यातायात नियम पालन की दिशा में पुलिस महकमा हुआ सख्त, चलाया विशेष वाहन जांच अभियान
◆ कई वाहन जब्त, कई का काटा गया चालान
गिरिडीह। महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक रांची के निर्देश के आलोक में यातायात नियमों का पालन कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पूरे राज्य में दोपहिया वाहनों के लिये विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान जंहा वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस और हेलमेट की जांच की गयी वंही वाहन पर सवार लोगों की भी जांच की गयी। वाहन चालक और उसके साथ वाहन पर व्यक्ति अल्कोहल का सेवन तो नहीं किया है, मास्क लगा रखा है या नहीं आदि की गहन जांच पड़ताल की गयी।
महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षक के उसी आदेश के आलोक में गिरिडीह एसपी अमित रेनू के निर्देश पर गिरिडीह जिले के सभी थाना क्षेत्रों में भी दोपहिया वाहनों की जांच अभियान मंगलवार की सुबह 7:00 बजे से लेकर 10:00 बजे तक चलाया गया। अभियान के दौरान दोपहिया वाहनों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, ट्रीपल लोड, हेलमेट, ड्रंक एन्ड ड्राइव, रफ ड्राइविंग, मास्क आदि की जांच पड़ताल की गई। इस जांच के क्रम में आपराधिक तत्व पर भी कड़ी नजर रखी गई। जांच के दौरान दोषी पाए जाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान काट कर जुर्माना वसूला गया। वंही विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई वाहनों को जब्त भी किया गया।
नगर थाना क्षेत्र में भी इस दौरान विभिन्न स्थानों पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। नगर थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के क्रम के कई लोगों का चालान काटा गया है। कई को हिदायत देकर छोड़ दिया गया वंही कई वाहनों को जब्त भी किया गया है। उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान यातायात नियमों का अक्षरशः पालन कराने के उद्देश्य से किया गया है। ताकि लोग यातायात नियमों की अवहेलना न करें और कोरोना महामारी के इस दौर में बगैर मास्क घरों से न निकलें।