गिरिडीह (Giridih)। दो दिनों से लापता विवाहिता का शव कुएं से बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा गांव की है।
मृतका की पहचान अलगडीहा गांव निवासी राजेंद्र राम की पत्नी कोमल देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज की मांग पूरी नही होने के कारण कोमल की निर्ममता पूर्वक हत्या करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से मृतका के शव को कुंए से निकलवा कर अपनी अभिरक्षा में ले लिया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
मृतका के भाई बीरबल के अनुसार, कोमल की शादी वर्ष 2021 में अलगडीहा निवासी राजेंद्र राम से हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल वाले कोमल को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार इस बाबत दोनों पक्षों के बीच मध्यस्था हुई थी, लेकिन स्थिति जस की तस बनी रही। अंततः ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर दी।
बताया कि कोमल के ससुराल वालों ने पहले कोमल को गर्म तेल से जलाया उसके बाद उसकी हत्या कर उसके शव को कुएं में फेंक दिया है। मृतका के भाई बीरबल ने थाने में आवेदन देकर कोमल के पति राजेंद्र राम, सास-ससुर, भाई सहित अन्य ससुरालजनों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कराया है।
बहरहाल मृतका के भाई के आवेदन के आलोक में पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। और, पूरे मामले की गंभीरता से छानबीन करने में जुटी है।