रविवार, 10 मार्च 2019

पुलिस उग्रवादी मुठभेड़ में चली कई चक्र गोलियां, कोई हताहत नहीं

हुसैनाबाद में पुलिस उग्रवादी मुठभेड़, काफी सामग्री बरामद


पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के महोदंड के चमरदाहा जंगल में रविवार को पुलिस और तृृृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी)  उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान सीआरपीएफ और जिला पुलिस को खुद पर भारी पड़ता देख उग्रवादी भाग निकले। 

वहीं सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मौके पर से भारी मात्रा में पुलिस वर्दी, पिठ्‌ठु बैग, मोबाइल चार्जर आदि बरामद किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र महोदंड के सीमावर्ती क्षेत्र चमरदाहा के जंगल में उग्रवादी जुटे हुए हैं। इसी सूचना पर सुरक्षाकर्मी जंगल में पहुंच सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।

इसी दौरान उग्रवादियों की नजर उन पर पड़ गई और उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाकर्मियों ने भी फायरिंग की। खुद को घिरता देख उग्रवादी घने जंगलों का फायदा उठाते हुए मौके से भाग निकले। फिलहाल पुलिस इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।

विदित हो कि बीते 7 मार्च को हजारीबाग के केरेडारी थाना क्षेत्र के बुंडू गांव में सीआरपीएफ और  तृृृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) उग्रवादियों की मुठभेड़ हुई थी। इसमें तीन उग्रवादी ढेर कर दिए गए थे। चार-पांच उग्रवादी जंगल में फरार हो गए। पुलिस ने उग्रवादियों के पास से 1 एके-47, 2 इंसास राइफल, पिट्ठू बैग, समेत अन्य सामान बरामद किया था।


लोकसभा चुनाव-2019 की बजी रणभेरी, चुनाव 11 अप्रैल से

लोकसभा 2019 चुनाव 11 अप्रेल से, 7 चरणों  में होगा चुनाव




नई दिल्ली :  देश में लोकसभा चुनाव 7 चरण में होगा। पहले चरण का मतदान 11 अप्रेल, दूसरे का 18 अप्रेल, 23 अप्रेल को तीसरे चरण का, चौथा 29 अप्रेल, 6 मई पांचवां, 12 मई को छठा, 19 मई सातवें चरण का मतदान होगा। जबकि मतगणना 23 मई को होगी। लोकसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा रविवार शाम को दिल्ली के विज्ञान भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने दी।

चुनाव आयुक्त ने बताया कि इस बार 90 करोड मतदाता, 10 लाख मतदान केन्द्रों पर मतदान करेंगे। इस बार 18-19 साल के युवा वोटरों की संख्या करीब डेढ़ करोड़ बढ़ी है। इसके साथ ही सभी मतदान केन्द्रों पर वीवीपीएटी मशीन लगेगी। वीवीपीएटी बंडल की निगरानी जीपीएस से होगी। मतदान करने के बाद सभी को पर्ची मिलेगी। ईवीएम में उम्मीदवारों की तस्वीरें भी होगी। मतदान के 48 घंटे पहले प्रचार बंद हो जाएगा।

इसके साथ ही चुनाव आयुक्त ने बताया कि संवेदनशील बूथ की खास सुरक्षा व्यवस्था होगी। मतदान केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरे से निगरानी हो4गी। आचार संहित उल्लंघन के लिए ऐप लॉन्च की है। इस पर शिकायत मिलने के 100 मिनट में कार्रवाई होगी।

कब-कब होंगे मतदान

पहला चरण
 11 अप्रैल- 91 सीटों- आंध्र प्रदेश (25 सीटें), अरुणाचल (2 सीटें) असम (5 सीटें) बिहार (4 सीटें) छत्तीसगढ़ (1 सीटें) जम्मू-कश्मीर (2 सीटें), महाराष्ट्र (1 सीट), मेघालय (1 सीट), मिजोरम (1 सीटें), ओडिशा (4 सीटें), सिक्किम (1 सीट), तेलंगाना (17 सीटें) त्रिपुरा (1 सीट), उत्तर प्रदेश (8 सीटें), उत्तराखंड (5 सीटें), पश्चिम बंगाल (2 सीटें), अंडमान निकोबार (1 सीट), लक्षद्वीप (1 सीट)

दूसरा चरण
 18 अप्रैल- 91 सीटें- असम 5, बिहार 5, छत्तीसगढ़ 3, जम्मू-कश्मीर-2, कर्नाटक-14, महाराष्ट्र-10, मणिपुर-1, ओडिशा-5, तमिलनाडु-39, त्रिपुरा-1, उत्तर प्रदेश-8, पश्चिम बंगाल-3, पुद्दुचेरी-1

तीसरा चरण
 23 अप्रैल- 115 सीटें- असम 4, बिहार 5, छत्तीसगढ़ 7, गुजरात 26, गोवा 2, जम्मू-कश्मीर-1, कर्नाटक-14, केरल-20, महाराष्ट्र-14, ओडिशा-6, उत्तर प्रदेश-10, पश्चिम बंगाल-5, दादर नागर हवेली-1, दमन दीव-1.

चौथा चरण
29 अप्रैल- 71 सीटें- बिहार 5, जम्मू-कश्मीर 1, झारखंड 3, मध्यप्रदेश 6, महाराष्ट्र 17, ओडिशा 6, राजस्थान 13, उत्तर प्रदेश 13, पश्चिम बंगाल 8

पांचवां चरण
 6 मई- 51 सीटें- बिहार 5, जम्मू कश्मीर 2, झारखंड 4, मध्यप्रदेश 7, राजस्थान 12, उत्तर प्रदेश 14, पश्चिम बंगाल 7

छठवां चरण
 12 मई- 59 सीटें- बिहार 8, हरियाणा 10, झारखंड 4, मध्यप्रदेश 8, उत्तर प्रदेश 14, पश्चिम बंगाल 8, दिल्ली 7

सातवां चरण

 19 मई- 59 सीटें- बिहार 8, झारखंड 3, मध्यप्रदेश 8, पंजाब 13, चंडीगढ़ 1, पश्चिम बंगाल 9, हिमाचल 4

लोकसभा चुनाव झारखंड में चार चरणों 29 अप्रेल,06 मई , 12 मई , 19 मई मे होंगे चुनाव।

लोकसभा चुनाव 2019 झारखण्ड में होगा इस प्रकार

पहला चरण - 29 अप्रैल
(तीन सीटें चतरा, लोहरदगा एवं पलामू)

दूसरा चरण - 06 मई
(चार सीटें कोडरमा, रांची, खूंटी एवं हजारीबाग)

तीसरा चरण - 12 मई
(चार सीटें गिरिडीह, धनबाद, जमशेदपुर एवं सिंहभूम)

चौथा चरण - 19 मई
(तीन सीटें राजमहल, दुमका और गोड्डा)


लोकसभा चुनाव की अधिसूचना एक नजर में

पहला चरण - नामांकन (18 मार्च), मतदान (11 अप्रैल)दूसरा चरण - नामांकन (19 मार्च), मतदान (18 अप्रैल )तीसरा चरण - नामांकन (28 मार्च), मतदान (23 अप्रैल)चौथा चरण - नामांकन (02अप्रैल), मतदान (29 अप्रैल)पांचवां चरण -नामांकन (10 अप्रैल), मतदान (06 मई)छठा चरण   -नामांकन ( 16 अप्रैल), मतदान (12 मई)सातवां चरण - नामांकन (22अप्रैल), मतदान (19 मई)

मतगणना - 23 मई 2019

चुनाव आयोग की इस घोषणा के साथ ही आज से आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी। जो मतगणना पश्चात समाप्त होगी।


साली को अगवा कर जीजा ने किया गैंगरेप

जीजा ने अपहरण कर साली के साथ किया गैंगरेप

जमशेदपुर जिले के राजनगर हाई स्कुल में इंटर की परीक्षा देने गई एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर उसके साथ रातभर सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला प्रकाश में आया है। 

छात्रा को परीक्षा केंद्र के बाहर उसके दूर के रिश्ते के जीजा ने घर छोड़ देने की बात कहकर कार में बैठा लिया और रुमाल से बेहोशी की दवा सुंघा कर बेहोश कर दिया। छात्रा के साथ छह लोगों ने रातभर दुष्कर्म किया और दूसरे दिन ऑटो में बिठा कर उसे घर भेज दिया। घटना बीते छह मार्च की है। इस बावत शनिवार को राजनगर थाने में पीड़िता के बयान पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है।

पुलिस को दिये बयान में पीड़िता ने बताया है कि वह बीते छह मार्च को सहेलियों के साथ राजनगर स्थित हाईस्कूल में परीक्षा देने गई थी। उस दिन पॉलिटिकल साइंस की परीक्षा थी। परीक्षा खत्म होने के बाद वह ज्योहि गेट से बाहर निकली सड़क पर आशिफ हुसैन जो रिश्ते में पीड़िता का दूर का जीजा लगता है, कार लेकर खड़ा था। उसने बुलाया और घर तक छोड़ देने की बात कह कर कार में बैठने को कहा। 

 मानगो डिमना रोड के शंकोसाई रोड नंबर पांच हयात नगर निवासी अपने उस दूर के रिश्ते में लगने वाले जीजा के विश्वास में आकर पीड़िता कार में बैठ गई। कार में एक नकाबपोश महिला भी थी। थोड़ी ही दूर जाकर आशिफ ने उसे रुमाल सुंघा दिया, जिसके बाद वह बेहोस हो गयी, कुछ होश नहीं रहा।

छात्रा ने बताया कि दूसरे दिन सात मार्च को होश आने के बाद उसके पूरे शरीर में काफी दर्द हो रहा था। तब उसे अहसास हुआ कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। इसके बाद एक पुरुष और महिला उसे बाइक से आदित्यपुर लेकर आए और एक ऑटो में बैठा दिया और चालक से बिष्टुपुर में उतार देने को कहा।

पीड़िता ने बताया कि जब मैं आटो में बैठी थी तो थोड़ी देर बाद मेरे मामा का फोन आया। मैं दर्द से बेचेन थी, सही से बात नहीं कर पा रही थी। तब फोन ऑटो चालक को दिया और मामा ने चालक से बात की। उससे कहा कि हीरो होंडा शो रूम के बगल में उतार देना। वहां पहुंचने पर मामा मुझे बाइक से घर पहुंचाया। इसके बाद माता पिता को घटना की आपबीती सुनाई।

अज्ञात युवती की सिर कटी लाश बरामद ,इलाके में सनसनी

 युवती की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी


धनबाद जिले के निरसा प्रखण्ड अन्तर्गत कालुबथान ओपी थाना क्षेत्र के बाह्मण गढ़िया स्थित एक तालाब के समीप से पुलिस ने एक युवती की सिर कटी लाश बरामद किया है। 

अज्ञात युवती की सिर कटी लाश बरामद होने से पूरें इलाके में सनसनी फैल गयी है। अंतिम समाचार मिलने तक शव की शिनाख्त नही हो सकी है। हालांकि मौके पर से पुलिस ने हंसुआ भी बरामद किया है।

 समझा जाता है कि उसी हंसुये से युवती के सिर को धड़ से अलग किया गया है। घटना स्थल पर युवती का सिर शरीर से अलग पड़ा.हुआ था। फिलवक्त पुलिस ने शव को अपनी अभिरक्षा में ले पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। 

घटना के बावत पुलिस द्वारा यह आशंका जताया जा रहा कि किसी दुसरे स्थान पर युवती की हत्या कर उसके शव को तालाब के किनारे फेंका गया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गयी है। पुलिस ने अनुसंधान हेतु डाँग स्काँड की टीम भी बुलायी है।

झारखण्ड की जेलों में जेलरों की भारी कमी

झारखण्ड की जेलों का हाल-बेहाल, 29 जेलों को मात्र तीन जेलर रहे हैं सम्भाल
         सूबे में 7 सेंट्रल,16 मंडल कारा, 5 उपकारा और एक है ओपन जेल। जिनमे सिर्फ रांची, हजारीबाग और धनबाद की जेलों में हैं जेलर नियुक्ति। बाकी जेल असिस्टेंट जेलर या क्लर्क के भरोसे है संचालित।


       राजेश,पत्रकार,गिरिडीह।

            झारखंड प्रदेश की जेलों में जेलर की भारी कमी है। राज्य गठन को 19 वर्ष होने को हैं, लेकिन इतने वर्षों के बाद भी झारखंड की सभी जेलों को जेलर नहीं मिल पाया है।

राज्य में कुल 29 जेल है- जिनमें 7 सेंट्रल जेल,16 मंडल कारा, 5 उपकारा और एक ओपन जेल शामिल है।

इन सभी जेलों में वर्तमान में सिर्फ तीन कारागार (रांची, हजारीबाग और धनबाद) में ही जेलर पदस्थापित हैं। बाकी की जेलों में असिस्टेंट जेलर और क्लर्क के भरोसे काम चल रहा है। आज भी राज्य की कई जेलों में कैदियों को मूलभूत सुविधाएं तक मुहैया नहीं करायी जाती हैं।

कर्मचारियों की कमी :-

जेलर के साथ-साथ राज्य की जेलों में कर्मचारियों की भी भारी कमी है।  झारखंड की जेलों में विभिन्न पदों के लिए हजारो सीट खाली हैं। लंबे समय से कर्मियों की प्रतिनियुक्ति नहीं हो पा रही है। ऐसे में जेल में कैदियों को संभालना और कार्यालय के काम को संपादित करना जेल प्रशासन के लिए परेशानियों का सबब बना हुआ है।

सूबे में 7 सेंट्रल जेल,16 मंडल कारा, 5 उपकारा और एक ओपन जेल है।
राज्य के 7 सेंट्रल जेल-  रांची, हजारीबाग, जमशेदपुर, दुमका, डालटनगंज, गिरिडीह और देवघर हैं।
वहीं 16 मंडल कारा-   धनबाद, चाईबासा, सरायकेला, गढ़वा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, बोकारो (चास), जामताड़ा, पाकुड़, गोड्डा, साहेबगंज, सिमडेगा, लातेहार और गुमला जिले में है।
        5 उपकारा-         खूंटी, तेनुघाट, रामगढ़, राजमहल, मधुपुर में हैं और -
राज्य का एकमात्र ओपन जेल हजारीबाग में है।

चार असिस्टेंट जेलर को मिली जेलर में प्रोन्नति:-

मिली जानकारी के अनुसार, हाल के दिनों में 4 असिस्टेंट जेलर को जेलर रैंक में प्रोन्नति दी गई है। उम्मीद है प्रोन्नति मिले इन सभी जेलरों को सोमवार तक सरकार विभिन्न जेलों में पदस्थापित कर सकती है। हालांकि सरकार की ओर से इसका कोई नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया है।

जेलर रैंक में प्रोन्नति मिले असिस्टेंट जेलर को विभिन्न जेलों में पदस्थापित किया भी जाता है तब भी सूबे के जेलों में जेलरों की कमी पूरी नहीं हो पाएगी। अब भी 22 जेलों में जेलर की कमी जस-की-तस बनी रहेगी।