गुरुवार, 27 फ़रवरी 2025

खंडोली पर्यटन स्थल में लगाया गया रक्तदान शिविर, 22 यूनिट रक्त हुआ संग्रह

गिरिडीह(Giridih)। सामाजिक संगठन एकता मंच और इनर व्हील क्लब गिरिडीह के संयुक्त तत्वावधान में खंडोली पर्यटन स्थल में गुरुवार को स्वैच्छिक रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 22 यूनिट से अधिक रक्त संग्रह किया गया। 


इस रक्त दान शिविर उद्घाटन के एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, बेंगाबाद बीडीओ सुनील कुमार मुर्मू, थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह, मधवाडीह मुखिया मो सद्दीक अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में  गिरिडीह ब्लड बैंक के डॉ सोहेल, डॉ तारक नारायण देव, एएनएम सरिता सिन्हा, लैब टेक्निशियन रंजीत कुमार, मो एजाज आदि उपस्थित थे।


इसके पूर्व गुरुवार सुबह में रन फोर ब्लड कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमे लगभग 150 लोगों ने खंडोली मोड़ से खंडोली पर्यटन स्थल तक दौड़ लगाया और लोगों को रक्त दान के लिए प्रेरित किया।

सड़क निर्माण कार्य में अनियमितता देख भड़के ग्रामीण, रोका निर्माण कार्य

गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता, जांचों परांत की जाएगी कार्रवाई : जेई

गिरिडीह(Giridih)। जिले के बेंगाबाद प्रखंड की सोनबाद पंचायत के महदैया गांव में आरईओ की ओर से बन रही है पीसीसी सड़क। सड़क की ढलाई में अनिमियतता का आरोप लगा स्थानीय ग्रामीणों ने गुरुवार को जमकर विरोध किया और निर्माण कार्य बंद करा दिया। वहीं ग्रामीणों ने विभाग से मामले की जांच कर मजबूत सड़क बनाने व संवेदक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


बता दें कि आरईओ विभाग द्वारा एनएच 114 ए के महदैया मोड़ से गादी तक सड़क मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। उस पीसीसी सड़क की ढलाई में संवेदक अपनी मनमानी कर रहा है। ढलाई में सीमेंट की मात्रा कम दी जा रही है, और सीमेंट के बदले उसमे क्रशर से निकलने वाली डस्ट मिलाई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों पूर्व वार्ड सदस्य रवि कोल्ह, रोहित मंडल, सोनू मंडल, पप्पू मंडल, होरील कोल्ह, बुलाकी मंडल, अनिल मंडल, सितो मंडल, दामोदर मंडल का आरोप है कि इस प्रकार के मिलावटी ढलाई होने से सड़क की गुणवत्ता खराब हो रही है। 


ग्रामीणों ने बताया कि संवेदक से जब कार्य में सुधार करने को कहा गया तो वह केस में फंसाने की धमकी दे रहा है। जिससे ग्रामीण भड़क गए और काम को रोक दिया। जेई फैयाज आलम से इस बाबत पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि काम की गुणवत्ता में कोई समझौता नहीं करने का एसडीओ स्पष्ट निर्देश है। उसके बाद भी यदि संवेदक गलत कर रहा है, तो निर्माण कार्य की जांच कर संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बोलेरो और बाइक की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)। तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को गिरिडीह- जमुआ-चितरडीह मुख्य पथ पर नवाडीह स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप जोरदार टक्कर मार दिया। घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल युवकों में महादेव यादव और प्रकाश यादव शामिल हैं। दोनों युवक अपनी बाइक पर सवार हो जमुआ से गिरिडीह की ओर आ रहे थे।


जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक महादेव यादव और प्रकाश यादव ज्योहिं नवाडीह स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप पहुंचे इसी दौरान गिरिडीह से जमुआ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम दे बोलेरो चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही खावा पंचायत समिति सदस्य बसंत यादव घटनास्थल पहुंच दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्रकाश यादव को लगी मामूली चोट का उपचार कर दिया। वहीं महादेव यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया।


वहीं घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचें घायलों के परिजनों ने पचम्बा थाना को घटना से सम्बंधित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पचम्बा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

नशा मुक्त भारत अभियान का एक दिवसीय कार्यशाला सम्पन्न

कार्यशाला के दौरान नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर कलाकारों ने किया लोगों को जागरूक

गिरिडीह (Giridih)। महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा गुरुवार को शहर के एक होटल में नशा मुक्त भारत अभियान को लेकर एक दिवसीय कार्यशाला किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी डुमरी एवं गिरिडीह सदर समेत अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। 


मौके पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने कहा कि गिरिडीह को नशामुक्त जिला बनाने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। ताकि गिरिडीह वासियों को जागरूक कर उन्हें नशे की चपेट में आने से बचाया जा सके। कहा कि नशा से न सिर्फ एक व्यक्ति बल्कि उसका पूरा परिवार प्रभावित होता हैं। उन्होंने समाज के हर वर्ग के लोगों को नशा मुक्ति अभियान में जुड़ने और अभियान में सफल बनाने की अपील की। वहीं उन्होंने डायन प्रथा, भ्रूण हत्या, महिला उत्पीड़न जैसी सामाजिक कुरीतियों को भी समाज से पूर्ण रूप से खत्म करने की दिशा में सबों से सहयोग की अपील की। 


कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति और डायन प्रथा पर आधारित नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। जिसमे नुक्कड़ नाटक के कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से अंधविश्वास, डायन प्रथा और नशा का सेवन से कैसे परिवार उजड़ता है उसे प्रदर्शित कर लोगों को इसके खिलाफ जागरूक किया। कार्यक्रम में बाल संरक्षण अधिकारी, डीसीपीयू यूनिट के अधिकारी, सभी सुपरवाइजर, सेविका, सहायिका आदि उपस्थित थे।

भाजपा की बैठक में शामिल हुए चुनाव पर्यवेक्षक व चुनाव प्रभारी, सांगठनिक चुनाव पर हुआ चर्चा

गिरिडीह (Giridih)। भारतीय जनता पार्टी की एक अहम बैठक गुरुवार को जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष महादेव दुबे की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राजमहल के पूर्व विधायक सह जिला चुनाव पर्यवेक्षक अनंत ओझा एवं जिला चुनाव प्रभारी शशि भूषण भगत मुख्य रूप से मौजूद थे। 

बैठक को सम्बोधित करते हुए चुनाव पर्यवेक्षक आनंत ओझा ने कहा संगठन का महापर्व चल रहा है। आगामी 21 मार्च तक जिले के सभी प्रमुख पदों यथा मंडल अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पंचायत संयोजक सह संयोजक जिला अध्यक्ष का चुनाव कर लिया जाएगा। वहीं जिला चुनाव प्रभारी शशि भूषण भगत ने बैठक के दौरान पार्टी के दिशा निर्देशों को सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं को बताया और उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में बढ़-चढ़ कर काम करने का आह्वान किया। 


वहीं जिलाध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता संगठन के रीढ़ होते हैं। सभी कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी से अपना काम करें। कहा कि भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जहां बूथ अध्यक्ष भी जिला अध्यक्ष बनता है। प्रदेश अध्यक्ष व राष्ट्रीय अध्यक्ष भी बन जाता है। उन्होंने सबों सेआप  इमानदारी से संगठन का काम करने की अपील की। कहा कि सबों की नजर आपके कामों पर रहेगी।


बैठक में अशोक उपाध्याय, यदुनंदन पाठक, संदीप डंगायच,विनय सिंह, प्रदीप साहू, शिवपूजन राम, संत कुमार लल्लू, मनोज सिंह, राजेश जायसवाल, दिनेश यादव, शालिनी बेसखियार, संगीता सेठ समेत सभी मंडल के चुनाव अधिकारी सह अधिकारी सभी मंडल के अध्यक्ष उपस्थित थे।

इंटक के गिरिडीह अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा बनाये गये सीसीएल रीजनल समिति के सचिव

गिरिडीह (Giridih)। राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक)के केंद्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर दुबे ने गिरिडीह एरिया इंटक अध्यक्ष सह कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सचिव ऋषिकेश मिश्रा को सीसीएल रीजनल समिति का सचिव मनोनीत किया है। इस बाबत राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व सांसद चंद्रशेखर दुबे ने सीसीएल सीएमडी को पत्र प्रेषित कर इसकी सूचना दे दी है।


बता दें की इंटक के केंद्रीय अध्यक्ष ने सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र में बीते 15 फरवरी को सम्पन्न हुए संगठन के 74वें स्थापना दिवस के अवसर पर इंटक के गिरिडीह सीसीएल क्षेत्र के सात पदाधिकारियों को सीसीएल रीजनल समिति में स्थान दिया है। क्षेत्रीय जिलाध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा के अलावे जिन पदाधिकारियों को रीजनल समिति में स्थान मिला है, उनमें क्षेत्रीय सचिव अजीत कुमार, क्षत्रिय उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा, क्षेत्रीय संयुक्त सचिव मो सरफराज अंसारी, सीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय के अध्यक्ष मो इकबाल अंसारी, क़बरीबाद शाखा के अध्यक्ष प्रकाश मंडल एवं सचिव राहुल विश्वकर्मा शामिल हैं।


गिरिडीह इंटक के पदाधिकारियों को सीसीएल रीजनल समिति में शामिल होने पर इंटक के प्रदेश सचिव सह कांग्रेस नेता दीपक महेश्वरी, असंगठित इंटक के अध्यक्ष सह पंचायत समिति सदस्य मनोज दास, सुरेश राय, पवन ठाकुर, फिरोज अंसारी, फैयाज अंसारी, सुरेश तूरी, अशोक दास, मुकेश दास, धनराज दास, राहुल राय, दिलीप राणा, प्रकाश दास, गौतम चौधरी, देवानंद तुरी, लड्डू अंसारी, सुरेंद्र साव, मुकेश दास, ओपन कास्ट यूनिट के सितम्बर मंडल, भानु मंडल, मोहम्मद अख्तर, दिलीप राणा, टार्जन तुरी, मुकेश दास, दानिश, फिरोज, फैयाज अंसारी, नोकलाल दास समेत कई लोगों ने बधाई दी।

साल में दो बार होगी सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा

नई दिल्ली( New Delhi). सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा को लेकर एक बड़ा ऐलान किया है. सीबीएसई बोर्ड अगले साल यानी 2026 शैक्षणिक वर्ष से कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन साल में दो बार करेगा. एक बार सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च महीने में होगी, वहीं दूसरी बार परीक्षा का आयोजन मई में किया जाएगा. बता दें कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी से जारी हैं. इसी बीच बोर्ड ने यह बड़ा ऐलान किया है.



सीबीएसई ने साल 2026 से साल में दो बार कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के लिए मसौदा मानदंडों (Drafts norms) को मंजूरी दे दी है. मसौदा मानदंड अब सार्वजनिक डोमेन (Public Domain) में डाल दिए जाएंगे और हितधारक (Stakeholders) 9 मार्च तक अपनी प्रतिक्रिया दे सकते हैं जिसके बाद पॉलिसी को अंतिम रूप दे दिया जाएगा.

दूसरे फेज की परीक्षा 5 मई 

बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, द्विवार्षिक परीक्षाएं ( biannual exams) साल 2026 में शुरू होंगी. सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 दो फेज में होगी. मसौदा मानदंडों के अनुसार सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का पहला चरण 17 फरवरी से 6 मार्च तक आयोजित किया जाएगा, जबकि सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का दूसरा चरण 5 से 20 मई तक आयोजित किया जाएगा.

अगले साल बोर्ड परीक्षाएं 15 फरवरी के बाद 

सीबीएसई द्वारा प्रस्तावित योजना में अगले साल से कक्षा 10वीं और कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 15 फरवरी के बाद पहले मंगलवार से शुरू होंगी. उम्मीद है कि 2026 में कक्षा 10वीं में लगभग 26.60 लाख छात्र और कक्षा 12वीं में लगभग 20 लाख छात्र परीक्षा में शामिल होंगे. दोनों परीक्षाएं पूर्ण वर्तमान पाठ्यक्रम और पाठ्य-पुस्तकों पर आयोजित की जाएंगी.



एक दिन में एक बार परीक्षा

साइंस, मैथ, सोशल साइस, हिंदी और इंग्लिश को छोड़कर शेष विषयों को एक ग्रुप में क्षेत्रीय और विदेशी भाषाएं और एक ग्रुप में शेष विषय में समूहीकृत किया गया है. साइंस, मैथ, सोशल साइस, हिंदी और इंग्लिश की परीक्षा वर्तमान की तरह एक निश्चित दिन पर आयोजित की जाएगी. क्षेत्रीय और विदेशी भाषाओं की परीक्षा एक ही दिन में एक बार में आयोजित की जाएगी.

दो से तीन बार परीक्षा

शेष विषयों की परीक्षा 2 या 3 दिनों में छात्रों की पसंद के आधार पर दो से तीन बार आयोजित की जाएगी.



पूर्व मुख्य सचिव एल. खियांग्ते बनाये गये JPSC के अध्यक्ष

रांची (Ranchi)।  राज्य सरकार के प्रस्ताव पर तत्काल निर्णय लेते हुए  राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज एल. खियांग्ते को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया है। एल. खियांग्ते राज्य के पूर्व मुख्य सचिव थे।


एल. खियांग्ते को झारखंड लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष नियुक्त करते हुए राज्यपाल ने आशा व्यक्त की है कि राज्य में नियुक्ति प्रक्रिया तेज होगी।  आयोग द्वारा सभी परीक्षाओं का संचालन निर्धारित कैलेंडर के अनुरूप समयबद्ध और सुचारु रूप से हो सकेगा। साथ ही आयोग की कार्यप्रणाली में गति एवं पारदर्शिता आएगी।

आज का राशिफल, कैसा रहेगा आज का दिन, क्या कहता है आपकी राशिफल, जानिए

आज का राशिफल ::27 :: 02 :: 2025 गुरुवार

27 फरवरी 2025 : आज पवित्र फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की उदया तिथि चतुर्दशी है। वहीं आज गुरुवार का दिन है। आज चतुर्दशी तिथि सुबह 08:84 तक रहेगा उसके बाद अमावस्या तिथि लग जायेगी।आज तिथि के हिसाब से आप गुरुवार का व्रत रख सकते हैं। गुरुवार व्रत बहुत ही पुण्यदायी होता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा विधि रूप से करें। भगवान विष्णु दया के सागर हैं। आपको अपने पास हृदय से लगा कर रखते हैं। वह विध्नों को समाप्त करते हैं। 
आज चित्रगुप्तवार है। प्राणियों के कर्मों का लेखा जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त की आज सम्पूर्ण भक्ति भाव से भगवान चित्रगुप्त की उपासना करें। पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना करें। चित्रगुप्त स्तुति एवं चित्रगुप्त चालीसा का पाठ करें। आपकी सभी मनोवांक्षित इच्छाओं की पूर्ति होगी और आपका भगयोदय होगा। 
आज महाशिवरात्रि के बाद प्रथम अमावस्या का महान पावन पर्व है। भगवान कृष्ण की पूजा करें। आज श्री विष्णुसहस्रनाम का पाठ करने का उत्तम फल है। सम्पूर्ण भक्ति भाव से विष्णु उपासना करें। विधिवत पूजन करें। गुरुवार का उपवास रखें।


आज का पंचांग: 27 फरवरी 2025 गुरुवार, विक्रम सम्वत : 2081, शाका : 1946, ऋतु : बसंत, मास : फाल्गुन, पक्ष : कृष्ण पक्ष, तिथि : चतुर्दशी 08:54 AM तक उपरांत अमावस्या, नक्षत्र : धनिष्ठा 03:43 PM तक उपरांत शतभिषा, सूर्योदय : 06: 39 AM, सूर्यास्त : 06: 09 PM, राहुकाल : 02:05 PM से 03:32 PM तक, चन्द्रमा : कुंभ राशि पर संचार करेगा। व्रत/त्यौहार : गुरुवार व्रत, अमावस्या, चित्रगुप्तवार


आज :: 27:: 02 :: 2025 का राशिफल


मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
आज आपको व्यापार-सम्बंधित कार्यों में लाभहोगा। आज का दिन आपके लिए सुखद समाचार ला सकता है। थोड़े प्रयत्न से आपको ज्यादा लाभ होगा। दिन के कामों को सेहत बाधित कर सकती है। विवाद सुलझाने का सही समय है। ऑफिस में संभलकर रहें वरना मुसीबत आएंगी। मुद्दों पर स्पष्टता से समस्याएं सुलझेगी। धैर्य से कार्य करें सफलता मिलेगी। धन का व्यय बढ़ेगा। अपनी दोस्ती सोच समझ कर करें। बुरे लोगो के संगत से बचे यह आपके लिए हानिकारक है। तीर्थ यात्रा के योग बन रहे हैं। भाग्यशाली अंक: 8
भाग्यशाली रंगः नीला


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
आज आपको अपनी रचनात्मकता का प्रयोग करना चाहिए। अगर आप किसी कलात्मक क्षेत्र में शुरुआत करना चाहते हैं तो आज का दिन आपके लिए बहुत ही शुभ रहेगा। यदि आप अपनी कम्पनी में किसी ऊंचे औहदे पर हैं तो आप देखेंगे कि आज आपका दिन आपके लिए विशेष लाभकारी है। हाल ही में आपकी कम्पनी को बहुत बड़ा (टर्न ओवर) व्यवसाय मिला है जिससे कम्पनी प्रबन्धन ने आपको प्रोत्साहन राशि देना निश्चत किया है। यह राशि आपके लिए अतिरिक्त आय है अतः यह सलाह दी जाती है कि इस आय का एक भाग जरूरतमन्दों को अवश्य दान दे दें। इससे आपका व्यवसाय बढ़ेगा एवं इससे आमदनी में भी वृध्दि होगी। भाग्यशाली अंक: 2,भाग्यशाली रंगः गुलाबी


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
आज आपके जीवन में नया बदलाव हो सकता है। अगर आप कला के क्षेत्र से जुड़े हैं, तो आपको तरक्की के कई नये रास्ते खुले नजर आएंगे। इस राशि के स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन फेवरेबल है। आपको किसी समस्या को सुलझाने का तुरंत रास्ता मिल सकता है। आपको अपने सीनियर्स का भी सहयोग प्राप्त हो सकता है। आप अपने सभी कामों में बहुत हद तक सफल हो सकते हैं। जीवनसाथी आपकी भावनाओं का सम्मान करेंगे। आज के दिन कार्यक्षेत्र में आप अपना आपा खो सकते हैं। भाग्यशाली अंक: 4,भाग्यशाली रंगः केसरिया


कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
आज आपके प्रयास सफल रहेंगे। मान-सम्मान मिलेगा। कामकाज, व्यवहार, सौदेबाजी हर चीज में ईमानदारी रखें। पुराने दोस्त और रिश्तेदारों से बातचीत हो सकती है। अस्वस्थता संभव है। आपकी यात्रा सफल रहेगी। पति-पत्नी के संबंधों में मधुरता आएगी। कोई भी फैसला करने से पहले अच्छाईयों और कमियों पर सावधानी से गौर फरमाएँ। पारिवारिक सदस्यों से मतभेद खत्म कर आप अपने उद्देश्यों की पूर्ति आसानी से कर सकते हैं। इच्छाशक्ति की कमी आपको भावनात्मक और मानसिक परेशानियों में फंसा सकती है। उदास और अवसादग्रस्त न हों। खर्चों पर काबू रखने की कोशिश करें और सिर्फ जरूरी चीजें ही खरीदें। भाग्यशाली अंक: 9, भग्यशाली रंग: काला


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
आज आपको अचानक अपने सामाजिक संबंधों से व्यावसायिक लाभ होगा। आज आप अच्छे दिख रहे हैं, अच्छा महसूस कर रहे हैं कुल मिला कर आज का दिन आपके लिए शुभ है। आपके आकर्षण व कार्य क्षमता से कार्यक्षेत्र में आपको बहुत ही लाभ होगा। आज आप अपने व्यक्तिगत प्रयासों से ही व्यावसायिक सफलता प्राप्त कर सकेंगे। यदि आप शेयर बाजार में रूचि रखते हैं, तब आज का दिन आपके लिये सही फल देने वाला है। लेकिन ये ध्यान रखें कि आप इस दौरान लंबे समय के निवेश को ही अपने विकल्प के रूप में रखें। छोटी अवधि के निवेश ज्यादा विशेष फल नही देंगे। भाग्यशाली अंक: 7, भाग्यशाली रंगः सुनहरा


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
आज आपका दिन शानदार रहेगा। ऑफिस में काम को पूरा करने में पूरी तरह से आप सक्षम होंगे। इस राशि के लॉ की पढ़ाई कर रहे स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बहुत बढ़िया रहेगा। किसी सीनियर्स वकील के साथ इंटरर्नशिप करने का मौका भी आपको मिलेगा। करियर में आप नए आयाम स्थापित करेंगे। आप जिससे भी मदद की उम्मीद करेंगे, उससे आपको समय पर मदद मिल जायेगी। मध्याहन के बाद मित्रों के साथ भेंट होगी और किसी मनोहर स्थल पर पर्यटन जाने की संभावना भी है। भाग्यशाली अंक: 3, भाग्यशाली रंगः सफ़ेद 



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
आज का दिन आपके लिए आर्थिक रूप से अच्छा है। पैसे रुपये को लेकर कोई ठोस योजना बनाइए ताकि आज या भविष्य में आने वाले किसी मुश्किल हालात से आप आसानी से उबर सकें। निवेश करने के मामले में समझदारी से काम लीजिए। आज आपको कार्य-सफलता और यश-कीर्ति मिलेंगी। शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आज आपके संबंधों में निकटता आंएगी। पारिवारिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी। मौज-मस्ती के लिए घूमना संतोषजनक रहेगा। अधिक विचार आप के मन को विचलित कर देंगे। भाग्यशाली अंक :3, भाग्यशाली रंगः नीला 


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
 आज के दिन आप महसूस करेंगे कि आपको जीवन में एक बार मिलने वाला अवसर नौकरी के प्रस्ताव के रूप में मिला है। हो सकता है कि ये प्रस्ताव आपके वर्तमान स्थान से थोड़ा दूर हो और आपको वहां जाकर बसना पड़े। लेकिन अपने भविष्य को सुधारने के लिये इस अवसर को हाथ से मत जानें दें। आज आपको ऐसी सम्पत्ति हाथ लगेगी जिसकी आपने कभी कल्पना भी ना की होगी। आज आप देखेंगे कि जितने रूपये आप घर से लेकर चले थे उससे अधिक आप की जेब में हो सकते हैं। भाग्यशाली अंक: 7,
भाग्यशाली रंगः हरा


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
 आज आपको अचानक धन लाभ होगा। आपके कई योजनाएँ समय से पूरे हो जायेंगे। आपके परिवार में ख़ुशी का माहौल बना रहेगा। कार्यक्षेत्र में आपको अच्छी-खासी सफलता मिलेगी। अपनी उर्जा से आप बहुत कुछ हासिल कर लेंगे। आपके मन की इच्छा पूरी होगी। आर्थिक मामलों में आपको लाभमिलेगा। भविष्य को बेहतर बनाने के लिए आप नये कदम उठायेंगे। बच्चें आपको गर्व करने की वजह देंगे। संतान की जरूरतों पर ध्यान देना होगा। भाग्यशाली अंक: 9, भाग्यशाली रंगः भुरा


मकर🐊(भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
 आज परिजनों के साथ आनंदपूर्वक समय व्यतीत होगा। वाहन-सुख मिलेगा तथा मान-सम्मान भी मिलेगा। अपने साथी और दोस्तों के साथ कुछ समय व्यतीत करें। आपके सहयोगियों ने ऐसी स्थितियों में बहुत अच्छी तरह से आप का समर्थन किया है और ये समय उन लोगों से प्राप्त हुई मदद की सराहना करने का समय है। कल्पनाओं के पीछे न दौड़ें और यथार्थ वादी बनें। अपने आत्मविश्वास का फायदा उठाएँ। गलत निर्णय लेनें से बचें। आज मानसिक संतुलन बनाये रखें। करियर और प्रोफेशन के लिए समय सामान्य है। भाग्यशाली अंक: 6,भाग्यशाली रंगः गुलाबी 


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) 
सामाजिक गतिविधियां आज आपके लिए बहुत सारी खुशियां ले कर आएंगी। आपके जीवन में हाल में जो बदलाव आए हैं उनसे भी आपको बहुत खुशी मिलेगी। अपनी आगे की जीवन यात्रा पर ध्यान केंद्रित करें और सफलता की ओर आगे बढ़ते जाएं। आज का दिन आपकी खुशियों से भरपूर दिन होगा। आप अपने साथी के साथ अकेले में समय बिताकर अपनी बोरियत को दूर करेंगे। उन मूल्यवान पलों को अपनी यादों में समेटने का प्रयास करें, जिन्हें जिंदगी भर याद रख सकें। यदि आपका सपना पर्यटन के क्षेत्र में काम करने का है तब आज का दिन ये सपना साकार हो सकता है। भाग्यशाली अंक: 4, भाग्यशाली रंगः कालो


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
 आज आपका दिन घूमने-फिरने में बीत सकता है। आप परिवार वालों के साथ मनोरंजन के लिए कहीं ट्रिप पर जाने का प्लान बना सकते हैं। इस राशि के व्यापारी वर्ग को अचानक से कोई बड़ा धन लाभ हो सकता है, जिससे आर्थिक पक्ष पहले की अपेक्षा और मजबूत होगा। आप अपनी दिनचर्या में कुछ बदलाव ला सकते हैं। आपका पूरा ध्यान अपने करियर को आगे बढ़ाने पर रहेगा। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करके आपको काफी अच्छा महसूस होगा। आपके लिये आज अवसरों की कमी नही है, आपको सिर्फ उनका लाभ उठाना है। भाग्यशाली अंक: 2, भाग्यशाली रंगः पीला


 
कृपया ध्यान दें👉 

      यद्यपि शुद्ध राशिफल की पूरी कोशिश रही है फिर भी इन राशिफलों में और आपकी कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर आपके जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷