सोमवार, 23 जून 2025

धनवार में हुआ मोबाइल लोक अदालत सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

गिरिडीह (Giridih)। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सोमवार को जिले के धनवार प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में मोबाइल लोक अदालत सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता प्रियांशु शेखर और अमित कुमार मुख्य रूप से मौजूद थे।


इस दौरान उपस्थित लोगों को वर्ष 1987 में स्थापित विधिक सेवा प्राधिकार के उद्देश्य और क्रिया कलापों से अवगत कराया गया। बताया गया कि अदालतों पर मुकदमों का बोझ कम करना और समाज के शोषित, पीड़ित, वंचित लोगों को निःशुल्क न्याय दिलाना ही प्राधिकार का मुख्य उद्देश्य है। बताया गया कि प्राधिकार स्थायी लोक अदालत, मासिक लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत और स्पेशल ड्राइव के तहत मुकदमों की संख्या घटा रही है। इसके माध्यम से बिजली विभाग, वन विभाग, उत्पाद विभाग एवं बैंक से से जुड़े सैकड़ों लंबित वादों का निपटारा मासिक और राष्ट्रीय लोक अदालतों के माध्यम से किया जाता है।


मौके पर मौजूद पैनल अधिवक्ता प्रियांशु शेखर ने बताया कि पिछड़े, वंचित, निःशक्त लोगों को न्याय दिलाने के लिए फ्रंट कार्यालय, पैनल अधिवक्ता और पीएलवी के माध्यम से लोगों को निरंतर जागरूकता की जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाएं, पीड़ित, वंचित और सालाना तीन लाख रुपए से कम आय वाले लोग इस योजना का लाभ ले सकते हैं। प्राधिकार ऐसे लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता भी उपलब्ध कराता है। कहा कि दुर्घटना और दुष्कर्म जैसे मामलों में पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का भी काम प्राधिकार करता है।



कार्यक्रम में पीएलवी सुरेश कुमार यादव , अरविंद कुमार, कुश कुमार , प्रदीप ठाकुर, नंदलाल,लालजीत आदि कई लोग मौजूद थे।



सात सूत्री मांगों को लेकर आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मियों ने किया कार्य बहिष्कार

सुपरवाइजर गौरव कुमार द्वारा कर्मियों को दी जाने वाली धमकी पर संज्ञान लेने और कार्रवाई की मांग

गिरिडीह (Giridih)। सदर अस्पताल सहित जिले के सभी 13 ब्लॉक में संचालित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत 700 आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मी ने एक बार फिर मासिक वेतन और ईपीएफ (EPF) सहित सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार किया हैं। जेएलकेएम नेता नागेंद्र चंद्रवंशी और आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मी संघ के बैनर तले सोमवार को आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों ने सदर अस्पताल में धरना देते हुए कार्य बहिष्कार की घोषणा की। 


धरना के दौरान जेएलकेएम केंद्रीय सचिव नागेंद्र चंद्रवंशी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग गिरिडीह में काम करने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी डिटेक्टिव फोर्स प्रा. लि. द्वारा कर्मचारियों के वेतन में कटौती और EPF में लगातार गड़बड़ी की जा रही है। पूर्व में भी स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन को मामले को लेकर आवेदन देने के साथ ही आंदोलन किया जा चुका है। बावजूद इसके कंपनी के कार्यप्रणाली में कोई सुधार नहीं हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी कोई ठोस करवाई ही की जा रही है। जिस कारण कर्मियों में भारी आक्रोश है।


मौके पर मौजूद कर्मियों ने बताया कि वेतन में कटौती और EPF में गड़बड़ी के कारण उनका जीवनयापन कठिन हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो रही है और बच्चों की शिक्षा तक प्रभावित हो रही है। कई कर्मचारियों को पिछले महीनों का वेतन भी समय पर नहीं मिला है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।


आउटसोर्सिंग स्वास्थ्यकर्मियों के सात सूत्री मांगों में :

●.अप्रैल और मई माह का बायोमेट्रिक के नाम पर काटा गया मानदेय राशि पूरा दिया जाए।

◆. EPF और ESI में कंपनी द्वारा की जा रही गड़बड़ी की जांच हो और जिनका EPF और ESI कार्ड नहीं बना उन्हें जल्द से जल्द बना कर दिया जाए।

●.प्रत्येक माह का सैलरी स्लिप दिया जाए एवं ससमय वेतन दिया जाएं।

●.2023, 2024, 2025 का बोनस दिया जाए।

●. सभी टेक्निकल डिग्रीधारी कर्मियों को कुशल की श्रेणी में शामिल करके कुशल का वेतन दिया जाए।

 ●.डिमोशन किये गये कंप्यूटर ऑपरेटरो को बिना शर्तों के पुनः कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर बहाल किया जाए

●.सुपरवाइजर गौरव कुमार से सवाल करने पर हटाने और ट्रांसफर करने की जाने वाली धमकी पर संज्ञान लेते हुए उसके खिलाफ करवाई की जाए।



धरना में थे शामिल : 

धरना में जेएलकेएम अर्जुन पंडित, रंजन कुमार, विकास झारखंडी, नीतीश राय, मिहिर चन्द्रवंशी, सुभाष चौधरी, हर्षित भदानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं के अलावे आउट सोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मी आफताब आलम, मिंकल कुमार गुप्ता, नवीन कुमार गुप्ता, नागेंद्र मिश्रा, ऋषभ कुमार, चंदन वर्मा, सुनील यादव, राहुल कुमार गिरी, देवनंदन दास, सिकंदर अंसारी, नकुल यादव, अजय यादव, तारिक़ अनवर, सिकन्दर अंसारी, उज्जवल कुमार, चन्दन कुमार, फूलकुमारी, मोनिका हांसदा, प्रतिमा कुमारी सिंह सहित कई स्वास्थ्य कर्मी मौजूद थे।



महेशलुंडी के तेलिया पोखर के समीप खाली मैदान में सीसीएल ने मिनी स्टेडियम निर्माण की दी है मंजूरी : मुखिया

तेलिया पोखर के समीप खाली मैदान में मिनी स्टेडियम ही बने : राजेश सिन्हा

गिरिडीह(Giridih)। गिरिडीह में खेल को बढ़ावा देने और यहां के युवाओं को खेल के क्षेत्र में उच्च मुकाम हासिल करने के लिए यहां खेल का मैदान बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन इसके विपरीत गिरिडीह का सरकारी महकमा यहां के खेल के मैदान पर ही अपनी गिद्ध दृष्टि डाले हुए है। और यहां के खेल के मैदान को ही खत्म करने की फिराक में जुटी है। यधपि राज्य की सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढाने के उद्देश्य से कई कार्यक्रम आयोजित कर रखी है। ताकि राज्य के युवा खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ें और अपने जिले के साथ साथ राज्य व देश का नाम रोशन कर सकें। लेकिन गिरिडीह का सरकारी महकमा राज्य सरकार की मंशा पर ही पानी फेरने में जुटी है।




बताते चलें कि गिरिडीह सदर प्रखंड के महेशलुण्डी पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय से सटे तेलिया पोखर के समीप खाली मैदान में, बच्चों के सर्वांगीण विकास और खेलकूद को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय ग्रामीणों ने मिनी स्टेडियम बनाने का निर्णय लिया है। बाल ग्राम सभा आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से बीते 11 फरवरी 2023 को इस सम्बन्ध में एक प्रस्ताव भी पारित किया था।



वहीं सीसीएल की गिरिडीह कोलियरी प्रशासन ने ग्रामीणों के इस प्रस्ताव पर अपनी मुहर लगाते हुए एन सी आर पी फंड से उक्त स्थान पर मिनी स्टेडियम निर्माण हेतु इसका प्राक्कलन भी तैयार कर चुकी है। बावजूद इसके गिरिडीह का सरकारी महकमा, उसी जमीन पर खेल परिसर बनाने की तैयारी कर रही हैं। जिसका विरोध खेल में रुचि रखने वाले बच्चे, जनप्रतिनिधि और पंचायत के ग्रामीण कर रहे हैं।


सोमवार 23 जून को पुनः ग्राम सभा का आयोजन कर स्थानीय ग्रामीणों ने उक्त जमीन पर मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव पारित किया है। पंचायत के मुखिया शिवनाथ साव और माले नेता राजेश सिन्हा ने कहा कि यह जमीन पहले ही मिनी स्टेडियम के लिए चयनित है और ग्राम सभा में पारित हो चुकी है। बावजूद विभाग द्वारा यहां निर्माण कार्य करना पंचायती सरकार के नियमों का उल्लंघन है। ग्रामीणों ने आर्थिक व शारीरिक सहयोग से मेहनत और पैसे लगाकर उक्त जमीन को खेल मैदान बनाया है। कहा कि विभाग को खेल परिसर के लिए दूसरी जमीन देखनी चाहिए। पंचायत में अधिग्रहित कई खाली जमीनें हैं, जहां खेल परिसर बनाया जा सकता है। ग्राम सभा के दौरान मुखिया शिवनाथ साव और ग्रामीणों ने यह मामला मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गिरिडीह उपायुक्त के समक्ष रखने की बात कही है।



ग्राम सभा में उप मुखिया रमेश कंधवे, सोनू ठाकुर, अविनाश मंडल, सोमनाथ पाल, गोविंद दास, जगत पासवान, सागर ठाकुर, राजेश साहू, जगदीश दास, अमन पासवान, गणेश ठाकुर सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।



गिरिडीह पुलिस ने किया सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, एक महिला समेत दो गिरफ्तार

गिरिडीह (GIRIDIH)। गिरिडीह की पुलिस ने पचम्बा थाना क्षेत्र स्थित एक किराये के मकान में देह व्यापार मामले का उद्भेदन करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने उस मकान से दो नाबालिग बच्चियों को भी सुरक्षित बरामद किया है।



जानकारी के अनुसार गिरिडीह के एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देश पर गुमशुदा नाबालिग बच्ची की तलाश हेतु गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना पर छापेमारी करने पचम्बा थाना क्षेत्र के भण्डारीडीह स्थित 28 नम्बर मुहल्ला पहुंची थी। मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो के नेतृत्व मे पुलिस की टीम ने 28 नम्बर निवासी पिंकी उर्फ़ नीतू देवी नामक महिला के घर में छापामारी कर दो नाबालिग बच्चियों को बरामद किया।


पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि दोनों बच्चियों को काम दिलाने के बहाने बहला फुसला कर वहां लाया गया था और उन्हें देह व्यापार करने हेतु उन्हें देवघर जिले के मधुपुर क्षेत्र स्थित एक होटल में भी ले जाया गया था।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिंकी उर्फ नीतू देवी और ऑटो चालक इरफान को गिरफ्तार किया है।




सुविज्ञ सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी महिला नीतू देवी मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के 28 नंबर में किराये के मकान मे रहकर जिस्म फरोशी का रैकेट चलाती थी। वह अपने इसी किराये के मकान से ग्राहक सेट करती थी और दोनों नाबालिग को भेजा करती थी। पुलिस ने गुप्त सूचना पर महिला के घर छापेमारी की और दोनों नाबालिग बच्चियों का रेस्क्यू करने मे सफल रही। वहीं पुलिस इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस मामले में संलिप्त लोगों की तलाश करने में जुटी है।

तरुण मित्र परिषद का द्विवार्षिक चुनाव सम्पन्न, अशोक जैन बने अध्यक्ष व मनोज कुमार जैन महासचिव

गिरिडीह (GIRIDIH)। अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद  की 49 वीं वार्षिक सभा मे नये सत्र हेतु द्विवार्षिक चुनाव चुनाव अधिकारी प्रताप जैन के देख रेख में सम्पन्न हुआ। परिषद कार्यालय, लक्ष्मी नगर मे सम्पन्न हुए इस चुनाव मे नए सत्र हेतु सर्वसम्मति से अशोक जैन को अध्यक्ष एवं मनोज कुमार जैन को महासचिव चुना गया।



वहीं संस्था के उपाध्यक्ष के पद के लिये अशोक कुमार जैन, सह सचिव के लिए आलोक जैन, संगठन सचिव के लिए राकेश जैन एवं कोषाध्यक्ष के पद के लिए अजय जैन को चुना गया। इस मौके पर संस्था के कार्यकारिणी सदस्य के रूप में कमल मेहरोत्रा, महेश जैन, पी के जैन, फूल चंद जैन, राम औतार शर्मा, राम किशोर शर्मा, रविन्द्र कुमार जैन, समकित जैन व विनीत शर्मा को चयनित किया गया। चुनाव उपरांत चुनाव अधिकारी प्रताप जैन ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को तरुण मित्र परिषद के उद्देश्यों के अनुरूप जरूरतमंद मानवों की सेवा-सहायतार्थ और अधिक रुचि लेने की शपथ दिलाई।

                 मनोज कुमार जैन

मौके पर संस्था के नव निर्वाचित महासचिव मनोज कुमार जैन ने कहा कि वह संस्था को और अधिक उचाइयों पर ले जाने और अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों की सहायता करने का प्रयास करेंगे।


आज 23 जून ...क्या कहते हैं आपके सितारे...कैसा रहेगा आपका दिन...! जानिए अपना राशिफल

आज का राशिफल :: 23: 06 :: 2025, सोमवार

23 जून 2025 : आज आषाढ़ कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि और सोमवार दिन है। त्रयोदशी तिथि 23 जून की रात 10 बजकर 10 मिनट तक रहेगी। जिसके बाद चतुर्दशी प्रारंभ होगी। वहीं, दोपहर 1 बजकर 17 मिनट तक धृति योग रहेगा। आज दोपहर 3 बजकर 17 मिनट तक कृतिका नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज सोम प्रदोष और मासशिवरात्रि व्रत है। यह दिन धार्मिक दृष्टि से अत्यंत खास है। शिवोपासना के लिए यह संपूर्ण दिन अत्यंत शुभ है। विशेष रूप से प्रदोषकाल में भगवान शिव की पूजा से समस्त दोषों का नाश होता है। शिवभक्तों के लिए यह दिन विशेष फलदायक माना जाता है। सोमवार का दिन मन और माता के कारक ग्रह चंद्रमा से शुरू होता है। जीवन में सकारात्मकता लाने के लिए इस दिन के स्वामी महादेव की पूजा आराधना करने से लाभ होता है। जीवन के दुखों का अंत और नौकरी में पदोन्नति के रास्ते खुलते हैं। सोम प्रदोष व्रत में सूर्योदय से पूर्व उठकर शिवलिंग की पूजा करें। फिर गाय का दान करना अत्यधिक पुण्य माना जाता है और इससे विवाह में आने वाली बाधाओं को दूर करने में मदद मिलती है।

प्रदोष व्रत और मासिक शिवरात्रि का विशेष महत्व :शिव जी को प्रदोष और मासिक शिवरात्रि व्रत दोनों ही अत्यंत प्रिय हैं। मान्यता है कि इस दिन महादेव प्रदोष काल और निशिता काल में शिवलिंग में वास करते हैं। इसके स्पर्श मात्र से भक्तों के संकट दूर हो जाते हैं।   क्या करें: शिव जी को लाल गुलाब अर्पित करें और इत्र चढ़ाएं। इससे न सिर्फ मंगल दोष दूर होता है बल्कि विवाह में आ रही परेशानी खत्म होती है। सोमवार, प्रदोष और मासिक शिवरात्रि के संयोग में माता पार्वती को सोलह श्रृंगार चढ़ाएं और फिर इसे सुहागिन को दान कर दें। मान्यता है पति की आयु लंबी होती है।         क्या न करें: लहसुन, प्याज युक्त भोजन न करें।महिलाओं, बुजुर्गों का अपमान भूलकर भी न करें।


आज का पंचांग: 23 जून 2025, दिन : सोमवार  युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082       शक संवत : 1947     ऋतु :  ग्रीष्म  मास         :  आषाढ़    पक्ष  :  कृष्ण पक्ष         सूर्योदय : 05: 24 AM, सूर्यास्त : 07: 22 PM    तिथि : त्रयोदशी 10:10 PM तक उपरांत चतुर्दशी  नक्षत्र : कृत्तिका 03:16 PM तक उपरांत रोहिणी राहुकाल : 07:27 AM से 09:07 AM तक        चन्द्रमा : वृषभ राशि पर संचार करेगा                        व्रत/त्यौहार : सोमवार व्रत, सोम प्रदोष व्रत, मास शिवरात्रि व्रत



आज :: 23 :: 06 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ) : आज आपकी मनोकामनाएं पूरी हो सकती हैं। कुछ गृहणियां आज अपने घर पर किटी पार्टी का आयोजन कर सकती हैं। बच्चों की शादी की योजना बना सकते हैं। दांपत्य जीवन में खुशियों की बरसात हो सकती है। प्रेम जीवन जी रहे लोग रोमांस के सहारे अपने रिश्ते को आगे बढ़ाएंगे। आज आपका लकी रंग लाल है। आज आपका लकी नंबर 9 है। अगर आप रियल एस्टेट में निवेश करने के इच्छुक हैं तो आज का दिन ऐसा करने के लिए बिल्कुल सही है। व्यापार में प्रगति सामान्य रहेगी। अगर आप नौकरी के लिए प्रयास कर रहे हैं तो आपको वर्तमान समय में दोस्तों से बात करनी चाहिए। सरकारी दफ्तरों में अटके हुए काम आज आसानी से पूरे हो जाएंगे। मेष राशि वाले इस सप्ताह ऊर्जा से भरपूर रहेंगे। नए प्रोजेक्ट में सफलता मिलेगी। सावधानी जरूरी है, जल्दबाजी में फैसले न लें। पारिवारिक रिश्ते मजबूत होंगे।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो) : आज आपके घर पर किसी शुभ कार्य पर चर्चा हो सकती है। आप घरेलू सामान खरीद सकते हैं। आपको गुस्से में किसी से बात करने से चचना चाहिए। अगर आपको लोगों की मदद करने के अवसर मिलें तो ना न कहें। आपके प्रेम जीवन में एक रोमांचक नया दौर आने वाला है। दांपत्य जीवन में खुशियां आएंगी। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज पैसों से जुड़े मामलों में जीवनसाथी के साथ मिलकर फैसले लें। कारोबारी दूसरों के बहकावे में आकर खुद को भ्रमित न करें तो अच्छा रहेगा। अगर आप पार्टनरशिप में काम कर रहे हैं तो लेन-देन में उदारता बरतें। वर्क फ्रॉम होम कर रही महिलाओं के लिए दिन अच्छा रहेगा। नौकरी में प्रमोशन के साथ वेतन वृद्धि के भी योग हैं। वृषभ राशि वालों के लिए आर्थिक मामले फायदेमंद रहेंगे। निवेश से लाभ होगा। स्वास्थ्य का ध्यान रखें, विशेषकर पाचन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। प्रेम जीवन सुखद रहेगा।


मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा) : आज का दिन आपके लिए शुभ और उन्नति कारक है। दूसरों से अपनी तुलना करना बंद करें और यह सोचना बंद करें कि आप काफी अच्छे नहीं हैं। शादीशुदा जातक एक-दूसरे के साथ बेहद रोमांटिक दिन बिताने वाले हैं। आप किसी पुराने अंतरंग मित्र से फिर से जुड़ सकते हैं। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज आप आय बढ़ाने के बारे में भी सोच और प्रयास कर सकते हैं। व्यापार में अपने संपर्क बढ़ाएं। आयात-निर्यात से जुड़े काम में आपको कोई बड़ा प्रोजेक्ट मिल सकता है। आप कोई प्रॉपर्टी खरीदने के बारे में सोच सकते हैं। अगर आप कार्यस्थल पर अपने लिए अच्छी जगह बनाना चाहते हैं तो आपको सीनियर का दिल जीतना होगा। मिथुन जातकों को संवाद कला का उपयोग कर लाभ मिलेगा। नौकरी या व्यवसाय में बदलाव की संभावना है। यात्रा पर ध्यान दें, साथ ही घर परिवार के साथ समय बिताएं।



कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो) : आज आपके सितारे बुलंद रहने वाले हैं। आप परिवार के साथ समय बिता पाएंगे। कुछ गलत लोगों की संगति के कारण आप बुरी आदतों का शिकार हो सकते हैं, सावधान रहें। दांपत्य जीवन के लिए आज का दिन यादगार हो सकता है। प्यार का नशा पूरी रात चरम पर रह सकता है। आज आपका लकी नंबर 8 है। आज पैसों के लेन-देन में सावधानी बरतें। आपके बिजनेस में लाभ की संभावना है। प्रॉपर्टी बेचने से धन लाभ होगा। बेरोजगार लोगों को आज नौकरी के लिए आवेदन भेजना चाहिए। महिला सहकर्मियों से बहस में न पड़े। कर्क राशि के लिए यह समय मानसिक शांति लाने वाला रहेगा। पुराने विवाद सुलझेंगे। स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। वित्तीय मामलों में कुछ चुनौतियां आ सकती हैं, धैर्य रखें।


सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे) : आज का दिन आपके लिए शांतिपूर्ण रहेगा। रोमांचक अवसर आपके सामने आएंगे, लेकिन आपको मदद के लिए अपने आस-पास के लोगों की आवश्यकता होगी। आज आप किसी और की और आकर्षित हो सकते हैं। जीवनसाथी के साथ मधुर व्यवहार करें। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज आपको किसी जानकार व्यक्ति से अच्छा सहयोग मिलेगा। खुदरा विक्रेताओं और दुकानदारों के लिए आज का दिन बढ़िया रहने की उम्मीद है। आज आप अपने परिवार के साथ बैठकर कोई नई प्रॉपर्टी खरीदने के बारे में बात करेंगे। आप अपने करियर की राह बदलने के बारे में भी सोचना शुरू कर सकते हैं। नौकरीपेशा लोग अपने टारगेट पूरे होने से राहत महसूस करेंगे। सिंह राशि वालों को इस सप्ताह नेतृत्व करने का मौका मिलेगा। आत्मविश्वास बढ़ेगा। सामाजिक क्षेत्र में नाम होगा। व्यावसायिक यात्राएं सफल रहेंगी। सेहत में सुधार होगा।


कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो) : आज का दिन दान-पुण्य के कामों में चीतेगा। बेटे की शादी से जुड़ी परेशानियां खत्म हो सकती हैं। कभी-कभी मन में कुछ उदासी और खालीपन भी रह सकता है। अगर आप शादीशुदा हैं तो आपका दांपत्य जीवन खुशहाल रहेगा। प्रेम जीवन में यह रोमांटिक दिन हो सकता है। आज आपका लकी नंबर 4 है। आजीविका के क्षेत्र में चल रहे प्रयास फलीभूत होंगे, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। व्यापार में उपलब्धियां बढ़ेंगी। अपनी योजना को क्रियान्वित करने के लिए आपको सक्षम स्रोतों और लोगों का सहयोग मिलेगा। करियर में आपको जल्द ही अपनी इच्छा के अनुसार अवसर मिलने वाले हैं। कन्या राशि के लोग कामकाज में व्यस्त रहेंगे। मेहनत का फल मिलेगा। परिवार में खुशहाली रहेगी। कोई महत्वपूर्ण फैसला सोच-समझ कर लें। धन के लेन-देन में सावधानी बरतें।



तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते) : आज का दिन आपके लिए बहुत शुभ दिखाई दे रहा है। कुछ अच्छे लोगों से मुलाकात दिन को और भी बेहतर बनाएगी। अपने साथी को अपने अतीत के बारे में बताना जरूरी नहीं है, इससे आपके बीच तनाव बढ़ सकता है। प्रेम जीवन जी रहे लोग आज रोमांस का आनंद लेंगे और अपने प्रिय का दिल जीतने में सफल रहेंगे। आज आपका लकी नंबर 9 है। आज पैसों के मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतें। व्यापार को लेकर नए अनुबंध या समझौते होने की भी संभावना है। आपको किसी नए शहर में बेहतरीन नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। तुला राशि वाले कार्यक्षेत्र में नई जिम्मेदारी संभालेंगे। साझेदारी में सावधानी जरूरी है। पारिवारिक कार्यक्रमों में भाग लें। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा।


वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज दिन की शुरुआत आपके लिए बेहतर रहने वाली है। आपको अपनी निजी बातें किसी से शेयर करने से बचना चाहिए। शादीशुदा लोगों का गृहस्थ जीवन आज आपको कुछ नया करने के लिए प्रेरित करेगा। आपका प्रेम जीवन शानदार चल रहा है और आगे भी जारी रहेगा। आज आपका लकी रंग सफेद है। आज आपका लकी नंबर 5 है।  आज आपकी आर्थिक स्थिति में अच्छा बदलाव आएगा। व्यापार में लाभ के कई नए अवसर आपको मिलेंगे। प्रॉपटर्टी से जुड़े मामलों में सावधानी बरतने की जरूरत है। नई नौकरी जॉइन करने से पहले अच्छे से सोच लें। वृश्चिक राशि के लिए समय नए अवसर लेकर आएगा। प्रेम जीवन में मधुरता आएगी। खर्चों पर नियंत्रण रखें। कुछ पुराने मामलों में विवाद हो सकता है, संयम आवश्यक है।


धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे) : आज का दिन आपके लिए अनुकूल साबित होगा। आप घर के लिए लग्जरी आइटम खरीद सकते हैं। कोई नया और महत्वपूर्ण व्यक्ति आपके जीवन में कदम रख सकता है। आप अपने जीवनसाथी के लिए भावुक हो सकते हैं। आपकी लव लाइफ में उन्नति होगी। आज आपका लकी नंबर 5 है। आज आपको कुछ महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णय लेने की आवश्यकता है। आप किसी पुरानी इच्छा को पूरा करने के लिए पैसे खर्च कर सकते हैं। आज आपके ऊपर काम का बोझ बहुत हो सकता है, लेकिन घबराने की जरूरत नहीं है। नौकरीपेशा लोगों को किसी महिला मित्र की मदद से पदोन्नति मिल सकती है। धनु राशि के लोग आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगे। आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। पढ़ाई-लिखाई में सफलता मिलेगी। यात्रा के अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा।



मकर🐊(भो,जा,जी, खी, खू,खा, खो, गा,गी) : आज सूर्य देव को नमस्कार करें, घर की सुख-सौभाग्य में वृद्धि होगी। अपनी जीवनशैली में बदलाव लाकर आप कुछ पुरानी समस्याओं से छुटकारा पा सकते हैं। विवाहित जातकों को अपने दांपत्य जीवन में कुछ तनाव का सामना जरूर करवा पड़ सकता है। साथ न होने के कारण आपका दिल अपने प्रेमी की यादों में डूबा रहेगा। आज आपका लकी नंबर 2 है। आज मेहनत में ही पैसा छिपा है। घर या बिजनेस में कहीं भी कोई फैसला लेंगे तो वह आपके लिए फायदेमंद रहेगा। ऑफिस में अच्छे प्रदर्शन को देखते हुए आपके पद और प्रतिष्ठा में बढ़ोतरी होगी। लॉ की पढ़ाई कर रहे छात्रों को आज किसी अनुभवी वकील की सलाह मिलेगी। मकर राशि के लिए समय मिलाजुला रहेगा। कार्यक्षेत्र में चुनौती आएगी लेकिन समाधान भी मिलेगा। परिवार में मेलजोल बढ़ेगा। आर्थिक योजनाओं पर ध्यान दें।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा) : आज का दिन आपके लिए फायदेमंद रहने वाला है। सामाजिक कार्यों के लिए पड़ोसी आपकी तारीफ करेंगे। जीवनसाथी का भावनात्मक सहयोग आपकी कार्य क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। अगर आप किसी के साथ नए रिलेशनशिप में हैं तो आपको उन्हें समय देना होगा। आज आपका लकी रंग हल्का हरा है। आज आपका लकी नंबर 6 है। आज सरकारी क्षेत्र से धन प्राप्ति के योग बन रहे हैं। बिजनेस को नई गत्ति देने के लिए किए गए प्रयास सफल हो सकते हैं। कुंभ राशि के लोग नई सोच के साथ काम करेंगे। तकनीकी क्षेत्रों में सफलता मिलेगी। सामाजिक स्तर पर सम्मान बढ़ेगा। स्वास्थ्य को नजरअंदाज न करें।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची) : आज का दिन बहुत अच्छा।रहने वाला है। घर की खरीदारी में अपनी सुविधा से ज्यादा खर्च न करें। महिलाओं को आज रसोई में काम करते समय थोडा सावधान रहना चाहिए। आपके प्रेम जीवन में एक रोमांचक नया दौर आने वाला है। आज आपको अपनी मेहनत के अनुसार धन की प्राप्ति होगी। आप किसी से बिजनेस डील के लिए फोन पर बात करेंगे। किसी खास व्यक्ति की मदद से आपके रुके हुए काम आगे बढ़ सकते हैं। मीन राशि वालों के लिए यह समय संवेदनशील रहेगा। भावनात्मक संतुलन बनाए रखें। नौकरी में बदलाव संभव है। परिवार का सहयोग मिलेगा। निवेश से लाभ होगा।



कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।

        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷