गुरुवार, 6 अगस्त 2020

झारखण्ड सरकार संग सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र की भाजपा सरकार : मंत्री बादल पत्रलेख

 झारखण्ड सरकार संग सौतेला व्यवहार कर रही केंद्र की भाजपा सरकार  : मंत्री बादल पत्रलेख
गिरिडीह : सूबे के कृषि पशुपालन सहकारिता मंत्री बादल पत्रलेख मंत्री ने कहा कि खनिज संपदा से परिपूर्ण रहने के बाद भी झारखण्ड प्रदेश काफी कमजोर प्रदेश है। उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुये कहा कि सरकार गठन के बाद से ही केन्द्र सरकार झारखंड सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। श्री पत्रलेख गुरुवार को गिरिडीह पहुंचे थे।


 मंत्री श्री बादल के साथ झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रभारी उमंग सिंगार, झारखण्ड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष मानस सिन्हा, संजय लाल पासवान, महगामा विधायक दीपिका पांडेय भी मौजूद थी।
परिषदन भवन में पत्रकारों से बात चीत करते हुये मंत्री ने  कहा कि इस कोरोना काल में राज्य की सरकार ने केन्द्र सरकार से विशेष पैकेज की मांग किया था, लेकिन मांगे गए विशेष पैकेज पर केन्द्र सरकार कोई सार्थक पहल नहीं की। कहा कि पैकेज मिलता तो कई ठोस कदम उठाएं जाते। 

मौके पर उन्होंने कांग्रेस पार्टी के एक स्तम्भ के रूप में गिरिडीह में उभरे युवा कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त किया। कहा कि उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति पहुंची है। कहा कि दुःख के इस घडी में कांग्रेस पार्टी उनके परिवार के साथ खड़े हैं।  इलाज के अभाव में हुई उनकी मौत की चर्चा पर मंत्री ने कहा कि इस पर सरकार की नज़र है। लिखित शिकायत ली जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

इसके पूर्व गिरिडीह पहुंचे मंत्री समेत उनके साथ आये अन्य कांग्रेस पार्टी के नेता दिवंगत नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन के बरमसिया स्थित आवास पर गये। और स्व0 सिन्हा के पारिवारिक सदस्यों से मुलाक़ात कर उनके आकस्मिक निधन पर शोक व्यक्त किया।

बाद में परिषदन भवन पहुंच कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक बैठक भी किया। बैठक कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव नवीन चौरसिया, उपेन्द्र सिंह, कांग्रेस नेत्री डा. मंजू कुमारी, बलराम यादव, संतोष राय , अशोक विश्वकर्मा, ऋषिकेश मिश्रा समेत अन्य मौजूद थे।

24 घण्टे के भीतर काम पर लौटे हड़ताली पारा मेडिकल कर्मी अन्यथा होगी सेवा समाप्त : उपायुक्त

 24 घण्टे के भीतर काम पर लौटे हड़ताली पारा मेडिकल कर्मी अन्यथा होगी सेवा समाप्त : उपायुक्त
गिरिडीह: उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने अनुबंध पर नियुक्त सभी हड़ताली पारा मेडिकल कर्मियों को 24 घंटे के भीतर काम पर लौटने की हिदायत दिया है। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पर नहीं लौटने वाले कर्मियों के विरूद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 56, 57 एवं 65 के तहत कानूनी कार्रवाई करने और उनकी सेवा समाप्त करने की बातें भी कहा है।

उपायुक्त ने इस बाबत एक आदेश जारी कर कहा है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत अनुबंध पर नियुक्त पारा चिकित्सा कर्मियों के हड़ताल पर जाने की सूचना सिविल सर्जन, गिरिडीह एवं विभिन्न समाचार पत्रों के माध्यम से हो रही है। जबकि राज्य सरकार अनुबंधित पारा चिकित्सा कर्मियों के प्रोत्साहन भत्ता एवं अन्य मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण की अवधि में अनुबंधित पारा चिकित्सा कर्मियों का हड़ताल में चले जाने से जिले में चिकित्सा सेवाओं (कोविड-19 समेत) पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। 

जारी आदेश में उन्होंने कहा है कि वर्तमान में राज्य व जिले में कोविड-19 का संक्रमण में काफी तेजी आई है।  इसके रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु राज्य सरकार व जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जा रहा है। ऐसे समय मे राज्य व जिले में कोरोना संक्रमण के प्रसार के रोकथाम हेतु आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत काफी गतिविधियां प्रतिबंधित है। ऐसे स्थिति में स्वास्थ्य सेवा से जुड़े हुए कर्मियों का हड़ताल पर जाना आपदा प्रबंधन अधिनियम का उल्लंघन करने के साथ-साथ सरकारी आदेश की अवहेलना करना एवं राहत तथा बचाव कार्यों में बाधा डालने का धोतक है। जो सरकारी सेवा के नियमों के विरुद्ध है। 

पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया गया पौधारोपण

पर्यावरण संरक्षण को लेकर किया गया पौधारोपण
बगोदर/गिरिडीह  :  जन सहारा केन्द्र बगोदर द्वारा नेहरु युवा केन्द्र गिरिडीह के सहयोग से पर्यावरण संरक्षण को लेकर गुरुवार को मझंलाडीह टांड पर पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया। 

 मौके पर जन सहारा केंद्र के सचिव ओम प्रकाश महतो ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा उसके संरक्षण हेतु पेड़ पौधे की बड़ी आवश्यकता है। बिना पेड़ पौधों के हमारा जीवन सुरक्षित नही रह सकता। क्योंकि पेड़ पौधों से ही हमे शुद्ध आक्सीजन की प्राप्ति होती है जो जीवनदायनी होती है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता पर बल दिया। कहा कि आमजनो को पौधा लगाने हेतु प्रेरित करने की जरूरत है। ताकि इलाके में अधिक से अधिक पौधा लगाया जा सके और प्रदुषण के बढते प्रभाव से लोगों को नीजात मिले। 

पौधारोपण कार्यक्रम में रूपलाल राम, संतोष राम, राजू सिंह, ओम राम, लक्ष्मी कुमारी, प्रेरणा कुमारी आदि की भूमिका काफी सराहनीय रहा।

शोक सभा आयोजित कर कांग्रेसियों ने दी नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रद्धांजलि

शोक सभा आयोजित कर कांग्रेसियों ने दी नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रद्धांजलि
गिरिडीह : जिला युवा कांग्रेस कमिटी द्वारा गुरुवार को एक शोक सभा आयोजित कर दिवंगत कांग्रेसी नेता नरेंद्र सिन्हा छोटन को श्रधांजलि अर्पित किया।  स्थानीय कांग्रेस भवन में युवा कांग्रेस अध्यक्ष सन्तोष राय की अध्यक्षता में आयोजित इस शोक सभा मे ओबीसी सेल के प्रदेश महासचिव नवीन आनंद उर्फ नवीन चौरसिया व युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद कुमार वर्मा "पूनम" मुख्य रूप से उपस्थित थे।

शोक सभा मे उपस्थित कांग्रेसी नेताओं ने नरेंद्र सिन्हा के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक जताया और उनकी मौत को कांग्रेस पार्टी के लिये एक अपूर्णीय क्षति बताया। मौके पर उपस्थित कांग्रेस पार्टी के सदस्यों ने दो मिनट का मौन रख कर उनकी आत्मा की शान्ति हेतु ईश्वर से प्रार्थना किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्व0 सिन्हा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।

इस शोक सभा मे पार्टी के गिरिडीह विधानसभा अध्यक्ष मो. शकील, कार्यकारी अध्यक्ष मो. छोटू खान, मिन्हाज, टप्पू खान,सन्नी मिर्जा, मल्ली, पीयूष यादव, सन्नी यादव, विशाल आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार हेतु उपायुक्त ने किया अस्पताल उपाधीक्षक को प्राधिकृत


कोरोना संक्रमितों के अंतिम संस्कार हेतु उपायुक्त ने किया अस्पताल उपाधीक्षक को प्राधिकृत
कोरोना संक्रमितों के मृत शरीर के अंतिम संस्कार हेतु राज्य सरकार ने जारी किया दिशा निर्देश 

 
गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सरकार के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, विभाग झारखंड, रांची) के निदेश के आलोक में सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु होने की स्थिति में मृत शरीर के अंतिम संस्कार कराने हेतु  प्राधिकृत किया है। उन्होंने उपाधीक्षक को अंतिम संस्कार का कार्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देश के आलोक में ही सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।

निर्देशानुसार यदि किसी कोविड-19 संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु होती है, तो उक्त व्यक्ति के मृत्यु के उपरांत तत्काल मृत शरीर को निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उनके रिश्तेदारों को सौंपा जाए। 

◆ यदि किसी संक्रमित व्यक्ति के मृत्यु के उपरांत उक्त व्यक्ति का मृत शरीर को अंतिम संस्कार करने हेतु उसका कोई रिश्तेदार सामने नहीं आता है तो मृत्यु के 24 घंटे के अंदर प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं करते हुए अंतिम संस्कार कराया जाए। इस हेतु आवश्यकतानुसार पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति पुलिस अधीक्षक, गिरिडीह द्वारा की जाएगी। 

◆ ऐसे व्यक्ति जिनकी मृत्यु अन्य जिलों अथवा अन्य जिलों के अस्पतालों में हुई है, उन अस्पताल प्रबंधन द्वारा संबंधित रिश्तेदारों को एवं जिला प्रशासन को सूचना प्राप्त होने के उपरांत उपरोक्त निदेश 1 और 2 का अनुपालन करते हुए अंतिम संस्कार कराया जाए। 

◆कोविड-19 की जांच रिपोर्ट के लिए किसी भी परिस्थिति में कोई मृत शरीर अंतिम संस्कार के लिए लंबित नहीं रखा जाएगा। 

◆अंतिम संस्कार हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं का चिन्हितीकरण किया जाय ताकि किसी भी परिस्थिति में अंतिम संस्कार के समय कोई बाधा उत्पन्न नहीं हो। 

◆ मृत व्यक्ति का अंतिम संस्कार कार्य पूर्ण कराते हुए तक संबंधी सूचना उपायुक्त एवं राज्य मुख्यालय को अचूक रूप से उपलब्ध कराया जाए।

◆ ऐसे मृत शरीर जिन का अंतिम संस्कार प्रशासनिक स्तर से/आपके स्तर से कराया जाता है, उसकी अंतिम संस्कार में होने वाले व्यय की प्रतिपूर्ति जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार में प्राप्त आवंटन से किया जाएगा। अतः राशि के अभाव में अंतिम संस्कार को लंबित नहीं रखना है।

वंही उपायुक्त श्री सिन्हा ने कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मृत्यु के उपरांत उसके मृत शरीर का अंतिम संस्कार करा उसकी सूचना जिला गोपनीय शाखा एवं  स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, झारखंड, रांची को उपलब्ध कराने का निर्देश अस्पताल उपाधीक्षक को दिया है।