शुक्रवार, 13 फ़रवरी 2026

वाहनों पर डेज़लिंग लाइट एवं हाई बीम लाइट के विरूद्ध चलाया गया अभियान

गिरिडीह (Giridih)। परिवहन आयुक्त संजीव बेसरा से प्राप्त आदेश के आलोक में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार के निर्देश पर सड़क सुरक्षा के दृष्टिकोण से मोटरयान निरीक्षक एवं यातायात प्रभारी के नेतृत्व में आज अम्बेडकर चौक में वाहनों पर “डेज़लिंग लाइट एवं हाई बीम लाइट” के विरूद्ध अभियान चलाया गया।


इस दौरान मोटरयान निरीक्षक ने वाहन स्वामी एवं वाहन चालक को जागरूक करते हुए बताया कि अधिकांश वाहन दुर्घटनायें यातायात नियमों का पालन नहीं करने एवं वाहनों पर डेज़लिंग लाइट एवं हाई बीम लाइट के कारण होती है।


उन्होंने वाहन चालकों को डेज़लिंग लाइट एवं हाई बीम लाइट का प्रयोग नही करने का निर्देश दिया। कहा कि हाई बीम लाइट का प्रयोग हाइवे में किया जाता है। आम साधारण सड़कों पर इसके प्रयोग से आये दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही है। जिसमे लोगों को जान तक गंवानी पड़ रही है। 



वार्ड 31 की वार्ड पार्षद प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने चलाया सघन जनसम्पर्क अभियान

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह नगर निगम के चुनाव में वार्ड संख्या 31 की वार्ड पार्षद प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी ने अपने वार्ड में सघन जनसंर्पक अभियान चलाया। इस दौरान वह अपने पति सह भाजपा नेता बजरंगी राम के साथ घर घर जाकर लोगों से मुलाकात कर आगामी 23 फरवरी को होने वाले मतदान में अपने पक्ष मतदान करने की अपील की।


जनसंर्पक अभियान में उनके साथ उनके पति बजरंगी राम समेत अन्य समर्थक लोग मौजूद थे। जनसम्पर्क कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपने चुनाव चिन्ह से सम्बंधित पर्चा एवं अपनी चुनावी घोषणा पत्र भी आम मतदाताओं को दी। उन्होंने कहा कि आसन्न चुनाव में यदि उनकी जीत होती है तो वो वार्ड का चहुमुंखी विकास करते हुए वार्ड 31 को गिरिडीह नगर निगम का आदर्श वार्ड बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगी।


बता दें कि वार्ड पार्षद प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी के पति बजरंगी राम पूर्व में दो बार इस वार्ड से वार्ड पार्षद के पद के लिये चुनाव लड़ चुके हैं। लेकिन दोनों ही बार उनकी पराजय हुई थी। लेकिन मतदान का प्रतिशत दूसरे चुनाव में काफी बढ़ा था। बीते चुनाव में तो वो काफी कम मतों के अंतर से विजेता रहे प्रत्याशी से चुनाव हार गये थे। 


आसन्न चुनाव में वार्ड 31 अनारक्षित महिला श्रेणी का वार्ड होने के कारण बजरंगी राम ने इस बार अपनी पत्नी अन्नपूर्णा देवी को चुनाव मैदान में उतारा है। अन्नपूर्णा देवी शिक्षित व कामकाजी महिला है। वो महिला मंडल का नेतृत्व भी करती है। उनके अंदर पूर्व से ही नेतृत्व क्षमता रहने के कारण वह चुनाव मैदान में कूदी है और वार्ड के आम मतदाताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील कर रही हैं।



अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने की कार्रवाई, भारी मात्रा में शराब व जावा महुआ जप्त

गिरिडीह (Giridih)।  उत्पाद विभाग की टीम ने जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खीरोद एव गूँगी गाँव में छापामारी कर भारी मात्रा में जावा महुआ और महुआ शराब के साथ शराब बनाने के उपकरण जप्त किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने शराब बनाने वाली भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया। यह जानकारी उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक रवि रंजन ने दी।


उन्होंने बताया कि नगर पंचायत चुनाव के मद्देनजर उत्पाद अधीक्षक के निदेशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापामारी के दौरान तिसरी थाना क्षेत्र के खीरोद एव गूँगी दोनों ही गाँव से 1450 किलो जावा महुआ एवं 210 लीटर अवैध चुलाई शराब जप्त किया।  वहीं चुलाई शराब बनाने वाले उपकरण, जावा महुआ एवं भट्टी को विनष्ट किया गया।



उन्होंने बताया कि इस बाबत दो शराब कारोबारी को अभियुक्त बनाते हुए उनके विरुद्ध फ़रार अभियोग दर्ज किया गया है। छापामारी दल में अवर निरीक्षक रवि रंजन के अलावे काफी संख्या में जिला बल और गृह रक्षक के जवान मौजूद थे।


मेयर प्रत्याशी डॉ शैलेन्द्र कुमार चौधरी के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज


गिरिडीह (Giridih)।
गिरिडीह नगर निगम चुनाव में मेयर पद के प्रत्याशी डॉ. शैलेंद्र कुमार चौधरी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ है। इस बात की पुष्टि नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने की है।



मेयर प्रत्याशी डॉ शैलेन्द्र कुमार चौधरु के खिलाफ यह प्राथमिकी नगर थाने में एफएसटी सह पंचायत सचिव कादिर अंसारी की शिकायत पर दर्ज की गई।



प्राथमिकी के अनुसार आसन्न नगर निकाय का चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं। बावजूद इसके डॉ. चौधरी ने अपने चुनाव प्रचार के लिए लगाए गए होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों में एक राष्ट्रीय पार्टी के समर्थित उम्मीदवार होने का स्पष्ट उल्लेख किया है। यह आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन है। प्राथमिकी में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि निर्दलीय चुनाव में किसी राजनीतिक दल का नाम या समर्थन प्रदर्शित करना प्रतिबंधित है।


गिरिडीह में गठित हुआ अग्र समाज की संस्था जिला अग्रवाल सम्मेलन, अध्यक्ष बने अशोक केडिया

गिरिडीह (Giridih)। जिले के अग्र बंधुओं की एक बैठक स्थानीय मोदी धर्मशाला में अशोक केडिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से गिरिडीह जिला अग्रवाल सम्मेलन नामक संस्था का गठन किया गया।



बैठक में अशोक केडिया को संस्था का अध्यक्ष एवं अरविंद कुमार को सर्वसम्मति से महामंत्री मनोनीत किया गया। वहीं संस्था के अन्य पदाधिकारियों में प्रमोद अग्रवाल व किशन अग्रवाल को उपाध्यक्ष, रोहित जालान व अमित अग्रवाल को सह सचिव एवं संजय मोदी को.कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।


जबकि दीपक संथालिया, संदीप केडिया(मिक्कू), मोहन जालान, शुभम केडिया, अमर अग्रवाल, सुनील अग्रवाल (राजधनवार), प्रदीप अग्रवाल फार्मा, मनोज अग्रवाल, शशांक पोद्दार, संदीप बसाईवाला, नील कमल भारतीय, विवेश जालान, मनीष केडिया बंटी, सुनील मोदी, राकेश मोदी, राकेश केडिया, पंकज अग्रवाल सरिया एवं रंजीत मोदी को कार्यकारिणी समिति का सदस्य बनाया गया।

इसके अलावे समिति के संरक्षक के रूप में डॉ रामरतन केडिया, जीवन राम अग्रवाल, निर्मल झुनझुनवाला, पवन चूड़ीवाला एवं दिलीप गोइनका को शामिल किया गया। कमिटी गठन उपस्थित सभी नव मनोनित पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से आगामी 26 फरवरी को श्री श्याम बाबा के निशान यात्रा के दौरान टावर चौक पर शीतल पेय वितरित करने का निर्णय लिया।



ट्रक और ऑटो में भीषण टक्कर, हादसे में एक की मौत, एक गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)।  पचम्बा थाना क्षेत्र के अलकापुरी चौक के समीप शुक्रवार अहले सुबह एक ट्रक और ऑटो के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ऑटो सवार हीरोडीह थाना क्षेत्र के रतनपुरा निवासी प्रेम दास एवं देवरी थाना क्षेत्र के देवपाहरी निवासी छोटू राम गंभीर रूप से घायल हो गये।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पचम्बा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों घायलों को एम्बुलेंस से इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। जहां इलाज के दौरान प्रेम दास की मौत हो गई।


इधर घटना के बाद ट्रक और ऑटो दोनों ही वाहनों के चालक मौके से फरार हो गए। पचम्बा पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर पचम्बा थाना ले गई है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। 



दो बाइकों के भीषण टक्कर में घायल व्यक्ति की हुई मौत, महिला समेत तीन का इलाज जारी

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह–देवघर मुख्यपथ पर जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के चपुआडीह के समीप गुरुवार की शाम दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में हुई थी। जिसमे दोनों ही बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए थे।



घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने सभी घायलों का इलाज शुरू किया। चिकित्सकों ने इस दौरान 60 वर्षीय सहदेव पंडित की काफी गम्भीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में सोबराजपुर निवासी 60 वर्षीय सहदेव पंडित ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।



घटना के संबंध में घायल बबलू शर्मा ने बताया कि वह अपने चाचा सहदेव पंडित और चाची प्रमिला देवी के साथ देवघर से सोबराजपुर लौट रहे थे। चपुआडीह स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र के समीप पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। जिसमे बाइक सवार सभी तीनों सहदेव पंडित, प्रमिला देवी और बबलू शर्मा सड़क पर गिरकर घायल हो गए। वहीं इस दुर्घटना में दूसरे बाइक पर सवार बुच्चा नावाडीह निवासी तबरेज अंसारी भी घायल हो गए। घटना में घायल महिला समेत सभी तीनों का इलाज जारी है।



चार हाथियों का झुंड पहुंचा गिरिडीह, वन क्षेत्र पदाधिकारी ने की सावधान और सतर्क रहने की अपील

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह के वन क्षेत्र पदाधिकारी ने एक सूचना जारी कर पीरटांड़ थाना क्षेत्र के लोगों को सतर्क व सावधान रहने की अपील किया है। जारी सूचना में उन्होंने बताया है कि आज तड़के 4 बजे धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड अंतर्गत सर्रा गांव से 4 हाथियों का एक झुंड जिसमें एक बच्चा भी शामिल है गिरिडीह वन क्षेत्र अंतर्गत पीरटांड़ थाना के अंगिया गांव आया है। हाथियों का वह झुंड फिलवक्त पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बिशुनपुर के धावाटांड़ जंगल में मौजूद है।


वन क्षेत्र पदाधिकारी ने इस दौरान आस पास के ग्रामीणों से बेवजह रात में जंगल न जाने और अहले सुबह अकेले घर से न निकलने को कहा है। उन्होंने कहा है कि खेत में फसल नहीं रहने के कारण शाम के बाद हाथी खाने की तलाश में घर में अटैक कर सकता है। उनसे छेड़छाड़ करने से हाथी हिंसक हो सकता है।


उन्होंने बताया है कि आज रात हाथी को सुरक्षित, बिशुनपुर, फतेहपुर, प्रतापपुर, पालगंज के रास्ते ड्राइव करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने आस पास के ग्रामीणों को सावधान रहने तथा ड्राइव में सहयोग सहयोग करने की अपील किया।


आज 13 फरवरी ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज 13 :: 02 :: 2026 का पञ्चाङ्ग व राशिफल

13 फरवरी 2026 : आज फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि और शुक्रवार दिन है। एकादशी तिथि आज दोपहर 2.26 तक रहेगी उसके परान्त द्वादशी तिथि शुरू होगी। आज फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि है जिसे विजया एकादशी कहा जाता है। आज कुंभ संक्रांति का पर्व भी मनाया जाता है। यह दिन व्रत, संयम, दान और भगवान विष्णु की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। आज का दिन धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। विजया एकादशी और कुंभ संक्रांति का संयोग इस दिन को विशेष फलदायी बनाता है। श्रद्धा, व्रत और दान के साथ किया गया पूजन जीवन में सफलता, शांति और सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला माना जाता है। इस तिथि पर मूल नक्षत्र और वज्र योग का संयोग बन रहा है। आज अभिजीत मुहूर्त 12:12 PM से 12:57 PM तक रहेगा। ज्योतिष में अभिजीत मुहूर्त को बहुत ही शुभ माना जाता है। राहुकाल सुबह 11:12 AM से 12:35 PM तक रहेगा। चंद्रमा धनु राशि में संचरण करेंगे।  

                          जय लक्ष्मी माता

आज शुक्रवार दिन है। वार के हिसाब से आज आप शुक्रवार का व्रत रख सकते हैं, जो माँ लक्ष्मी को समर्पित होता है। मां लक्ष्मी को प्रसन्न करने के लिए उन्हें सफेद और लाल रंग के फूल जैसे कमल या गुलाब अर्पित करना लाभदायक होता है। कुंडली में शुक्र को मजबूत करने के लिए शुक्रवार को श्वेत वस्त्र धारण करना चाहिए। इसके अलावा चावल, आटा, दूध जैसी सफेद चीजों का दान करना मददगार होता है। आर्थिक तंगी से मुक्ति पाने के लिए मां लक्ष्मी की पूजा में चावल की खीर और श्रीफल अर्पित करना चाहिए। कमलगट्टे की माला से उनके नामों का जप करना भी लाभकारी होता है। लक्ष्मी वैभव व्रत करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है और सभी दुख दूर हो जाते हैं।


विजया एकादशी 

विजया एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित एक अत्यंत पुण्यदायी व्रत है। मान्यता है कि इस व्रत को रखने से जीवन की बाधाओं पर विजय प्राप्त होती है और कार्यों में सफलता मिलती है। इस एकादशी का व्रत विशेष रूप से विजय, साहस और आत्मबल प्रदान करता है। विजया एकादशी की पौराणिक कथा अनुसार जब भगवान श्री राम माता सीता को रावण से मुक्त कराने के लिए लंका की ओर प्रस्थान कर रहे थे, तब उनकी सेना के सामने समुद्र को पार करने की बड़ी समस्या खड़ी हो गई थी। समुद्र को बिना किसी साधन के पार करना असंभव प्रतीत हो रहा था। तभी वनार सेना के किसी सदस्य ने सुझाव दिया कि पास के वन में ऋषि वकदाल्भ्य का आश्रम है उनकी सलाह लेना अवश्य लाभकारी होगी। भगवान श्रीराम तुरंत ऋषि बकदाल्भ्य के पास पहुंचे और उन्हें अपनी समस्या बताई। तब ऋषि ने भगवान राम को विजया एकादशी व्रत के बारे में बताया और कहा कि अगर वे इस व्रत को विधि-विधान से करेंगे तो उन्हें अपने कार्य में सफलता अवश्य मिलेगी। ऋषि ने कहा कि इस एकादशी व्रत को करने से बड़े से बड़ा कार्य भी सिद्ध हो जाता है। इसके बाद भगवान श्री राम, लक्ष्मण जी और पूरी वानर सेना ने पूरी श्रद्धा से विजया एकादशी का व्रत रखा और भगवान विष्णु की विधिवत पूजा की। साथ ही रात्रि में जागरण भी किया। व्रत के प्रभाव से भगवान श्रीराम को दिव्य सहायता प्राप्त हुई। अगले ही दिन समुद्र देव प्रकट हुए और उन्होंने समुद्र पार करने का मार्ग बताया। इसके बाद नल और नील ने सेतु निर्माण का कार्य आरंभ किया और देखते ही देखते रामसेतु तैयार हो गया। इस प्रकार भगवान श्रीराम ने अपनी सेना सहित समुद्र पार कर लंका पर विजय प्राप्त की और माता सीता को मुक्त करा लिया। तभी से ऐसी मान्यता है कि जो व्यक्ति इस एकादशी का व्रत श्रद्धा और नियम से करता है, उसे जीवन में आने वाली कठिनाइयों पर विजय प्राप्त होती है।।                         पूजा विधि  : विजया एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें। फिर घर के मंदिर में भगवान विष्णु की प्रतिमा स्थापित करें।  हाथ में फूल और अक्षत लेकर व्रत का संकल्प लें। भगवान को पीले फूल, फल, धूप दीप, तुलसी दल और नैवेद्य चढ़ाएं। फिर विजया एकादशी की व्रत कथा पढ़ें। साथ ही 'ॐ नमो भगवते वासुदेवाय' मंत्र का जप करें।  फिर दिन भर व्रत रहें। ये व्रत आप निर्जल, फलाहार या एक समय भोजन करके भी रख सकते हैं। रात्रि में भगवान विष्णु का ध्यान और भजन करें। इस दिन रात्रि जागरण का विशेष महत्व माना जाता है। फिर अगले दिन यानी द्वादशी तिथि को स्नान कर भगवान की फिर से पूजा करें। इसके बाद ब्राह्मण या जरूरतमंद को दान करें। फिर अपना व्रत खोल लें।

कुंभ संक्रांति

इस दिन सूर्य देव मकर राशि से निकलकर कुंभ राशि में प्रवेश करते हैं। कुंभ संक्रांति पर दान-पुण्य, स्नान और सूर्य उपासना का विशेष महत्व होता है। यह दिन नए परिवर्तन और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।



आज का पंचांग : 13 फरवरी 2026,दिन:शुक्रवार  युगाब्द      : 5127      विक्रम संवत : 2082          शक संवत : 1947       ऋतु    :  शिशिर             मास        :  माघ          पक्ष:  कृष्ण पक्ष          सूर्योदय  : 07: 01 AM, सूर्यास्त : 06:10 PM  तिथि : एकादशी 02:26 PM तक उपरांत द्वादशी        नक्षत्र : मूल 04:12 PM तक उपरांत पूर्वाषाढ़ा            राहुकाल : 11:12 AM से 12: 35 PM तक            चन्द्रमा  : धनु राशि पर संचार करेगा                        व्रत/त्यौहार : शुक्रवार व्रत, माता लक्ष्मी पूजन दिवस, कुंभ संक्रांति, विजया एकादशी



आज :: 13 :: 02 :: 2026  का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज का दिन आपकी ताकत बढ़ाने वाला होगा। दोस्तों से आपकी अच्छी मुलाकात होगी और पुराने गिले-शिकवे सुलझ सकते हैं। अगर आप अपनों के साथ ज़्यादा समय नहीं बिता पाए हैं, तो कुछ समय निकालकर उनसे लंबी बातचीत करें। आपके जीवनसाथी को आपकी बनाई डिश बहुत पसंद आएगी। आज आपका लकी नंबर 6 है। पैसों से जुड़ी परेशानियां आज खत्म हो जाएंगी। मौजूदा हालात में, किसी प्रॉपर्टी की बिक्री से अच्छा प्रॉफिट होने की उम्मीद है। बिज़नेस को कई बेहतरीन ऑर्डर मिलने की संभावना है। रोजी-रोटी से जुड़े प्लान को लागू करने में गंभीरता बनाए रखें और उन्हें डेवलप करें। कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पर काम करने वालों को बड़ी सफलता मिल सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज किस्मत आपको कोई बड़ी कामयाबी दिला सकती है। दूसरों के मामलों में दखल देने से बचें; ज़रूरत पड़ने पर ही अपनी राय दें। आपको कुछ धोखेबाज लोगों से सावधान रहने की ज़रूरत है। आज कपल्स के लिए रोमांटिक दिन रहेगा। आपकी शादीशुदा ज़िंदगी में खर्चे बढ़ने की संभावना है। आज आपका लकी नंबर 3 है। आज आपको अपने खर्चों पर सख्ती से कंट्रोल रखना होगा। आप किसी से फ़ोन पर बिज़नेस डील के बारे में बात कर सकते हैं। पार्टनरशिप में प्रॉपर्टी खरीदने के चांस हैं। किसी खास इंसान की मदद से आपका रुका हुआ काम आगे बढ़ सकता है।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज आप अपनी कमियों के साथ-साथ अपनी अच्छी खूबियों को भी पहचानेंगे। आपका जीवनसाथी आपके व्यवहार से खुश होगा। सिंगल लोग नई दुनिया में कदम रखने का फैसला कर सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आपकी फाइनेंशियल सिचुएशन में कुछ बड़े बदलाव होने के चांस हैं। बिज़नेस में एक्सपीरियंस ज़रूरी है; गलतियाँ दोहराने से बचें। किसी खास मामले को लेकर आपकी सोच बदल सकती है। सोशल मीडिया से जुड़े लोगों के फॉलोअर्स में काफी बढ़ोतरी हो सकती है। आर्ट की दुनिया से जुड़े लोगों के लिए दिन अच्छा है; उन्हें कोई बड़ा ऑफर मिल सकता है।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) :  आज आपके लिए दुनियावी खुशियों का दिन रहेगा। आप घर के आसपास किसी सोशल गैदरिंग में हिस्सा लेंगे। आज आपको गुस्सा करने से बचना चाहिए। शादीशुदा लोगों को लगता है कि उनका रिश्ता अच्छा चल रहा है। आपको किसी करीबी दोस्त से प्यार हो सकता है। आज आपका लकी रंग भूरा है। आपका लकी नंबर 3 है। आज आपको समय की कीमत पहचानने की ज़रूरत होगी। अगर आप कोई बिज़नेस चलाते हैं, तो उसे बढ़ाने के लिए आपको थोड़ी ज़्यादा मेहनत करनी होगी। अपनी क्षमता के हिसाब से काम न कर पाने से आप दुखी हो सकते हैं।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): आज केले का दान करना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आज आप अपने परिवार के साथ कुछ समय बिताएंगे, जिससे आपको खुशी मिलेगी। आपके जीवनसाथी के साथ आपका इमोशनल रिश्ता मज़बूत होगा। आपका प्रेमी चंचल मूड में रहेगा। आज आपका लकी नंबर 2 है।भौतिक सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी होने की संभावना है। ज़मीन या गाड़ी खरीदने की प्लानिंग में अभी तेज़ी लानी होगी। किसी प्रभावशाली पार्टी के साथ कोई बड़ी बिज़नेस डील होने की संभावना है। आज आपको अपनी योजनाओं पर ध्यान देने की ज़रूरत होगी, नहीं तो आपकी नई कोशिशें अधूरी रह सकती हैं।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आप पर्सनल मामलों से ज़्यादा प्रैक्टिकल मामलों में दिलचस्पी लेंगे। आज किसी को निराश न करने की कोशिश करें। आप अपनी बातों और व्यवहार से अपने पार्टनर को इम्प्रेस करेंगे। रोमांटिक रिश्तों को छिपाकर रखना ही बेहतर है। किसी महिला मित्र से तीखी बहस हो सकती है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आज कोई दोस्त आपकी फाइनेंशियल मदद कर सकता है। बिज़नेस में प्रॉफिट होने की संभावना है। नौकरीपेशा लोगों की मेहनत जल्द ही उन्हें उनके लक्ष्यों के करीब ले आएगी।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज का दिन आपके लिए बड़ी कामयाबी लेकर आ सकता है। आपके आइडिया और सुझावों की उन लोगों को तारीफ़ मिलेगी जो आपके लिए मायने रखते हैं। अपने परिवार और बच्चों के साथ समय बिताने से आपका रिश्ता मज़बूत हो सकता है। कपल्स के लिए यह दिन रोमांस से भरा रहेगा। आपका लकी रंग गुलाबी है। आपका लकी नंबर 3 है। आज आपके मन में कुछ अनोखे आइडिया आ सकते हैं जो आने वाले दिनों में फ़ायदेमंद साबित होंगे। फ़ैमिली बिज़नेस में आपके भाई या बहन का सपोर्ट आपको फ़ायदा दिलाएगा। प्रॉपर्टी से जुड़े मामलों को सावधानी से निपटाने की ज़रूरत है। अथॉरिटी वाले लोगों के लिए समय अच्छा है; फ़ाइनेंशियल मामलों में रफ़्तार आएगी।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज लोगों से मिलना-जुलना भविष्य के लिए बहुत ज़रूरी है। आप परिवार वालों के साथ अपनी पसंदीदा डिशेज़ का मज़ा ले सकते हैं। शादीशुदा लोगों को अपनी फ़ैमिली लाइफ़ में खुशियाँ मिलेंगी। युवाओं को अपने लव रिलेशनशिप में सीरियस और ईमानदार रहना चाहिए। आपका लकी नंबर 2 है। आज आप अपनी वाणी से अच्छा पैसा कमाने में सफल रहेंगे। आप मशीनरी और दूसरे संबंधित क्षेत्रों के बिज़नेस में नए मुकाम हासिल करेंगे। अपने काम में परिवार वालों का सपोर्ट लेने से आपका स्ट्रेस कम होगा। नौकरीपेशा लोगों का काम ठीक से चलता रहेगा।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज का दिन आपके लिए फायदेमंद रहेगा। अपनी वाणी में मिठास रखें और गुस्से से बचें। घर पर आपका पसंदीदा खाना बन सकता है। आपका जीवनसाथी आपके साथ घरेलू जीवन में कुछ पॉजिटिव शेयर करेगा। अगर आप सिंगल हैं, तो बाहर जाकर किसी ऐसे व्यक्ति से जुड़ें जिससे आप अट्रैक्ट होते हैं। आज आपका लकी नंबर 7 है। आज आपको कुछ फाइनेंशियल फायदे की उम्मीद हो सकती है। महिलाओं को अपने बिज़नेस को लेकर खास तौर पर सावधान रहना चाहिए। नेटवर्किंग और सेल्स से जुड़े लोगों को अच्छे मौके मिलेंगे। किसी को भी अपने काम में दखल न देने दें, क्योंकि कोई भी गलती आपकी ही होगी।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज का दिन खुशी भरा रहेगा। उन चीजों पर फोकस करें जिन्हें आपको बदलने की जरूरत है और उन पर काम करें। कुछ लोग पारिवारिक जिम्मेदारियों के बोझ के कारण परेशान हो सकते हैं। पति-पत्नी को एक-दूसरे का सम्मान बनाए रखना चाहिए। प्यार करने वालों का दिन नॉर्मल रहेगा। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज पैसे का फ़ायदा होने के चांस हैं। रिटेल ट्रेडर्स को अच्छा-ख़ासा फ़ायदा होगा। अपने बिज़नेस प्लान पर फिर से सोचें। जो लोग ऑनलाइन पुरानी कारें बेचने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें सावधान रहना चाहिए। चल रहे प्रोजेक्ट्स पर आपकी मेहनत की तारीफ़ हो सकती है।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके लिए तरक्की का दिन होगा। जो चीज़ें लंबे समय से आपको परेशान कर रही थीं, वे दूर होने लगेंगी। महिलाएं आज घर पर कुछ नया और अच्छा बनाने की कोशिश करेंगी। अपने पार्टनर के लिए कुछ समय निकालें। आज आपका लकी नंबर 1 है। आज आपको पैसे का फ़ायदा हो सकता है। फूलों के बिज़नेस से जुड़े लोगों के लिए यह एक अच्छा दिन है। आपकी पॉज़िटिव सोच आपके भविष्य को बनाने में मदद करेगी। ऑफ़िस में किसी काम के लिए आपकी तारीफ़ हो सकती है।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज का दिन आपके लिए खास रहेगा। दूसरों का नज़रिया समझने की कोशिश करें। अपना व्यवहार सुधारने की कोशिश करें। शादीशुदा लोगों की घरेलू ज़िंदगी आज काफ़ी अच्छी रहेगी। शादी के लायक लोगों को आज बेहतर मौके मिल सकते हैं। सिंगल्स आज अकेले रहने का मज़ा लेंगे। आपका लकी रंग गुलाबी है। आपका लकी नंबर 7 है। आज फाइनेंशियल मामलों पर असर पड़ सकता है। प्रॉपर्टी के मामले में आज का दिन आपके लिए बहुत अच्छा रहेगा; इंतज़ार करें। नया बिज़नेस शुरू करने के लिए यह बहुत अच्छा समय है। अगर आप आज जल्दी घर जाने का प्लान बना रहे हैं, तो ऑफिस की परेशानियों से बचें। आज आपको किसी कॉम्पिटिटिव एग्जाम से जुड़े अच्छे रिजल्ट मिल सकते हैं।



कृपया ध्यान दें👉 Disclaimer: 👇

           यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। News Update Jharkhand प्रसारित राशिफलों की पुष्टि नहीं करता है। किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

           🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷