मंगलवार, 16 सितंबर 2025

सर्वाइकल कैंसर के प्रति इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने किया जागरूकता कार्यक्रम

गिरिडीह (Giridih)। किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के लक्षण, बचाव और टीकाकरण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने मंगलवार को पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।



सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर के प्रति जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत एक नाटक की प्रस्तुति से हुई। नाटक के माध्यम से क्लब की सदस्यों ने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लक्षण, उससे बचाव के तरीके, टीकाकरण कब और किस उम्र में कराना चाहिए आदि विषयों को सरल तरीके से किशोरियों को समझाया। साथ ही अपनी सेहत और स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया।


मौके पर पीडीसी पूनम सहाय ने छात्राओं से बात चीत की। उनकी बातों को सुना और उनके द्वारा पूछे गये सवालों के सरल और सटीक तरीके से उत्तर देकर उनकी जानने की इच्छा और उत्सुकता को संतुष्ट किया। इस दौरान छात्राओं के बीच क्लब की ओर से सैनेटरी नैपकिन्स, नेल पॉलिश और बीड्स भेंट किया गया।


कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, सचिव स्मृति आनंद, कोषाध्यक्ष मनीषा कपिसवे, संपादिका संगीता सिन्हा, आई.पी.पी. सुमन गौरीसरिया के अलावे तनुजा सहाय, शमा प्रवीन मौजूद थीं।



अवैध ढिबरा लदा पिकअप वाहन को वन विभाग की टीम ने किया जब्त, चालक फरार

गिरिडीह (Giridih)। अवैध रूप से ढिबरा लदा एक पिकअप वाहन को जमुआ वन विभाग की टीम ने मंगलवार को जब्त किया है। पिकअप वाहन संख्या JH02Y-3158 को वन विभाग की टीम ने डोरंडा वन क्षेत्र से जप्त किया है।


 हालांकि वनकर्मियों को देखते ही वाहन का चालक पहले वाहन को भगा ले जाने की पूरी कोशिश किया, लेकिन जब वन कर्मियों ने वाहन का पीछा किया तो वाहन चालक वाहन छोड़ मौके से फरार होने में सफल रहा।


जमुआ रेंजर सुरेश रजक ने बताया कि वन विभाग की टीम गश्ति पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि अवैध रूप से ढिबरा का उत्खनन कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम उक्त स्थल पर पहुंची और ढ़िबरा लदे पिकअप वाहन का पीछा किया।  वन विभाग की टीम को पीछा करता देख वाहन का चालक पिकअप वैन छोड़कर भाग गया।



बाद में वन विभाग के टीम में शामिल वनपाल व वन कर्मियों ने ढिबरा लदे पिकअप को जब्त कर जमुआ फॉरेस्ट ऑफिस ले आए। बताया कि ढिबरा का अवैध कारोबार करने वालों में से राजेश बरनवाल एवं अजय साव के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।


शारदा कन्या मध्य विद्यालय पचम्बा में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू, विद्यार्थियों व शिक्षकों ने ली स्वच्छता की शपथ

गिरिडीह (Giridih)। राज्य परियोजना निदेशक झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा 16 सितम्बर से दिनांक 30 सितम्बर तक विद्यालय स्तर पर स्वच्छता पखवाड़ा मनाने का निर्देश दिया गया है। उक्त निर्देश के आलोक में पीएम श्री शारदा कन्या मध्य विद्यालय पचम्बा के छात्र-छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं ने आज स्वच्छता की शपथ ली। प्रधानाध्यापक अशोक कुमार मिश्र ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलायी।


प्रधानाध्यापक ने कहा कि इस दौरान न केवल विद्यालय परिसर बल्कि अगल-बगल के गांव, टोला मुहल्ला एवं मकान के आसपास स्वच्छ रखने का संकल्प लिया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, अधिक से अधिक पौधे लगाने, एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम को प्रभावी रूप से लागू करने आदि गतिविधियों के संबंध में उपस्थित सभी लोगों ने शपथ लिया। इस कार्यक्रम में बाल संसद इको क्लब के द्वारा कार्यक्रम को प्रभावित रूप से लागू करने के लिए रणनीति बनाई गई जो प्रत्येक दिन आयोजित गतिविधियों को समय पूर्ण कराएगी।


इस कार्यक्रम में नोडल शिक्षक एवं विद्यालय के सभी शिक्षक शिक्षिका सहयोग करेंगे। कार्यक्रम में अशोक कुमार मिश्र, स्वीटी कुमारी, तनु प्रिया, पुनम कुमारी, माया मरियम हांसदा, प्रतिनियुक्ति शिक्षक आलोक कुमार बनर्जी, वीरेंद्र कुमार सिंह, रमेश कुमार पाण्डेय, सुरेन्द्र सिंह, बाल संसद इको क्लब के सदस्य सहित सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।


आज 16 सितम्बर ! क्या कहते हैं सितारे..कैसा रहेगा दिन.! जानिए अपना राशिफल और आज का पञ्चाङ्ग

आज का राशिफल :: 16: 09 :: 2025, मंगलवार

16 सितम्बर 2025 : आज आश्विन माह के कृष्ण पक्ष की दशमी तिथि और मंगलवार दिन है। दशमी तिथि आज देर रात पार कर 17 सितम्बर 12:22 AM तक जारी रहेगा इसके बाद एकादशी तिथि लग जाएगी। आज मंगलवार का दिन है। आज चंद्रमा मिथुन से कर्क राशि में प्रवेश करेगा, वहीं सूर्य सुबह सिंह से कन्या राशि में प्रवेश करेगा, जिससे राशियों में परिवर्तन का असर कुछ खास लोगों पर पड़ेगा।

आज मंगलवार के दिन अभिजीत मुहूर्त 11:51 AM से 12:40 PM तक रहेगा। आज वार के हिसाब से आप मंगलवार का व्रत रख सकते हैं, जो हनुमान जी को समर्पित होता है। ऐसे में हनुमान जी के दक्षिणमूखी स्वरूप की पूजा करना विशेष फलदायी होगा। बजरगंबली का ये रूप यमराज से बचाव करता है। अकाल मृत्यु का भय नहीं रहता है। मंगलवार के दिन सिंदूर और चमेली का तेल चढ़ाना, मीठी रोटी व बूंदी के लड्डू का भोग लगाना, तुलसी दल की माला अर्पित करना, हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए. संकटों से मुक्ति मिलती है। मंगलवार के दिन भगवान हनुमान और मंगल ग्रह की पूजा करने से जीवन में साहस, ऊर्जा और सफलता की प्राप्ति होती है। इस दिन भगवान हनुमान को सिंदूर, चमेली का तेल और लाल फूल अर्पित करना शुभ माना जाता है। मंगलवार के उपायों में हनुमान चालीसा का पाठ करना, मंगल मंत्रों का जाप करना और भगवान हनुमान की आराधना करना शामिल है। इन उपायों को करने से मंगल ग्रह की स्थिति में सुधार होता है और जीवन में सकारात्मक परिणाम प्राप्त होते हैं। मंगलवार के दिन विशेष रूप से लाल वस्त्र, मसूर की दाल और गुड़ का दान करना लाभदायक होता है।


आज पितृ पक्ष का दशमी तिथि का श्राद्ध किया जाएगा।

दशमी श्राद्ध - दशमी श्राद्ध उन मृतक सदस्यों के लिए किया जाता है जिनकी मृत्यु दशमी तिथि पर हुई हो। शुक्ल पक्ष या कृष्ण पक्ष दोनों की दशमी तिथि पर श्राद्ध किया जा सकता है। पितृ पक्ष में पार्वण श्राद्ध के लिए कुतुप और रौहिण मुहूर्त शुभ माने जाते हैं। श्राद्ध के अनुष्ठान अपराह्न काल तक पूरे कर लेने चाहिए और अंत में तर्पण किया जाता है, जिससे पितरों को शांति और तृप्ति मिलती है। श्राद्ध तिथि पर सूर्योदय से दिन के 12 बजकर 24 मिनट तक श्राद्ध करना चाहिए। इसके लिए घर की सफाई करें, गंगाजल और गौमूत्र छिड़कें। साथ ही दक्षिण दिशा में मुंह रखकर तर्पण करें। घर के आंगन में रंगोली बनाएं, महिलाएं शुद्ध होकर पितरों के लिए भोजन बनाएं और श्रेष्ठ ब्राह्मण को निमंत्रित कर भोजन कराएं। पितरों के निमित्त अग्नि में गाय के दूध से बनी खीर अर्पण करें और पंचबलि निकालें। ब्राह्मण को भोजन कराने के बाद दक्षिणा और सामग्री दान करें, जिसमें गौ, भूमि, तिल, स्वर्ण आदि शामिल हैं। श्राद्ध में सफेद फूलों का उपयोग करें। दूध, गंगाजल, शहद, सफेद कपड़े, अभिजित मुहूर्त और तिल का विशेष महत्व है।


पितृ पक्ष की तिथियां :

मंगलवार 16 सितम्बर- दशमी श्राद्ध

बुधवार 17 सितम्बर- एकादशी श्राद्ध

गुरुवार 18 सितम्बर- द्वादशी श्राद्ध

शुक्रवार 19 सितम्बर- त्रयोदशी श्राद्ध, मघा श्राद्ध

शनिवार 20 सितम्बर- चतुर्दशी श्राद्ध

रविवार 21 सितम्बर- सर्व पितृ अमावस्या श्राद्ध



आज का पंचांग: 16 सितम्बर 2025,दिन: मंगलवार   युगाब्द      : 5127     विक्रम संवत : 2082            शक संवत : 1947      ऋतु :  वर्षा                          मास        :  अश्विन     पक्ष  :  कृष्ण पक्ष                    सूर्योदय : 06: 06 AM, सूर्यास्त :06:25 PM            तिथि : दशमी 12:22 AM तक उपरांत एकादशी।        नक्षत्र : आद्रा 06:46 AM तक उपरांत पुनर्वसु।राहुकाल :03:20 PM से 04: 53 PM तक              चन्द्रमा : मिथुन राशि पर 12:28 AM तक उपरांत कर्क राशि पर संचार करेगा                                                व्रत/त्यौहार : मंगलवार व्रत, दशमी श्राद्ध, हनुमान पूजन दिवस



आज :: 16 :: 09 :: 2025 का राशिफल

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ): आज का दिन भाग्य की दृष्टि से आपके लिए अच्छा रहेगा। हो सके तो किसी गरीब की मदद करें। घर में कोई धार्मिक आयोजन हो सकता है। अविवाहित लोगों को प्रेम साथी मिलने की संभावना है। विवाहित लोगों का वैवाहिक जीवन सुखमय रहेगा। आज आपका शुभ अंक 7 है। वृश्चिक राशि का कोई सहकर्मी आपको व्यवसाय से जुड़ी कोई जानकारी देगा। आप में से कुछ लोग ऋण की अंतिम किस्त चुकाने में सफल रहेंगे। संपत्ति संबंधी कार्यों में लाभ हो सकता है। नौकरीपेशा लोगों को अधिकारियों और सहकर्मियों से मधुर संबंध बनाए रखने चाहिए।


वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो): आज अपने आप को उत्साही लोगों के साथ रखें, आपका राशिफल आपको नई चीज़ें आज़माने की सलाह देता है। घर पर अपनी बात बहुत स्पष्टता से व्यक्त करें। विवाहित लोगों के गृहस्थ जीवन में प्रेमपूर्ण पल आएंगे। प्रियतम के साथ निकटता बढ़ेगी। आज आपका शुभ अंक 5 है।आज धन संबंधी मामलों में दिल और दिमाग का सही संतुलन बनाना होगा। व्यवसाय से जुड़े अटके हुए काम फिर से शुरू हो सकेंगे। आपका करियर एक नए रूप में उभरेगा, आप अपनी योग्यता और प्रतिभा के बल पर बाज़ार में कुछ नई उपलब्धियाँ हासिल करेंगे।


मिथुन👫(का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा): आज का दिन आपके लिए सुखद रहने वाला है। आज आप अपने परिवार के किसी सदस्य की इच्छा पूरी करते नज़र आएंगे। पढ़ाई के मामले में अपनी कमियों पर विचार करें। विवाहित लोगों का गृहस्थ जीवन सुखद रहेगा। प्रेम संबंधों में आपको नए प्रस्ताव मिल सकते हैं। आज आपका शुभ अंक 3 है। आज खाते से जुड़ी कोई भी गोपनीय बात बेवजह उजागर करने से बचें। अपने किसी उत्पाद को ऑनलाइन बिक्री के लिए रखना लाभदायक रहेगा। आज आप अपनी बेहतर प्रतिभा का प्रदर्शन करके अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने का प्रयास करेंगे। सरकारी नौकरी चाहने वालों को उम्मीद के मुताबिक परिणाम मिल सकता है।

    पुण्यतिथि पर शत शत नमन। विनम्र श्रद्धांजलि


कर्क🦀(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो): आज का दिन आपके लिए बेहतरीन रहेगा। निजी कामों से ज़्यादा व्यावहारिक कामों में आपकी रुचि रहेगी। आप अपनी वाणी और व्यवहार से अपने साथी का दिल जीत लेंगे। प्रेम संबंधों को छुपाकर रखना ही बेहतर है। अगर आप अभी तक सिंगल हैं, तो आज आपको किसी से प्यार हो सकता है। आज आपका शुभ अंक 4 है। आज धन संबंधी समस्याओं का समाधान होगा। आज आपको पारिवारिक व्यवसाय में जीवनसाथी की सलाह की आवश्यकता होगी। सरकारी नौकरी से जुड़े लोगों को कोई भी अनैतिक काम करने से दूर रहना चाहिए। किसी भी काम में अपनी तुलना दूसरों से न करें।


सिंह🦁(मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे): भाई-बहनों के साथ चल रहा आपका विवाद आज समाप्त हो जाएगा। आप दोस्तों के साथ बाहर फिल्म देखने की योजना बना सकते हैं। जीवनसाथी का भावनात्मक सहयोग आपकी कार्य क्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। अगर आप किसी के साथ नए रिश्ते में हैं, तो आपको उन्हें समय देना होगा। आज आपका शुभ रंग नीला है। आज आपका शुभ अंक 2 है। आज बड़ी खरीदारी करने के लिए अच्छा दिन है। व्यापारियों को विशेष रूप से अच्छे परिणाम मिलेंगे, जिससे आर्थिक लाभ के योग बनेंगे। कार्यस्थल पर अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए काम पर ध्यान केंद्रित करें। किसी भी सरकारी योजना में पैसा लगाने से पहले नियमों को जान लेना अच्छा रहेगा।


कन्या👩(टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो): आज दिन की शुरुआत शुभ संकल्पों से होगी। कोई कठिन काम पूरा हो सकता है। भावनात्मक समस्याओं का तुरंत समाधान ढूँढ़ने की कोशिश करनी होगी। पति-पत्नी के बीच प्रेमपूर्ण संबंध रहेंगे। प्रेम जीवन बिता रहे लोग आज खुश रहेंगे। आज आपका शुभ अंक 4 है।आज पैसे बचाने के तरीकों पर गंभीरता से विचार करें। व्यापार में आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे। संपत्ति से जुड़े लेन-देन आपको सफलता दिला सकते हैं। कामकाज के लिहाज से परिणाम बहुत अच्छे रहेंगे और आपके सहकर्मी भी आपकी मदद करेंगे।



तुला⚖️(रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते): आज सफेद चंदन का तिलक लगाना आपके लिए शुभ रहेगा। घरेलू मामलों में अचानक बढ़ी ज़िम्मेदारियों का बोझ उठाने में कोई आपकी मदद कर सकता है। नवविवाहित लोग रोमांटिक समय बिताने वाले हैं। अविवाहित लोग विवाह के लिए ऑनलाइन तरीका अपना सकते हैं। युवा वर्ग बेकार के प्रेम संबंधों में समय बर्बाद न करें। आज आपका शुभ अंक 9 है। थोक व्यापारियों के लिए आज का दिन अच्छा है। दिन की शुरुआत में आप कुछ नई योजनाएँ बनाएंगे। आयात-निर्यात से जुड़े व्यवसाय में लाभ होगा। अगर ऑफिस में काम का दबाव बढ़ रहा है, तो कॉमेडी फ़िल्मों या संगीत से अपना मनोरंजन करने से मानसिक थकान कम होगी।


वृश्चिक🦂(तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू): आज का दिन आपके लिए अनुकूल रहेगा। आज आपकी रचनात्मकता देखकर लोग आपसे सीखना चाहेंगे। अपनी नकारात्मक सोच को थोड़ा बदलें, इससे लाभ होगा। अगर आप किसी रिश्ते में हैं, तो अपने साथी के साथ कुछ नया करने की कोशिश करें। किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति को भोजन दान करना आपके लिए शुभ रहेगा। आज आपका शुभ अंक 8 है। आज का दिन आर्थिक दृष्टि से बहुत अच्छा रहने वाला है। कार्यक्षेत्र में मनचाहा मुकाम पाने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें। फ्रीलांस जॉब करने वालों को उम्मीद से ज़्यादा मुनाफ़ा मिलने के संकेत मिल रहे हैं। ऑफिस में सहकर्मियों आदि के साथ अच्छा व्यवहार करें, ऐसा करने से रिश्ते मज़बूत होंगे।


धनु🏹(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा,भे): आज सुबह भगवान शिव के दर्शन और पूजा करें, आपका दिन अच्छा रहेगा। आज आपको सलाह दी जाती है कि किसी का बचा हुआ खाना बिल्कुल न खाएं। परिवार का कोई करीबी रिश्तेदार आज आपसे मिलने घर आ सकता है। आप अपने जीवनसाथी के साथ किसी रिश्तेदार के यहाँ जा सकते हैं। प्रेम जीवन जीने वालों को आज अच्छे परिणाम मिलेंगे। आज आपका शुभ अंक 6 है। अगर आज आप किसी के बहकावे में आकर पैसा खर्च करते हैं, तो आपको नुकसान हो सकता है। व्यावसायिक क्षेत्र में नया काम शुरू होने के योग हैं। वित्त, शेयर, बीमा आदि से जुड़े लोगों को अपने काम पर विशेष ध्यान देने की ज़रूरत है। ऑफिस में टीम वर्क में काम करना फायदेमंद रहेगा।


मकर🐊(भो,जा,जी,खी,खू,खा, खो,गा,गी): आज का दिन आपके लिए फलदायी रहेगा। अपनी वाणी को मधुर रखें और क्रोध से दूर रहें। आज घर पर आपका मनपसंद खाना बन सकता है। पारिवारिक जीवन में, आपका जीवनसाथी आपको कोई अच्छी बात बताएगा। अगर आप अविवाहित हैं, तो बाहर जाकर किसी ऐसे व्यक्ति से संपर्क करें जिसकी ओर आप आकर्षित हों। आज आपका शुभ अंक 7 है। आज आपमें से कुछ लोगों को अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। व्यवसायी वर्ग व्यवसाय में कुछ आधुनिक पैटर्न जोड़कर वांछित वृद्धि प्राप्त कर सकता है। नौकरीपेशा लोगों को छोटी-छोटी परियोजनाओं पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है। आपको साक्षात्कार के दौरान अपना दिमाग शांत रखना होगा और अपनी बात खुलकर व्यक्त करनी होगी।


कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा): आज का दिन आपके लिए कोई महत्वपूर्ण उपलब्धि लेकर आ सकता है। आप अपनी बात दूसरों के सामने रखने की पूरी कोशिश करेंगे। परिवार के बच्चों के साथ समय बिताने से आपके आपसी रिश्ते मज़बूत हो सकते हैं। आज का दिन प्रेमी जोड़ों के लिए रोमांस से भरपूर रहेगा। आप अपनी पत्नी के साथ बाहर घूमने जा सकते हैं। आज आपका शुभ रंग हरा है। आज आपका शुभ अंक 5 है। आज आप अपनी आय बढ़ाने के बारे में सोच सकते हैं और कोशिश कर सकते हैं। धन संबंधी मामलों और व्यावसायिक योजनाओं को मूर्त रूप देने के लिए यह अच्छा समय है। आज आपको समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देना होगा। अपनी रचनात्मकता को प्रवाहित होने दें और अपने काम के प्रति आत्मविश्वास से भरे रहें।


मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची): आज आपको परिवार में कोई विशेष सम्मान मिल सकता है। अजनबियों से दूरी बनाए रखें। आज आप अपने जीवनसाथी के साथ खरीदारी और मौज-मस्ती में समय बिताएँगे। अपने प्रियतम से बात करते समय आपको क्रोध और चिड़चिड़ेपन पर नियंत्रण रखना होगा। आज आपका शुभ अंक 7 है। आज आपको अपनी आय बढ़ाने के लिए किसी की मदद मिलेगी। अचल संपत्ति में निवेश करने से पहले अच्छी तरह सोच-विचार कर लें। व्यावसायिक प्रतिद्वंद्वियों की गतिविधियों को बिल्कुल भी नज़रअंदाज़ न करें। अपनी महत्वपूर्ण योजनाओं को क्रियान्वित करने का यह सही समय है। युवाओं को ऑनलाइन प्लेसमेंट की तलाश करनी चाहिए।


कृपया ध्यान दें👉

      यद्यपि शुद्ध राशिफल प्रसारण की पूरी कोशिश की गई है। प्रसारित राशिफलों में कुंडली व राशि के ग्रहों के आधार पर जीवन में घटित हो रही घटनाओं में कुछ अन्तर हो सकता है। ऐसी स्थिति में आप किसी ज्योतिषी से अवश्य सम्पर्क करें। किसी भी भिन्नता के लिए हम उत्तरदायी नहीं हैं।


        🌷आपका दिन मंगलमय हो।🌷


सोमवार, 15 सितंबर 2025

सरिया पुलिस ने कैलाश मंडल के घर हुई भीषण चोरी मामले में पुनः दो अन्य अपराधियों को किया गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले की सरिया पुलिस ने पेठियाटांड निवासी कैलाश मंडल के घर में हुई चोरी मामले में कांड से जुड़े दो अन्य अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है। गिरफ्तार अपराधियों में कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के शिवसागर रोड निवासी सुदेश पासवान उर्फ बाबूराम पिता: स्वर्गीय लखनलाल पासवान एवं सरिया थाना क्षेत्र के बरवाड़ी केसवारी निवासी मदन पंडित उर्फ चिंतामणि पंडित पिता: गोपी पंडित शामिल हैं। उक्त जानकारी बगोदर सरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) धनंजय राम ने सोमवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर दी।



एसडीपीओ ने बताया कि इस चोरी कांड का पुलिस ने बीते 28 अगस्त को उद्भेदन कर दो अपराधियों नागेश्वर मंडल उर्फ नागो मंडल (पिता स्वर्गीय शिव दयाल मंडल, साकिन: नगर केसवारी, थाना: सरिया, जिला: गिरिडीह) एवं प्रदीप पासवान (पिता स्वर्गीय लाटरू पासवान, साकिन बालागोजी, थाना चकाई, जिला: जमुई, बिहार) को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। 


21 अगस्त की रात हुई थी चोरी

एसडीपीओ धनंजय राम ने बताया कि बीते 21 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने थाना क्षेत्र के पेठियाटांड निवासी कैलाश मंडल पिता स्वर्गीय चंद्रशेखर मंडल के घर में घुसकर लगभग छह लाख नगदी समेत सोने का मंगलसूत्र, चार सोने की अंगूठियां, एक सोने का बजरंगबली लॉकेट, कपड़ों से भरा बैग एवं सूटकेस आदि सामानों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। इस बाबत वादी द्वारा थाने में दिए आवेदन के आलोक में सरिया थाना में कांड संख्या 150/2025 धारा 331(8) एवं 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।


एसपी के निर्देश पर छापेमारी दल का हुआ था गठन

एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गिरिडीह के निर्देश पर एसडीपीओ बगोदर-सरिया के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान के दौरान 28 अगस्त 2025 को छापेमारी कर को दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तार दोनों अपराधियों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अन्य संलिप्त अपराधियों के नाम बताये थे। जिसके बाद पुलिस उन सभी की तलाश में लगातार छापेमारी करने में जुटी थी। इसी क्रम कांड में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि कांड में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी जारी है।

छापेमारी दल में थे शामिल

छापेमारी दल में एसडीपीओ धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक सरिया अंचल अजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह थाना प्रभारी सरिया आलोक कुमार सिंह सशस्त्र सहायक निरीक्षक सरवन कुमार एवं गणेश लकड़ा तथा थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



डॉ आई अहमद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट : पचम्बा थाना की टीम ने जगमनरायडीह को दो गोल से हराया

गिरिडीह (Giridih)। अल्हाज़ डॉ आई अहमद मेमोरियल फुटबॉल टूर्नामेंट के दूसरे दिन सोमवार को पचम्बा थाना की टीम और जगमनरायडीह टीम के बीच रोमांचक मैच खेला गया। फुटबॉल प्रेमी दर्शकों ने मैच का भरपूर लुत्फ उठाया।


मैच के दौरान पहले हाफ में पचम्बा थाना की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जगमनारायडीह के गोल पोस्ट में 1 गोल जड़ दिया। वहीं जगमनारायडीह टीम के खिलाड़ियों ने काफी कोशिश के बाद में पचम्बा थाना टीम के गोल पोस्ट में कोई गोल नहीं दाग पाया।वहीं खेल के दूसरे हाफ में भी पचम्बा थाना की टीम के खिलाड़ियों ने अपने प्रतिद्वंदी टीम जगमनारायडीह के खिलाड़ियों पर दवाब बनाये रखा और ताबड़तोड़ दो गोल और दाग दिये।


हालांकि दूसरे हाफ में जगमनरायडीह टीम ने खिलाड़ियों ने पूरी तन्मयता से जवाबी कोशिश की और पचम्बा थाना के विरुद्ध 1 गोल करने में सफल रही। लेकिन अंत तक काफी कोशिशों के बाद भी जगमनरायडीह टीम के खिलाड़ियों ने कोई चमत्कार नहीं कर पाये और दो गोल से पचम्बा थाना की टीम से पराजित हो गये।



2 गोल से विजयी रहे पचम्बा थाना के टीम की अगुवाई पचम्बा थाना प्रभारी सह टीम के कप्तान राजीव कुमार कर रहे थे। जबकि जगमनरायडीह टीम की अगुवाई जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष ने की। टूर्नामेंट के दूसरे दिन का मैच देखने तेलोडीह का गांधी मैदान फुटबॉल प्रेमी दर्शकों से खचाखच भरा रहा। मैच देखने न केवल आसपास के दर्शक बल्कि दूर-दराज़ से भी काफी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी दिखी।


मौके पर तेलोडीह मुखिया सब्बीर आलम, मुखिया प्रतिनिधि महताब मिर्जा, रिजवान, आमिर अली समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे जिन्होंने दोनों ही टीम के खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट के आयोजन में वॉलेंटियरों ने सराहनीय भूमिका का निर्वहन किया।


सिविल सोसाइटी का प्रतिनिधि मंडल उपायुक्त से मिल सौंपा समस्याओं से सम्बंधित ज्ञापन

गिरिडीह (Giridih)। गिरिडीह सिविल सोसाइटी का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को उपयुक्त राम निवास यादव से मुलाकात कर उन्हें शहरी क्षेत्र में व्यापत समस्याओं से सम्बंधित ज्ञापन सौंपा। सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष निर्मल झुनझुनवाला के नेतृत्व में उपायुक्त से मिलने पहुंची टीम में सूचना अधिकार कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल, सुनील मोदी, सुधीर अग्रवाल, लखन लाल, आलोक छापरिया, कृष्णा आदि शामिल थे। 


सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने उपायुक्त का ध्यान जर्जर हो चुकी टुंडी रोड स्थित रेल ओवर ब्रिज की ओर आकृष्ट कराते हुए उक्त पुल के जीर्णोद्धार की मांग की। बताया कि वह पुल गिरिडीह के लोगों के लिये बहुत ही जरूरी पुल है। उस पुल से होकर न केवल धनबाद के लिये आवागमन होता बल्कि गिरिडीह के पूर्वांचल क्षेत्र में अवस्थित औधोगिक क्षेत्र जाने का भी प्रमुख मार्ग है। वहीं सिविल सोसाइटी के लोगों ने शहरी क्षेत्र में व्यापत यातायात की समस्या और जाम की स्थिति पर भी ध्यानाकृष्ट कराया।




मौके पर उपायुक्त ने सिविल सोसाइटी के लोगों को आश्वस्त किया कि वह टुंडी रोड स्थित पुल का व्यक्तिगत रूप से अवलोकन करेंगे और एक नया पुल बनवाने का प्रयास करेंगे। ताकि आवागमन में किसी प्रकार की कोई समस्या उतपन्न न हो सके। वहीं उपायुक्त ने यातायात व्यवस्था पर भी पूरी गम्भीरता के साथ कार्रवाई का आश्वासन सोसाइटी के सदस्यों को दिया। उन्होंने शहरी क्षेत्र में जाम की समस्या से भी निजात दिलाने का भरोसा दिया।




जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 200 से अधिक खिलाड़ी हुए शामिल

गिरिडीह (Giridih)। स्थानीय श्याम मंदिर सभागार में गिरिडीह जिला ताइक्वांडो संघ के द्वारा 9वी जिला स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और क्लबों के 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सबसे अधिक पदक जीत कर के-टाइगर क्लब गिरिडीह विजेता रहे, वहीं के-टाइगर क्लब बनियाडीह उपविजेता रही।



प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चों की राज्य उपाध्यक्ष प्रो विनीता कुमारी, भारत विकास परिषद के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जेएमएम क्रीड़ा कोष के जिला अध्यक्ष नुरुल होदा, गुरुनानक विद्यालय के सचिव कुंवरजीत सिंह दुआ और सलूजा गोल्ड इंटरनेशन स्कूल के सिनियर एडमिस्ट्रेट रूपा मुद्रा एवं राहुल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर अपने उद्बोधन में प्रो विनीता कुमारी ने कहा कि ताइक्वांडो आत्मरक्षा और शारीरिक स्वस्थ के दृष्टि से बहुत ही लाभकारी खेल है। ताइक्वांडो ओलिंपिक खेलो में शामिल है। बच्चे इस खेल में अपना सुनहरा भविष्य भी बना सकते है। उन्होंने लड़कियों को ताइक्वांडो हर हाल में सीखने पर बल दिया। वहीं उन्होंने ताइक्वांडो संघ और ताइक्वांडो खिलाड़ियों को हर संभव मदद का भी आश्वासन दिया।



वहीं कार्यक्रम के समापन समारोह में जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला और पूर्व ताइक्वांडो खिलाड़ी सुदामा सिंह ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सर्टिफिकेट और मेडल प्रदान कर उनका हौसला अफजाही किया।मौके पर जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ी को जीत के लिए निरंतन मेहनत करने की बातें कही। उन्होंने खिलाड़ियों खूब मेहनत करने को कहा ताकि एक दिन वे देश के लिए पदक जीत सके।


कार्यक्रम समापन पूर्व धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव अमित स्वर्णकार ने बताया कि प्रतियोगिता चार आयु वर्ग के अलग अलग वेट केटेगरी में आयोजित था। वहीं प्रतियोगिता के निर्णायकों में झारखंड रेफरी चीफ अमर बावरी के अलावा कोडरमा के राजेंद्र कुमार,धनबाद की ज्योती कुमारी, नीतू कुमारी और ओमप्रकाश शामिल थे।


प्रतियोगिता को सफलता पूर्वक सफल करने में गिरिडीह जिला योगासना स्पोर्ट संघ के मुख्य संरक्षक राजेश जलान, क्रीड़ा भारती के सुधीर आनंद, जिला ताइक्वांडो संघ के मुख्य संरक्षक निर्भय शाहबादी, अध्यक्ष सुमीर शर्मा, महासचिव अमित स्वर्णकार, सह सचिव रोहित राय, शशिकांत विश्वकर्मा, कोषाध्यक्ष आकाश कुमार स्वर्णकार, हर्ष कुमार सिंह, अभिजीत सिंह,अभिषेक कुमार, आसी सिमर, स्मिता, कन्हैया का योगदान सराहनीय रहा।



पचम्बा पुलिस ने किया बाइक चोरी कांड का उद्भेदन, बाइक के साथ दो बाइक चोर गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। पचम्बा थाना की पुलिस ने रविवार की शाम थाना क्षेत्र के माथाडीह में वाहन जांच के दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को रोक कर वाहन के कागजातों की मांग की। लेकिन दोनों युवकों ने वाहन से सम्बंधित कोई भी कागजात पुलिस के समक्ष प्रस्तुत नहीं कर पाया।



पुलिस ने शक के बिनाह पर पचम्बा पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया और बाइक को जप्त कर थाने आ गयी। पुलिस गिरफ्त में थाने लाये गये दोनों युवको ने पूछताछ के दौरान अपना नाम विक्की कुमार और अख्तर अंसारी बताया। दोनों ही पचम्बा थाना क्षेत्र के करहरबारी का निवासी होना बताया।


वहीं पुलिसिया पूछताछ के दौरान दोनों ने जप्त किये गये ग्लेमर बाईक के बाबत बताया कि उक्त बाइक पिछले मई महीने में गिरिडीह रजिस्ट्री ऑफिस के पास से चोरी की गई है, जिस चोरी कांड में दोनों संलिप्त थे। दोनों के अपराध स्वीकारोक्ति के बाद पुलिस ने दोनों बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना कांड संख्या 105/25 दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया।


बता दें कि गिरिडीह रजिस्ट्री ऑफिस के पास से बीते मई महीने में एक ग्लेमर बाइक की चोरी हुई थी। बाइक के ऑनर ने गिरिडीह नगर थाने में बाइक चोरी से सम्बंधित एक मामला दर्ज कराया था। नगर थाना की पुलिस उक्त बाइक की तलाश में जुटी ही थी। इसी दौरान पचम्बा पुलिस के हत्थे बाइक के साथ बाइक चोर चढ़ गया। जिन्हें पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


निमियाघाट के एक होटल में छापेमारी, 20 हजार लीटर कच्चा स्प्रीट जब्त, पांच लोग गिरफ्तार

गिरिडीह (Giridih)। जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 19 के हेठनगर में संचालित एक होटल में पटना मद्य निषेध विभाग एवं रांची एटीएस की टीम के साथ निमियाघाट पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर भारी मात्रा में कच्चा स्प्रिट बरामद किया है। मौके से छापामारी टीम ने एक स्कॉर्पियो नम्बर JH 10 AV2105 तथा एक कार JH 10 AP 3398 को भी जब्त किया है। वहीं टीम ने इस मामले में पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया है।



बताया जाता है कि यह अवैध गोरखधंधा लम्बे समय से अन्तराज्यीय स्तर पर चल रहा था। जिसकी भनक जुलाई महीने में बिहार के नालंदा पुलिस को उस वक्त लगी थी जब पुलिस ने कच्चा स्प्रिट लदे एक वाहन को धर दबोचा था। इसके चालक के निशानदेही पर बिहार की मद्य निषेध विभाग एवं रांची एटीएस की टीम ने निमियाघाट पुलिस के सहयोग से उक्त होटल में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान टीम ने होटल से लगभग 1 हजार 40 गैलन में लगभग 20 हजार लीटर कच्चा स्प्रीट बरामद किया है।



होटल मालिक समेत 5 लोग गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के अनुसार यह छापेमारी अभियान रविवार देर रात से सोमवार सुबह तक चली। छापेमारी के दौरान टीम ने पांच लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में होटल का मालिक बबलू महतो, होटल का मैनेजर मनोज महतो, बरही निवासी सुनील कुमार, नवादा निवासी मिथुन पासवान और नालंदा निवासी योगेंद्र महतो शामिल हैं। 


गिरफ्तार सभी लम्बे समय से धंधे में हैं शामिल

बताया गया कि गिरफ्तार किये गये सभी लोग इस गोरखधंधे में सक्रिय रूप से जुड़े रहे हैं। टीम ने गैलनों की गणना करने के बाद जब्त स्प्रिट और आरोपियों को निमियाघाट पुलिस को सौंप दिया। फिलहाल पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।


छापेमारी दल में शामिल लोग

इस छापेमारी में निमियाघाट थाना प्रभारी सुमन कुमार, एसआई सत्येंद्र कुमार, उमर खान और दयाल महतो सहित कई पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने दावा किया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है और आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए और बड़े स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।