शनिवार, 1 फ़रवरी 2025

लापता पत्नी और बच्चों को ढूंढने की SDPO से गुहार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के सरिया थाना क्षेत्र के बलेडीह गाँव निवासी मुकेश राय की पत्नी सुमीता देवी अपने दो बच्चों के साथ 26 जनवरी से लापता है। परिवार के लोगों ने उसकी हर सम्भावित स्थानों पर तलाश कर चुके हैं लेकिन उसका अब तक कहीं कुछ पता नहीं चल सका है। मुकेश ने शनिवर को बगोदर सरिया के एसडीपीओ धनन्जय राम को एक आवेदन देकर अपनी लापता पत्नी और दोनों बच्चों को खोजने की गुहार लगायी है।


एसडीपीओ को दिये आवेदन में मुकेश ने बताया है कि घर में किसी बात को लेकर बीते 26 जनवरी को अनबन हुई थी। अनबन होने से उसकी पत्नी नाराज थी। उसके बाद सुमीता देवी अपने दोनों बच्चों को लेकर घर से निकल गयी। बताया कि पत्नी और बच्चों के काफी देर गये तक घर वापस नहीं लौटने पर  हमलोग उसकी तलाश करने निकले। इस दौरान हमलोग सभी नाते- रिश्तेदारों के घर जाकर उसकी लगातार खोजबीन कर रहे है। लेकिन आज तक उसका कुछ भी पता नहीं चल पाया है। 


मुकेश ने एसडीपीओ से मिलकर पत्नी सुमीता और दोनों बच्चों को ढूंढने की गुहार लगायी है। मौके पर एसडीपीओ ने मुकेश को सकारात्मक आश्वाशन देते हुए कहा कि पुलिस गम्भीरता पूर्वक छानबीन करेगी। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी बच्चों व पत्नी की तस्वीर सार्वजनिक कर लोगों से मदद पहुंचाने की अपील की है।

चचेरा भाई ही निकला चार साल के मासूम बच्ची का हत्यारा

गिरिडीह (Giridih)। जिले के गावां थाना क्षेत्र के पिहरा पूर्वी पंचायत के घाघरा की 4 वर्षीय बच्ची सायरा परवीन उर्फ खुशी की हत्या मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक मासूम बच्ची के चचेरे भाई रिजवान को हत्या के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार कर लिया  है। एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद ने प्रेस वार्ता कर मासूम बच्ची की हत्या का आरोपी रिजवान को करार दिया। उन्होंने बताया कि रिजवान मृतका का चचेरा भाई है। उसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने मासूम खुशी की स्वेटर से गला घोंट कर उसकी हत्या की है। एसडीपीओ ने बताया कि उसके विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।


बता दें कि दो दिनों पूर्व गावां थाना अंतर्गत पिहरा पूर्वी पंचायत के घाघरा में एक चार साल बच्ची सायरा परवीन की हत्या कर दी गई थी। बच्ची की लाश उसके घर से थोड़ी दूरी पर स्थित अरहर के खेत में मिली थी। चार साल की बच्ची सायरा की हत्या गला घोंटकर की गई थी। उसका शव अरहर खेत से बरामद किया गया था। शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने जमकर प्रदर्शन किया था।

 बच्ची के पिता साजिद सरवर के बयान पर गावां थाना में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। गावां थाना प्रभारी व खोरीमहुआ एसडीपीओ राजेन्द्र प्रसाद ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि 24 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर लिया जायेगा। वहीं एसपी डॉ बिमल के निर्देश पर एसडीपीओ खोरी महुआ राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में एसआईटी का गठित किया गया था। टीम मामले की जांच कर रही थी। शुक्रवार की रात तक किसी की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार की सुबह गांव के ग्रामीण सड़क पर उतरे।


आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार की अहले सुबह गांव की महिलाओं का धैर्य टूट गया संदिग्ध आरोपी के घर के पास जमकर हंगामा व प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक सिंह सदल-बल गांव पहुंचे और एक संदिग्ध युवक रिजवान को हिरासत में ले लिया। साथ ही मृत बच्ची की मां सलमा खातून, चाची नजमा खातून व पिता साजिद को भी पूछताछ के लिए पकड़ लिया।

          पुलिस गिरफ्त में हत्यारा

 रिजवान मृत बच्ची का चचेरा भाई है। रिजवान को हिरासत में लेते ही। महिलाएं उग्र हो गईं और उसे ग्रामीणों को सौंपने की मांग करने लगीं। काफी मशक्कत के बाद पुलिस भीड़ से बचाकर युवक व बच्ची के परिजनों को अपने साथ ले गई। सभी को गुप्त स्थान पर ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

इधर, मुहल्ले से पुलिस के जाते ही आक्रोशित महिलाएं गावां थाना पहुंचीं और थाना गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाएं हाथ में मासूम बच्ची की फोटो युक्त पर्ची लेकर हत्यारे को फांसी देने की मांग कर रही थी। उन्होंने पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की।

गिरिडीह कोलियरी के नव पदस्थापित जीएम और पीओ का किया स्वागत

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के पदाधिकारियों द्वारा शनिवार को गिरिडीह कोलियरी के नव पदस्थपित महाप्रबंधक गिरीश कुमार राठौर एवं  परियोजना पदाधिकारी जी. एस मीणा साहब की भी स्वागत किया गया का स्वागत किया गया।


राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) के क्षेत्रीय अध्यक्ष सह कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव ऋषिकेश मिश्रा के अगुवाई में इंटक के नेताओं ने उन्हें शॉल, बुके व डायरी भेंट कर पदाधिकारी द्वय का जोरदार तरीके से स्वागत व अभिनंदन किया। इस दौरान निवर्तमान महाप्रबंधक बासब चौधरी एवं कार्मिक प्रबंधक राजवर्धन कुमार ने (इंटक नेताओं) मजदूर संघ के पदाधिकारियों का परिचय नव पदस्थापित पदाधिकारियों को करवाया।

मौके पर इंटक के क्षेत्रीय सचिव अजीत कुमार, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह सीसीएल ओपन कास्ट शाखा के अध्यक्ष रमेश झा उर्फ़ रामु झा, जीएम यूनिट के सचिव इकबाल अंसारी, क़बरीबाद शाखा प्रभारी सह क्षेत्रीय सहायक सचिव सह युवा कांग्रेस नेता मो सरफराज अंसारी,दानिश अहमद मौजूद थे।

गिरिडीह में हुआ सिद्धू कान्हों-सह-सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय का उद्घाटन

गिरिडीह (Giridih)। स्थानीय बस स्टेंड के समीप शनिवार को सिद्धू कान्हों-सह-सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। सुबे के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सह स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। मौके पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


 उद्घाटन के दौरान अपने सम्बोधन में मंत्री सोनू ने कहा कि इस पुस्तकालय को आधुनिक सुविधायुक्त पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जायेगा। इसमे प्रकार की प्रतियोगी परीक्षा की पुस्तकों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। यहां छात्र छात्राओं के लिए अलग अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। कहा कि इस पुस्तकालय में बिजली, पानी एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी ताकि बुजुर्ग लोग भी इसका लाभ ले सकेंगे। वहीं कम उम्र के बच्चों के लिए मनोरंजक पुस्तकें होंगी, जो मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी करेंगी। फ्री वाई फाई की सुविधा भी बहाल की जायेगी।


वहीं उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि जिला मुख्यालय में इतने हाईटेक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। जिसमें बच्चें निःसंकोच आकर शांत वातावरण में अपनी पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छा समाज वह होता है जो शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय संचालन हेतु सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का पूर्ण उपयोग कर इसका फायदा उठाने का सुझाव दिया। समाज के सक्षम लोग भी इस पुस्तकालय को अपनाएं।


इस दौरान मंत्री समेत सभी पदाधिकारियों ने पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया और उपलब्ध किताबों का जायजा लिया। मौके पर मंत्री ने उपस्थित विद्यार्थियों से भी बात चीत कर उनकी पढ़ाई सम्बन्धी तैयारियों के बारे में जानकारी ली उन्हें आवश्यक सुझाव दिए।

जिले में संचालित विकास योजनाओं की उपायुक्त ने किया समीक्षा, कार्य प्रगति की ली जानकारी



किसी भी कीमत पर विकास कार्य प्रभावित न होने देने और लाभुको को लाभान्वित करने में कोताही नहीं बरतने का दिया निर्देश 


गिरिडीह (Giridih)। समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक के दौरान उपायुक्त ने जल जीवन मिशन, आपूर्ति विभाग, PMMSY व जलाशय मत्स्यजीवी, मईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, कंबल वितरण, मनरेगा, आवास योजना, रूर्बन मिशन, जलछाजन, स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा की वहीं उन्होंने राजस्व कोर्ट द्वारा वाद का निष्पादन, नामांतरण वाद निष्पादन आदि के कार्य प्रगति की समीक्षा की। 


बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की निरीक्षण करने के निर्देश दिये। वहीं उन्होंने पूर्व में किये गए बैठक में दिये दिशा-निर्देशों की समीक्षा करते हुए कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से लंबित कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिया। उन्होंने आपसी समन्वय स्थापित कर योजना किर्यान्वयन में हो रही समस्या का समाधान करने का भी निर्देश दिया।


उन्होंने सभी विभागों को विकास कार्य किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने देने और योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभुको को लाभान्वित करने में कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया।


 बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता बिजय सिंह बरुआ , सभी अनुमंडल पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त समेत सभी विभाग के पदाधिकारी, सभी बीडीओ,सीओ व अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।

केंद्रीय बजट पर भाजपा, झामुमो और फारवर्ड ब्लॉक के नेता ने दिया प्रतिक्रिया

गिरिडीह (Giridih)। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को संसद में बजट पेश की। जिसमे सरकार ने इनकम टैक्स पर बड़ा फैसला लिया है। इनकम टैक्स का स्लैब 5 लाख से बढ़ा कर अब 12 लाख कर दिया गया है। वहीं भारत मे निर्मित सामानों मसलन कपड़े, लेदर के सामान, इलेक्ट्रॉनिक सामान एलईडी और स्मार्ट टीवी, मोबाइल और इलेक्ट्रोनिक गाड़ियां आदि सस्ते होंगे।


बजट का रहा मुख्य आकर्षण :

◆किसान क्रेडिट कार्ड में लोन की सीमा बढ़ा, अब 5 लाख तक का लोन मिल सकता है।
◆ कोबाल्ट उत्पाद, एलईडी, जिंक, लिथियम-आयन बैटरी स्क्रैप और 12 महत्वपूर्ण खनिजों को बुनियादी सीमा शुल्क से छूट।
◆सरकार इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल डिस्प्ले पर मूल सीमा शुल्क को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करेगी। सरकार अगले 10 वर्षों तक जहाजों के निर्माण के लिए उपयोग किए जाने वाले कच्चे माल, घटकों पर बीसीडी की छूट जारी रखेगी।
◆आम आदमी के लिए बजट से बड़ी राहत मिली है। भारत में बने कपड़े, मोबाइल और चमड़े के सामान सस्ते होंगे। एलईडी और स्मार्ट टीवी भी सस्ते होंगे। मोबाइल और इलेक्ट्रोनिक गाड़ियां सस्ती होंगी। सरकार ने 82 सामानों में से सेस हटा दिया है।  
◆कैंसर की 36 दवाइयां सस्ती होंगी। कैंसर की 36 दवाओं को सीमा शुल्क से छूट। कैंसर के रोगियों के लिए जरूर 36 दवाओं को बुनियादी सीमा शुल्क से पूरी तरह छूट देने का ऐलान किया।
◆जल जीवन मिशन का बजट आउटलेट 100 प्रतिशत कवरेज हासिल करने के लिए बढ़ाया गया। नई परियोजनाओं में 10 लाख करोड़ रुपये की पूंजी डालने के लिए संपत्ति मुद्रीकरण योजना 2025-30 शुरू की जाएगी।
◆2025 में किफायती आवास की अतिरिक्त 40,000 इकाइयां पूरी की जाएंगी.
◆बिजली वितरण और ट्रांसमिशन कंपनियों को मजबूत किया जाएगा
◆पयर्टन बढ़ाने के लिए बुद्ध सर्किट पर जोर।
◆बोध गया को विकसित किया जाएगा।
इसके साथ ही बिहार में नई नहर योजना को मंजूरी दी गई।बिहार राज्य की भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए बिहार में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डों की सुविधा प्रदान की जाएगी। पटना हवाई अड्डे की क्षमता के विस्तार के अतिरिक्त होंगे। मिथिलांचल में पश्चिमी लागत नहर परियोजना भी इसमें शामिल है।
◆शहरी श्रमिकों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान के लिए योजना लागू की जाएगी. सरकार अगले तीन वर्षों में सभी जिला अस्पतालों में डेकेयर कैंसर सेंटर स्थापित करने की सुविधा प्रदान करेगी।
◆नई उड़ान योजना शुरू की जाएगी। इसमें 120 नए गंतव्य शामिल होंगे। 4 करोड़ अतिरिक्त यात्रियों को सेवा दी जाएगी।
◆युवाओं के मन में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए अगले 5 वर्षों में 50,000 अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की जाएंगी. वित्त मंत्री सीतारमण ने वैश्विक विशेषज्ञता के साथ कौशल के लिए 5 राष्ट्रीय केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है।


देश के मध्यम वर्गीय परिवार के लिए वरदान साबित होगा यह बजट :  सुनील पासवान 

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीता रमण द्वारा संसद भवन में पेश किये गये आम बजट पर भाजपा और झामुमो के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।  बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुये  निवर्तमान महापौर सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता सुनील पासवान ने कहा कि यह बजट मध्यम वर्गीय परिवार के लिए वरदान बन के आएगा। वैसे परिवार जिनकी आमदनी 12 लाख सालाना से नीचे होगा उसे किसी भी प्रकार का टैक्स नहीं देना होगा। इस बजट मे देश के किसानों के लिए भी बहुत राहत दी गयी है। अब किसानों को फसल उगाने के लिए पूंजीपतियों के जाल में नहीं फंसना होगा उसके लिए सरकार ने क्रेडिट कार्ड पर न्यूनतम ब्याज दर पर 5 लाख तक का ऋण देने का घोषणा किया है। जिससे देश के किसान सशक्त होंगे और देश आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का जो संकल्प था- " सबका साथ सबका विकास" उस संकल्प को पूर्ण करने में यह बजट सफल साबित होगा। 

बजट से किसान कर रहा ठगा महसूस : कृष्ण मुरारी

बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के नेता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि अब तक कितने किसानों को तीन लाख रूपये केसीसी लिमिट का लाभ मिला ? उन्होंने कहा कि लघु और सीमांत किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ नहीं मिल पाता है। महिला किसानों को केसीसी का लाभ नहीं मिल पाता। जबकि कृषि का 90% काम महिलायें करती हैं। कितने महिला किसानों को अब तक केसीसी लोन मिला ? सरकार योजना बनाती है और बजट का भी प्रावधान करती है। लेकिन ना योजना की समीक्षा होती है और ना ही मोनिटरिंग। जिस कारण योजना धरातल पर नहीं उतर पाता है और जिस उद्देश्य से योजना बनाई जाती है वो उद्देश्य भी पूरा नहीं हो पाता है। यही कारण है कि आजादी के 77 साल बाद भी गरीबी हमारा पीछा नहीं छोड रही है। आज भी सरकार को 80 करोड गरीबों को राशन देना पड रहा है। ताकि लोग जिन्दा रह सके। MSP न्यूनतम समर्थन मूल्य पर कानून बनाने की बात फिर एक बार नहीं की गई। बजट से देश की एक बडी आबादी जो 70% किसानों की है वो ठगा महसूस कर रहा है।

करारी हार का बदला केंद्रीय बजट में लिया गया : राजेश यादव

वहीं फारवर्ड ब्लॉक के नेता राजेश यादव ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसा लगता है, झारखंड चुनाव में भाजपा को मिली करारी हार का बदला आज पेश किए गए केंद्रीय बजट में लिया गया है। बजट में झारखंड के लिए अलग से कुछ नहीं है। उन्होंने कहा कि इस बजट को देश का नहीं, बल्कि सरकार गिरने के डर से भयभीत अवस्था में तथा बिहार में होने वाले विस चुनाव के मद्देनजर पेश किया गया बजट कहना ज्यादा ठीक होगा।

कहा कि मिडिल क्लास बजट में टैक्स का दायरा बढ़ाने पर कुछ खुश हो सकता है, लेकिन अभूतपूर्व महंगाई के बोझ तले दबे देश के किसान, मजदूर, युवा सबों को इस बजट से निराशा हाथ लगी। कहा कि बीमा क्षेत्र में एफडीआई 74 से बढ़ाकर 100 परसेंट जैसी व्यवस्था से विदेशी कंपनियों का आधिपत्य और बढ़ेगा, जिसका दूरगामी और प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, बेरोजगारी बढ़ेगी। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1 लाख करोड़ से भी कम बजट देकर इस नितांत आवश्यक क्षेत्र की जरूरतों की अनदेखी की गई है। किसानों के लिए एमएसपी, मजदूरों के लिए मजदूरी में बढ़ोतरी संभव नहीं होगी।