मंगलवार, 5 अगस्त 2025

उसरी नदी में तैरता मिला मजदूर नुनूलाल का शव, परिजनों का रो रो कर बुरा हाल

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भलसूमिया गांव निवासी 40 वर्षीय मजदूर नुनूलाल हेम्ब्रम का शव मंगलवार को उसरी नदी में तैरता मिला। सोमवार सुबह शौच जाने के क्रम में नुनूलाल नदी की तेज धार में बह गया था। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की थी, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया था।



मंगलवार दोपहर में आदर्श नगर घाट स्थित कब्रिस्तान के समीप लोगों ने नदी में एक शव को तैरता देखा। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना आसपास को लोगों को दी। खबर सुन काफी संख्या में लोग नदी तट पर पहुंच गए। नदी में लाश मिलने की सूचना पाकर नुनूलाल के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंचे और शव देख दहाड़ मार कर रोने लगे। नुनुलाल के असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल था। वहीं परिजनों के चीत्कार से पूरा इलाका गमगीन हो गया था।


लोगों ने इसकी सूचना मुफ्फसिल थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना की पुलिस सदल बल घटना स्थल पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकलवा उसे पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। 


गुरुजी शिबू सोरेन : बैगन आंदोलन से मुख्यमंत्री तक का सफर

News Update Jharkhand : झारखंड के इतिहास में शिबू सोरेन का नाम एक ऐसे नेता के रूप में दर्ज है, जिन्होंने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और आदिवासी समाज के हक के लिए जंग लड़ी। शिबू सोरेन, जिन्हें प्यार से दिशोम गुरु कहा जाता है, ने अपनी जिंदगी झारखंड के लोगों को समर्पित कर दी। उनकी एक ऐसी कहानी, जो आज भी लोगों के दिलों में आग की तरह जलती है, वह है एक बैंगन के लिए शुरू किया गया आंदोलन। यह घटना उनके साहस और जुल्म के खिलाफ उनकी लड़ाई को दर्शाती है।



एक बैंगन ने जगा दी थी आंदोलन की चिंगारी

बात उस समय की है जब शिबू सोरेन ने देखा कि आदिवासी और गरीब लोग बाजार में सब्जी बेचने के लिए आते थे, लेकिन साहूकार और बिचौलिए उन्हें लूट लेते थे। एक बार एक गरीब आदिवासी महिला को एक बैंगन बेचने के लिए उचित दाम नहीं मिला। यह छोटी सी घटना शिबू सोरेन के लिए बहुत बड़ी थी। उन्होंने इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया और इसके खिलाफ आवाज उठाई। उन्होंने लोगों को इकट्ठा किया और साहूकारों के खिलाफ आंदोलन शुरू कर दिया। यह आंदोलन केवल एक बैंगन के लिए नहीं था, बल्कि यह गरीबों और आदिवासियों के शोषण के खिलाफ एक बड़ा कदम था।


शिबू सोरेन ने इस आंदोलन के जरिए दिखाया कि छोटी-छोटी बातें भी समाज में बदलाव ला सकती हैं। उनकी इस लड़ाई ने झारखंड के लोगों में हक के लिए बोलने की हिम्मत दी। इस आंदोलन ने न केवल स्थानीय स्तर पर असर डाला, बल्कि यह झारखंड आंदोलन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गया, जिसने बाद में अलग राज्य की मांग को और मजबूत किया।


शिबू सोरेन का झारखंड के लिए योगदान

शिबू सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की स्थापना की और आदिवासी हितों के लिए लगातार संघर्ष किया। उनके नेतृत्व में झारखंड अलग राज्य बना, जो उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि थी। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री बने और हमेशा गरीबों और आदिवासियों के हक की बात की। उनकी सादगी और जुझारूपन ने उन्हें जनता का सच्चा नेता बनाया।


क्यों याद किए जाते हैं शिबू सोरेन ?

शिबू सोरेन का बैंगन आंदोलन आज भी एक मिसाल है कि छोटे से मुद्दे को भी अगर सही तरीके से उठाया जाए, तो वह बड़े बदलाव का कारण बन सकता है। उनकी यह कहानी झारखंड के हर उस व्यक्ति को प्रेरित करती है, जो अपने हक के लिए लड़ना चाहता है।



भलसुमिया जंगल मे पेड़ से झूलता मिला छात्र का शव, जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह (Giridih)। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भलसुमीया के जंगल में मंगलवार अहले सुबह फंदे से झूलता एक किशोर का शव मिला है। जंगल मे शव मिलने की खबर जंगल मे लगी आग की तरह पूरे इलाके में फैल गयी। देखते ही देखते काफी संख्या में लोग घटना स्थल पर जुट गए। वहीं सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाने की पुलिस भी सदल बल वहां पहुंची और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।


मृतक किशोर की पहचान बिहार प्रदेश के चकाई निवासी प्रेम प्रमोद मुर्मू के रूप में हुई। बताया गया कि वह पचम्बा थाना क्षेत्र के बोड़ो में अपनी बहन की घर मे रह कर कार्मेल हिंदी मीडियम स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ाई करता था। सूचना पाकर पहुंचे मृतक के भाई ने बताया कि किशोर सोमवार की शाम साइकिल लेकर घर से निकला था। लेकिन देर रात गये तक वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश में जुटे थी। इस बीच उसका शव भलसुमिया जंगल मे पेड़ से लटका मिला।


परिजनों ने आशंका जताया है कि उसने आत्म हत्या नहीं की है बल्कि उसकी हत्या कर उसके शव को जंगल मे पेड़ से फंदे के सहारे लटकाया गया है। वहीं मृतक किशोर की साइकिल घटना स्थल से लगभग 200 गज दूर मुख्य सड़क के किनारे बरामद हुआ है।


बहरहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।



आज 05 अगस्त ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 05: 08 :: 2025, मंगलवार

05 अगस्त 2025 : आज श्रावण शुक्ल पक्ष की उदया तिथि एकादशी और मंगलवार दिन है। एकादशी तिथि आज दोपहर 1 बजकर 13 मिनट तक रहेगी। उसके बाद द्वादशी तिथि लग जायेगी। आज पूरा दिन पूरी रात पार कर के 06 अगस्त की सुबह 7 बजकर 18 मिनट तक वैधृति योग रहेगा। आज सुबह 11 बजकर 22 मिनट तक ज्येष्ठा नक्षत्र रहेगा, उसके बाद मूल नक्षत्र लग जायेगा। आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि आज चतुर्थ मंगला गौरी व्रत है। इसके अलावा श्रावण पुत्रदा एकादशी और दामोदर द्वादशी भी है। साथ ही वार के हिसाब से आज आप मंगलवार का व्रत रख सकते हैं, जो हनुमान जी को समर्पित होता है। संतान की प्राप्ति के लिए ये दिन बेहद पुण्य फलदायी माना गया है। इसके प्रभाव से जीवन में न सिर्फ सुख का आगमन होता है साथ ही मोक्ष के द्वार भी खुल जाते हैं। सावन पुत्रदा एकादशी के दिन- ॐ श्रीं ह्रीं क्लीं ग्लौं देवकीसुत गोविन्द वासुदेव जगत्पते देहि में तनयं कृष्ण त्वामहं शरणं गतः गोपाल मंत्र का 108 बार जाप करें। इससे संतान प्राप्ति के रास्ते सुलभ होते हैं।

आज मंगलवार दिन है। आज भगवान हनुमान और मंगल ग्रह की पूजा करने से जीवन में साहस, ऊर्जा और सफलता की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान हनुमान को सिंदूर, चमेली का तेल और लाल फूल अर्पित करना शुभ माना जाता है। मंगलवार के उपायों में हनुमान चालीसा का पाठ करना, मंगल मंत्रों का जाप करना और भगवान हनुमान की आराधना करना शामिल है। इन उपायों को करने से मंगल ग्रह की स्थिति में सुधार होता है और जीवन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। मंगलवार के दिन विशेष रूप से लाल वस्त्र, मसूर की दाल और गुड़ का दान करना लाभदायक होता है। आज मंगलवार के दिन सूर्य देव कर्क राशि में रहेंगे। वहीं चंद्रमा 11:23 AM तक वृश्चिक राशि में रहेंगे। इसके बाद धनु राशि में गोचर करेंगे। आज अभिजीत मुहूर्त 12:00 PM से 12:54 PM तक रहेगा। इस दिन राहुकाल 03:48 PM से 05:29 PM तक रहेगा।

श्रावण पुत्रदा एकादशी - पुत्रदा एकादशी साल में दो बार आती है, पौष और श्रावण शुक्ल पक्ष की एकादशियों पर। यह एकादशी पुत्र प्राप्ति और पुत्र के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है। हिन्दू धर्म में पुत्र का महत्व इसलिए भी है क्योंकि वह माता-पिता की मृत्यु के बाद उनके लिए आवश्यक संस्कार और श्राद्ध करता है, जिससे उनकी आत्मा को मुक्ति और तृप्ति मिलती है। पौष माह की पुत्रदा एकादशी उत्तर भारत में अधिक महत्वपूर्ण है, जबकि श्रावण माह की पुत्रदा एकादशी अन्य प्रदेशों में अधिक महत्वपूर्ण मानी जाती है। श्रावण पुत्रदा एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा करने से पुत्र प्राप्ति और पुत्र के कल्याण की कामना पूरी होती है। इस दिन भगवान विष्णु को पीले वस्त्र, पीले फूल और तुलसी पत्र अर्पित करना शुभ माना जाता है। श्रावण पुत्रदा एकादशी के उपायों में विष्णु मंत्रों का जाप करना, विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना और भगवान विष्णु की आराधना करना शामिल है। इन उपायों को करने से भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होती है और पुत्र संबंधित समस्याओं का समाधान होता है। इस दिन विशेष रूप से पीले वस्त्र, चने की दाल और फल का दान करना लाभदायक होता है।



आज का पंचांग: 05 अगस्त 2025, दिन : मंगलवार युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082              शक संवत : 1947     ऋतु :  वर्षा मास         :  श्रावण    पक्ष  :  शुक्ल पक्ष                    सूर्योदय : 05: 45 AM, सूर्यास्त : 07: 09 PM    तिथि : एकादशी 01:12 PM तक उपरांत द्वादशी        नक्षत्र : ज्येष्ठा 11:22 AM तक उपरांत मूल              राहुकाल : 03:48 PM से 05:29 PM तक            चन्द्रमा :  वृश्चिक राशि पर 11:23 AM तक उपरांत धनु राशि पर संचार करेगा                                               व्रत/त्यौहार : मंगलवार व्रत, कांवड़ यात्रा जारी, श्रावण मंगला गौरी व्रत, पुत्रदा एकादशी



आज :: 05 :: 08 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज भाग्य आपका साथ देगा। अपने स्वार्थ के लिए किसी बच्चे को दूसरे के खिलाफ भड़काने से बचें। किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति के लिए आपकी सलाह कारगर साबित होगी। आप अपने जीवनसाथी के साथ धार्मिक कार्यों में ध्यान लगाएँगे। प्रेम जीवन में आपके लिए कोई बहुत ही सनसनीखेज खबर आ सकती है। आज रुद्राभिषेक करना आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आपका शुभ अंक 7 है। आज पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतें। अगर आप व्यापारी हैं, तो आज आपके व्यवसाय में कुछ नए बदलाव आएंगे, जिनका आप लाभ उठाएँगे। ऑफिस में किसी मीटिंग के दौरान आपको कोई महत्वपूर्ण भूमिका निभानी पड़ सकती है।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज का दिन आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा। आज आपके सोचने के तरीके में बदलाव आ सकता है। आज आपका जीवनसाथी किसी महत्वपूर्ण काम में आपका साथ देगा। आपका लव पार्टनर आपकी सराहना कर सकता है। आज आपका शुभ रंग सफेद है। आज आपका शुभ अंक 5 है। आज धन को अधिक सोच-समझकर खर्च करने से आपकी आर्थिक स्थिति बेहतर हो सकती है। कुछ लोग आपको ऑफर देने की कोशिश कर सकते हैं, लेकिन बिना जाँच-पड़ताल के कोई कदम न उठाएँ। किसी साइड जॉब से पैसे कमाने का विचार कारगर हो सकता है। आपकी ईमानदारी से की गई मेहनत आपको उम्मीद से ज़्यादा फल देगी। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को आज अपने कार्यक्षेत्र में सावधानी से काम करना होगा।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज आप भावनात्मक रूप से मज़बूत रहेंगे। आपके जीवन में किसी नए व्यक्ति के आने से आप अपने प्रति सकारात्मक महसूस करेंगे। आज आपका वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। अविवाहित लोग अपने साथ काम करने वाले किसी व्यक्ति की ओर आकर्षित होंगे। आज आपका शुभ रंग काला है। आज आपका शुभ अंक 4 है। रुका हुआ धन वापस मिलने की संभावना है। नई अर्जित संपत्ति से अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। ऑनलाइन व्यापार करने वालों का कोई ऑर्डर रद्द हो सकता है। कार्य संबंधी ज्ञान प्राप्त करने का प्रयास करें, सतर्क रहें।



कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज आप अपनी बुद्धिमत्ता से सभी काम निपटा लेंगे। परिवार में किसी युवा का व्यवहार आपको परेशान कर सकता है, समझदारी से काम लें। जीवनसाथी के साथ निजी पल बिताएँगे। किसी ग़लतफ़हमी के कारण प्रेम संबंध भी टूट सकते हैं, सावधान रहें। आज आपका शुभ अंक 8 है। आज आपकी आर्थिक स्थिति मज़बूत रहेगी। कोई आपका कर्ज़ समय से पहले लौटाकर आपको चौंका सकता है। अगर व्यापारी व्यापार में बदलाव करने की सोच रहे हैं, तो उन्हें कुछ समय इंतज़ार करने की ज़रूरत है। नौकरीपेशा लोगों को इस समय सतर्क रहने की ज़रूरत होगी। इस राशि के छात्रों को आज प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता मिलने की संभावना है।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज आपको अपनी अहमियत का एहसास हो सकता है। किसी के निजी मामले में ज़्यादा दखल न दें, इससे आपकी अपनी विश्वसनीयता पर सवाल उठेंगे। जीवनसाथी के साथ निजी समस्याओं को साझा करने से मन का बोझ थोड़ा कम होगा। प्रेम जीवन बिता रहे लोग आज अपनों के साथ बहुत खुश रहेंगे। महिलाओं के लिए आज हरा रंग बहुत शुभ रहने वाला है। आज आपका शुभ अंक 1 है। आज आप धन लाभ को लेकर व्यस्त और गंभीर रहेंगे। ऑफिस में अपने कागज़ात और फ़ाइलें व्यवस्थित रखें, लापरवाही के कारण कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ खो सकते हैं। व्यावसायिक गतिविधियाँ सुचारू रूप से चलती रहेंगी।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज यश और प्रतिष्ठा में वृद्धि होने की संभावना है। कोई आज आपसे मिलने की हर संभव कोशिश करेगा। ससुराल वालों के साथ किसी बात को लेकर गलतफहमी हो सकती है, सावधान रहें। आपका व्यवहार आपके साथी का दिल जीत सकता है। आप अपने प्रेमी/प्रेमिका के साथ किसी यात्रा पर जा सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 5 है। आज आपको आर्थिक मामलों में लाभ होगा। जो लोग आज कोई नया व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं, वे कर सकते हैं, आज का दिन अच्छा है। आपके काम को नई दिशा मिलने की संभावना बढ़ रही है।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज आपका भाग्य किसी भी काम को बिगड़ने नहीं देगा। जिस तरह से आप अपना सामाजिक दायरा बढ़ा रहे हैं, उससे आपके प्रसिद्ध होने की संभावना है। महिलाओं को जल्द ही घर के कामों से राहत मिलेगी। अगर आप किसी रिश्ते में हैं, तो आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। पारिवारिक जीवन जीने वाले लोग दिन का आनंद लेंगे। आज आपका शुभ अंक 6 है। आज किसी नए व्यवसाय में धन निवेश करने के योग हैं। छोटे उद्योगों से जुड़े लोगों को बड़ा मुनाफ़ा हो सकता है। अधिकारियों के संपर्क में रहने से आपके लिए लाभदायक परिस्थितियाँ बनेंगी। गलतियों से सावधान रहें। बच्चों को किसी प्रतियोगिता में सफलता मिलने से घर में खुशी का माहौल रहेगा।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू) : आज का दिन आपके लिए संतोषजनक रहेगा। जो लोग आपसे प्रतिस्पर्धा करते हैं, वे आज हार जाएँगे। आपका जीवनसाथी आपके विचार को स्वीकार करेगा, लेकिन एक सीमा तक ही। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज धन संबंधी मामलों में जीवनसाथी से सलाह-मशविरा करके ही निर्णय लें। व्यवसायी दूसरों के बहकावे में आकर भ्रमित न हों तो अच्छा रहेगा। यदि आप साझेदारी में काम कर रहे हैं, तो लेन-देन में उदारता बरतें। घर से काम करने वाली महिलाओं के लिए दिन अच्छा रहेगा। नौकरी में पदोन्नति के साथ-साथ वेतन वृद्धि के भी योग हैं।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे) : महिलाएं आज ऑनलाइन कोई नया व्यंजन सीखने की कोशिश करेंगी। पति-पत्नी के बीच गलतफहमियाँ दूर होंगी। प्रेम जीवन बिता रहे लोग आज अपने प्रेमी से मिलने के लिए उत्साहित रहेंगे। आज आपका शुभ अंक 3 है। बच्चे के पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन से मन प्रसन्न रहेगा।गलत तरीके से धन प्राप्त करने की कोशिश आज आपको मुश्किल में डाल सकती है। युवाओं को प्रबंधन को मजबूत रखना चाहिए। नई साझेदारियों की तलाश करें, आने वाले दिनों में यह आपके पक्ष में रहेंगी, अगर सोच-समझकर काम किया जाए, तो आर्थिक रूप से आराम मिलेगा।



मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी) : आज का दिन आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा। कुछ आदतों में सुधार करने से आपका दिन बेहतर हो जाएगा। आज आपको पुरानी चिंताओं को भूलकर आगे बढ़ने के बारे में सोचने की सलाह दी जाती है। अपने लाइफ पार्टनर को अपना भावनात्मक पक्ष दिखाएँ साथ ही उन्हें मीठी-मीठी बातें बताएँ। प्यार के मामले में आपका जुनून चरम पर हो सकता है। आज खुलकर पैसा खर्च करने से बचें, मुश्किल हो सकता है। अपनी वर्तमान नौकरी में शानदार प्रदर्शन करके आप पेशेवर ऊँचाइयों को छू सकते हैं। व्यापार से जुड़ा कोई सरकारी मामला आज सुलझ सकता है। पैसों के लेन-देन के कारण किसी करीबी रिश्तेदार से संबंध खराब हो सकते हैं, इसलिए सावधान रहें।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : आज का दिन आपके लिए कुछ खास होने वाला है। आपकी आत्मा पवित्र है, आप किसी भी चीज़ का घमंड नहीं कर सकते, आप मानसिक रूप से मुक्त रहेंगे। अपने साथी को अपनी ओर आकर्षित करने के लिए किसी भी तरह का दिखावा न करें। प्रेम जीवन में खुशियों का दौर जारी रहेगा। आज आपका शुभ रंग सिल्वर और शुभ अंक 2 है। आज आप भविष्य को ध्यान में रखते हुए छोटी-छोटी पूँजी का निवेश कर सकते हैं। संदिग्ध आर्थिक लेन-देन में फँसने से सावधान रहें। कोई कीमती संपत्ति खरीदने का सपना जल्द ही पूरा होगा। अगर आप व्यापार में कोई नया काम शुरू कर रहे हैं, तो समय शुभ है। नौकरीपेशा लोगों को आज जीवन बदलने वाला मौका मिलेगा।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) : आज का दिन आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा। आप अपनी विलासिता की कुछ वस्तुएँ खरीद सकते हैं। पिता से बात करते समय सावधानी बरतें। प्रेम जीवन बिता रहे लोग सुखद समय का आनंद लेंगे। विवाहित लोगों को अपने रिश्ते में विश्वास की कमी महसूस हो सकती है। भगवान शिव का जल से अभिषेक करें। आज आपका शुभ अंक 9 है। आज धन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। आज आपको पारिवारिक व्यवसाय में जीवनसाथी की सलाह की आवश्यकता होगी। महिलाएं आज अपने लिए खरीदारी करने का मन बनाएँगी। नौकरीपेशा लोगों को आज कोई बहुत महत्वपूर्ण कॉल आ सकती है। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को कोई भी अनैतिक काम करने से दूर रहना चाहिए।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷