मंगलवार, 17 दिसंबर 2024

चोरी कांड का मास्टरमाइंड समेत दो शातिर चोर गिरफ्तार, गया जेल

गिरिडीह। पचम्बा थाना की पुलिस ने चोरी मामले के मास्टरमाइंड समेत दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी कांड का मास्टरमाइंड करहरबारी निवासी भोला सिंह उर्फ मनीष सिंह (20 वर्ष) एवं दीवानटोला निवासी मनोहर पंडित शामिल है। 


बताया जाता है कि बीते 13 सितंबर की रात भवानी चौक स्थित हरि साहू के किराना दुकान में चोरी की घटना घटित हुई थी। उस मामले में पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाचं करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को दोनों अपराधियों के यहां छापेमारी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। थाना में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अपराधों को भी स्वीकार कर लिया है।

पचंबा थाना प्रभारी राजीव सिंह के अनुसार गिरफ्तार भोला सिंह पहले भी कई चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है। भोला सिंह ने करीब एक दर्जन लोगों का गिरोह बनाकर पचम्बा सहित अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। उसके खिलाफ पचंबा, हीरोडीह, राजधनवार और देवरी थानों में भी चोरी के मामले दर्ज हैं। लंबे समय से विभिन्न थानों की पुलिस को उसकी तलाश थी। उन्होंने बताया कि पुलिस चोरी के अन्य मामलों से जुड़े सामान की बरामदगी और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं आरोपियों के विरुद्ध धारा 334(1) और 303(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस अपराधिक मामलो को लेकर गंभीर है और अपराधियों की गिरफ्तारी से क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर लगाम लगेगा।

गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, बाइक सवार दो युवकों की मौत

गिरिडीह। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के सोनासोती पुल के समीप मंगलवार को हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गयी। मृतकों में 30 वर्षीय रोहित पासवान सरिया के कंचनपुर गांव का रहने वाला था जबकि 28 वर्षीय मोहन पासवान धनवार थाना क्षेत्र के राजूडीह गांव का निवासी था। दोनों आपस में ममेरे-फुफेरे भाई थे। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस घटनास्थल पहुंच दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बगोदर ट्रामा सेंटर भेज दिया।


घटना के सम्बंध में बताया गया है कि मंगलवार को दोनों एक ही बाइक पर सवार हो किसी काम से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सोनासोती पुल के समीप उनकी बाइक सड़क में स्थित एक गड्ढे में जा गिरी। गड्ढा काफी बड़ा था जिस कारण बाइक समेत दोनों गड्ढे में समा गये। जिससे घटना स्थल पर ही दोनों की मौत हो गईं। 


इधर घटना की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक विनोद सिंह भी बगोदर के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिल कर उन्हें सांत्वना देते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।

लिंक क्लिक कर खबर देखें

चार दिनों से लापता युवक का शव कुएँ से बरामद, हत्या की आशंका, जाँच में जुटी पुलिस

गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में 4 दिनों से लापता एक युवक का शव कुएं से बरामद हुआ है। मृतक सिहोडीह निवासी अशोक शर्मा था। उसका शव उसके घर से कुछ दूरी पर स्थित कुएं से बरामद किया गया है।  


मंगलवार सुबह कुएं से बदबू निकलने पर स्थानीय लोग कुएं के पास पहुंचे, तो देखा कि कुएं में अशोक वर्मा का शव है। लापता युवक अशोक शर्मा का शव कुएं से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पाकर काफी संख्या में आस-पास के लोग घटनास्थल पर जुट गये। बाद में लोगों ने मामले की सूचना में मुफ्फसिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक युवक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया।


मृतक अशोक के परिजनों ने बताया कि पिछले चार दिनों से लापता था। जिसकी लिखित सूचना परिजनों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को चार दिन पूर्व ही दिया था। थाना को दिए आवेदन में परिजनों ने कुछ लोगों पर अशोक को धमकी देने का आरोप लगाया था।



आवेदन मिलने के बाद पुलिस लगातार अशोक  की तलाश करने में जुटी थी। इसी बीच मंगलवार को लापता युवक अशोक का शव कुएं से बरामद हुआ। कुंआ से अशोक का शव बरामद होने के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल करने में जुटी है।

इस लिंक को क्लिक कर देखें