शुक्रवार, 6 मार्च 2020

सड़क हादसे में गांडेय का पत्रकार गम्भीर, रेफर

सड़क हादसे में पत्रकार गम्भीर, रेफर
                       घायल पत्रकार समशुल

गिरिडीह : जिले के गांडेय प्रखंड से दैनिक समाचार पत्र प्रभात खबर का पत्रकार समशुल अंसारी शुक्रवार को एक सड़क दुर्घटना में गम्भीर रूप से घायल हो गया।

बताया जाता है कि वह शुक्रवार की शाम गिरिडीह से वापस गांडेय लौटने के क्रम में बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बघरा के पास उसका एक्सीडेंट हो गया। जिसमें वह बुरी तरह से घायल हो गये। आनन फानन में उसे गिरिडीह सदर अस्पताल में इलाज हेतु भर्ती कराया गया। जंहा प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गम्भीर स्थिति को देखते हुये उन्हें बेहतर चिकित्सा के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया है। 


होली त्यौहार के मद्दे नजर उपायुक्त ने की जिले के आलाधिकारियों संग बैठक

उपायुक्त ने किया होली त्यौहार के मद्दे नजर जिले के आलाधिकारियों संग बैठक
गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने होली पर्व को लेकर शुक्रवार को सुरक्षा व्यवस्था संबंधित एक बैठक जिले के आलाअधिकारियों संग की। 

उपायुक्त ने उपस्थित अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि इस बार होली 9 और 10 मार्च को मनाया जाएगा। ऐसे में जवानों की तैनाती भारी मात्रा में की जाएगी। ताकि लोगों को कोई दिक्कत का सामना करना ना पड़े। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए चौबीसों घंटे इमरजेंसी सेवा के लिए चिकित्सक व उपकरण तैयार रखने का निर्देश दिया। 

वंही अग्निशामक विभाग को फायर ब्रिगेड गाड़ी तैयार रखने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया। साथ ही लोगों को शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की गई। 

बैठक में मुख्य रूप से नगर आयुक्त अनिल राय सभी अनुमंडल पदाधिकारी, जनसंपर्क पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

डीआईजी पहुंचे गिरिडीह, किया जिले के पुलिस पदाधिकारियों संग समीक्षात्मक बैठक

डीआईजी पहुंचे गिरिडीह किया पदाधिकारियों संग समीक्षात्मक बैठक
  डीआईजी ने पुलिस लाईन का भी किया निरीक्षण 

गिरिडीह : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग के  डीआईजी पंकज कंबोज शुक्रवार को गिरिडीह पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाईन का निरीक्षण किया। वंही  जिले के पुलिस कप्तान समेत सभी वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें कई निर्देश भी दिये।

पत्रकारों से बातचीत के क्रम में डीआईजी ने कहा कि पुलिस लाईन का निरीक्षण कर कई तरह की जानकारी ली गयी। उन्होंने गिरिडीह पुलिस द्वारा किये गये केसों के अनुसन्धान पर संतोष जताया और अनुसन्धान कार्य की सराहना भी किया। डीआईजी ने गिरिडीह जिले में पुलिस बलों की कमी  के बाबत कहा कि शीघ्र ही इसकी रिपोर्ट पुलिस मुख्यालय को भेजी जायेगी। उसके बाद पर्याप्त पुलिस बलों की नियुक्ति करा रिक्तियों को भरी जायेगी।

इसके पूर्व लगभग तीन घण्टे तक चली बैठक के दौरान   जंहा उन्होंने कई केसों की समीक्षा की वंही दुष्कर्म और हत्या के साथ माओवादियों से जुड़े केसों के अनुसंधान में शिथिलता देख डीआईजी कंबोज ने नाराजगी भी जाहिर की।उन्होंने दुष्कर्म से जुड़े हर केस का अनुसंधान बेहतर तरीके से करने और अनुसंधान में पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।  

कहा कि इन घटनाओं पर पुलिस पदाधिकारी संवेदनशील बनें। ताकि पीड़ित और उनके परिवारों की उम्मीदों पर पुलिस खरी उतर सके।

बैठक में एसपी सुरेन्द्र झा, प्रशिक्षु आईपीएस मुकेश लुणायत, डीएसपी विनोद रवानी, संतोष मिश्रा समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

प्राणायाम का अभ्यास दूर करेगा कोरोना वायरस को : बाबा रामदेव


पांच तरह के प्राणायाम का अभ्यास दूर करेगा कोरोना को : बाबा रामदेव
मरकच्चो में हवन, यज्ञ के साथ हुआ योग का मिलन

कोडरमा : ब्रह्मापुत्र कर्दम ऋषि की तपोभूमि कोडरमा जिला अंतर्गत मरकच्चो की पावन धरती पर आयोजित रूद्र महायज्ञ में यज्ञ, योग और सनातन का अदभुत मिलन देखने को मिला।

 शुक्रवार को योग गुरु बाबा रामदेव मरकच्चो में आयोजित 11 दिवसीय महायज्ञ में शामिल होने पहुंचे। मरकच्चो पहुंचने के बाद बाबा रामदेव ने यज्ञस्थल में यज्ञमंडप की परिक्रमा की और यज्ञ में शामिल यजमानो को आशीर्वाद दिया।

यज्ञस्थल पर कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी, सूबे की विधायक डॉ नीरा यादव, महायज्ञ समिति के सदस्यगण, जनप्रतिनिधियों समेत भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। इस दौरान योग गुरु बाबा रामदेव, सांसद अन्नपूर्णा देवी और विधायक डॉ नीरा यादव वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं हवन कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम स्थल में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योग गुरु ने योग, प्राणायाम और यज्ञ महिमा का गुणगान किया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि भारतवासियों को कोरोना से डरने की जरूरत नहीं है। 

उन्होंने कहा कि पांच तरह के प्राणायाम का नियमित अभ्यास कर हल्दी, कालीमिर्च, अदरक और तुलसी का काढ़ा बनाकर नियमित सेवन करने से कोरोना वायरस का अटैक कभी नहीं होगा। कोरोना से बचाव के लिए उन्होंने सुबह शाम इस औषधीय काढ़ा का सेवन करने की सलाह दी।

अनियंत्रित बाइक पेड़ से टकरायी, चालक की मौत

चरघरा निवासी युवक की सड़क दुर्घटना में मौत
जमुआ : जमुआ- बिरनी मुख्य मार्ग पर मोहनोडीह के समीप शुक्रवार को हुई एक सड़क दुर्घटना में एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। 

 मृतक जमुआ थाना क्षेत्र के चरघरा निवासी टेकलाल रविदास का 26 वर्षीय पुत्र लछु दास था। जो अपनी बाइक से किसी काम से बिरनी गया था। वापसी के क्रम मे मोहनोडीह के पास उसकी बाइक अंनियंत्रत हो आम के पेड से टकरा गयी। जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी।

 सूचना पाकर जमुआ पुलिस घटनास्थल पर पहुंच लाश को अपनी अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह भेज दिया वंही बाइक को अपने कब्जे मे लेकर थाना ले गयी।

घटना के बाद परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। इधर, थाना प्रभारी संतोष कुमार ने कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूरी है। यातायात नियमों का पालन नही करने से सड़क दुर्घटना में इजाफा हुआ है।