बुधवार, 25 अगस्त 2021

उदनाबाद में सम्पन्न हुआ तुरी समाज का मिलन समारोह

समाज के लोगों ने लिया समाज से कुरीतियों को दूर करने का संकल्प

गिरिडीह : झारखंड प्रदेश तुरी समाज द्वारा बुधवार को उदनाबाद में भिखारी तुरी के प्रागण में तुरी समाज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष कृष्णा तुरी की अध्यक्षता एवं प्रदीप तुरी के संचालन में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि धनबाद जिला तुरी समाज के जिलाध्यक्ष तपेन्द्र तुरी उपस्थित थे। 


कार्यक्रम का शुभारंभ आगत अतिथियों द्वारा समाज के पूर्वजों के तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने अन्य लोगों ने एक स्वर में समाज मे फैली कुरूतियो को दूर करने और शिक्षा के क्षेत्र में समाज के बच्चों को सही मार्ग दर्शन देने का संकल्प दुहराया। मौके पर आगामी चुनाव में तुरी समाज की भूमिका भी अहम होने सम्बन्धी एक रणनीति भी तैयार की गईं। इस दौरान बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये गये। जिसका उपस्थित लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया और कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों का हौसला अफजाही कर उनके उज्ज्वल भविष्य की भी कामना किया।

कार्यक्रम में देवघर से आये अनिल दयाल, भाजपा नेता गोविंद तुरी, महेश राम, ब्रजमोहन तुरी, प्रभा देवी, किरण देवी, भिखारी तुरी ने जंहा उपस्थित होकर मंच की शोभा बढ़ाया। वंही कार्यक्रम को सफल बनाने में छोटू तुरी, दिनेश तुरी, कृष्णदेव तुरी, नकुल तुरी, नेमचंद तुरी, भुनेश्वर तुरी, अशोक तुरी, जागेश्वर तुरी, तुलसी तुरी, मीना देवी, रीमा देवी, ममता देवी, उमेश तुरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।

रिपोर्ट : श्याम कुमार

11 हजार की बिजली तार के चपेट में आ बिजली मिस्त्री गम्भीर, हुई मौत

हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री झुलसा, हुई मौत

गिरिडीह : जिले के देवरी प्रखंड के जरियाबागी नदी के समीप 11 हजार तार को ठीक करने बिजली के  पोल पर चढ़े बिजली मिस्त्री करंट के चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। आननफानन में घायल मिस्त्री को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवरी लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सक ने गिरिडीह रेफर कर दिया।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि देवरी थाना क्षेत्र के बजगुंदा निवासी 45 वर्षीय बिजली मिस्त्री शहादत अंसारी जिस स्थान पर बिजली ठीक करने पोल पर चढ़ा था। वँहा से बांसडीह और रायडीह फीडर दोनों का तार गुजरा है। शहादत ने भूल वश बांसडीह फीडर का शर्टडॉउन लेकर रायडीह फीडर में काम करने लगा। जिस कारण वह बिजली करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। 

गिरिडीह में इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज हेतु धनबाद रेफर कर दिया। लेकिन धनबाद ले जाने के क्रम में उसकी मौत हो गई। बिजली मिस्त्री की मौत के बाद बिजली मिस्त्री के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

स्वर्गीय कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि पर किया गया प्रतिमा अनावरण

शामिल हुए विभिन्न राजनीतिक दलों व समाज के प्रबुद्ध लोग


गिरिडीह :  राजद के कद्दावर नेता सह समाज सेवी स्वर्गीय कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि बुधवार को जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोती लेदा गांव में समारोह पूर्वक मनाया गया। इस दौरान गांव में उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। 


राष्ट्रीय यादव सेना द्वारा आयोजित इस प्रतिमा अनावरण सह श्रद्धांजलि समारोह में न केवल स्वजातीय समाज के लोग बल्कि विभिन्न समाज के लोग और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेतागण शामिल हुये और उनके प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उंन्हे भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव, गोडडा के पूर्व विधायक संजय यादव, धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव, भाकपा माले नेता राजेश यादव एवं राजेश सिन्हा मुख्य रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोतीलेदा पंचायत के मुखिया रामकुमार वर्मा एवं संचालन धर्मेंद्र यादव ने किया। जबकि आगत अतिथियों का स्वागत भाजपा नेता सह पूर्व जिप उपाध्यक्ष छोटे लाल यादव ने किया।

गौरतलब है कि स्वर्गीय कैलाश यादव की एक वर्ष पूर्व 25 अगस्त को अपराधियों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। स्वर्गीय यादव क्षेत्र में वयाप्त जाति विशेष की दबंगई के खिलाफ बेंगाबाद थाने में अर्जी देकर अपनी बाइक से गांव लौट रहे थे। तभी पूर्व से घात लगाये दबंगों ने उन पर हमला बोल दिया था। जिसमे कैलाश यादव की मौत हो गई थी जबकि उनके साथ बाइक पर सवार इंद्र लाल वर्मा गम्भीर रूप से घायल हो गये थे। 


इस घटना के बाद पूरे जिले में गांव से लेकर शहर तक हर वर्ग के लोगों ने आक्रोश वयाप्त हो गया था।  सर्व समाज के लोगों ने हत्या के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हेतु आवाज बुलंद किया था। लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी पुलिस मुख्य हत्यारे को गिरफ्तार कर पाने में नाकामयाब रही है। यधपि राष्ट्रीय यादव सेना की अगुवाई में यादव समाज के लोग अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखा हुआ है। इसी आंदोलन को गति देने के लिए स्वर्गीय कैलाश यादव के पहली पुण्यतिथि पर उनके प्रतिमा का अनावरण किया गया साथ ही साथ उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। 


कार्यक्रम में झारखंड सरकार में मंत्री रहे सुरेश पासवान, बगोदर के पूर्व विधायक नागेन्द्र महतो, भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष प्रो बिनीता कुमारी, सांसद प्रतिनिधि महेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव,ओम प्रकाश यादव, सरयू प्रसाद वर्मा, बाली यादव, वासुदेव यादव, रामजी यादव, राजेंद्र यादव, किशन यादव समेत काफी संख्या में महिलाएं व अन्य समाज के कई प्रबुद्ध लोग शामिल थे।

मंगलवार, 24 अगस्त 2021

विद्या विकास समिति का मिश्रित शिक्षा पर विभाग स्तरीय शोध संगोष्ठी का हुआ आयोजन

सतीश्वर प्रसाद सिन्हा की अध्यक्षता में हुई संगोष्ठी

गिरिडीह : विद्या विकास समिति के तत्वाधान में मिश्रित शिक्षा पर विभाग स्तरीय शोध संगोष्ठी हजारीबाग का आभासी आयोजन हुआ। गोष्ठी की अध्यक्षता सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने किया। मुख्य अतिथि डॉ के के गुप्ता, प्राध्यापक विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग, मुख्य वक्ता डॉ अशोक अभिषेक, सहायक प्राध्यापक तिलैया, अमरकांत झा,प्रांतीय शोध गोष्ठी संरक्षक एवं अजय कुमार तिवारी, प्रदेश सचिव विद्या विकास समिति,झारखंड की गरिमामयी उपस्थिति रही।अतिथि परिचय प्रधानाचार्य संजीव कुमार सिन्हा, प्रस्तावना प्रदीप कुमार सिन्हा एवं संचालन अजीत कुमार मिश्र ने किया।

 मुख्य अतिथि गुप्ता ने कहा कि गुणात्मक शिक्षा के लिए वर्तमान में 06 विधि का प्रयोग बच्चों के लिए किया जा रहा है।ऑनलाइन और ऑफलाइन शिक्षा ही मिश्रित शिक्षा है।यह वर्तमान परिप्रेक्ष्य में एक चुनौती है इसे स्वीकारना होगा।आत्म विश्लेषण करके प्रत्येक शिक्षक को बच्चों पर शोध करना होगा।

 मुख्य वक्ता अशोक अभिषेक ने कहा कि विद्यालय और महाविद्यालय की शिक्षा में काफी अंतर होता है।परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक शिक्षक को अध्ययनशील होना चाहिए। एक शिक्षक अपने लिए नहीं बल्कि एक छात्र के लिए अध्ययन करता है।कोविड-19 हमारी सभी अवधारणाओं को ध्वस्त करके रख दिया है।इससे सबसे अधिक प्रभावित शिक्षा जगत हुआ है हमारे बच्चे हुए हैं। किंतु वर्तमान में संभावनाओं के कई द्वार भी खुले हैं।आधुनिक तकनीकि का प्रयोग कर हम बच्चों को बेहतर गुणात्मक शिक्षा दे सकते हैं। गोष्ठी में ओम प्रकाश सिन्हा, विभाग प्रमुख, तुलसी प्रसाद ठाकुर,विभाग के समस्त प्रधानाचार्य और संबंधित आचार्य-दीदी जी उपस्थित हुए।

प्रभारी महापौर ने लगायी आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट के सुपरवाइजर और कर्मियों को फटकार

दिया 8 दिनों के भीतर कार्य मे सुधार लाने का निर्देश

               बैठक करते प्रभारी महापौर

गिरिडीह : नगर निगम के सभागार में स्वच्छ भारत मिशन के मद्देनजर प्राभारी महापौर प्रकाश राम की अध्यक्षता में मंगलवार को एक समीक्षात्मक बैठक हुई। 

बैठक के दौरान शहर में साफ सफाई को लेकर आकांक्षा वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के सुपरवाइजर और कर्मियों को कार्यों में लापरवाही को देखते हुए कड़ी फटकार लगायी गई। साथ ही प्रभारी महापौर ने कर्मियों को 8 दिनों के अंदर अपनी कार्यशैली सुधार लाने का निर्देश दिया। कहा कि अगर फिर भी सुधार नहीं हुआ तो विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र लिखा जाएगा।

 समीक्षा के क्रम में यह बात उभर कर सामने आयी कि शहर में कई वार्डों में आकांक्षा की गाड़ी साफ सफाई के लिए नहीं पहुंच रही है। निगम क्षेत्र के सभी 36 वार्ड के बदले सिर्फ 18 वार्ड में ही साफ सफाई के लिए कर्मी और गाड़ियां पहुंच रही है। शेष सभी वार्ड साफ सफाई से वंचित रह जा रहै है।  जिस कारण शहरवासियों द्वारा लगातार निगम कार्यालय में शिकायतें की जा रही है। वंही बैठक में नल जल योजना से हर घर को जोड़ने पर भी गहन विचार विमर्श किया गया। तथा कई निर्देश भी दिए गए।

बैठक में  स्वच्छ भारत मिशन के नोडल पदाधिकारी मंजूर आलम, गौरी शंकर यादव, आकांक्षा कंपनी के सुपरवाइजर रविंद्र कुमार, शिव पूजन कुमार, अफताब, उमेश, रोहित, शमशेर रजा समेत निगम के कर्मी मौजूद थे।
 

स्व कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि सह प्रतिमा अनावरण की तैयारी पूरी,अनावरण कल

राष्ट्रीय यादव सेना जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने प्रेस बयान जारी कर दी जानकारी

      समारोह स्थल जंहा होना है प्रतिमा अनावरण

गिरिडीह :  जिले के मोतीलेदा गांव निवासी राजद के कद्दावर नेता सह समाजसेवी कैलाश यादव की प्रथम पुण्यतिथि के मौके पर 25 अगस्त को राष्ट्रीय यादव सेना द्वारा वृहत कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। जिसकी सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इस बाबत राष्ट्रीय यादव सेना जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने एक प्रेस बयान जारी कर बताया कि मौके पर स्व कैलाश यादव  की प्रतिमा का भी अनावरण किया जाएगा। 

उन्होंने इस बाबत सभी न्यायपसन्द-इंसाफपसंद नागरिकों, बुद्धिजीवियों, प्रबुद्धजनों, समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह है कि 25 अगस्त को अधिक से अधिक संख्या में मोतिलेदा पहुंचकर शहीद स्व कैलाश यादव जी के प्रथम पुण्यतिथि सह प्रतिमा (स्टेचू) अनावरण समारोह को सफल बनायें।

                        फाइल फोटो

विदित हो कि स्व कैलाश यादव एक सच्चे समाजसेवी थे और उनकी हत्या दुर्दांत अपराधियों के द्वारा बीते वर्ष 25 अगस्त को पीट पीटकर कर दिया था। उनकी गलती सिर्फ यह थी कि वे हमेशा गरीबों, मजलूमों की सेवा में तत्पर रहते थे जो राजेश राय जैसे माफियाओं को नागवार गुजरता था। जारी बयान में धर्मेंद्र यादव ने स्व कैलाश यादव हत्यारों को फांसी के फंदे तक पहुंचाना उनके संगठन का लक्ष्य बताया है। कहा कि राष्ट्रीय यादव सेना सरकार से मांग करती हैं कि फ़ास्ट ट्रैक कोर्ट गठन कर दोषियों को फांसी के फंदे तक पहुँचाया जाये और उन पर सीसीए लगाया जाये।
   

उपायुक्त ने किया स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक

जियो टैगिंग यूसी सम्मिट में तेजी लाने का दिया निर्देश

              बैठक में मौजूद डीसी समेत अन्य

गिरिडीह :  उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार कक्ष में स्वच्छ भारत मिशन अभियान एवं जल जीवन मिशन की समीक्षात्मक बैठक हुई। इस दौरान उपायुक्त ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों एवं हर घर में नल से जलापूर्ति की अद्यतन स्थिति की जानकारी लिया। 

उन्होंने हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने हेतु कार्य योजना ग्रामीण स्तर पर ग्रामसभा करा कर तैयार करने एवं सभी योजनाओं में मुखिया व जनप्रतिनिधि के साथ जल सहिया व ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।  कहा कि जल सहिया, प्रखंड समन्वयक, कनीय अभियंता, सहायक कार्यपालक अभियंता एवं सभी संबंधित अधिकारियों को जिम्मेवारीया सौंपी गई है। सभी अपने अपने कार्यों का निर्वहन उचित ढंग से करें। इस हेतु सभी कनीय अभियंता एवं सहायक अभियंता निश्चित रूप से अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए सरफेस वाटर उपलब्धता अथवा अनुपलब्धता की स्थिति में ग्राउंड वाटर से कनेक्शन कर ग्रामीणों को लाभान्वित करने का निर्देश दिया। साथ ही भूमि की उपलब्धता पर ध्यान देते हुए जिस जगह पर स्कीम सैंक्शंड हुआ हो, वहां की भूमि की आईडेंटिफिकेशन कर उचित माध्यम से चिन्हित भूमि पर योजना को क्रियान्वित करने को कहा।

उपायुक्त श्री सिन्हा ने विलेज एक्शन प्लान तैयार कर मॉडल 1 के अनुसार 20 घरों तक, मॉडल 2 के अनुसार 20-40 घरों में, मॉडल 3 के अनुसार 40-60 में तथा मॉडल 4 के अनुसार 60 से ज्यादा घरों में हाउसहोल्ड कनेक्शन, पंप हाउस, बोरिंग एवं पाइपलाइन आदि सभी संबंधित कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय स्थापित कर बेहतर कार्य योजना तैयार कर सुचारू रूप से योजना का क्रियान्वयन करने को कहा ताकि ग्राम के अंतिम व्यक्ति तक इस योजना का लाभ पहुंचाया जा सके एवं प्रत्येक ग्रामीणों को लाभान्वित किया जा सकें।

बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त शशि भूषण मेहरा, आईएएस प्रशिक्षु, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल 1और 2, सभी सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, सोशल मोबॉलाइजर व अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

दो बच्चों की माँ की सन्देहास्पद स्थिति में फंदे से झूलती मिली लाश

मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
          पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह लायी गयी लाश


गिरिडीह : जिले के धनवार थाना क्षेत्र के गोरहन्द गांव में एक दो बच्चों की माँ सरिता देवी की लाश उसके घर मे फंदे से झूलती मिली। मायके वालों ने इसे दहेज हत्या का मामला करार दिया है और मृतका के पति,देवर समेत ससुराल के अन्य सदस्यों के विरुद्ध हत्या कर लाश को फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है। 

सूचना मिलते ही धनवार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

                      रोते बिलखते परिजन

घटना के बावत मृतका के भाई सूरज कुमार यादव ने बताया कि उनकी बहन की शादी 5 वर्ष हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक ठाक रहा लेकिन बाद में दहेज के रूप में 5 लाख की मांग को लेकर उसकी बहन को उसका बहनोई समेत ससुराल के अन्य लोग प्रताड़ित करने लगे। बताया कि मांग की पूर्ति नही हो पाने पर ससुराल वाले अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे और जेसीबी मशीन मायके से मांग लाने को कहते थे। 

उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बहन की हत्या कर सासुराल वालों ने उसे फंदे से लटका कर हत्या को आत्महत्या करार देने की नाकाम कोशिश किया है। मृतका के भाई ने पुलिस से इस मामले में इंसाफ की गुहार लगाया है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।

पुलिस के अनुसार पड़ोसियों ने भी पुलिस को बताया कि संगीता देवी को अक्सर उसके पति सुरेन्द्र यादव समेत परिवार के सभी सदस्य प्रताड़ित किया करते थे। इस बीच जानकारी मिलने के बाद मृतिका संगीता देवी के पिता छत्रधारी यादव बिरनी थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव से बेटी का ससुराल गोरहंद पहुंचे थे। 

पेनाल्टी शूट के जरिये एक गोल से विजयी हुई पीरटांड़ की टीम

पेनाल्टी शूट के जरिये एक गोल से विजयी हुई पीरटांड़ की टीम

            विजयी टीम को सम्मानित करते अथिति

गिरिडीह : जिले के डुमरी प्रखंड के अमरा में आज़ाद हिंद फुटबॉल क्लब के सौजन्य से आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन सोमवार की देर शाम सम्पन्न हुआ। समापन समारोह का फाइनल मुकाबला आईबीपी बनाम पीरटाड़ के बीच खेला गया। जिसमें पीरटाड़ की टीम पेनाल्टी शूट के जरिये 1 गोल से विजयी घोषित हुई। 

फाइनल मुकाबले के मुख्य अतिथि के रूप में प्रखण्ड प्रमुख सह आजसू विधानसभा प्रभारी यशोदा देवी, अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि छक्कन महतो, केंद्रीय सचिव बैजनाथ महतो, सांसद प्रतिनिधि शम्भू महतो, 
कार्यकारी मुखिया सुबोध मिश्रा ने संयुक्त रूप से 
विजेता टीम को 13 हजार रूपये नगद व उपविजेता टीम को 10 हजार रूपये नगद पुरस्कार व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में प्रमुख सह आजसू नेत्री ने कहा
कहा कि सभी प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे लाने
के लिए मेरी ओर से जहां तक हो सकेगा हमेशा मदद करूंगी। इस दौरान नईमुद्दीन अंसारी,निरंजन महतो, मंसूर आलम,अब्दुल अंसारी,मुमताज अहमद,मुशर्रफ अंसारी,बालेश्वर सिंह,अर्जुन महतो युवा आजसू नेता पिन्टू कुमार, संतोष कुमार, उमेश कुमार आदि ग्रामीण उपस्थित थे।

टीकाकरण केन्द्रों में वैक्सीन लेने वालों का लग रहा है तांता

टीकाकरण केन्द्रों में वैक्सीन लेने वालों का लग रहा है तांता

गिरिडीह : जिले के डुमरी प्रखण्ड क्षेत्र में केन्द्र सरकार द्वारा 18 प्लस उम्र के लोगों को नि:शुल्क दिये जा रहे कोरोनारोधी वैक्सीन को लेने के लिए प्रखंड के बस स्टैंड के समीप स्थित सामुदायिक भवन एवं केबी उच्च विद्यालय के अतिरिक्त भवन में संचालित टीकाकरण शिविर में वैक्सीन लेने भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

 वैक्सीन के लिए लोग अहले सुबह ही केन्द्र में नंबर लगा लेते जो शाम गये तक जारी रहता है। उक्त दोनों टीकाकरण केन्द्रों में डुमरी प्रखंड सहित बोकारो, हजारीबाग एवं धनबाद जिले के कुछ प्रखंड के लोग वैक्सीन लेने के लिए पहुंच रहे हैं। जिस कारण लोगों की लंबी कतार  लग जाती है। केन्द्र में प्रतिनियुक्त कर्मी व एएनएम लोगों को  सुव्यवस्थित तरीके से पंक्तिबद्ध कराने में जूटे रहते हैं। 

मंगलवार को भाजपा नेता सह पूर्व जिप सदस्य प्रशांत जायसवाल डुमरी व बेरगी में चल रहे टीकाकरण केन्द्र का निरीक्षण करते हुए उपस्थित लोगों से क्रमबद्ध व शांतिपूर्ण तरीके से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए वैक्सीन लेने की अपील की।

रेड क्रॉस के सचिव के वाहन चालक संग अज्ञात लोगों ने किया मारपीट, चालक गम्भीर

राकेश मोदी ने नगर थाने को आवेदन दे लगाया अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग

             सदर अस्पताल में इलाजरत है चालक

गिरिडीह  भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राकेश मोदी के ड्राइवर मोहम्मद रिजवान के साथ तीन अज्ञात व्यक्तियों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। इस बाबत राकेश मोदी ने नगर थाने में आवेदन देकर उन अपराधियों की जल्द से जल्द पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग किया है।
            नगर थाने में दिया गया आवेदन 


थाने को दिये आवेदन में राकेश मोदी ने बताया है कि रोज की तरह उनका ड्राइवर उनके वाहन संख्या जेएच 11 बीक्यू 5600 में उनकी माता जी को लेकर कुटिया मंदिर पहुंचा था। मन्दिर से 20 गज की दूरी पर जब गाड़ी कुछ देर के लिये सोमवार की शाम में रुकी तो एक मोटर साइकिल में सवार तीन अज्ञात लोग वँहा पहुंचे और गाड़ी हटाने की बात कह कर ड्राइवर के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। जिससे उनके वाहन का ड्राइवर मोहनपुर टुंडी रोड निवासी रिजवान गम्भीर रूप से जख्मी हो गया।

           रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राकेश मोदी 

 रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राकेश मोदी ने इस बावत कहा कि कुटिया गली में अपराधिक तत्वों के लोगों का जामवाड़ा लगा रहता है। उन्होंने प्रशासन से इस क्षेत्र में गश्ती की मांग की।  फिलहाल घायल  ड्राइवर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

सोमवार, 23 अगस्त 2021

भोजपुरी फ़िल्म मोहब्बत रंग लायेगी का मुहूर्त के साथ शूटिंग प्रारंभ

भोजपुरी फ़िल्म मोहब्बत रंग लायेगी का मुहूर्त के साथ शूटिंग प्रारंभ

सोनभद्र (उत्तरप्रदेश) : बीतें कई माह से चर्चें में रहीं भोजपुरी फ़िल्म मोहब्बत रंग लाएगी का मुहूर्त के साथ शूटिंग का शुभारंभ सोनभद्र उत्तरप्रदेश में किया गया।बीतें दिन रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना की गई व त्यौहार भी मनाया गया। मौके पर फ़िल्म अभिनेता सूरज सम्राट व अन्य ने विधिवत ईश्वर की आराधना की व सभी ने एक दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामना भी दी। 

मोहब्बत रंग लाएगी की शूटिंग कई दिनों तक सोनभद्र व अन्य सुंदर और मनोरम लोक्शन्स पर की जायेगी।जिसको लेकर भोजपुरी फ़िल्म जगत के कई लोकप्रिय व चर्चित कलाकार शूटिंग पर मौजूद हैं।
इस फ़िल्म में प्रमुख रूप से सूरज सम्राट,काजल यादव,संजय पांडेय,अयाज खान,पप्पू यादव,के.के गोस्वामी,साहब लाल धारी,बंधु खन्ना,राहुल श्रीवास्तव,खुशबू विश्वकर्मा व अन्य कलाकार हैं।

फ़िल्म की कहानी पारिवारिक व मनोरंजक हैं। इस फ़िल्म के निर्माता निशु एंटरटेनमेंट,कार्यकारी निर्माता संजय कुमार,निदे॔शक कुमार चंदन,लेखक रामचंद्र सिंह,संगीतकार अमन श्लोक व अभिषेक चौधरी,फाइट मास्टर मंसूर अली,नृत्य निर्देशक संतोष सर्वदर्शी व अशोक मैती, मीडिया पार्टनर पॉलीवुड सिनेमा व पीआरओ रामचंद्र यादव और कुमार युडी हैं।