गुरुवार, 9 जुलाई 2020

आसमानी बिजली ने गिरिडीह में बरपाया कहर, एक महिला समेत तीन की हुई मौत

आसमानी बिजली ने गिरिडीह में बरपाया कहर, एक महिला समेत तीन की हुई मौत
गिरिडीह : जिले में गुरुवार को हुए बज्रपात की घटना से तीन लोगों ने अपनी जान गंवा दी। बज्रपात की चपेट में आकर जिले के बेंगाबाद, बिरनी और जमुआ में एक एक लोगों की मौत हो गयी। मृतकों में दो बच्चे व एक महिला शामिल है। जबकि आसमानी बिजली के चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया है।

 बिरनी : प्रखंड क्षेत्र के अरारी गांव में गुरुवार को आसमानी बिजली ने कहर बरपाया। जिसके चपेट में आकर एक 14 वर्षीय किशोर प्रवीण कुमार वर्मा की मौत हो गई, जबकि 35 वर्षीय बैजनाथ वर्मा घायल हो गया। दोनों रिश्ते में चाचा भतीजा बताये जाते है।

परिजनों के मुताबिक दोनों घर के दरबाजे पर खड़े थे इसी दौरान घर के नजदीक वाले पेड़ पर वज्रपात हुई। बज्रपात का वेग इतना तीव्र था कि दोनों चाचा- भतीजा भी उसके झटके में आ गए। और मूर्छित हो गिर गए। आनन-फानन में दोनों को बिरनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सक ने 14 वर्षीय प्रवीण कुमार वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं बैजनाथ वर्मा का इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना पर पूर्व प्रमुख सीताराम सिंह, पूर्व मुखिया रामू बैठा पहुंचे और घटना पर दुःख प्रकट करते हुए प्रशासन को इसकी सूचना दी। प्रशासन द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया।

बेंगाबाद  :  प्रखंड के भोजदाहा में गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश के दौरान  वज्रपात की चपेट में आकर एक 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक भोजदहा निवासी जफर अंसारी का पुत्र अकबर अंसारी था। मिली जानकारी के अनुसार अकबर अपने घर के बाहर खेल रहा था इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आकर मूर्छित हो गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वह पांचवीं कक्षा का छात्र था। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। 

जबकि जमुआ :  प्रखंड के बलगो पंचायत स्थित मेरखोंगुंडी कला गांव में भी गुरुवार की शाम को  वज्रपात हुई। जिसमें एक महिला की मौत हो गई। मृतका अंकित वर्मा की पत्नी ललिता देवी के बाबत बताया जाता है कि वह खेत से काम कर लौट रही थी इसी दौरान वह वज्रपात की चपेट में आ गई और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। 

तीनो ही प्रखंडों में आसमानी बिजली के कहर से घटित हुई घटना के बाद सभी मृतकों के गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया और परिजनों का रो – रो कर बुरा हाल है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें