गिरिडीह (Giridih)। जिले के बिरनी थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-रांची मुख्य पथ पर जीतकुंडी के समीप दो ऑटो के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई है। टक्कर इतना जबरदस्त था कि हादसे में एक ऑटो के चालक सहित दोनों ऑटो पर सवार 14 लोग घायल हो गए हैं। जिनमे महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार दोनों ऑटो विपरीत दिशा से आ रही थी। जीतकुंडी के समीप ऑटो चालकों का संतुलन बिगड़ गया। जिससे दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर घायलों की चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन फानन में सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं घटना की सूचना बिरनी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही बिरनी थाना के एसआई शंभू सिंह अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में घायलों का हालचाल लिया साथ ही घटना की जानकारी ली।
इस भीषण सड़क हादसे में पूर्णिमा देवी, प्रेरणा कुमारी, लादपरी देवी, सोनी देवी, मंजू देवी, करीना कुमारी, गायत्री देवी, खुशबू देवी, रवि कुमार, रूद्राक्ष कुमार, अंश कुमार, रंजीत कुमार, प्रेमचंद यादव, संजय डोम आदि घायल हुए हैं। जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। वहीं इन घायलों में प्रेमचंद यादव और संजय डोम की गम्भीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने दोनों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें बेहतर इलाज हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया है। इधर,बिरनी पुलिस ने घटनास्थल से दोनों ऑटो को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें