गिरिडीह (Giridih)। स्थानीय बस स्टेंड के समीप शनिवार को सिद्धू कान्हों-सह-सावित्रीबाई फुले पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। सुबे के नगर विकास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सह स्थानीय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू ने पुस्तकालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। मौके पर उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
उद्घाटन के दौरान अपने सम्बोधन में मंत्री सोनू ने कहा कि इस पुस्तकालय को आधुनिक सुविधायुक्त पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जायेगा। इसमे प्रकार की प्रतियोगी परीक्षा की पुस्तकों सहित सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जायेगी। यहां छात्र छात्राओं के लिए अलग अलग बैठने की व्यवस्था की गई है। कहा कि इस पुस्तकालय में बिजली, पानी एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां धार्मिक और आध्यात्मिक पुस्तकें भी उपलब्ध होंगी ताकि बुजुर्ग लोग भी इसका लाभ ले सकेंगे। वहीं कम उम्र के बच्चों के लिए मनोरंजक पुस्तकें होंगी, जो मनोरंजन के साथ ज्ञानवर्धन भी करेंगी। फ्री वाई फाई की सुविधा भी बहाल की जायेगी।
वहीं उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा कि यह गर्व की बात है कि जिला मुख्यालय में इतने हाईटेक सुविधाओं से लैस पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। जिसमें बच्चें निःसंकोच आकर शांत वातावरण में अपनी पढ़ाई कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छा समाज वह होता है जो शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देता है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय संचालन हेतु सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय का पूर्ण उपयोग कर इसका फायदा उठाने का सुझाव दिया। समाज के सक्षम लोग भी इस पुस्तकालय को अपनाएं।
इस दौरान मंत्री समेत सभी पदाधिकारियों ने पुस्तकालय भवन का निरीक्षण किया और उपलब्ध किताबों का जायजा लिया। मौके पर मंत्री ने उपस्थित विद्यार्थियों से भी बात चीत कर उनकी पढ़ाई सम्बन्धी तैयारियों के बारे में जानकारी ली उन्हें आवश्यक सुझाव दिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें