गिरिडीह (Giridih)। तेज रफ्तार बोलेरो ने एक बाइक को गिरिडीह- जमुआ-चितरडीह मुख्य पथ पर नवाडीह स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप जोरदार टक्कर मार दिया। घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायल युवकों में महादेव यादव और प्रकाश यादव शामिल हैं। दोनों युवक अपनी बाइक पर सवार हो जमुआ से गिरिडीह की ओर आ रहे थे।
जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक महादेव यादव और प्रकाश यादव ज्योहिं नवाडीह स्थित केंद्रीय विद्यालय के समीप पहुंचे इसी दौरान गिरिडीह से जमुआ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दिया। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर कर गम्भीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम दे बोलेरो चालक बोलेरो समेत मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही खावा पंचायत समिति सदस्य बसंत यादव घटनास्थल पहुंच दोनों घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्रकाश यादव को लगी मामूली चोट का उपचार कर दिया। वहीं महादेव यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया।
वहीं घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचें घायलों के परिजनों ने पचम्बा थाना को घटना से सम्बंधित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पचम्बा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें