन जातकों को वैवाहिक जीवन में समस्या का सामना करना पड़ सकता है और आपको पार्टनर से दूर रहना पड़ सकता है। किसी बड़ी समस्या से बचने के लिए छोटी-छोटी बातों को इग्नोर करें।



कुंभ राशि पर प्रभाव
कुंभ राशि के जातकों को शनि के मार्गी प्रभाव से बचने के लिए सेहत का खास ख्याल रखना होगा। आप किसी बड़ी स्वास्थ्य समस्या से परेशान हो सकते हैं। इसलिए अपने खान-पान का ध्यान रखें। हालांकि कुंभ राशि के लोगों को करियर में लाभ हो सकता है और सफलता का योग भी बन सकता है।


मीन राशि पर प्रभाव
शनि का मार्गी होना मीन राशि के लिए शुभ फलदायी हो सकता है। आपके बिगड़े काम बन सकते हैं और यदि आप किसी समस्या में हैं, तो जल्द ही इस समस्या से बाहर निकलने का मौका मिल सकता है। वहीं अगर मीन राशि के जातक कोई नया काम शुरू करने के बारे में सोच रहे है, तो यह अनुकूल समय है। आपको इस दौरान किसी भी काम में जल्द सफलता के योग बन सकते हैं।

       🌷आपका सदैव कल्याण हो।🌷

आज का राशिफल, कैसा होगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::21 :: 12 :: 2024, शनिवार

आज का पंचांग:: 21 दिसम्बर 2024, शनिवार, विक्रमी सम्वत 2081, शाका 1946, मार्गशीर्ष मास, शुक्ल पक्ष, पौष मास की प्रविष्टा 7, उत्तरायण, दक्षिणगोल, शिशिर ऋतु, तिथि षष्ठी दोपहर 12:22 तक तदनन्तर सप्तमी, नक्षत्र पूर्वाफाल्गुनी, सूर्योदय 7:27 प्रातः, सूर्यास्त 5:25 सायं, राहुकाल प्रातः 9:00 से 10:30 तक, कल: सायन उत्तरायण प्रारम्भ, शिशिर ऋतु प्रारम्भ


आज :: 21 :: 12 :: 2024 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
कुछ अधूरे हुये काम आपको परेशान कर सकते हैं। ज्यादा चिन्ता करने से आपको अनिद्रा की समस्या हो सकती है। लेन-देन में थोड़ी सावधानी रखनी चाहिये। रिलेशनशिप को लेकर थोड़ी टेंशन में रहेंगे। सन्तान के करियर की परेशानी दूर हो सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
धार्मिक कार्यों में आप धन खर्च कर सकते हैं। सहकर्मियों की गतिविधियों पर आपको ध्यान देना चाहिये। व्यापार में वरिष्ठ लोगों की सलाह की अवज्ञा न करें। कार्यक्षेत्र में आपके ऊपर प्रदर्शन का दबाव रहेगा। अपने अधिकारों का दुरुपयोग न करें।



मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
जीवनसाथी को खुश करने के लिये उपहार दे सकते हैं। धन-सम्पत्ति के मामलों में आप काफी भाग्यशाली रहेंगे। व्यापार में अपने सम्पर्कों का बेहतरीन उपयोग करेंगे। अच्छे लोगों की संगत आपके व्यक्तित्व में सकारात्मक बदलाव ला सकती है। अटके हुये कार्यों को आप पूरा करने का प्रयास कर सकते हैं।


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
मन में परोपकार की भावना रहेगी। रिश्तों को लेकर काफी परेशान हो सकते हैं। भौतिक भोग-विलासों का भरपूर आनन्द लेंगे। अपने कार्यों के लिये दूसरों पर निर्भर न रहें। विदेश यात्रों को लेकर आपको सावधानी रखनी चाहिये। घर में किसी कारण झगड़ा हो सकता है।



सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
व्यापारी वर्ग के लोगों को आज काफी लाभ होगा। मन में प्रसन्नता का भाव रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपकी नेतृत्व क्षमता में वृद्धि होगी। जल का सेवन पर्याप्त मात्रा में करें। दोस्तों के बीच आपकी साख मजबूत होगी।



कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
अपने लक्ष्यों से थोड़े भ्रमित हो सकते हैं। गलत लोगों की संगत से आपको दूर रहना चाहिये। कामुक विचारों के कारण आपका मन विचलित हो सकता है। अनावश्यक बहसबाजी न करें। जीवनसाथी के ऊपर गुस्सा करने से नुकसान होगा।




तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
नया व्यापार शुरू करने के लिये आप योजना बना सकते हैं। कार्यक्षेत्र में लोग आपके कार्यों की प्रशंसा करेंगे। शोध सम्बन्धी कार्यों में आप रुचि लेंगे। जॉब में बदलाव करने का विचार बनायेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी आय बढ़ सकती है।



वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
आज आप किसी रिश्तेदार के यहाँ जा सकते हैं। जॉब में आपका प्रदर्शन बेहतरीन रहने वाला है। छोटी-छोटी बातों को आप काफी गम्भीरता से लेंगे। बेरोजगार लोगों को जॉब मिल सकती है। मित्रों के साथ अच्छा समय व्यतीत करेंगे।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
आज किसी परिजन से अनबन हो सकती है। किन्तु दोस्तों के साथ चर्चा करने से आपका मन प्रसन्न हो जायेगा। नया मकान खरीदने को लेकर उत्साहित रहेंगे। लम्बी दूरी की यात्रा का आनन्द ले सकते हैं। वरिष्ठ अधिकारी आपसे कुछ सवाल-जवाब कर सकते हैं।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा,खो,गा,गी)
व्यापार में शॉर्टकट के चक्कर में नुकसान हो सकता है। दूसरों की भावनाओं का अनादर न करें। बात-बात में चिड़चिड़ापन आपके लिये खतरनाक हो सकता है। उच्च रक्तचाप के रोगियों की समस्या बढ़ सकती है। कमजोरी की वजह से पैर में दर्द की शिकायत होगी।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
अपनी कार्यशैली में सुधार करने का प्रयत्न करें। पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। रियल एस्टेट से जुड़े बड़े सौदे हो सकते हैं। सभी कार्य सुचारू रूप से पूरे होते जायेंगे। महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर लें। सामाजिक कार्यों में आप काफी सक्रिय रहेंगे।



मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
शत्रु पक्ष से आपको सावधान रहना चाहिये। ऑफिस में आपको कुछ तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। आपको कोई बड़ा निर्णय अचानक लेना पड़ सकता है। धन प्राप्ति के नये स्रोत निर्मित हो सकते हैं। वैवाहिक जीवन काफी सुखद रहेगा।


कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷