गिरिडीह (Giridih)। गणतंत्र दिवस की तैयारी को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आज जिले के सभी पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमे गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह झंडा मैदान में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में गणतंत्र दिवस का उत्सव भव्य तरीके से मनाने हेतु उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों आवश्यक निदेश दिया। उन्होंने परेड, झंडोतोलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं विभिन्न विभागों द्वारा झांकी निकालने एवं सभी सरकारी कार्यालयों में निर्धारित समय पर झंडोत्तोलन करने हेतु निर्देशित किया।
उपायुक्त ने समारोह को लेकर झंडा मैदान की साफ- सफाई, लाउडस्पीकर की व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, परेड की तैयारियां, राष्ट्रगान, परेड के निरीक्षण हेतु जीप एवं एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था समुचित तरीके से करने का निर्देश दिया। वहीं बैठक में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी, कर्मी समेत अन्य लोगों को गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित करने पर भी चर्चा की गई। मौके पर उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों में झण्डा फहराने की अपील की।
इन विभागों द्वारा निकाली जायेगी झांकी : गणतंत्र दिवस समारोह में कृषि विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, पशुपालन विभाग, मत्सय विभाग, जिला समाज कल्याण कार्यालय, जिला गव्य विकास कार्यालय, JSLPS, डी आर डी ए, गिरिडीह, उत्पाद विभाग, जिला उद्योग केन्द्र,अग्निशमन केन्द्र, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, शिक्षा विभाग, जिला आपूर्ति कार्यालय, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा झांकी निकाली जायेगी। बैठक के दौरान झांकियों में उपयोग किये जाने वाले सभी वाहनों की जाँच 25 जनवरी को जिला परिवहन पदाधिकारी/मोटर यान निरीक्षक को करने एवं झांकी की व्यवस्था सुचारू रूप से सम्पादन हेतु उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी की अध्यक्षता में एक टीम गठन करने का निर्णय लिया गया।
परेड में 12 टुकड़ियां लेगी भाग : गणतंत्र दिवस के झण्डोत्तोलन समारोह में आयोजित परेड में होमगार्ड, एनसीसी सीनियर विंग, गिरिडीह कॉलेज, गिरिडीह कस्तुरबा गाँधी आवासीय बालिका विधालय, कार्मेल स्कुल, सुभाष पब्लिक स्कूल, बीएनएस डीएवी स्कूल, सीसीएल डीएवी स्कूल, जिला सशस्त्र बल पुरूष एवं महिला, सीआरपीएफ, आईआरबी एवं एसएसबी की एक-एक टुकडी भाग लेगी। परेड की सम्पूर्ण व्यवस्था परिचारी प्रवर, गिरिडीह द्वारा की जायेगी। परेड का पूर्वाभ्यास दिनांक 20 जनवरी से 24 जनवरी तक करने का निर्णय लिया गया।
अलग अलग विभागों को दिया गया निर्देश : वहीं बैठक में झण्डा मैदान समेत पूरे शहर की साफ सफाई, सभी चौक चौराहे पर स्थित प्रतिमाओं की साफ सफाई, कार्यक्रम स्थल पर समुचित पेयजल, बेरिकेटिंग तथा आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों एवं अन्य व्यक्तियों के बैठने हेतु पर्याप्त मात्रा में कुर्सी की व्यवस्था, कारपेट बिछाने एवं फुल गमला आदि की व्यवस्था करने हेतु अलग अलग विभागों को निर्देशित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर रहेगा अलग अलग बोर्ड : वहीं मुख्य समारोह स्थल पर बैठने हेतु महिला, पुरूष एवं गणमान्य व्यक्तियों, मीडिया कर्मियों हेतु अलग-अलग बोर्ड लगवाने एवं मंच सहित पूरे झण्डा मैदान मे सोडियम हाईपोक्लोराइट का छिड़काव करने का भी निर्देश दिया गया साथ ही प्राथमिक उपचार हेतु मेडिकल टीम / ऐम्बुलेंस की व्यवस्था करने को निर्देशित किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें