गिरिडीह(Giridih)। एन्टी क्राइम चेकिंग के दौरान गिरिडीह पुलिस ने चोरी की एक ग्लैमर मोटरसाइकिल के साथ वाहन चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार वाहन चोर गिरोह के सदस्यों में रविन्द्र साव, विजय साव, मो. ताज हसन, सत्यनारायण पाण्डेय एवं सुनील कुमार दास शामिल हैं। उक्त जानकारी डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर दी।
उन्होंने बताया कि नगर थाना क्षेत्र के नेताजी चौक के पास शुक्रवार को चेकिंग के दौरान एक काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल संख्या JH11S 9135 पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया गया। वाहन सवार युवक रुकने के बजाय वाहन मोड़कर भागने लगे। लेकिन मौके पर मौजूद सशस्त्र बल के जवानों ने उन्हें खदेड़ कर धर दबोचा। डीएसपी ने बताया कि जांच के दौरान उक्त मोटरसाइकिल पर लगा रजिस्ट्रेशन नंबर JH 11S 9135 फर्जी पाया गया, जबकि वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर JH 11W 8296 है।
उन्होंने बताया कि उक्त चोरी की ग्लैमर मोटरसाइकिल को जब्त कर पुलिस ने दोनों आरोपियों को नगर थाना लायी। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम रविन्द्र साव और विजय साव बताया। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि चोरी की मोटरसाइकिल का नंबर बदलकर उसे बिक्री के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर सत्यनारायण पाण्डेय, सुनील कुमार दास और मो. ताज हसन को भी गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या 07/26 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। उन्होंने बताया कि इस गिरोह का मुख्य सरगना मोहम्मद सद्दाब उर्फ मिठ्ठू फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें