बुधवार, 2 जुलाई 2025

डोभा में डूबने से एक पांच वर्षीय मासूम की गयी जान, परिजनों का रो रो कर हुआ बुरा हाल

गिरिडीह (Giridih)। जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बलिया पंचायत के मदनगुंडी गांव में एक पांच वर्षीय मासूम की डोभा में डूबने से मौत हो गयी। मृतक 5 वर्षीय मासूम आर्यन अंसारी गांव के मुस्तकीम अंसारी का इकलौता पुत्र था।


घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को आर्यन अपने दोस्तों के साथ डोभा में नहाने गया था। नहाने के क्रम में उसका पैर फिसल गया। जिसर वह गहरे पानी में समा गया और डूबने लगा। आर्यन को डूबता देख सभी बच्चे डर कर अपने घर भाग आये और अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। खबर सुन सभी बच्चों के परिजन तुरन्त डोभा के समीप पहुंचे और डोभा में डूब कर आर्यन की तलाश करने लगे। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आर्यन को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


आर्यन की मौत की खबर पूरे गांव में फैल गयी। काफी संख्या में ग्रामीण महिला पुरुष व बच्चे घटना स्थल पर जूट गये। वहीं आर्यन का शव देख उसके परिजनों की दहाड़ से पूरे गांव में मातम पसर गया। बता दें कि आर्यन अपने माता पिता के तीन संतानों में इकलौता पुत्र था।


वहीं घटना की सूचना मिलते हीं भरकट्टा ओपी प्रभारी अमन कुमार सदल-बल गांव पहुंचे और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा दिया। इस दौरान परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था।


टाउन थाना में हुई शांति समिति की बैठक, लोगों से की गई सौहार्दपूर्ण वातावरण मुहर्रम मनाने की अपील

गिरिडीह(Giridih)। मुहर्रम पर्व को लेकर बुधवार को नगर थाना में डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, बीडीओ गणेश रजक, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, ट्रेफिक इंस्पेक्टर मुख्य रूप से मौजूद थे।


बैठक के दौरान डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हर छोटी बड़ी गतिविधियों पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर है और रहेगी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के अमनपसंद लोग जिस प्रकार से सभी पर्व त्यौहार आपसी भाईचारा के साथ मनाते रहे हैं, उसी प्रकार मुहर्रम का पर्व भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ। बैठक के दौरान उन्होंने मुहर्रम अखाड़ा समिति को राज्य सरकारी द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए अखाड़ा के दौरान निकलने वाली ताजिया व झंडे की ऊंचाई सीमित रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जुलुस के दौरान आग के खेल पर भी रोक रहने और डीजी का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रहने की बाते कही।

उन्होंने शहर वासियों से किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि यदि वैसी कोई भ्रामक खबर, जिससे आपसी सौहार्द का माहौल बिगड़ सकता है तो उसकी तुरन्त सूचना पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर वैसी कोई आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की अपील किया। जिससे माहौल खराब हो। कहा की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर पुलिस टीम विशेष व पैनी नजर रहेगी।


मौके पर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने भी शहरवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। कहा कि हर त्योहार का अपना अलग महत्व होता है। इसलिये हमें सभी के मान और प्रतिष्ठा का ध्यान रखते हुए आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। ताकि किसी भी भावना को कोई ठेस नहीं पहुंचे।

बैठक में कई पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न अखाड़ा आयोजन समिति के साथ काफी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।


महिला व बच्चे को बंधक बना साढ़े तीन रुपये मूल्य के जेवरात नगदी और कीमती बर्तन ले भागे अपराधी

गिरिडीह(Giridih)। हथियार का भय दिखा घर की महिला और बच्चे को बंधक बना अपराधियों ने लाखों की लूट की घटना को अंजाम दिया है। मामला गिरिडीह जिले के गांडेय प्रखण्ड क्षेत्र के ताराटांड़ थाना क्षेत्र के केनारी गांव की है।  


अपराधियों ने मंगलवार की देर रात परिवार की महिला व बच्चे को बंधक बना कर घर मे रखे सोना व चांदी के गहने, कांसा व पीतल के कीमती बर्तन के साथ नगदी समेत कुल 3 लाख 50 हजार रुपए की लूट की घटना को अंजाम दिया।


घटना के सम्बन्ध में गृह स्वामी ने बताया कि वह महदेइया गांव स्थित अपनी मौसी के घर पुजा में शामिल होने गए थे।  घर मे उनकी पत्नी व बच्चे थे। इसी दौरान देर रात पांच की संख्या में अपराधी उनके घर के सीढी दरवाजा के कुंडी के जगह दिवाल तोडकर घर में घुस आये और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया। वहीं पीड़िता लक्ष्मी कुमारी ने बताया कि पांच की संख्या में अपराधी हरवे हथियार से लैश हो रात्रि लगभग 12:30 बजे घर मे दाखिल हुए और उन्हें तथा उनके पुत्र को अपने कब्जे में लिया। फिर पूरे घर को खँगालने लगे और आलमारी को तोड़ उसमे रखे जेवरात व नगदी तथा एक बड़ा ट्रंक को तोड़ उसमे रखे सभी कांसा व पीतल का सामान निकाल लिया। इस दौरान अपराधियों ने उन्हें तथा उनके पुत्र शोर मचाने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पीड़िता ने बताया कि अपराधियों ने सभी सामान लेकर छत के रास्ते से ही वापस भाग गये।


कहा कि घटना के बाद उन्होंने घटना की सूचना तराटांड़ थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही देर रात लगभग 2 बजे पुलिस घटनास्थल पहुंची और पूरी घटनाक्रम से अवगत हो जांच पड़ताल में जुट गई है। इधर, घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।


डुमरी में डायरिया का भीषण प्रकोप, आक्रांत हैं एक ही गांव के 40-50 लोग, तीन गम्भीर

गिरिडीह(Giridih)। जिले के डुमरी प्रखंड में बरसात का मौसम शुरू होते ही डायरिया रोग ने अपना फन फैला लिया है। जिसके आगोश में प्रखण्ड का कुशमाकुरा गाँव पूरी तरह समा गया है। गांव के लगभग 40- 50 की संख्या में ग्रामीण इस रोग की चपेट में हैं। जिनमें 3 की हालत काफी गंभीर बताई गयी है। जिन्हें गिरिडीह सदर में भर्ती कराया गया है।


स्थानीय ग्रामीणों की माने तो पूरे गांव में डायरिया विकराल रूप धारण कर लिया है। एक पूरे मोहल्ले में अचानक डायरिया फैल जाने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया है।


ग्रामीणों ने बताया कि जिन तीन लोगों की स्थिति गम्भीर है उन्हें मंगलवार शाम से ही उल्टी और दस्त की शिकायत शुरू हुई। प्राथमिक स्तर पर उनका इलाज कराने के बाद भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। बुधवार सुबह तक उनकी हालात और बिगड़ गयी। आनन-फानन में गंभीर रूप से बीमार तीनों मरीजों को गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहाँ उनका इलाज चल रहा है। 


सीएसपी संचालक से हथियार के बल पर साढ़े तीन लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह(Giridih)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम अज्ञात अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक से साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिये। इस दौरान अपराधियों ने सीएसपी संचालक के साथ मारपीट भी किया, जिससे सीएसपी संचालक घायल है। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विनय कुमार यादव सदल-बल घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।


जानकारी के अनुसार धरगुल्ली पंचायत सचिवालय में कार्यरत सीएसपी संचालक संतोष कुमार अटका स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा से रुपये निकाल मंगलवार की शाम बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मुंडरो-धरगुल्ली ग्रामीण सड़क पर दो अज्ञात अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और हथियार के बल पर उनके साथ मारपीट कर उनकी मोबाइल फोन और बाइक की चाभी और रुपयों से भरा बैग छीन लिया। लूट की घटना को अंजाम दे अपराधी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद उस सड़क से गुजर रहे ग्रामीणों राहगीरों ने जब सीएसपी संचालक को घायलावस्था में देखा तो उन्हें उठाकर उनके घर पहुंचाया।


थाना प्रभारी विनय कुमार यादव घायल सीएसपी संचालक से मुलाकात की। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के उपरांत बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। कहा कि सीएसपी संचालक ने इतनी बड़ी राशि लेकर निकलने से पूर्व पुलिस को कोई सूचना नहीं दी थी। जबकि सभी सीएसपी संचालकों को पहले से निर्देशित किया गया है कि अधिक नकदी ले जाते समय पुलिस को सूचित करें ताकि उन्हें सुरक्षा दी जा सके। उन्होंने कहा कि हालांकि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जायेगा।


गिरिडीह के बेंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, कार के उड़े परखच्चे, हादसे में तीन की मौत, दो गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह- देवघर मुख्य पथ पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दामोदरडीह के समीप मंगलवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि 2 महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गयी। मृतकों की पहचान जंगरीडीह निवासी लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी के रूप में हुई है।


कैसे हुई घटना

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नवडीहा ओपी क्षेत्र के जंगरीडीह गांव से एक ही परिवार के तीन युवक और दो महिलाएं स्विफ्ट कार से आषाढ़ी पूजा करने अपने रिश्तेदार के घर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर गांव गये थे। पुजा उपरांत देर रात सभी खाना खाकर कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामोदरडीह के समीप मधुपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्विफ्ट कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और कार में सवार जंगरीडीह निवासी तीन लोगों लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि घटना में कार में  सवार दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी।



सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 महिलाओं का इलाज चल रहा है।

ट्रक छोड़  फरार हुआ चालक

इधर घटना के बाद ट्रक चालक फिटकोरिया स्थित एक पेट्रोल पंप में ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल में मची चीख पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों परिजनों की भीड़ अस्पताल में उमड़ पड़ी। चीख-पुकार और चित्कार से सदर अस्पताल परिसर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया था। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।



आज 02 जुलाई ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 02: 07 :: 2025, बुधवार

02 जुलाई 2025 : आज आषाढ़ शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि और बुधवार दिन है। सप्तमी तिथि दोपहर 11 बजकर 59 मिनट तक रहेगी। उसके बाद अष्टमी तिथि लग जायेगी। शाम 5 बजकर 47 मिनट तक वरीयान योग रहेगा। साथ ही सुबह 11 बजकर 8 मिनट तक उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र रहेगा, उसके बाद हस्त नक्षत्र लग जायेगा।

आज बुधवार है जो बुद्धि, व्यापार और वाणी के कारक ग्रह मंगल से शुरू होता है। जीवन में सकारात्मकता लाने, बुद्धि का आशीर्वाद पाने और सुख समृद्धि की प्राप्ति के लिए बुधवार के स्वामी गणेश जी की पूजा अर्चना कर सकते हैं। जीवन की सभी बाधाएं दूर होंगी और कार्य सफल होंगे। आज तिथि के सनुसार सामान्य उपासना, ध्यान, और बुद्ध ग्रह की शांति के लिए बुधवार व्रत रखा जा सकता है। बुधवार को गणेश जी की पूजा शुभ मानी जाती है। हरे वस्त्र पहनकर पूजा करें और मूंग दाल का दान करें। बुध ग्रह को बल देने के लिए “ॐ बुं बुधाय नमः” मंत्र का जाप करें। व्यापार या वाणी से जुड़े लोगों के लिए दिन सामान्य से थोड़ा बेहतर रहेगा।

आज सप्तमी तिथि है, जो धार्मिक दृष्टि से एक साधना और संयम का दिन मानी जाती है। आज कई ज्योतिषीय योगों और नक्षत्रों के संयोग के साथ दिन की शुरुआत होगी, वहीं दोपहर बाद अष्टमी तिथि का आगमन होगा।



आज का पंचांग: 02 जुलाई 2025, दिन : बुधवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       

 शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  शुक्ल पक्ष         सूर्योदय : 05: 27 AM, सूर्यास्त : 07: 23 PM    तिथि : सप्तमी 11:59 AM तक उपरांत अष्टमी

नक्षत्र : उत्तर फाल्गुनी 11:07 AM तक उपरांत हस्त

राहुकाल : 12:25 PM से 02:10 PM  तक

चन्द्रमा : कन्या राशि पर संचार करेगा                    

व्रत/त्यौहार : बुधवार व्रत, बुधाष्टमी व्रत, भगवान गणेश पुजन दिवस



आज :: 02 :: 07 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): मेष राशि वालों के लिए दिन मध्यम रहेगा लेकिन कार्यक्षेत्र में सतर्क रहने की जरूरत है। किसी सहयोगी या कर्मचारी की लापरवाही से वित्तीय नुकसान हो सकता है। लेन-देन में चूक से बचें। यदि आप व्यवसाय में हैं तो किसी पुराने क्लाइंट से डील रिन्यू हो सकती है। निवेश के लिए अभी रुकना बेहतर है। यदि कोई नई नौकरी की तलाश कर रहे हैं, तो दोपहर बाद अच्छा अवसर मिल सकता है। शाम को गाड़ी या मशीनरी से जुड़ा कोई खर्च संभव है। आपको ऑफिस के मामले में च्‍छा प्रदर्शन करने की उम्‍मीद है और लाभ के योग बन रहे हैं। आज आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहने वाली है। भाई-बहनों की मदद से आज आपको धन लाभ होगा। जीवनसाथी का साथ मिलेगा। अपनों के सहयोग से कारोबार में गति आ सकती है। कार्यस्थल पर सीनियर्स आपके काम की तारीफ करेंगे। लकी कलर: पीला,  लकी नंबर: 1


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : वृषभ राशि के लोगों का दिन भाग्‍यशाली है। नौकरी या व्यवसाय में लंबे समय से रुका हुआ कार्य गति पकड़ सकता है। किसी प्रभावशाली व्यक्ति का सहयोग आपको सरकारी या प्रशासनिक लाभ दिला सकता है। आय के नए स्रोत सामने आ सकते हैं, खासकर डिजिटल माध्यमों से। हालांकि, कार्य का बोझ स्वास्थ्य पर असर डाल सकता है, इसलिए मानसिक तनाव से बचें। निवेश के लिए रियल एस्टेट से जुड़े विकल्पों को ध्यान से जांचें। कम जोखिम वाली योजनाओं में पैसा लगाना बेहतर रहेगा। आपके लिए धन लाभ के योग हैं। आज आप अपने माता-पिता को गर्व महसूस करा सकते हैं। नौकरी पेशा करने वालों को नौकरी में उन्नति मिल सकती है। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। व्यावसायिक लाभ के संकेत हैं। गुस्से पर काबू रखें और भावुकता पर भी कंट्रोल रखें। लकी कलर: सफेद,  लकी नंबर: 6


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : मिथुन राशि वालों की किस्‍मत साथ दे रही है। ग्रहों की शुभ दशा से आपको बड़ा लाभ होने की उम्‍मीद है। आपका आत्मविश्वास मजबूत होगा और मान सम्‍मान में वृद्धि के योग हैं। रहेगा, जिससे आप निर्णय लेने में सफल होंगे। आज आपको व्यापार में कोई बड़ा भुगतान मिल सकता है या रुका हुआ पैसा वापस आने की उम्मीद है। नई साझेदारी या जॉब ऑफर मिल सकता है, लेकिन दस्तावेज सावधानी से जांचें। आयात-निर्यात, मीडिया, टेक्नॉलजी और शिक्षा से जुड़े लोगों को अच्छा लाभ होगा। दीर्घकालिक निवेश के लिए यह समय उपयुक्त है। आज आपकी सेहत अच्छी रहने वाली है। किसी खास व्यक्ति से मुलाकात होने से मन प्रसन्न रहेगा। किसी जरूरतमंद व्यक्ति को अपना पैसा उधार देकर आप राहत महसूस करेंगे। विदेशी व्यापार से जुड़े लोगों को आज मनचाहा परिणाम मिलने की उम्मीद है। नौकरीपेशा जातक आज कार्यस्थल पर अपनी प्रतिभा का भरपूर उपयोग कर सकते हैं। लकी कलर: हरा, लकी नंबर: 5


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)) : कर्क राशि के लोगों का दिन लाभ और तरक्‍की से भरा होगा। व्यापारियों को किसी सरकारी परियोजना या सरकारी विभाग से नया ऑर्डर मिलने की संभावना है। दिन की शुरुआत कुछ उलझनों के साथ होगी, लेकिन दोपहर के बाद से आय के अवसर बनने लगेंगे। आपका कोई पुराना निवेश लाभ देगा। पारिवारिक खर्च बढ़ सकते हैं, परंतु आय का प्रवाह संतुलित रहेगा। विद्यार्थी या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे जातकों को सफलता के संकेत हैं। शेयर बाजार से जुड़े जातकों को संयम रखना होगा और आपके लिए तरक्‍की के योग हैं। आज आपको मानसिक रूप से शांति मिलेगी। किसी महत्वपूर्ण कार्य में सफलता पा सकते हैं। जीवनसाथी के साथ खास समय बिताने का मौका मिलेगा। व्यापारियों को किसी अपने से खास सलाह मिल सकती है। किसी खास व्यक्ति से कोई सरप्राइज मिल सकता है। लकी कलर: सफेद, लकी नंबर: 2


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : सिंह राशि के लोगों का दिन तरक्‍की से भरा होगा। रोजगार या प्रमोशन की दिशा में शुभ संकेत मिल सकते हैं। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत को सराहा जाएगा। व्यवसायियों को विशेषकर लग्जरी प्रॉडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंस्ट्रक्शन क्षेत्र में लाभ होगा। पुराने डीलर्स या सप्लायर्स से संपर्क करें। आर्थिक विस्तार के लिए अनुकूल समय है। निवेश में जल्दबाज़ी न करें, परंतु जमीन-जायदाद से जुड़ा निर्णय लाभकारी हो सकता है। बॉस या वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात का अवसर न गवाएं। आपके लिए लाभ के योग बने हैं। आज आपको किसी बात को लेकर मानसिक दबाव महसूस हो सकता है। धन को लेकर स्थिति अच्छी रहेगी। जीवनसाथी के साथ मिलकर किसी परेशानी से बाहर आ सकते हैं। यह उन बेहतरीन दिनों में से एक होगा जब आपकी क्रिएटिविटी अपने चरम पर होगी। कारोबार में विस्तार हो सकता है। लकी कलर: गोल्डन, लकी नंबर: 3


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : कन्या राशि के लोगों को लाभ होगा। खर्चों पर नियंत्रण बनाए रखना जरूरी है क्योंकि अनावश्यक वस्तुओं पर व्यय हो सकता है। मार्केटिंग, मेडिकल, कंसल्टेंसी या अकाउंटिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों को अच्छे अवसर मिलेंगे। स्टार्टअप में लगे जातकों को फंडिंग या पार्टनर से सहयोग मिल सकता है। फाइनेंस या इंश्योरेंस में काम कर रहे लोगों को टारगेट पूरा करने का दबाव रहेगा, लेकिन परिणाम सकारात्मक रहेंगे। निवेश की योजना अभी केवल रिसर्च स्तर पर रखें। आपके लिए निवेश नुकसान करवा सकता है। आज आपको निराशा घेर सकती है, इसलिए सकारात्मक लोगों की संगति में रहें। कार्यस्थल पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। दोस्तों के साथ अच्छा समय बिताएंगे। अविवाहित जातकों के लिए विवाह प्रस्ताव आ सकते हैं। शादीशुदा लोग आज आप अपने जीवन का सबसे अच्छा समय अपने जीवनसाथी के साथ बिताएंगे। आर्थिक रूप से दिन अच्छा रहने वाला है। लकी कलर: नीला, लकी नंबर: 4


तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : तुला राशि के लोगों का दिन भाग्‍य से भरपूर होगा। राजनीतिक व प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े जातकों को मान-सम्मान मिलेगा। नई नौकरी के इच्छुक लोगों को इंटरव्यू कॉल आ सकती है। व्यवसाय में किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से बड़ी डील फाइनल हो सकती है। आय में वृद्धि होगी, लेकिन बड़े निवेश को कुछ दिन स्थगित करना बेहतर रहेगा। बैंक या सरकारी कामों से जुड़ा रुका हुआ पैसा मिल सकता है। नया प्रॉजेक्ट शुरू करने से पहले कानूनी कागजातों की जांच जरूर करें। आपके मान सम्‍मान में वृद्धि के योग हैं। आज कार्यस्थल पर सीनियर्स आपके काम की तारीफ करेंगे। अगर आप पैसों से जुड़े किसी मामले में फंसे थे तो आज कोर्ट आपके पक्ष में फैसला सुना सकता है। आपको आर्थिक लाभ होगा। पार्टनरशिप में किए गए व्यापार में लाभ के संकेत हैं। आज आप अपने जीवनसाथी को गलत समझ सकते हैं, जिसके कारण आप पूरे दिन परेशान रह सकते हैं। लकी कलर: गुलाबी, लकी नंबर: 7


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : वृश्चिक राशि के लोगों को धन संबंधी मामलों में सावधानी से काम करने की सलाह है। व्यवसायिक निर्णयों में जल्दबाजी नुकसानदायक हो सकती है। कार्यक्षेत्र में किसी से विवाद हो सकता है, जो आर्थिक रूप से उलझा सकता है। हालांकि, शाम के बाद कोई खुशखबरी मिलेगी। कोई पुरानी डील क्लोज हो सकती है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए अनुकूल समय है। फिजूलखर्ची बाद में पछतावा दे सकती है, विशेषकर गैजेट्स या महंगी वस्तुओं पर। अपने मूल व्यवसाय पर फोकस करें। आज आपको कोई महत्वपूर्ण फैसला लेने से बचना चाहिए। आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। पर, मन परेशान हो सकता है। धैर्यशीलता बनाए रखें। शैक्षिक कार्यों में सफल रहेंगे। सेहत का ध्यान रखें। पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी। आज कार्यस्थल पर आपकी मुलाकात किसी प्रभावशाली व्यक्ति से हो सकती है। लकी कलर: लाल,  लकी नंबर: 9


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : धनु राशि के लोगों का भाग्‍य साथ दे रहा है। दिन की शुरुआत लाभकारी होगी, विशेष रूप से यदि आप टूरिज्म, शिक्षा या आयात-निर्यात व्यवसाय से जुड़े हैं। कोई पुराना कर्ज चुकता हो सकता है या कर्ज मिलने की संभावना है। कार्यस्थल पर प्रमोशन या कार्यभार वृद्धि की चर्चा संभव है। धन संचय की अच्छी योजनाएं बनेंगी। दोपहर बाद कुछ असमंजस की स्थिति बन सकती है, लेकिन निर्णय अपने अनुभव से लें। व्यापार में विस्तार की योजना पर काम शुरू कर सकते हैं। आपकी योजनाएं सफल होंगी और आपको धन सम्‍मान का लाभ होगा। आज जीवनसाथी के साथ अच्छी व शांत शाम बिता सकते हैं। किसी शुभ समाचार की प्राप्ति से मन प्रसन्न रहेगा। कार्यस्थल पर आप अपने लक्ष्यों को पाने में सफल रहेंगे। रिश्तों में सुधार होगा। धन संबंधी परेशानियां दूर होंगी। नौकरी में बदलाव का मन बना रहे हैं, तो अच्छे प्रस्ताव मिल सकते हैं। लकी कलर: पीला, लकी नंबर: 8


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी) : मकर राशि के लोगों को लाभ होगा और आपको सरकारी संपर्क से लाभ मिलेगा। यदि आप टेंडर, ठेकेदारी या कंसल्टेंसी के क्षेत्र में हैं, तो विशेष सफलता मिल सकती है। नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो दोपहर के बाद कोई कॉल आ सकती है। निवेश से जुड़े निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञ की राय अवश्य लें। आप किसी पुराने संपर्क से दोबारा जुड़ सकते हैं, जो फायदेमंद रहेगा। मार्केटिंग, विज्ञापन और इंजीनियरिंग से जुड़े जातकों को लाभ मिल सकता है। आपको भाग्‍य का साथ मिलेगा और रुकी योजनाएं पूर्ण होंगी। आज आपको लंबी दूरी की यात्रा से बचना चाहिए और अपने गुस्से पर काबू रखना चाहिए। बच्चों की सेहत पर नजर रखें। ऑफिस में सभी के साथ अच्छा व्यवहार करें, वरना सीनियर्स नाराज हो सकते हैं। धन संबंधी चुनौतियां आएंगी लेकिन आप उन्हें हल करने में सक्षम रहेंगे। लकी कलर: भूरा, लकी नंबर: 10


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): कुंभ राशि के लोगों का दिन लाभ और तरक्‍की से भरा होगा। नई नौकरी की तलाश सफल हो सकती है, विशेषकर तकनीकी, मीडिया या बैंकिंग क्षेत्र के लोगों के लिए। फ्रीलांसर या कंसल्टेंट्स के लिए नए क्लाइंट मिलने के योग हैं। चंद्रमा का प्रभाव आपके काम में गंभीरता और परिपक्वता लाएगा। लेन-देन के मामलों में सचेत रहें। कोई झूठा वादा हो सकता है। निवेश के मामले में किसी करीबी की सलाह मददगार साबित होगी। सायंकाल के बाद आर्थिक स्थिति में सुधार दिखाई देगा। आपको धन सम्‍मान के मामले में लाभ होगा। कोई बड़ा ऑफर आपको मिल सकता है। आज आप मानसिक परेशानियों से बाहर आने में सफल रहेंगे। आज लाभ मिलने की प्रबल संभावना है। घरेलू मामलों को निपटाने के लिए अच्छा दिन है। आज आपका मन प्रसन्न तो रहेगा। पर, धैर्यशीलता बनाए रखें। जीवन साथी की सेहत का ध्यान रखें। माता का साथ मिलेगा। संतान की ओर से सुखद समाचार मिल सकता है। लकी कलर: बैंगनी, लकी नंबर: 11


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): मीन राशि के लोगों के लिए तरक्‍की के योग हैं। नौकरी या व्यापार से जुड़ा कोई बड़ा ऑफर मिल सकता है, जो आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूती देगा। जो लोग कला, संगीत, फैशन या सोशल मीडिया से जुड़े हैं, उन्हें प्रसिद्धि और पैसा दोनों मिल सकता है। निवेश की दृष्टि से दिन मध्यम है और आपकी लंबी अवधि की योजनाएं बेहतर रहेंगी। पारिवारिक व्यय थोड़ा बढ़ेगा लेकिन आवश्यक रहेगा। किसी पुराने ग्राहक से बड़ा ऑर्डर या पेमेंट मिल सकता है। आपको धन सम्‍मान का लाभ होने से मन काफी प्रसन्‍न रहेगा। आज अपने पुराने एक्सरसाइज रूटीन पर बने रहें, शारीरिक रूप से फिट रहेंगे। आर्थिक स्थिति में सुधार होने से आपका मन प्रसन्न रहेगा। कारोबार की स्थिति में सुधार होगा। आज आपके पास अपने जीवनसाथी के साथ बिताने के लिए पर्याप्त समय होगा। लकी कलर: सिल्वर, लकी नंबर: 12


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷