सोमवार, 12 जनवरी 2026

मालवाहक और बाइक में भीषण टक्कर, हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत, एक गम्भीर

गिरिडीह (Giridih। जिले के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के गांडेय-मधुपुर मुख्य मार्ग पर पंदनियां मोड़ के समीप सोमवार को एक तेज रफ्तार माल वाहक 407 वाहन और बाइक के बीच जोरदार टक्कर हुई। हादसे में एक व्यक्ति की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। जबकि घटना में एक अन्य व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया।


मृतक की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के मोजपुर गांव निवासी 40 वर्षीय बिनोद सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल व्यक्ति हुकुम सिंह है। जिसे आनन फानन में स्थानीय लोगों ने इलाज हेतु गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। जहां चिकित्सकों ने उसकी गम्भीर स्थिति को देखते हुए उसका प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज हेतु गिरिडीह रेफर कर दिया है।


घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने गांडेय- मधुपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया है और मुआवजा की मांग करने लगे। जाम के कारण गांडेय-मधुपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया।


सूचना मिलते ही अहिल्यापुर थाना प्रभारी गुलाम गौस हुस्सामी और गांडेय थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह सदल-बल घटनास्थल पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझाने बुझाने में जुट गये। इस बीच पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले 407 वाहन को जब्त कर लिया और उसके चालक को हिरासत में ले लिया। वहीं लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद उचित मुआवजे का आश्वासन देकर पुलिस ने ग्रामीणों को मनाया और शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम हेतु गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं जाम हंट जाने के बाद उक्त मार्ग पर आवागमन पुनः बहाल हो गया। 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें