मंगलवार, 18 फ़रवरी 2020

रिम्स की चिकित्सक से गिरिडीह में बदसलूकी, चालक से मारपीट

रिम्स की चिकित्सक से गिरिडीह में बदसलूकी, चालक से मारपीट
गिरिडीह : रांची से देवघर जा रही रिम्स की डॉ अदिति कश्यप की कार का पीछा कर अपराधियों ने गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में चालक के साथ मारपीट की। साथ ही महिला डॉक्टर से भी बदसलूकी की घटना सोमवार देर रात की है। 

चालक शहंशाह ने बताया कि रिम्स से वह डाॅ अदिति कश्यप व एक अन्य युवक को लेकर डाॅक्टर के घर देवघर जाने के लिए निकला था। उसने बताया कि डुमरी से ही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो  उसकी गाड़ी को ओवरटेक करने की कोशिश में जुटी थी। 

लेकिन अंधेरा होने के कारण रास्ते में उन्हें पास नहीं दिया। गिरिडीह के कोलडीहा के समीप स्कॉर्पियो को पास देने के लिए जब चालक ने गाड़ी की गति धीमी की तब स्कॉर्पियो चालक ने ओवरटेक कर उसकी गाड़ी को रोक दिया। इसके बाद गाड़ी में सवार छह से अधिक लोग हथियार के साथ बाहर निकले और चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। वे सभी लोग अपने आप को पुलिस का जवान बता रहे थे। 

घटना के बाद डाॅ अदिति कश्यप ने नगर थाना पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी थाना प्रभारी आदिकांत महतो को दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। सीसीटीवी फुटेज देखकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जायेगी।

मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान, दिया डीसी व एसपी को निर्देश

रिम्स की चिकित्सक डॉ अदिति के साथ घटित घटना को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने काफी गम्भीरता से लिया है और ट्विटर के माध्यम से गिरिडीह डीसी और एसपी को इस पर त्वरित कार्यवाई करने का निर्देश दिया है। वंही स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी ट्वीट कर घटना पर क्षोभ जताया साथ ही सिविल सर्जन गिरिडीह को इस पर कार्यवाई का निर्देश दिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें