बुधवार, 2 जुलाई 2025

गिरिडीह के बेंगाबाद में भीषण सड़क हादसा, कार के उड़े परखच्चे, हादसे में तीन की मौत, दो गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह- देवघर मुख्य पथ पर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के दामोदरडीह के समीप मंगलवार की देर रात भीषण सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि 2 महिलाएं गम्भीर रूप से घायल हो गयी। मृतकों की पहचान जंगरीडीह निवासी लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी के रूप में हुई है।


कैसे हुई घटना

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार नवडीहा ओपी क्षेत्र के जंगरीडीह गांव से एक ही परिवार के तीन युवक और दो महिलाएं स्विफ्ट कार से आषाढ़ी पूजा करने अपने रिश्तेदार के घर बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर गांव गये थे। पुजा उपरांत देर रात सभी खाना खाकर कार से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामोदरडीह के समीप मधुपुर की ओर जा रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्विफ्ट कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये और कार में सवार जंगरीडीह निवासी तीन लोगों लिलो तुरी, उनके बेटे राजन तुरी और छोटू तुरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि घटना में कार में  सवार दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गयी।



सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी पांचों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल 2 महिलाओं का इलाज चल रहा है।

ट्रक छोड़  फरार हुआ चालक

इधर घटना के बाद ट्रक चालक फिटकोरिया स्थित एक पेट्रोल पंप में ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है।

अस्पताल में मची चीख पुकार

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों परिजनों की भीड़ अस्पताल में उमड़ पड़ी। चीख-पुकार और चित्कार से सदर अस्पताल परिसर का माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया था। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें