रविवार, 5 अप्रैल 2020

कोरोनो : गिरिडीह के सभी 19 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव

कोरोनो : गिरिडीह के सभी 19 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव


             
            गिरिडीह : सिविल सर्जन डा. अवद्येश सिन्हा ने रविवार बताया कि अब तक 19 लोगों के ब्लड सैंपल जांच हेतु रांची भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट आ गयी है, सभी निगेटिव पाये गये हैं। उन्होंने बताया कि इन 19 लोगों में आठ वे लोग भी शामिल हैं जो रांची की हिंदपीढ़ी मस्जिद में सम्पन्न हुये धार्मिक जलसे में सिरकत कर लौटे थे, और जिले के गांवां प्रखंड के पिहरा के एक मदरसे में रह रहे थे। सीएस ने बताया कि उन आठ मौलवियों की भी रिपोर्ट निगेटिव आयी है।


सिविल सर्जन की मानें तो सोमवार को 12 और ब्लड सैंपल जांच के लिए रांची भेजे जाने हैं। इधर लॉकडाउन को लेकर रविवार को भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ रहा। प्रतिदिन की तरह रविवार को भी सदर एसडीएम राजेश प्रजापति के नेत्तृव में सीओ रवीन्द्र सिन्हा, डीएसपी विनोद रवानी और नगर थाना प्रभारी आदिकांत महतो शहर की गस्ती पर निकले। इस दौरान शहर के जिन-जिन इलाकों में सब्जी और फल के ठेले दुकान दिखे, उनको हटाया गया। पुलिस कर्मी लॉकडाउन को लेकर शहर के चौक-चोराहों में ड्यूटी के लिए मुस्तैद नजर आये। 

लावारिस हालत में खेत मे बेसुध पड़ा मिला युवक

लावारिस हालत में खेत मे बेसुध पड़ा मिला युवक 
गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के फुरसोडीह गाँव में रविवार को एक युवक लावारिस अवस्था मे खेत मे बेसुध पड़ा मिला। 

कुछ लोगों ने उसे देखा और आनन फानन में उसे इलाज हेतु बेंगाबाद स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया। जंहा चिकित्सकों ने उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुये उसे बेहतर इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है।

 युवक द्वारा प्रेम प्रसंग में विषपान करने का मामला सामने आया  है। बहरहाल उसकी स्थिति काफी गम्भीर बनी हुई है। चिकित्सको द्वारा इलाज जारी है।


 







जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक तपागच्छ संघ ट्रस्ट के सहयोग से गरीबों के बीच बांटा अनाज

जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक तपागच्छ संघ ट्रस्ट के सहयोग से गरीबों के बीच बांटा अनाज 
पीरटांड़/ गिरिडीह : जैनियों के विश्व प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मधुबन के जैन श्वेतांबर मूर्ति पूजक तपागच्छ संघ ट्रस्ट के दीपक मेपानी के सहयोग से भाजपा के प्रखंड महामंत्री भोला नाथ पाठक ने कुम्हरलालो पंचायत के कठवारा करणपुरा एवं कुम्हरलालो के सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच अनाजों का मुफ्त वितरण किया।

वैश्विक महामारी कोरोना वायरस को देखते हुए प्रधानमंत्री ने 21 दिवसीय लोक डाउन का घोषणा किया है जिसके तहत लोग अपने-अपने घरों में बंद हैं जिस को ध्यान में रखते हुए दीपक में पानी ने लगातार मधुबन पंचायत एवं अन्य पंचायत क्षेत्रों में अनाजों का वितरण प्रारंभ किया है उन्होंने कहा किया वितरण 14 अप्रैल तक जारी रहेगा । जरूरतमंद लोग खाद्य सामग्री आटा चावल दाल तेल वगैरह पाकर काफी खुश नजर आए ।

झारखंड-बिहार बॉर्डर पर पुलिस ने बरामद किया भारी मात्रा में विस्फोटक

झारखंड-बिहार बॉर्डर पर  पुलिस ने बरामद किया भारी मात्रा में विस्फोटक

20 -20 किलो का चार आईईडी, 97 जिलेटिन, 8 डेटोनेटर और बैटरी बरामद


          

गिरिडीह : बिहार-झारखंड बॉर्डर पर नक्सलियों के खिलाफ चलाये गये दोनों राज्यों की संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को भारी सफलता हाथ लगी है। इस दौरान पुलिस को नक्सलियों द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की नियत से छुपा कर रखे गये भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। इस सर्च अभियान में  गिरिडीह जिला पुलिस के साथ जमुई पुलिस और सीआरपीएफ के जवान संयुक्त रूप से शामिल थे।

बताया जाता है कि दोनों राज्यों की संयुक्त पुलिस ने गिरिडीह जिले के भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के भतुआकुरहा और चकाई थाना क्षेत्र के गरुड़बाद में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने 20- 20 किलो के चार आइईडी  97 जिलेटिन, 8 डेटोनेटर समेत 12 वोल्ट की बैटरी बरामद किये हैं। नक्सलियों द्वारा भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के भतुआकुरहा और चकाई थाना क्षेत्र के गरुड़बाद के जंगल में सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से यह विस्फोटक छिपा कर रखे थे। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गिरिडीह व जमुई पुलिस और सीआरपीएफ जवानों ने संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाकर विस्फोटक को बरामद कर लिया। बाद में पुलिस ने सभी आईईडी को विस्फोट कर नष्ट कर दिया।

सुविज्ञ सूत्र बताते हैं कि नक्सली कमांडर सिद्धू कोड़ा की मौत के बाद पिंटू राणा को गिरिडीह औऱ जमुई जिले की सीमावर्ती इलाकों का नक्सली जोनल कमांडर की कमान मिली है।  सिद्धू कोड़ा की मौत के बाद नक्सली संगठन की हाई लेवल बैठक नक्सली कमांडर अरविंद यादव उर्फ अविनाश के नेतृत्व में  बिहार-झारखंड की सीमा से सटे भेलवाघाटी जंगल में हुई थी। उक्त बैठक में नक्सली संगठन के मारक दस्ता का कमान उन हार्डकोर नक्सलियों को देने पर सहमति बनी थी जिसे बिहार-झारखंड के गिरिडीह और जमुई जिले की भौगोलिक स्थिति के साथ साथ आर्थिक क्षेत्र की भी जानकारी हो।  पिंटू को जमुई, गिरिडीह व लखीसराय जिले के जंगली इलाके की जानकारी होने के अलावा संवेदकों पर भी इसकी अच्छी पकड़ है।