गिरिडीह(Giridih)। मुहर्रम पर्व को लेकर बुधवार को नगर थाना में डीएसपी मुख्यालय नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में नगर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद, बीडीओ गणेश रजक, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, ट्रेफिक इंस्पेक्टर मुख्य रूप से मौजूद थे।
बैठक के दौरान डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने कहा कि मुहर्रम को लेकर जिला पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। हर छोटी बड़ी गतिविधियों पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर है और रहेगी। उन्होंने कहा कि गिरिडीह के अमनपसंद लोग जिस प्रकार से सभी पर्व त्यौहार आपसी भाईचारा के साथ मनाते रहे हैं, उसी प्रकार मुहर्रम का पर्व भी सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएँ। बैठक के दौरान उन्होंने मुहर्रम अखाड़ा समिति को राज्य सरकारी द्वारा जारी दिशा निर्देशों की जानकारी देते हुए अखाड़ा के दौरान निकलने वाली ताजिया व झंडे की ऊंचाई सीमित रखने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जुलुस के दौरान आग के खेल पर भी रोक रहने और डीजी का प्रयोग पूर्णतया प्रतिबंधित रहने की बाते कही।
उन्होंने शहर वासियों से किसी भी प्रकार के अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि यदि वैसी कोई भ्रामक खबर, जिससे आपसी सौहार्द का माहौल बिगड़ सकता है तो उसकी तुरन्त सूचना पुलिस प्रशासन को दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर वैसी कोई आपत्तिजनक पोस्ट नहीं करने की अपील किया। जिससे माहौल खराब हो। कहा की सोशल मीडिया के सभी प्लेटफॉर्म पर पुलिस टीम विशेष व पैनी नजर रहेगी।
मौके पर थाना प्रभारी शैलेश प्रसाद एवं प्रखण्ड विकास पदाधिकारी गणेश रजक ने भी शहरवासियों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। कहा कि हर त्योहार का अपना अलग महत्व होता है। इसलिये हमें सभी के मान और प्रतिष्ठा का ध्यान रखते हुए आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाना चाहिए। ताकि किसी भी भावना को कोई ठेस नहीं पहुंचे।
बैठक में कई पदाधिकारी, शांति समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न अखाड़ा आयोजन समिति के साथ काफी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें