सोमवार, 27 जुलाई 2020

सांसद प्रतिनीधि ने किया 100 केवीए के ट्रांसफर्मर का उदघाटन

सांसद प्रतिनीधि ने किया 100 केवीए के ट्रांसफर्मर का उदघाटन
बगोदर/ गिरिडीह :  ,कोडरमा संसदीय क्षेत्र के बगोदर प्रखण्ड सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार ने सोमवार को औंरा पंचायत के टांड में 100 केवीए के ट्रांसफार्मर का विधिवत उद्घाटन किया। 

बता दे कि बगोदर प्रखंड के औरा स्थित टांड  में 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा था लेकिन अत्यधिक लौड़ होने के कारण बार बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या उत्पन्न होती रहती थी। जिससे वहाँ के लोग परेशन हो गए। स्थानीय लोगों ने इस समस्या से सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार को अवगत कराया। 

दुर्गेश कुमार ने पहल करते हुए विधुत विभाग के अधिकारीयों से बात कर 100 केवीए का ट्रांसफार्मर दिलवाया। जिसका उद्धाटन सांसद प्रतिनिधि दुर्गेश कुमार ने सोमवार को फीता काटकर व नारियल फोड़कर किया। जिससे ग्रामीणों में ख़ुशी का माहौल देखा गया। मौके पर जितेंद्र कुमार, जितेंद्र साव, विक्की कुमार, नन्दकिशोर महतो, अमित कुमार, नागेश्वर महतो, तपेस्वर महतो आदि उपस्थित थे।

वज्रपात से पाँच मवेशियों की हुई मौत, बाल बाल बचा चरवाहा

वज्रपात से पाँच मवेशियों की हुई मौत, बाल बाल बचा चरवाहा

बगोदर/गिरिडीह :  बगोदर प्रखण्ड के चौधरी बाँध पंचायत अंतर्गत मुन्डरो गाँव में अकाशीय बिजली गिरने से पाँच मवेशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि इस दौरान चरवाहा बाल बाल बच गया। 
सोमवार को निलकंठ यादव अपने मवेशी को चराने के लिए गाँव के बगल के टांड में ले गया था। सभी मवेशी चर रहे थे तभी अचानक जोरदार बारिश शुरू हो गयी मवेशी और चरवाहा जैसे तैसे खुद को बारिश से बचा रहे थे। इसी बीच आकाश से बिजली धरती पर आ गिरी। जिसकी चपेट में दो गाय, एक बछड़ा और दो बकरी आ गयी। उन पांचों मवेशियो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि चरवाहा जो बगल में ही वर्षा से बच रहा था। वह इस घटना से बाल बाल बच गया।

बैंक ऑफ इंडिया के धनवार ब्रांच को किया गया सींल, बैंक के लिपिक की हुई कोरोना से मौत

बैंक ऑफ इंडिया के धनवार ब्रांच को किया गया सींल, बैंक के लिपिक की हुई कोरोना से मौत
गिरिडीह : जिले के राजधनवार प्रखण्ड स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ब्रांच को अगले आदेश तक के लिये सींल कर दिया गया है। वंही बैंक परिसर में दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू किया गया है जो गुरुवार मध्य रात्रि तक लागू रहेगा। खोरीमहुआ अनुमंडल के एसडीएम धीरेंद्र कुमार सिंह ने एक आदेश पत्र जारी कर बैंक ऑफ इंडिया के राजधनवार ब्रांच को सोमवार को सींल कर दिया है।

एसडीएम श्री सिंह ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया राजधनवार ब्रांच के मैनेजर ने यह सूचना दिया कि ब्रांच में कार्यरत एक क्लर्क की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है तथा एक अन्य महिला कर्मी संक्रमित है जिसका इलाज रांची के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। ब्रांच के अन्य कर्मियों की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। यधपि क्लर्क के मृत्यु एक सप्ताह पूर्व ही हो चुकी है। लेकिन उसका रिपोर्ट अब आया है जिसमे उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की गई है।

एसडीएम द्वारा संक्रमण की रोकथाम के उद्देश्य से बैंक को कंटेंटमेंट जॉन और धनवार बाजार, मायाराम टोला, बुधवाडीह, पांडेयडीह, रोपामहुआ, पचरुखी एवं बरजो को बफर जॉन के रूप में चिन्हित कर संक्रमण के फैलाव को रोकने हेतु एहतियातन बैंक को अगले आदेश तक के लिए सील कर दिया है। कंटेंटमेंट जॉन के रूप में चिन्हित किया गया है।

एसडीएम श्री सिंह के अनुसार सरकार द्वारा निर्गत एसओपी के आलोक में स्थिति सामान्य होने पर अग्रणी बैंक प्रबंधक गिरिडीह के अनुशंसा पर पुनः बैंक खोलने की कार्रवाई की जाएगी।

मिसाईल मैन की पुण्यतिथि व तुलसी जयंती पर किया गया पौधारोपण

मिसाईल मैन की पुण्यतिथि व तुलसी जयंती पर किया गया पौधारोपण
 जमुआ/गिरीडीह  : प्रखंड के पोबी सचिवालय परिसर में सोमवार को पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि व रामचरित मानस के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जयंती मनाई गई। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दोनों के तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। दोनों कालजयी महापुरुषों के नाम पर सचिवालय परिसर में सैकड़ों छायादार व फ़लदार वृक्षों का पौधारोपण किया गया।

मुखिया नकुल कुमार पासवान की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला और उनके बताये मार्ग पर चलने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित पंसस प्रतिनिधि मो शाहिद अंसारी, सुरेश दास, पंचायत सचिव सत्यनारायण यादव, पंचायत स्वयंसेवक दिलीप कुमार राम, वार्ड सदस्य मो इफ्तेखार आलम, दिलीप पासवान, कृषक मित्र छोटन कुमार सिंह, समाजसेवी बासुदेव यादव, सहदेव यादव, विवेकानंद प्रसाद धीरज, पवन गोस्वामी, सुरेश विश्वकर्मा, राजा कुमार राम समेत  अन्य के हाथों पौधारोपण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

तुलसीजयंती पर सस्वर सुंदरकांड का पाठ व रुद्राभिषेक का हुआ एसएसवीएम में आयोजन

तुलसीजयंती पर सस्वर सुंदरकांड का पाठ व रुद्राभिषेक का हुआ आयोजन


गिरिडीह : सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को संत शिरोमणि तुलसीदास जी की जयंती मनाई गई। प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा ने तुलसीदास जी के समक्ष दीप जलाकर एवं पुष्पार्चन कर कार्यक्रम को प्रारंभ किया। इस अवसर पर आचार्य परिवार द्वारा सस्वर सुंदरकांड का पाठ किया गया एवं स्वास्थ्य एवं सुख की मंगल कामना के लिए रुद्राभिषेक किया गया।

प्रधानाचार्य ने कहा कि तुलसीकृत रामचरितमानस सभी हिंदू घरों का धरोहर है। इसका नियमित पाठ करने से सकल दोष एवं दुःख का निवारण होता है। तुलसीदास द्रष्टा, पथ प्रदर्शक, कवि एवं परम संत थे। पत्नी की एक फटकार से प्रेरित होकर उन्होंने संत मार्ग को अपनाया। उनकी 12 रचनाओं में रामचरितमानस सर्वश्रेष्ठ है। उन्होंने राम भक्ति द्वारा न केवल अपना ही जीवन कृतार्थ किया वरन सभी को श्री राम के आदर्शों से बांधने का प्रयास किया। हम रामचरितमानस से प्रेरणा लेकर आदर्श राज्य एवं राष्ट्र की स्थापना कर सकते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सतीश मिश्रा, अवधेश कुमार पाठक, राजेंद्र लाल बरनवाल,  अजीत मिश्रा, अरविंद त्रिवेदी, मनीष पाठक, बिपिन सहाय, पृथा सिन्हा, सविता पांडे, अनिता मिश्रा, हरिशंकर तिवारी आदि का योगदान सराहनीय रहा ।

सरिया : अनियंत्रित ट्रक ने लिया बाइक सवार को चपेट में, हुई मौत

अनियंत्रित ट्रक ने लिया बाइक सवार को चपेट में, हुई मौत
सरिया/गिरिडीह  : एक अनियंत्रित ट्रक ने एक बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया जिससे बाइक सवार की मौत हो गयी। घटना जिले के सरिया थाना क्षेत्र के नावाडीह स्थित राजदाह धाम चौक की बतायी जाती है।  

रविवार की रात लगभग दस बजे नावाडीह राजदाह मोड़ के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने नीमाटांड़ से सरिया जा रहे  सबलपुर ग्राम निवासी कार्तिक रवानी का 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार को पीछे से धक्का मार दिया।  जिससे उसकी मौत हो गयी।

घटना के बाद ट्रक चालक घटना स्थल से फरार होने में सफल रहा। इस बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची सरिया थाना की पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गई। वंही घटना की सूचना पर पूर्व विधायक नागेंद्र महतो थाना पहुंचे और घटना पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त किया। वंही थाना परिसर में मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। पूर्व विधायक ने उन्हें सांत्वना देते हुये उनका ढाढस बंधाया। 

पूर्व विधायक श्री महतो ने दूरभाष पर सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिन्हा से भी बात किया और शीघ्र पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। 
सोमवार की सुबह सरिया पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। 

गिरिडीह के जाने माने कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन का निधन

कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन का निधन


गिरिडीह : गिरिडीह के जाने माने कांग्रेसी नेता कांग्रेस पार्टी के प्रदेश कार्यकार्यकरिणी समिति के सदस्य  नरेंद्र सिन्हा उर्फ छोटन का सोमवार सुबह रांची के रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गयी। बताया जाता है कि बीते रात अचानक उनकी तबियत बिगड़ गयी थी। परिवार वालों ने उन्हें रांची के रिम्स में इलाज हेतु भर्ती कराया। जंहा सोमवार के अहले सुबह इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मूलतः गिरिडीह के बक्सीडीह गांव के रहने वाले नरेंद्र सिन्हा सम्प्रति बरमसिया में अपने परिवार के साथ रहते थे। इनके पिता स्वO नंद किशोर प्रसाद गिरिडीह के नामचीन अधिवक्ता थे। महज 45 वर्षीय तेज तर्रार, हरदिल अजीज, गिरिडीह कायस्थ समाज के एक स्तम्भ के रुप मे समाजहित में काम करने वाले छोटन सिन्हा अपने पीछे मां,पत्नी बच्चे समेत दो बड़े और एक छोटे भाई का रोता बिलखता परिवार छोड़ गए हैं।

उनके निधन की खबर ज्योंहि गिरिडीह पहुंची सभी लोग स्तब्ध रह गए। उनके घर सुबह से ही परिवार और समाज से जुड़े लोगों, नाते रिश्तेदारों, उनके चाहने वालों, हितैषियों व शुभचिंतकों के साथ साथ कांग्रेस पार्टी समेत अन्य राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों का तांता लग गया। सभी गहरी शोक संवेदना प्रकट करते हुये ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करते दिखे।

इस बीच पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर रांची से गिरिडीह के लिये रवाना हो चुका है। उनके साथ उनके बड़े भाई अधिवक्ता सह कांग्रेस पार्टी के नेता अजय सिन्हा मंटू और उनके पुत्र आयुष सिन्हा भी है।