रविवार, 11 मई 2025

कार और बाइक की जबरदस्त भिड़ंत में बाइक के उड़े परखच्चे, हादसे में दो गम्भीर

गिरिडीह (Giridih)।  जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के मिर्जागंज में एक स्विफ्ट डिजायर कार और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई।  टक्कर इतना जबरदस्त था कि मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए और कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं इस घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।


टक्कर इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज सुन आसपास के लोग अपने घरों व दुकानों से बाहर निकल घटनास्थल पहुच गये। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गयी। लोगों ने तत्काल एम्बुलेंस बुला आनन फानन में घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना जमुआ पुलिस को दी। सूचनस मिलते ही जमुआ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गिरिडीह के आकाश और नयन बने ताइक्वांडो के राष्ट्रीय कोच

गिरिडीह (Giridih)।  गिरिडीह के आकाश और नयन ताइक्वांडो के राष्ट्रीय कोच बनने का गौरव प्राप्त किया। ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रभात शर्मा और अंतर्राष्ट्रीय कोच अब्बास शेखी ने आकाश और नयन को राष्ट्रीय कोच का प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।


ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा धनबाद में चार दिवसीय राष्ट्रीय ताइक्वांडो कोच प्रशिक्षण शिविर आयोजित था। 7 से 10 मई तक चले इस प्रशिक्षण शिविर में देशभर से 200 चयनित कोचों ने हिस्सा लिया था। जिसमे गिरिडीह के आकाश स्वर्णकार और नयन भट्टाचार्य ने भाग लिया। इस प्रशिक्षण शिविर में प्रशिक्षण देने ईरान के अंतरराष्ट्रीय कोच अब्बास शेखी आए थे। गिरिडीह के आकाश और नयन ने इस प्रशिक्षण को सफलता पूर्वक पूर्ण कर आकाश और नयन ताइक्वांडो के राष्ट्रीय कोच बनने का गौरव प्राप्त किया। उन दोनों की इस उपलब्धि के लिये जिला ताइक्वांडो संघ से जुड़े लोगों व पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई दिया है।

खाद्यान आपूर्ति सम्बन्धी गोदाम प्रबन्धक को जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने दिए कई निर्देश

गिरिडीह (Giridih)। जिला आपूर्ति पदाधिकारी गुलाम समदानी की अध्यक्षता में रविवार को आपूर्ति से संबंधित एक महत्वपूर्ण बैठक हुई।  जिसमें आपदा के दौरान गरीब कार्डधारियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने पर चर्चा की गई। 


वहीं बैठक में मई, जून और जुलाई का खाद्यान्न 31 मई 2025 तक और अगस्त माह के खाद्यान्न का वितरण 15 जून 2025 तक करने का निर्देश सभी गोदाम प्रबन्धक को दिया गया।



बैठक में जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, डीलर संघ के प्रतिनिधि, कार्यालय अधीक्षक मुरारी राम, प्रधान सहायक स्वतंत्र कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।

बहन की ससुराल गये 12 वर्षीय बच्चे की बराकर नदी में डूबने से मौत

गिरिडीह (Giridih)। जिले के डुमरी थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक घटना घटित हुई। अपनी बहन के साथ उसके ससुराल आये एक 12 वर्षीय बच्चे की बराकर नदी में डूबने से मौत हो गयी। मृतक बच्चा बिरनी थाना क्षेत्र के निचितपुर गांव निवासी बीरेंद्र यादव के 12 वर्षीय पुत्र सुनील यादव था। 



जानकारी के अनुसार बिरनी निवासी बीरेंद्र यादव की पुत्री की शादी डुमरी थाना क्षेत्र के नुरंगों गांव में हुई थी। कल (शनिवार को) ही उसकी विदाई हुई थी। अपनी बहन के साथ सुनील भी अपनी बहन का ससुराल आया था। ससुराल के लोग नई बहू के आने की खुशी में  मशगूल थे। इसी बीच रविवार सुबह सुनील बिना किसी को कुछ भी बताये गांव के अन्य लड़कों के साथ बराकर नदी में नहाने चला गया। जहां नहाने के क्रम में वह गहरे पानी मे समा गया और डूब गया। 



वहां मौजूद अन्य लड़कों ने जब उसे डूबता देखा तो शोर मचाया। शोर सुन आसपास के लोग वहां पहुंचे और  काफी मशक्कत के बाद बेहोशी की हालत में सुनील को नदी से बाहर निकाला और सीधे गिरिडीह सदर अस्पताल ले कर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर सुन परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के चित्कार से पुरा अस्पताल परिसर गमगीन हो गया। कल तक जिस परिवार में शादी की खुशी और उमंग थी उसी परिवार में आज मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।