गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह कॉलेज मैदान में तीन दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन शनिवार को किया गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन स्वामी विवेकानंद और मां सरस्वती के तस्वीर पर पुष्प अर्पित ओर फीता काट कर आगत अतिथियों द्वारा किया गया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् बिहार झारखंड क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल एवं विशिष्ट अतिथि अधिवक्ता चुनुकांत के अलावे डॉ सुमन कुमार, डॉ एसपी सिंहा, प्रो विनीता कुमारी एवं कॉलेज प्राचार्य डॉ अनुज कुमार उपस्थित थे।
अभाविप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री याज्ञवल्क्य शुक्ल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी की 163वीं जयंती 'राष्ट्रीय युवा दिवस' के उपलक्ष्य में आयोजित यह तीन दिवसीय जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने और स्वामी जी के 'स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन' के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित है।
कहा कि स्वामी विवेकानंद हमेशा युवाओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते थे। उनका मानना था कि खेल के मैदान से युवाओं में राष्ट्र निर्माण की शक्ति जागृत होती है। उन्होंने गिरिडीह विधायक सह सूबे के मंत्री सुदिव्य सोनू पर सत्ता के नशे में चूर हो स्वामी विवेकानंद के कार्यक्रम को रोकने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह तुच्छ मानसिकता का परिचय है। कहा कि अभाविप कार्यकर्ताओं को जिसने भी छेड़ा है सब मिट्टी में मिले हैं। चाहे गढ़वा के विधायक और मंत्री रहे मिथलेश ठाकुर हों या फिर लातेहार के बैद्यनाथ राम। कहा कि वर्ष 2029 में होने वाले चुनाव में सुदिव्य सोनू को भी अभाविप कार्यकर्ता मिट्टी में मिला देंगे।
वहीं अभाविप प्रदेश सह मंत्री मंटू मुर्मू ने कहा कि सरकारी विद्यालयों और महाविद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है, आधारभूत सुविधाओं का अभाव है। विश्वविद्यालयों में समय पर परीक्षा व परिणाम घोषित नहीं हो पा रहे हैं। इससे छात्रों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है। कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही देरी, नियुक्ति प्रक्रियाओं में पारदर्शिता की कमी और स्थानीय युवाओं की उपेक्षा गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार सृजन को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो अभाविप राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश SFS सह प्रमुख अनीश राय ने किया। मौके पर जिला प्रमुख प्रोफेसर राजकुमार वर्मा, नगर अध्यक्ष प्रोफेसर ज्योति चौधरी, उज्जवल तिवारी, नगर मंत्री नीरज चौधरी, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य ऋषि त्रिवेदी, मुस्कान सिंह, नगर सह मंत्री सदानंद राय, शुभम, कॉलेज अध्यक्ष अंकुश सिंह, कॉलेज मंत्री क्रिस पासवान, कॉलेज उपाध्यक्ष संदीप वर्मा, करण यदुवंशी, दीपा सेठ, पायल कुमारी, सलोनी कुमारी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें