बिरनी में कुएं से मिला एक वृद्ध महिला का शव
गिरिडीह : जिले के बिरनी थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव में शनिवार की सुबह कुएं में एक वृद्ध महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान गजोडीह निवासी 95 वर्षीय कैली देवी के रूप में की गई।
घटना के सम्बंध में बताया जाता है कि शनिवार की सुबह कुछ बच्चे कुएं के पास बांस काटने गए तो कुएं में शव पड़ा देखा। जिसके बाद हो-हल्ला मचाने लगे। कुंए में शव होने की बात सुन काफी लोग कुएं के पास पहुंचे। बाद में ग्रामीणों ने इसकी सूचना बिरनी पुलिस और मृतका के परिजनों को दी। सूचना पाकर मृतक महिला के परिवार जन और बिरनी पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को बाहर निकाला।
परिजनों ने बताया कि वृद्ध महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। वह इधर उधर भटकती रहती थी। वंही स्थानीय ग्रामीणों ने बताया गया कि कल शाम वृद्ध महिला अपने घर का रास्ता पूछ रही थी।
आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा रहने के कारण वह रास्ता भटक कर कुएं में गिर गई होगी। परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। वहीं फर्द बयान लेकर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो- रो कर बुरा हाल है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें