कोरोनो : गिरिडीह के सभी 19 मरीजों की जांच रिपोर्ट निगेटिव
गिरिडीह : सिविल सर्जन डा. अवद्येश सिन्हा ने रविवार बताया कि अब तक 19 लोगों के ब्लड सैंपल जांच हेतु रांची भेजा गया था। जिसकी रिपोर्ट आ गयी है, सभी निगेटिव पाये गये हैं। उन्होंने बताया कि इन 19 लोगों में आठ वे लोग भी शामिल हैं जो रांची की हिंदपीढ़ी मस्जिद में सम्पन्न हुये धार्मिक जलसे में सिरकत कर लौटे थे, और जिले के गांवां प्रखंड के पिहरा के एक मदरसे में रह रहे थे। सीएस ने बताया कि उन आठ मौलवियों की भी रिपोर्ट निगेटिव आयी है।
सिविल सर्जन की मानें तो सोमवार को 12 और ब्लड सैंपल जांच के लिए रांची भेजे जाने हैं। इधर लॉकडाउन को लेकर रविवार को भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ रहा। प्रतिदिन की तरह रविवार को भी सदर एसडीएम राजेश प्रजापति के नेत्तृव में सीओ रवीन्द्र सिन्हा, डीएसपी विनोद रवानी और नगर थाना प्रभारी आदिकांत महतो शहर की गस्ती पर निकले। इस दौरान शहर के जिन-जिन इलाकों में सब्जी और फल के ठेले दुकान दिखे, उनको हटाया गया। पुलिस कर्मी लॉकडाउन को लेकर शहर के चौक-चोराहों में ड्यूटी के लिए मुस्तैद नजर आये।