शनिवार, 29 अगस्त 2020

पोबी में मनाई गई हॉकी के जादूगर मेज़र ध्यानचंद की जयंती

पोबी में मनाई गई हॉकी के जादूगर मेज़र ध्यानचंद की  जयंती   
जमुआ गिरीडीह : जमुआ प्रखंड के ग्राम पंचायत पोबी में शनिवार को हॉकी के जादूगर मेज़र ध्यानचंद की जयंती मनाई गयी। इस अवसर पर उनके तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्वलित कर उन्हें भावभीनी  श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

 कार्यक्रम में समाजसेवी योगेश कुमार पाण्डेय ,वार्ड सदस्य  अनिल कुमार गोस्वामी, संजय पाण्डेय, श्यामदेव राम, विवेकानन्द प्रसाद धीरज, पवन कुमार सिन्हा, अनिल कुमार राय, प्रमोद यादव, राजा कुमार राम सहित अन्य लोग मौजूद थे।

मुहर्रम त्यौहार के मद्देनजर जमुआ में पुलिस ने किया फ्लैगमार्च

मुहर्रम त्यौहार के मद्देनजर जमुआ में पुलिस ने किया फ्लैगमार्च
किया सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मुहर्रम मनाने की अपील

जमुआ/ गिरिडीह : मुहर्रम पर्व को लेकर जमुआ बाजार सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गाँव में शनिवार को पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया। जमुआ अंचल निरीक्षक विनय कुमार राम एवं जमुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार के नेतृत्व में बाटी, बड़ाडीह, घोरंजो, पोड़ैया, केंदुआ, खरगडीहा, गाण्डों, चकमन्जो, लताकी आदि गांवों में फ्लैग मार्च निकाला गया।

इस दौरान जमुआ अंचल निरीक्षक विनय कुमार राम ने कहा कि कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए  मुहर्रम पर अखाड़ा, जुलूस  एवं मेला का आयोजन नहीं होगा। लोग सामाजिक दूरी एवं मास्क का प्रयोग करे।

जमुआ थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों की सूचना वे पुलिस को दें। पुलिस क्षेत्र की जनता की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है। सोशल डिस्टेंसिंग के तहत शांतिपूर्ण माहौल में मोहर्रम पर्व मनाने की अपील लोगों से की। इस दौरान थाना प्रभारी ने अपने टीम के साथियों से कहा कि त्यौहार में सौहार्द बनाएं रखने हेतु विशेष सतर्कता व चौकसी बरतने की आवश्यकता है।

फ्लैग मार्च में एसआई सुमंत कुमार, प्रशिक्षु एसआई में मनीष गुप्ता,अभिषेक कुमार रंजन,आशीष रंजन,मनोज कुमार पूर्ति,एवं पुलिस जवान मौजूद थे।

मुहर्रम पर ब्राह्मण परिवार के नेतृत्व में ग्रामीण उठाते है ताजिया

मुहर्रम पर ब्राह्मण परिवार के नेतृत्व में ग्रामीण उठाते है ताजिया 
जमुआ/ गिरिडीह : जमुआ प्रखंड के ऐतिहासिक ग्राम पंचायत पोबी में पूरा विधि विधान से एक ब्राह्मण परिवार द्वारा पूरा नियम का अनुपालन करते हुए मुहर्रम का ताजिया उठाते हैं। दरगाह में मिट्टी धराई से कर्बला तक के लिए एक मोजाव्वर मो उस्मान अंसारी के माध्यम से सारा रस्म को पूरा किया जाता है। 


युवा समाजसेवी योगेश कुमार पाण्डेय ने इस बाबत जानकारी दिया कि पोबी में ब्रिटिश शासन में जमींदारी प्रथा से ही मुहर्रम पर ताजिया उठाया जाता रहा है परन्तु जमींदारी प्रथा के समाप्ति के कुछ वर्षों तक बंद हो गया था। परवर दिगार की प्रेरणा व ग्रामीणों के सहयोग से मेरे पिता जनार्दन पाण्डेय ने मुहर्रम पर ताज़िया उठाना शुरू किया जो अब तक जारी है। ताज़िया पूरा गाँव घुमाया जाता है अखाड़ा लगता है सभी समुदाय के लोग शामिल होते हैं। सभी ग्रामीणों का पूरा सहयोग मिलता हैं। 

कौमी एकता का मिशाल है पोबी पंचायत। हिन्दू मुस्लिम दोनों कौम एक दूजे के पर्व त्यौहारो ,सुख दुःख की घड़ी में शामिल होकर चट्टानी कौमी एकता का परिचय देते हैं जो दूसरे पंचयत के मज़हबी कट्टरपंथीयो के लिए सिख है । कोविड 19 के मद्देनजर  इस वर्ष सादगी पूर्वक रस्म अदायगी किया जा रहा है। ताज़िया व अखाड़ा नही निकाला जायेगा। एक दूजे के धर्मों का सम्मान करना ही मानवता का मुख्य उद्देश्य है। विभिन्न धर्म एक  नदी के समान है  जिसका विलय खाड़ी,समुंदर में हो जाता है।

गिरिडीह के पालगंज निवासी वरिष्ठ पत्रकार शरद भक्त को पत्नी शोक

गिरिडीह के पालगंज निवासी वरिष्ठ पत्रकार शरद भक्त  को पत्नी शोक

गिरिडीह :  जिले के वरिष्ठ पत्रकार सह समाज सेवी पीरटांड़ प्रखण्ड के पालगंज निवासी शरद भक्त की धर्मपत्नी श्रीमती रेणु देवी का कल दोपहर लगभग दो बजे आकस्मिक निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार थीं। गिरिडीह के कोविड सेंटर में उनका इलाज चल रहा था।

अत्यन्त सरल, मृदुभाषी स्वभाव की धनी दिवंगता श्रीमती रेणु देवी मूलतः रायपुरा, जमुई की थी। वे अपने पीछे दो पुत्र गौरव एवं विपुल सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं।

श्रीमती रेणु देवी के असमय चले जाने से इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट(आईएफडब्लूजे) की गिरिडीह जिला इकाई के सदस्यों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। संघ के सदस्यों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुये मृतक आत्मा की शांति और परिवार को इस असहनीय दुःख को बर्दाश्त करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

दूसरी ओर रेनु देवी के निधन पर सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ ने भी गहरी संवेदना जताया है।
महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष  दीपक उपाध्याय, संरक्षक प्रो. अशोक प्रियदर्शी,  ब्रजबिहारी पांडेय, आचार्य लक्ष्मीनारायण पांडेय, चंद्रशेखर मिश्र, ज्ञानवर्धन मिश्र, राजीव रंजन मिश्र,  प्रकाश कुमार मिश्र, स्वामी दिव्य ज्ञान मिश्र,  संजीव मिश्र, डॉ सुधांशु शेखर मिश्र, डॉ ब्रज बिहारी पाठक, सीताराम पाठक, डॉ प्रह्लाद मिश्र, मनोज कुमार मिश्र, पंडित मृत्युंजय पाठक,  गौतम वैद्य, अमरीष पाठक, जीतेश मिश्र के अलावे महासंघ के अन्य पदाधिकारियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की हैं। 
और दिवंगता को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए भगवान भास्कर से उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को दारुण दुःख सहने  की शक्ति प्रदान की  विनम्र प्रार्थना किया है।

गिरिडीह मेयर को बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू

गिरिडीह मेयर को बर्खास्त करने की कार्रवाई शुरू
सरकार ने किया शो काउज मांगी 7 दिनों केअंदर जवाब


गिरिडीह : फर्जी जाति प्रमाण पत्र इस्तेमाल कर चुनाव जीतने के आरोप में गिरिडीह के मेयर सुनील कुमार पासवान को बरखास्त करने की तैयारी की जा रही है। नगर विकास विभाग ने सुनील कुमार पासवान को शो-कॉज जारी किया है। उन्हें सात दिनों के अंदर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया है साथ ही कहा गया है कि अगर वे अपना पक्ष नहीं रखते हैं तो सरकार एकतरफा कार्रवाई करेगी।

 बता दें कि राज्य सरकार ने पहली बार नगर निकाय के निर्वाचित प्रतिनिधि को अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की है।

गौरतलब है कि अप्रैल 2018 में हुए नगर निगम चुनाव में सुनील कुमार पासवान ने अनुसूचित जाति के प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर आरक्षण का लाभ लिया था। झामुमो कार्यकर्ता ने उनके जाति प्रमाण पत्र को संदिग्ध बताते हुए जांच की मांग की थी। जांच के बाद जाति प्रमाण पत्र फर्जी पाया गया। राज्य के आदिवासी कल्याण आयुक्त के निर्देश पर गिरिडीह के सीओ ने उनके जाति प्रमाणपत्र को रद्द कर मुफस्सिल थाना में मामला दर्ज कराया था। इस मामले में अदालत ने सुनील कुमार पासवान को अग्रिम जमानत देने से इंकार कर दिया था। उसके बाद से ही वह फरार बताये जाते हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने गिरिडीह के मेयर सुनील कुमार पासवान को पद से हटाने की अनुशंसा की थी। आयोग ने कहा था कि पासवान बिहार के रहनेवाले हैं। इसलिए उन्हें   झारखंड में आरक्षण का लाभ नहीं मिल सकता है। उनका निर्वाचन रद्द कर देना चाहिए। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि गिरिडीह के मेयर का पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। आरक्षण का लाभ केवल राज्य के रहनेवाले अनुसूचित जाति के सदस्य को ही प्राप्त हो सकता है।

दूसरी ओर मेयर सुनील कुमार पासवान ने इस बाबत अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुये कहा कि मेरा जाति प्रमाण पत्र सही है। गलत तरीके से जांच कर हमारे जाति प्रमाण पत्र को रद्द किया गया है। कहा कि यह मामला अदालत में लंबित है। इस स्थिति में किसी प्रकार की कार्रवाई अदालत के तरफ से ही की जानी चाहिए, लेकिन दुर्भावना से ग्रसित होकर सरकार हम पर कार्रवाई कर रही है। सरकार की तरफ से शो काउज किया गया है। निश्चित रूप से 1 सप्ताह के अंदर हम जवाब दे देंगे।

सांसद साक्षी महाराज को गिरिडीह प्रशासन ने रोका, किया 14 दिनों के लिए कवारेंटाइन

सांसद साक्षी महाराज को गिरिडीह प्रशासन ने रोका, किया 14 दिनों के लिए कवारेंटाइन 
गिरिडीह। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भारतीय जनता पार्टी के  सांसद साक्षी महाराज को क्वारेंटाइन में भेजा गया है। ज्ञात हो कि सांसद गिरिडीह के एक धार्मिक आश्रम आये थे। वहीं गिरिडीह से धनबाद जाने के क्रम में जिला प्रशासन ने वाहन को रोक कर राज्य का मुख्य सचिव का आदेश का हवाला देते हुए  उन्हें क्वारेंटाइन में रहने की बातें कही।  बाद में उत्तर प्रदेश के उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज को शहर के शांति भवन में लाकर प्रशासन ने शनिवार को क्वारेंटाइन कर दिया है।

 एसडीएम प्रेरणा दीक्षित और नगर थाना पुलिस के निर्देश पर साक्षी महाराज को अगले 14 दिनों तक शांति भवन आश्रम में क्वारेंटाइन किया गया।

गौरतलब जिला प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के सांसद साक्षी महाराज के वाहन को पीरटांड़ के पास रोका। बताया जाता है कि सांसद साक्षी महाराज गिरीडीह शहर में धार्मिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने शांति भवन आये थे और यहां पर भक्तों से मिलने के बाद धनबाद जा रहे थे। इस बीच उनके वाहन का ओवरटेक किया गया और पीरटांड़ थाना के पास बेरिकेट लगाकर उनके वाहन को रोक दिया गया।

 इस दौरान एसडीएम प्रेरणा दीक्षित ने सांसद को कहा कि उन्हें क्वारेंटाइन में रहना होगा। इसपर सांसद ने कहा कि वे सड़क मार्ग से आये हैं ऐसे में उन्हें क्वारेंटाइन में रहने की आवश्यकता नहीं है। इसपर एसडीएम ने साफ कहा कि राज्य के मुख्य सचिव का आदेश है और हर हाल में उन्हें क्वारेंटाइन में जाना होगा। इस दौरान साक्षी महाराज ने प्रशासन पर हेमंत सरकार पर बदले की बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया है।

सादगी पूर्ण तरीके से मनाई गई श्री गणिनाथ गोविन्द की 51वीं जयंती

सादगी पूर्ण तरीके से मनाई गई श्री गणिनाथ गोविन्द की 51वीं जयंती
 हुआ चुनाव जीतेन्द्र बने अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा के अध्यक्ष और रिंकेश महामंत्री                  

 गिरिडीह। श्री गणिनाथ सेवा संस्थान द्वारा शनिवार को सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कुल गुरु श्री गणिनाथ गोविंद जी की 51वीं जयंती बक्सीडीह रोड में संचालित आई टी आई प्रांगण में सादगी पूर्ण तरीके से मनाई गई।  पूजन कार्यक्रम में शामिल होकर समाज के लोगों ने बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया।

 हालांकि कोरोना संक्रमण को देखते हुए जयंती समारोह में एक घर से एक व्यक्ति ही शामिल हुए। पूजन कार्य विकास गुप्ता और उनकी धर्मपत्नी के द्वारा सम्पन्न कराया गया। वही ध्वजारोहण पूर्व संरक्षक रंजीत गुप्ता द्वारा किया गया।                               

 पूजन कार्यक्रम के बाद समाज के लोगों ने बैठक कर अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य सभा के जिला कमिटी, युवा मंच और महिला समिति का गठन किया गया। सुजीत गुप्ता कि अध्यक्षता और महिला प्रदेश अध्यक्षा मनीषा साह कि उपस्थित में हुए बैठक में सर्वसम्मति से अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के जिला कमिटी के लिये सुजीत गुप्ता को संरक्षक मंनोनित किया गया। जबकि जीतेन्द्र गुप्ता को अध्यक्ष और रिंकेश कुमार को महामंत्री चुना गया। वंही जयदेव गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा निशांत गुप्ता को मीडिया प्रभारी का दायित्व दिया गया। 

वंही युवा मंच हेतु उज्जवल गुप्ता को अध्यक्ष और रिशु गुप्ता को सचिव का दायित्व दिया गया। जबकि बीना गुप्ता को महिला समिति का अध्यक्ष मंनोनित किया गया और ललिता गुप्ता को सचिव का दायित्व दिया गया।  

  इस जयंती कार्यक्रम में सुनील गुप्ता, अंजनी गुप्ता, सुजीत गुप्ता, मनीषा साह, हरिनारायण साह, सहित काफ़ी संख्या में लोग शामिल हुए। वंही कार्यक्रम को सफल बनाने में जीतेन्द्र गुप्ता, रिंकेश कुमार, पारस कुमार, आलोक गुप्ता, विशाल गुप्ता, निशांत गुप्ता, उज्वल गुप्ता, राजेश गुप्ता, बंटी गुप्ता, चन्दन गुप्ता, दिनेश कुमार साह, रिशु गुप्ता सहित अन्य का योगदान सराहनीय  रहा।

दो वर्ष बाद अपहृत दो मजदुर की हुई घर वापसी से परिजनों में खुशी

दो वर्ष बाद अपहृत दो मजदुर की हुई घर वापसी से परिजनों में खुशी
बगोदर / गिरिडीह :  बगोदर के दोअपहृत मजदूर की दो साल के बाद से हुई वापसी परिजनों के चेहरे में दिखी मुुस्कान।

 बता दें कि बगोदर प्रखंड अंतर्गत घाघरा के प्रसादी महतो प्रकाश महतो तथा महुरी के हुलास महतो अपने रोजी-रोटी को लेकर अफगानिस्तान में टावर लाइन में मजदूरी करते थे और अपने परिवार को भरण पोषण करते थे ।

 बीते  6 मई 2018 को अफगानिस्तान के बालगान प्रांत सेे टावर कम्पंनी कइसी में कार्य करने केे दौरान  इन मजदूरों को अज्ञात बंदूकधारियों के द्वारा अपहरण कर लिया गया था। जिसके बाद से मजदूरों के परिजनों में काफी चिंता बनी हुई थी।  इन मजदूरों के परिजनों ने तत्कालीन विधायक सांसद मुख्यमंत्री से लेकर विदेश मंत्री तक मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई। जिसके बाद तत्कालीन विधायक के प्रयास से मुख्यमंत्री राहत कोष के  इन मजदूरों के परिजनों को ₹1लाख रुपये की सहायता राशि दी गई।

 एक वर्ष पुर्व प्रकाश महतो की वतन वापसी हो चुकी पर घर नही आया हैं। इधर  कर्मा त्यौहार पर जब दो मजदूरों का वतन वापसी होकर घर आए तो घर में परिजनों को खुशी छा गई। मजदुरों के घर पहुँचने के बाद माले नेता संदीप जायसवाल, जिला परिषद सदस्या पुनम महतो, सरिता महतो, उप प्रमुख सरिता साव, पुरन महतो ने मुलाकात किया।

लायन्स क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट ने किया राज्यस्तरीय क्रिकेट खिलाडियों को सम्मानित

लायन्स क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट ने किया राज्यस्तरीय क्रिकेट खिलाडियों को सम्मानित
गिरिडीह :  लायंस क्लब आफ गिरिडीह एलीट के द्वारा शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर गिरिडीह के राज्य स्तरीय क्रिकेट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

 क्लब के सचिव लायनधर्म प्रकाश ने बताया कि आज का कार्यक्रम इस उद्देश्य को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया था कि किस प्रकार गिरिडीह जिले में खेल को बढ़ावा दिया जाए तथा जिन का खेल जगत में अहम योगदान देने वाले खिलाड़ी को  सम्मानित किया जाए। 

उन्होंने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गिरीडीह एलिट हमेशा समाज के संपूर्ण विकास पर काम करती है। कहा कि क्लब का प्रयास है कि आज हमारे बच्चे घर में बैठकर मोबाइल में व्यस्त रहते हैं उनका आउटडोर गेम के प्रति रुझान खतम हो चुका है। वैसे बच्चों को आउटडोर गेम के लिए प्रोत्साहित किया जाए तथा बच्चों को मैदान में जाने का वातावरण तैयार किया जाए ताकि बच्चों का शारीरिक और बौद्धिक विकास हो सके । 

इस कार्यक्रम में गिरिडीह जिले के क्रिकेट खिलाड़ी पपिंद्र सिंह, मोहम्मद इरशाद ,राजेश सिन्हा, मोहम्मद चांद और कैश राजा को सम्मानित किया गया।

इस कार्यक्रम में क्लब के सचिव लायनधर्म प्रकाश ,क्लब के कोषाध्यक्ष लायन दशरथ प्रसाद, लायन संजय कुमार लायन, डॉ अरविंद कुमार ,लायन डॉ सुमन कुमार, लायन अमरनाथ मंडल, लायन सत्येंद्र सिंह, लायन विकास कुमार, सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

सड़क दुर्घटना में हुई एक युवक की मौत, एक महिला समेत तीन लोग घायल

सड़क दुर्घटना में हुई एक युवक की मौत, एक महिला समेत तीन लोग घायल
बगोदर/गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र के अटका-केशवारी मुख्य सड़क में बिहारो के समीप शनिवार की दोपहर हुये दो मोटरसाईकिलो के जोरदार भिड़ंन्त में मुंडरो-हेठनगर निवासी भीखन रविदास के पुत्र यमुना दास की मौत हो गयी। जबकि इस घटना में मुंडरो-पेसरा निवासी देवंती देवी, तेलिया सिंघा-परसिया के तारकेश्वर यादव और रघुनाथ यादव बुरी तरह से घायल हो गए।

 घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल इलाज हेतु बगोदर  अस्पताल में भर्ती कराया। वंही मृतक के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्ट हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।

इस बीच घटना की जानकारी मिलने पर बगोदर पश्चिमी के जिला परिषद सदस्य पूनम महतो,भाकपा माले नेता संदीप जायसवाल और पूरन कुमार महतो, भाजपा नेता राजू सिंह बगोदर अस्पताल पहुँचे और घायलों से मिले।  तीनो घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया है। उधर घटना के बाद मृतक के परिवार जनों का रो रो कर बुरा हाल है।