प्रतिबंधित मांस के साथ ग्रामीणों के हत्थे चढ़े दो युवक, हुई धुनाई किया पुलिस के हवाले
गिरिडीह : शुक्रवार को अहले सुबह ग्रामीणों ने प्रतिबंधित मांस के साथ दो लोगों को धर दबोचा। ग्रामीणों ने दबोचे गये दोनों व्यक्तियों की जमकर पिटाई किया बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। घटना जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के बनहती-बलगो गांव की है।
बताया जाता है कि शुक्रवार की अहले सुबह कुछ युवक मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान बाइक पर बोरा लादे दो व्यक्ति दिखे। शक होने पर युवकों ने बाइक रोककर पूछताछ करनी चाही तो दोनों भागने लगे। और बलगो गांव पहुंच गये। जंहा बोरा छोड़ दोनों फिर भागने लगे। बाद में ग्रामीणों ने खदेड़कर दोनों को पकड़ लिया और उनकी धुनाई कर दी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना बेंगाबाद थाना को दी। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना से एसआई के.सी सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान दबोचे गए दोनों व्यक्ति भीड़ के निशाने पर थे। लेकिन मुखिया संजय यादव, समाजिक कार्यकर्ता राजेश राय, संजीव बरनवाल, सुशील यादव, छोटू राय, शिवराज मंडल ने पहुंच मामला शांत करवाया और दोनों व्यक्तियों पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर थाना चली गयी। फिलहाल पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ करने में जुटी है।