बुधवार, 27 मार्च 2019

मामा घर से लापता युवती की मिली लाश , हत्या की आशंका

लापता युवती की फंदे से झूलती मिली लाश, हत्या की आशंका

-- होली के दिन से गायब थी युवती

गिरिडीह : जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित ताराजोरी जंगल में बुधवार को एक युवती का शव पेड़ से झूलती फंदे से लटके मिली। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। शव से सडांध उठ रही थी। जिससे यह खबर जंगल में लगी आग की तरह पुरे इलाके में फैल गयी।
सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना के एएसआई राजेश कुमार सदल बल घटना स्थल पर पहुंचे और शव को फंदे से निकाल अपनी अभिरक्षा में पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। 

वंही काफी संख्या में स्थानीय ग्रामीण भी घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मृतका की पहचान 19 वर्षीय मायनो मरांडी के रूप में की।

बताया जाता है कि मृतका मायनो अपने पिता के मरणोपरांत बीते 10 वर्षों से ताराजोरी स्थित अपने मामा के घर ही रहती थी। वह बीते 21 मार्च को होली के दिन से लापता थी। परिजन अपने स्तर से उसकी खोजबीन कर रहे थे। लेकिन उसका कंही पता नहीं चल पाया था और बुधवार को उसका शव पेड़ से फंदे से झूलता बरामद हुआ। शव के पास से दो दुपट्टा, शॉल और चप्पल मिला है।

बहरहाल पुलिस मामले की अनुसंधान में जुटी है। पुलिस परिजनों से सभी तरह की जानकारी प्राप्त कर हर बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि बेंगाबाद थाना के एएसआई राजेश कुमार ने शव की स्थिति को देखकर युवती की हत्या होने की आशंका जाहिर किया है। 




झारखण्ड का सभी 14 सीट जीतेगा यूपीए गठबंधन : बाबूलाल

भाजपा बोरो प्लेयर के सहारे चुनाव जीतने का देख रही है सपना : बाबूलाल

गिरिडीह : लोकसभा चुनाव के शंखनाद के बाद से सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में भिड़ी हुई हैं. नेताओं की बयानबाजी भी चरम पर है. बुधवार को झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि भाजपा बोरो प्लेयर के सहारे चुनाव जीतने का सपना देख रही है. सारठ जाने के क्रम में बेंगाबाद के चपुवाडीह में मुखिया मो शमीम के आवास पर रुकने के दौरान बाबूलाल ने उक्त बातें कही.

 उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान में उतरने से पहले की घबराहट से साफ झलकता है कि भाजपा चुनाव हार चुकी है. उन्होंने महागठबंधन को मजबूत बताते हुए कहा कि इस बार महागठबंधन के खाते में 14 में से 14 सीटें जाएगी. जबकि भाजपा के खाते में एक भी सीट नहीं जाएगी.



 इस मौके पर कांग्रेस नेता सह चपुवाडीह पंचायत के मुखिया मो शामिम, जैनुल अंसारी, क़यामुल हक़, जेवीएम नेता प्रवीण राम, दिवाकर पाठक, मो सरताज, मो इलियास, मो असलम, मो इरशाद, अजय कुमार, संजय, प्रवीण, संतोष समेत अन्य दलों के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

त्रिपक्षीय वार्ता में बनी सहमति फैक्ट्री प्रबन्धन मृतक की पत्नी को देगा साढ़े तीन लाख रूपये

मृतक कर्मी की पत्नी को साढ़े तीन लाख देगा फैक्ट्री प्रबन्धन, बनी सहमति


    गिरिडीह। लंगटा बाबा स्टील नामक लौह फैक्ट्री में कार्यरत कर्मी जितेन्द्र सिंह की मौत के बाद प्रशासनिक पहल पर फैक्ट्री प्रबन्धन ने मृतक की पत्नी को 3.5 लाख (साढ़े तीन लाख रूपये) बतौर मुआवजा देने और अंतिम संस्कार के लिए अतिरिक्त 10 हजार रुपए देने पर सहमत हुआ। मुआवजे की रकम मृतक की पत्नी के बैंक खाते में ट्रांसर्फर करने की बात प्रबंधन की ओर से नवल किशोर सिंह और गब्बर यादव ने कही।

फैक्ट्री प्रबंधन और पीड़ित परिवार के बीच वार्ता में प्रशिक्षु आईपीएस सह थाना प्रभारी नाथुसिंह मीणा, सदर एसडीएम राजेश प्रजापति, एसडीपीओ जीतवाहन उरांव और सदर अंचल के सीओ रविन्द्र सिन्हा के साथ माले नेता राजेश सिन्हा शामिल थे।

जबकि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से नवल किशोर सिंह और गब्बर यादव और मृतक परिवार की ओर से मृतक के भतीजे प्रकाश सिंह समेत कई अन्य रिश्तेदार शामिल थे।

बुधवार को थाना में करीब दो घंटे तक त्रिपक्षीय वार्ता हुई। जिसमें मृतक का भतीजा प्रकाश फैक्ट्री प्रबंधन से 5 लाख के मुआवजे की मांग कर रहा था। जबकि प्रबंधन पहले डेढ़ लाख देने पर अड़ा रहा। लेकिन अधिकारियों व माले नेता के कहने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन साढ़े तीन लाख मुआवजा देने के साथ अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार नगद देने के लिए तैयार हुआ‌। फैक्ट्री प्रतिनिधि नवल किशोर सिंह ने बताया कि साढ़े तीन लाख का चेक मृतक की पत्नी के बैंक खाते में भेजा जाएगा।

क्या है मामला :-

बीते दस वर्षों से लंगटा बाबा स्टील में बतौर सिक्युरिटी गार्ड मृतक जितेंद्र कार्यरत था। मंगलवार को फैक्ट्री के भीतर एक हादसे में उसकी मौत हो गयी। हालाँकि फैक्ट्री प्रबन्धन उसकी मौत को सड़क दुर्घटना करार देकर उसके शव को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाकर फरार हो गये।परिजन मीडिया कर्मियों को घटना की सुचना दी। मीडिया कर्मियों के पहल से मामला तुल पकड़ा। और अंततः प्रशासनिक पहल पर त्रिपक्षीय वार्ता हुई और प्रबन्धन मुआवजा देने को तैयार हुआ।

नकली शराब फैक्ट्री का उद्भेदन, संचालक फरार

निरसा में नकली शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश

_दो के खिलाफ मामला दर्ज_

धनबाद :- उत्पाद विभाग द्वारा सहायक उत्पाद आयुक्त डॉ राकेश कुमार के नेतृत्व में निरसा थाना क्षेत्र के जोगीतोपा में अवैध शराब फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया।

सहायक उत्पाद आयुक्त ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर निरसा थाना क्षेत्र के जोगीतोपा में अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री में छापामारी की गई।
यहां से भारी मात्रा में नकली शराब तथा नकली शराब बनाने की सामग्री बरामद की गई। साथ ही 2 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि छापामारी के क्रम में 240 लीटर स्प्रिट, 20 लीटर तैयार की हुई नकली शराब, रॉयल स्टैग 375 एमएल के 7 बोक्स, इंपीरियल ब्लू 180 एमएल के 6 बोक्स, कोर्क, लेबल, खाली बोतल, एसेंस इत्यादि बरामद किए गए हैं।

छापामारी के बाद अवैध शराब फैक्ट्री का संचालन करने वाले बिकास साहनी तथा बसाक साहनी पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्यवाही जारी है। दोनों अभियुक्त फरार बताये जाते हैं।