शनिवार, 10 जनवरी 2026

बालमुकुंद स्पंज फैक्ट्री में फिर हुआ हादसा, कार्य के दौरान मजदूर की मौत, परिजनों ने किया मुख्यगेट जाम

[राजेश कुमार]

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह सदर प्रखंड के पूर्वांचल क्षेत्र में संचालित बालमुकुंद स्पंज नामक लौह फैक्ट्री में कार्य के दौरान एक मजदूर की पुनः मौत हो गयी। मृतक मजदूर जसपुर पंचायत के मटरुखा बल्हो निवासी शीतल मंडल का 35 वर्षीय पुत्र मुकेश कुमार मंडल है। वह फैक्ट्री कर ड्राइवर के पद पर कार्यरत था। कार्य के दौरान उसे गम्भीर चोटें आयी थी। जिससे उसकी मौत हो गयी।



एक सप्ताह के भीतर उक्त फैक्ट्री में हुई यह दूसरी घटना ने फैक्ट्री के सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने की पोल खोल दी है। मजदूर मुकेश मंडल की मौत के बाद मृतक के परिजनों ने उसके शव के साथ फैक्ट्री का मुख्य गेट जाम कर दिया है और मुआवजे की मांग कर रहे हैं।


गौरतलब है कि सरकार द्वारा निर्धारित काम के घण्टों की इन फैक्ट्रियों द्वारा खुलेआम अनदेखी की जाती है। निर्धारित आठ घण्टों के स्थान पर 12 घण्टे मजदूरों से काम लेना यहां आम बात हो गयी है। 


जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा इन फैक्ट्री संचालकों की कार्यशैली में बदलाव लाने की काफी कोशिश की गई है। लेकिन फैक्ट्री संचालक उनकी आंखों में धूल झोंकने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ती और अपनी मनमानी पर अमादा है। जिस कारण आये दिन इन फैक्ट्रियों में कार्य के दौरान मजदूरों के साथ हादसे होते रहते हैं। 

जिले का श्रम विभाग भी इन फैक्ट्री संचालकों के कार्यगुज़रियों पर नकेल कसने के बजाय उनके आगे नतमस्तक रहती है। नतीजतन इन फैक्ट्रियों में कार्य करने वाले मजदूर आये दिन काल का ग्रास बन अपनी जान गंवाते रहते है।


फिलवक्त मृतक मुकेश मंडल की मौत के बाद उनके परिजन मुआवजे की मांग को लेकर फैक्ट्री का मुख्य गेट जाम कर दिये हैं। वहीं फैक्ट्री में फिर एक मजदूर की मौत की खबर सुन विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण भी वहां पहुंच चुके हैं और परिजनों के हक में आवाज बुलंद कर रहे हैं। वहीं मजदूर संगठनों ने भी हादसे पर आक्रोश जताते हुए जिला प्रशासन से मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें