गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह मैगजीनिया के समीप उसरी नदी के किनारे गुरुवार को एक अज्ञात किशोर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। मृतक किशोर का सिर बुरी तरह से कुचला हुआ है, और शरीर पर चोट के कई निशान हैं। मृतक ने काला रंग का फूल पैंट और गुलाबी रंग का शर्ट के साथ टीशर्ट पहन रखा था। उसकी उम्र लगभग 14 वर्ष के आसपास बतायी जा रही है। आशंका जतायी जा रही है कि किशोर की हत्या पत्थर से कूचकर की गयी है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह स्थानीय लोगों ने उसरी नदी के ठीक ऊपर ट्रैक्टर के चलने से बने गड्ढ़े के समीप किसी का जूता नजर आया। वहीं ट्रैक्टर के चलने से बने गड्ढ़े में एक स्थान पर काफी सारा पत्थर रखा देखा। उत्सुकता वश जब लोग उस पत्थर के ढेर के समीप गये तो वहां उस गड्ढ़े में एक शव पड़ा देखा। शव देखते ही लोगों ने शोर मचाया। शोर सुन काफी संख्या में आस पास गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सदल बल घटनास्थल पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।
घटना के सम्बंध में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह हत्या का मामला प्रतीत होता है। शव की स्थिति को देख उन्होंने कहा कि संभवतः दो दिन पूर्व ही किशोर की पत्थर से कुचलकर हत्या करने का मामला प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि इलाका जंगली होने के कारण अमूमन लोग इधर आते जाते नहीं है इस कारण लोगों को पता नहीं चल सका। उन्होंने बताया कि फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस शव की शिनाख्त करने में जुटी है। वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन करने में जुटी है।