गुरुवार, 9 जनवरी 2025

शादी की साल गिरह पर पार्टी मना दम्पत्ति ने की आत्महत्या, स्तब्ध हैं लोग

नागपुर (Nagpur)।  नागपुर के जरीपटका इलाके में एक दम्पत्ति ने अपनी शादी के 26वीं सालगिरह के दिन आत्महत्या कर ली। इस हृदयविदारक घटना से इलाके के लोग काफी स्तब्ध  है। जानकारी के अनुसार दम्पत्ति ने पहले अपनी शादी का जोड़ा पहना फिर दोनों ने फांसी लगा अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मृतकों मे जेरिल डासमोन ऑस्कर मॉनक्रीफ 57 वर्ष और उनकी पत्नी एनी जेरील मॉनक्रीफ 53 वर्ष शामिल हैं।

आर्थिक तंगी और निःसंतान होने का था गम 

बताया गया कि दम्पत्ति बीते कई वर्षों से आर्थिक तंगी और निःसंतान होने के कारण तनाव में थे। जेरिल एक समय बड़े होटलों में शेफ के रूप में काम कर चुके थे, लेकिन कोरोना काल में नौकरी छोड़कर नागपुर लौट आए। इसके बाद उन्होंने ब्याज पर पैसे उधार देने का कारोबार शुरू किया, लेकिन इसमें भी उन्हें सफलता नहीं मिली। एनी गृहिणी थीं और पति के साथ मिलकर इस स्थिति का सामना कर रही थीं।


शादी की 26वीं सालगिरह पर दिया पार्टी, फिर उठाया खौफनाक कदम

दम्पत्ति ने अपनी शादी की 26वीं सालगिरह पर अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ जश्न मनाया। पार्टी खत्म होने के बाद उन्होंने एक वीडियो बनाया और व्हॉट्सएप स्टेटस पर अपलोड किया। वीडियो में एनी ने रिश्तेदारों से अपील की कि वे उनके जाने के बाद होने वाली किसी भी शादी को स्थगित न करें और अपने बच्चों का ध्यान रखें। उसके बाद दम्पत्ति ने आत्महत्या कर ली। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।

ऐनी ने पहले दी जान, पति ने शव को सजाया

पुलिस के अनुसार, पहले एनी ने ड्राइंग रूम में फांसी लगाई। जेरिल ने उनकी लाश को सफेद कपड़े में लपेटा और फूलों से सजाया। इसके बाद उन्होंने किचन में जाकर नायलॉन की रस्सी से खुद फांसी लगा ली।


एक ही ताबूत में किया गया अंतिम संस्कार

दंपति की अंतिम इच्छा के अनुसार, उन्हें शादी के कपड़ों में एक ही ताबूत में दफनाया गया। पादरी विजय एलिक माइकल ने बताया कि यह उनके जीवन का पहला अवसर था, जब उन्होंने किसी जोड़े को एक ताबूत में दफनाने की तैयारी की। रिश्तेदारों ने उनकी इच्छा का सम्मान करते हुए उन्हें एक साथ विदाई दी। इस घटना से पूरे इलाक में गहरा सदमा व्याप्त है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें