सोमवार, 12 जनवरी 2026

राष्ट्रीय युवा दिवस पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आयोजित हुआ पूर्व छात्र समागम

समागम में शामिल हुए पूर्व छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित 


गिरिडीह (Giridih)। स्वामी विवेकानंद जयंती 'राष्ट्रीय युवा दिवस' के अवसर पर सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सोमवार को पूर्व छात्र समागम का आयोजन किया गया। समागम का उद्घाटन प्रधानाचार्य आनंद कमल, पूर्व छात्र व विद्यालय के सह सचिव सीए राकेश कुमार एवं संयोजक रितेश चंद्र ने स्वामी विवेकानंद के तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया।



कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कार्यक्रम संयोजक रितेश चंद्र ने कहा कि यह समागम पूर्व छात्रों को एक मंच प्रदान करता है ताकि वह अपने शिक्षा के मंदिर से जुड़कर समाज और शिक्षा में सकारात्मक योगदान दे सकें। वहीं प्रधानाचार्य आनंद कमल एवं आचार्य अजीत मिश्रा ने समागम के मुख्य उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कहा कि यह कार्यक्रम विद्यालय के पूर्व छात्रों को विद्यालय की जड़ों से जोड़े रखने की दिशा में एक कदम है। 


वहीं नगीना बरनवाल ने कहा कि विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र शिक्षा, प्रशासन, व्यवसाय और समाज सेवा के क्षेत्र में सफल होकर विद्यालय का नाम रोशन कर रहे हैं। हम सबों का दायित्व है कि हम अपनी जड़ों को मजबूत रखते हुए विद्यालय को हर संभव सहयोग करें। मौके पर पूर्व छात्र अरविंद त्रिवेदी ने विद्यालय में बीते पलों को साझा किया।


इस मौके पर कार्यक्रम प्रमुख आचार्य नलिन कुमार ने एक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित सबों को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में उपस्थित सभी पूर्ववर्ती छात्रों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में सेवानिवृत सैनिक विद्याभूषण, सीए आकाश रोशन, आशुतोष तिवारी समेत समस्त आचार्य दीदी उपस्थित थे।


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें